जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन से लापता एक युवक का शव शनिवार को एक पेड़ से लटकता मिला। उसके नाक से खून निकल रहा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि संदिग्ध हालात में उसकी मौत हुई है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़वारा बरगदी निवासी आदित्य प्रसाद तिवारी का पुत्र अरविंद तिवारी (30) पिछले तीन दिनों से लापता था। वह तीन दिन पहले घर से मोटर साइकिल लेकर कहीं निकला था। उसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लग रहा था। परिजनों ने उसके गायब होने की सूचना पुलिस को भी दी थी। शनिवार दोपहर बाद सरयू रेलवे स्टेशन के पीछे आदित्य प्रसाद तिवारी के खेत में लगे पेड़ से उसका शव लटकता हुआ मिला। उसकी मोटर साइकिल खेत के बाहर मार्ग पर खड़ी मिली। मोबाइल, गमछा भी उसी जगह पर रखा मिला। ग्रामीणों का कहना है कि युवक की ग्रामीण एवं परिजनों द्वारा काफी तलाश की गई। मगर उसका कोई पता नहीं चला और सुबह तक जहां उसका शव टंगा हुआ मिला है, उस जगह पर कुछ भी नहीं था। दोपहर बाद उसका शव पेड़ से लटकता मिला और उसके नाक से खून गिर रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल विनय कुमार यादव का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
यह भी पढ़ें : प्रेम प्रसंग में हुई थी टेण्ट हाउस संचालक की हत्या
