सफल आयोजन के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती, पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश
संवाददाता
गोण्डा। शासन के निर्देशन में आयोजित किए जाने वाले किसान कल्याण मिशन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किये जाने के साथ ही कोविड-19 संबधित सुरक्षात्मक उपायों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाये। विभिन्न विभागों द्वारा कृषि कल्याण की संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ दिया जाये तथा मेले के आयोजन हेतु ब्लाकवार निर्धारित तिथियों में ब्लाकों पर विभिन्न विभागों की कृषकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी स्टाल लगाकर दी जाय। यह निर्देश नवागत जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 06 जनवरी से आरम्भ हो रहे किसान कल्याण मिशन कार्यक्रम की तैयारी बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को दिये हैं। जिलाधिकारी ने जनपद स्तरीय अधिकारियों से संक्षिप्त परिचय प्राप्त करने के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में अधिरकारियों के साथ प्रथम बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 06 जनवरी को जनपद के विकास खण्ड पण्डरी कृपाल, कर्नलगंज, कटरा बाजार तथा छपिया में, 13 जनवरी को हलधरमऊ, इटियाथोक, परसपुर, तरबगंज, नवाबगंज तथा वजीरगंज में तथा 20 जनवरी को ब्लाक झंझरी, मुजेहना, रूपईडीह, बेलसर, मनकापुर तथा बभनजोत में किसान कल्याण मिशन के तहत किसान मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने किसान कल्याण मिशन कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु तत्काल प्रभाव से जनपद स्तरीय पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की तैनाती करते हुए निर्देश दिए हैं कि समस्त नामित जिला स्तरीय पर्यवेक्षणीय अधिकारी अपने-अपने निर्धारित ब्लाक पर पूरा दिन उपस्थित रहकर कार्यक्रम का सफल आयोजन कराते हुए उन्हें रिपोर्ट देगें।
यह भी पढ़ें : SP की अभिनव पहल, पहली बार आयोजित हुआ बधाई समारोह
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि व कृषि आधारित अन्य गतिविधियां जिसमें पशुपालन, बागवानी आदि तथा कृषि आधरित उद्योग सम्मिलित हैं, को विकसित कर इन गतिविधियों के माध्यम से किसान कल्याण तथा किसान की आमदनी दो गुना करने का जनपद में एक अभियान किसान कल्याण मिशन के रूप में चलाया जायेगा, जो प्रथम बुधवार आगामी 6 जनवरी, द्वितीय बुधवार आगामी 13 जनवरी व तृतीय बुधवार 21 जनवरी 2021 को विकास खण्डवार किसान कल्याण मिशन मेले एवं गोष्ठी के रूप में आयोजित किया जायेगा, जिसमें प्रगतिशील किसान, कृषि वैज्ञानिक एंव कृषि विभाग से जुड़े कृषि प्रसार कार्यकर्ता शासन की किसानोन्मुखी योजनाओं के संबंध में जानकारी देगें। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के पात्र कृषकों को योजनाओं का स्वीकृति पत्र एवं प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास खण्ड स्तर पर आयोजित होने वाले कृषि मेला, प्रदर्शनी में कृषि विभाग के साथ उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, सिचाई, लद्यु सिचाई, नेडा, विद्युत, ग्राम्य विकास विभाग, पंचायतीराज, वन, बाल विकास पुष्टाहार आदि विभाग अपनी-अपनी योजनाओं से संबंधित स्टाल लगायेगें एंव लाभार्थी परक योजनाओं के स्वीकृत पत्र, प्रमाण पत्र, कृषि यंत्र वितरण, पुरूस्कार आदि का वितरण आदि सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होने कहा कि प्रदेश मे महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने तथा उन्हें आत्म निर्भर बनाने हेतु मिशन शक्ति का संचालन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में भी महिला किसानों की अधिक से अधिक भूमिका हो यह भी सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये तथा इस उद्देश्य से जागरूक महिला कृषकों तथा कृषि उत्पादन पर आधारित स्वयं सहायता समूहों की भी सहभागिता सुनिश्चित करायी जाये। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि मेले में पशुओं के इलाज के लिए उपलब्ध मोबाइल यूनिट के माध्यम से पशुओं का इलाज कराया जाना सुनिश्चित कराएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी, एडीएम राकेश सिंह, सीआरओ आरआर प्रजापति, सिटी मजिस्ट्रेट वन्दना त्रिवेदी, डीडी एग्रीकल्चर डा. मुकुल तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
06 जनवरी से चलेगा किसान कल्याण मिशन अभियान
शासन के निर्देशानुसार जनपद में किसान कल्याण मिशन का क्रियान्वयन आगामी 06 जनवरी 2021 से किसान कल्याण मिशन के रूप में विकास खंड वार अभियान के रूप में चलाया जाना हैं। इस अभियान के 03 प्रमुख भाग होंगे। यह जानकारी देते हुए उप कृषि निदेशक डा. मुकुल तिवारी ने बताया कि प्रथम भाग में कृषि एवं सहवर्गी सेक्टर की वृहद् प्रदर्शनी का आयोजन, द्वितीय भाग में किसान गोष्ठियों तथा तृतीय भाग में विभिन्न विभागों द्वारा कृषि कल्याण की संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किए जाने संबंधी कार्यक्रम संचालित किए जाने विषयक हैं। आगामी 06 जनवरी 2021 से प्रत्येक सप्ताह के बुधवार को ग्रामीण क्षेत्रों से आच्छादित होने वाली विधान सभा क्षेत्रों में एक विकास खंड में अभियान का क्रियान्वयन कर इसे तब तक जारी रखा जाएगा, जब तक समस्त विकास खंड आच्छादित न हो जाएं।
यह भी पढ़ें : कांगो में विद्रोहियों ने 25 को मौत के घाट उतारा
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
