जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। आखिरकार भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह (75) भी जिंदगी की जंग हार गए। गुरग्राम स्थित मेदान्ता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह अपने पीछे दो पुत्र व तीन पुत्रियों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इससे पूर्व बीते 05 दिसम्बर को पीजीआई लखनऊ में उनकी धर्मपत्नी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरोज रानी सिंह का भी निधन हो गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, 27 फ़रवरी 1945 को उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जन्मे तथा शहर के सर्कुलर रोड़ निवासी सत्यदेव सिंह पिछले दिनों अपनी पत्नी व बेटे के साथ कोरोना संक्रमित हो गए थे। इसके बाद उन्हें लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। बीते पांच दिसम्बर को उपचार के दौरान उनकी पत्नी का निधन हो गया। इस बीच उनकी भी जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई और उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुरग्राम स्थित मेदान्ता अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात उन्होंने यहीं पर अंतिम सांस ली। वह अपने पीछे दो पुत्र विवेक सिंह व वैभव सिंह तथा तीन पुत्रियों वंदना सिंह, वसुधा सिंह और वर्षा सिंह समेत नाती-पोतों से भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। राजनीति में शुचिता के पक्षधर सत्येदव सिंह पहली बार गोण्डा संसदीय सीट से 1977 में भारतीय लोकदल के टिकट पर सांसद चुने गए। इसके बाद 1991 और 1996 में भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में बलरामपुर संसदीय सीट से लोकसभा के लिए चुने गए। वह 1980 से 1985 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। वर्तमान में वह भाजपा अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष तथा पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य थे। इसके अलावा लाल बहादुर शास्त्री पीजी कालेज के उपाध्यक्ष भी थे। उनके निधन की खबर मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ गई। निश्चित रूप से उनका असमय जाना पार्टी के लिए बड़ी क्षति है।
लखनऊ में आज ही होगा अंतिम संस्कार
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पूर्व सांसद को पीजीआई में उनकी पत्नी के निधन की खबर नहीं दी गई थी। इसके बाद उन्हें गुरुग्राम ले जाया गया। हालत में थोड़ी सुधर होने के बाद जैसे ही उन्हें अपनी पत्नी के निधन की खबर मिली, उन्हें दिल का दौरा पड़ गया और बुधवार की रात्रि करीब 10 बजे अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर लखनऊ लाया जा रहा है, जहां उनके 3/130, विश्वास खंड गोमती नगर स्थित आवास पर अपरान्ह दो बजे अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद आज ही चार बजे भैंसाकुण्ड लखनऊ पर अंतिम संस्कार होगा।
इन्होंने जताया शोक
सांसद बृजभूषण शरण सिंह व कीर्तिवर्धन सिंह, मंत्री रमा पति शास्त्री, विधायक गण बावन सिंह, कुंवर अजय प्रताप सिंह ‘लल्ला भैया’, प्रेम नारायण पाण्डेय, विनय कुमार द्विवेदी, प्रतीक भूषण शरण सिंह, प्रभात वर्मा, पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र, जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, पीयूष मिश्र, पूर्व मंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह, राम प्रकाश गुप्ता, केके श्रीवास्तव एडवोकेट, डा. ओपी मिश्र, रमाकांत तिवारी, पुष्कर मिश्र, राजीव रस्तोगी, राजा बाबू गुप्ता, दीपक अग्रवाल, राजेश रायचंदानी, प्रदीप मिश्र, शुभम अवस्थी, एसएन शर्मा, मीडिया प्रभारी विष्णु शुक्ला, भवानी भीख शुक्ला, नगर अध्यक्ष विशाल अग्रवाल, मनीष सिंह श्रीवास्तव, विवेक मणि श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ कृष्ण किशोर उर्फ मुक्कू सोनी, दीपक गुप्ता, सभासद वंदना गुप्ता, उमेश शाह, डा. वंदना सारस्वत, डा. जितेन्द्र सिंह, डा. शैलेन्द्र नाथ मिश्र, डा. रंजन शर्मा आदि ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।
यह भी पढें : निष्कासित बसपा नेताओं के समर्थन में दर्जनों पदाधिकारियों ने छोड़ी पार्टी

