संवाददाता
गोण्डा। जिले के कर्नलगंज कस्बे में स्थित गुरुद्वारे से रविवार को श्री गुरु गोविन्द सिंह के पावन प्रकाशोत्सव पर श्री गुरु ग्रन्थ साहिब की एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसे पूरे नगर में भ्रमण कराया गया। इस मौके पर गुरुद्वारे में विविध कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कोरोना काल के बाद एक वर्ष में पहली बार निकली शोभायात्रा को देखने के लिए नगर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्री गुरु गोविंद सिंह के पावन प्रकाशोत्सव पर पूरा नगर गुरुवाणी के गुरु शब्दों से गुंजायमान हो गया। शोभायात्रा दोपहर बाद स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा से निकली। उससे पूर्व गुरुद्वारे में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले व क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन अटूट लंगर चलता रहा जो देर रात तक चला। उसके बाद निकली शोभायात्रा में सभी धर्मों के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। गुरुद्वारा से निकली शोभा यात्रा नगर परिषद होते हुए गाड़ी बाजार, नई बाजार, बस स्टैंड, मौर्य नगर चौराहा, कसगरान, बालूगंज, चौक घंटाघर होते हुए देर शाम को पुनः गुरुद्वारा पहुंची। शोभा यात्रा के साथ तमाम जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। देर शाम आतिशबाजी के साथ शोभायात्रा की समाप्ति की गई। शोभा यात्रा में पंजाबी बाजा, गतका पार्टी, ब्रास बैण्ड पार्टी, पाइप बैंड की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों का मनमोह लिया। साथ ही महिलाओं द्वारा गुरुवाणी कर गान एवं बच्चों द्वारा गुरु के आदर्शों का बखान किया जा रहा था। शोभा यात्रा में नन्हे मुन्ने बच्चों की एक अलग टोली गुरु के गुणगान में लगाई गई थी। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत हुआ। नगर की धार्मिक समितियों द्वारा प्रसाद वितरण कार्यक्रम भी रखा गया। शोभायात्रा में गोंडा, बाराबंकी, बलरामपुर, लखनऊ, फैजाबाद के तमाम श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
अन्य खबरों को विस्तार से पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।
