डीएम ने सीडीओ के साथ निरीक्षण कर तय की रूपरेखा
संवाददाता
गोण्डा। जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने नगर को सुन्दर बनाने की कवायद शुरू कर दी है। सोमवार देर शाम डीएम ने सीडीओ शशांक त्रिपाठी तथा नगर पालिका व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अम्बेडकर चौराहा, गुरुनानक चौक, मिश्रौलिया चौराहा, बड़गांव चौराहा, महाराजा अग्रसेन चौक, मनकापुर बस स्टाप तथा झंझरी ब्लाक चौराहे का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने नगर को सुन्दर व स्वच्छ बनाने के लिए नगर के मुख्य चौराहों का सुन्दरीकरण, मरम्मत तथा चौड़ीकरण के साथ ही ड्रेनेज की अच्छी व्यवस्था कराने की कार्ययोजना शीघ्र बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही विभिन्न चौराहों का सुन्दरीकरण व अनुरक्षण कार्य करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं तथा गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों से भी वार्ता कर उनका सहयोग मांगा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जल्द ही नगर के सभी प्रमुख चौराहों को खूबसूरत बनाने का काम चालू कराया जाएगा तथा स्वच्छता के लिए हर संभव जरूरी व सख्त कदम उठाए जाएगें। चौराहों के निरीक्षण के दौरान ही डीएम व सीडीओ ने रोडवेज बस स्टॉप के निकट नगर पालिका द्वारा संचालित रैन बसेरे का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ईओ नगर पालिका विकास सेन सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
अन्य खबरों को विस्तार से पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।
