संवाददाता
गोण्डा। जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा समेत अन्य संगठनों के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। दीनदयाल शोध संस्थान के सचिव रामकृष्ण तिवारी ने गुरुवार को संस्थान में स्थित प्रतिमा पर माल्यर्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। विचार गोष्ठी में उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एकात्म मानववाद के सच्चे प्रणेता थे। विधान परिषद सदस्य व जिला प्रभारी अवनीश सिंह ने नवीन गल्ला मंडी स्थित पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समर्पण दिवस कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला प्रभारी ने कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र स्थित बूथ संख्या 251 व 252 में पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से कहा कि पंडित दीनदयाल ने एकात्म मानववाद की जिस विचारधारा को जीवित किया था, उसी पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर कार्य कर रहे हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन देश की संस्कृति और हित को समर्पित रहा। पंडित दीनदयाल अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को पहली पंक्ति में लाना चाहते थे। जिला मीडिया प्रभारी विष्णु प्रताप शुक्ला ने बताया कि जिला प्रभारी अवनीश सिंह ने भाजपा कार्यालय पर दो महत्वपूर्ण बैठकें भी कीं। बैठक में मंडल प्रभारी महेश तिवारी ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर बैठक करके उस ग्राम पंचायत के बूथ अध्यक्षों का सम्मान किया जाना अति आवश्यक है। इससे बूथ समिति सक्रिय होगी, साथ-साथ आगामी चुनाव के लिए भी हितकर होगा। मौके पर रमाकांत तिवारी, पीयूष मिश्रा, पुष्कर मिश्रा, डॉ. रंजन शर्मा, अरुण शुक्ला, राजा बाबू गुप्ता, राजेश रायचंदानी सहित तमाम कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
