ट्विटर हैंडल पर शेयर किया सुबह साढ़े पांच बजे सड़क पर झाडू लगाने वाला फोटो
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ‘ट्रांसफार्मिंग गोंडा’ का प्रभाव है कि अक्सर अपनी कमियों को लेकर सुर्खियों में रहने वाला जिला अब अच्छे कार्यों के लिए भी प्रदेश और देश स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। 2017 के स्वच्छता सर्वेक्षण में नीचे से प्रथम (436वां) स्थान पाने वाले गोंडा नगर पालिका के सफाई व्यवस्था की सराहना गुरुवार को नगर विकास मंत्री ने भी की है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से गोंडा नगर पालिका की एक महिला सफाई कर्मचारी द्वारा तड़के साढ़े पांच बजे सड़क पर सफाई करने की फोटो शेयर की है।
यह भी पढें : जिले के तीन अस्पतालों को मिली कायाकल्प अवार्ड की सौगात
नगर निकायों के प्रभारी अधिकारी/नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले की सभी नगर पालिका व पंचायतों में साफ-सफाई अभियान को गति प्रदान की गई है। इस क्रम में गोंडा नगर पालिका क्षेत्र के सभी 27 वार्डों में पहली पाली की सफाई सुबह पांच बजे शुरू हो जाती है। उन्होंने बताया कि इसकी मानीटरिंग के लिए तैनात किए गए सफाई नायक व सफाई निरीक्षकों द्वारा सफाई कर्मचारियों की फोटो ली जाती है, जिसमें से कुछ फोटो अधिशासी अधिकारियों द्वारा राज्य स्तर पर बनाए गए वाट्सएप गु्रप पर शेयर की जाती है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि इन चित्रों को गूगल मैप से टैग करके लिया जाता है, जिसमें कर्मचारी की लोकेशन, दिनांक और समय भी दर्ज होता है। गुरुवार को झंझरी ब्लाक के पास नौशहरा मोहल्ले में सुबह साढ़े पांच बजे मास्क पहनकर सड़क पर झाडू लगा रही एक महिला सफाई कर्मचारी का फोटो शेयर किया गया था। प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने अपने ट्विटर हैंडल से उस फोटो को शेयर करते हुए लिखा, ‘प्रातः सफाई में लगे नगर निकायों के सफाई कर्मी मित्रों को धन्यवाद सह नमन।’
यह भी पढें : बिजली बिल बाकीदारों को बड़ी राहत, सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट
नगर विकास मंत्री के इस ट्वीट से जिले के विभागीय अधिकारियों समेत सफाई कर्मचारियों में काफी हर्ष एवं उल्लास का माहौल है। उनका कहना है कि कम से कम किसी ने उनकी मेहनत की कद्र तो किया। प्रभारी अधिकारी नगर निकाय ने इस उपलब्धि पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा समेत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी है। साथ ही और अधिक सक्रियता तथा मनोयोग से काम करने की अपील की है। नगर पालिका अध्यक्ष उज्मा राशिद तथा निवर्तमान अध्यक्ष कमरुद्दीन एडवोकेट ने भी इस उपलब्धि पर सफाई कर्मचारियों को बधाई दी है। जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निश्चित ही यह जिले में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है। हम एक टीम भावना के साथ आगे और भी अच्छे कार्य करने में सफल होंगे।

यह भी पढें : CM की नाराजगी के बाद शिकायत निस्तारण पर अधिकारियों का फोकस
महत्वपूर्ण सूचना
गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
https://www.facebook.com/YOGA-DAY-GONDA-104340082292555
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
www.hindustandailynews.com
