महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए वितरित की गई सिलाई मशीन
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। महिलाओं और बेटियों को अपनी सुरक्षा, सम्मान और स्वालंबन के प्रति जागरूक कराने के लिए राज्य में पिछले माह से ’मिशन शक्ति’ की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उनमें सुरक्षा एवं आत्म सम्मान का भाव पैदा करने के लिए पुलिस विभाग द्वारा अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। पुलिस लाइंस प्रांगण में आज आयोजित यह कार्यक्रम भी इसी का अंग है। यह बात देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक डा. राकेश सिंह ने रविवार को ‘एक सेवा’ संस्था के सौजन्य से महिला सशक्तीकरण के सम्बंध में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कही। डीआइजी ने संस्था की अध्यक्ष साक्षी अरोड़ा व उनकी टीम को इस कार्यक्रम के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ द्वारा इस रेंज के जनपद बलरामपुर से मिशन शक्ति अभियान का शुभारम्भ किया था, जो आज पूरे प्रदेश में सफलतापूर्वक चल रहा है। इसी क्रम में शारदीय नवरात्रि से मिशन शक्ति अभियान थानों पर गठित एण्टी रोमियो टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की महिलाओं व बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलम्बन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।


पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके प्रति होने वाले अपराधों में अशिक्षा सबसे बड़ा कारण है। इसलिए हमें अपनी बहन बेटियों को हर हाल में शिक्षित करना आवश्यक है, ताकि वह किसी भी कार्य को करने में सक्षम हो सकें। आज हर क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता हो गयी है, फिर भी इन्हें और स्वावलम्बी बनाने हेतु इनमें नेतृत्व की भावना जागृत किया जाना अति आवश्यक है। यदि बेटियों में नेतृत्व की भावना जागृत हो गयी, तो वह शारीरिक व मानसिक तौर पर मजबूत व स्वावलम्बी बन सकेंगी। उन्होंने बेटे बेटियों में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं करने की अपील की।

तत्पश्चात ‘एक सेवा’ संस्था द्वारा सर्वे कर चिन्हित की गई जनपद की गरीब व बेरोजगार महिलाओं/बालिकाओं मनीषा, रगिनी, ममता, कोमल, रंजना, पूर्णिमा, कुसुम, बबिता, गौरी, रूपादेवी, सोनी को सिलाई मशीन भेटकर उन्हे आत्मनिर्भर बनाने की पहल की गयी। इससे पूर्व पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ राकेश सिंह व पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। तत्पश्चात विभिन्न विद्यालयों से आये छात्र/छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही उन्हें किस तरह से अपनी सुरक्षा करनी है और जरुरत पड़ने पर पुलिस द्वारा जारी किये गए हेल्पलाइन नम्बरों का उपयोग कर अपनी शिकायत दर्ज कराने की प्रस्तुति के साथ-साथ सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी करायी गयी।

उत्कृष्ट कार्यों के लिए इनका हुआ सम्मान
मिशन शक्ति अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 20 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित किए जाने वालों में महिला थाना की प्रभारी निरीक्षक पूनम यादव, एण्टी रोमियो सेल की प्रभारी मंजू यादव, महिला थाना की उपनिरीक्षक सुषमा वर्मा व परवीन सुल्ताना, महिला आरक्षी गण कविता मौर्या, हेमलता, पूजा सिंह, कनकलता, आराधना सिंह, नीरज यादव, विनीता यादव, ज्योति राजभर, वर्षा सिंह, मोनिका यादव, नेहा वर्मा, सपना सिंह, अनीता चौरसिया, निधि त्रिपाठी, रिचा तिवारी, कृष्णावती शामिल हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मानवाधिकार अशोक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी राकेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार, एसडीएम सदर कुलदीप सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह, विभिन्न स्कूलों से आये छात्र/छात्राएं, शिक्षकगण तथा पुलिस अधिकारी, कर्मचारी उपस्थिति रहे।

