शासन की नीतियों व योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश
संवाददाता
गोण्डा। उप्र विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबन्ध समिति के सभापति व विधान परिषद सदस्य रणविजय सिंह की अध्यक्षता में दैवीय आपदा प्रबन्धन जांच समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई जिसमें जनपद में आपदा से सम्बन्धित शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं लाभान्वित लोगों के सम्बन्ध में गहन समीक्षा की गई। बैठक में समिति के सदस्य हीरालाल यादव, श्रीमती रमा निरंजन, राम अवध यादव ने भी अपने महत्वूपर्ण सुझाव व दिशा निर्देश प्रदान किए। बैठक में कोविड-19 वैश्विक महामारी से बचाव व सुरक्षा के लिए कराए गए कार्यों तथा हुई जांच, संक्रमित व्यक्तियों, विगत तीन वर्षों में आकाशीय बिजली व हाई टेन्शन की चपेट में आने से हुई मृत्यु, ट्रान्सफार्मर स्पार्किंग व नदी आदि में डूबने से हुई दुर्घटना, कच्ची व जहरीली शराब से हुई दुर्घटना, आंधी व ओलावृष्टि से हुई दुर्घटना व यातायात दुर्घटना से हुई जनधन की हानि व उपलब्ध कराई गई राहत आदि की स्थिति की गहन व विस्तृत समीक्षा की गई। सभापति ने अपेक्षा की कि जनपद में आपदा के समय विभिन्न शासकीय योजनाओं के अन्तर्गत दी गई राहत से सम्बन्धित लाभान्वित व्यक्तियों की सूची मोबाइल नम्बर सहित तहसीलवार उपलब्ध कराई जाय। उन्होंने कहा कि बभनान चीनी मिल के नाले को ढकने हेतु महाप्रबन्धक चीनी मिल तत्काल कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने खरगूपुर क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम बेलवा फूलपुर के आवासहीन व्यक्ति से सम्बन्धित प्रकरण में जांच कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने की अपेक्षा की है। सभापित ने डीएम मार्कण्डेय शाही तथा पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय की कार्यशैली की सराहना करते हुए जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों से अपेक्षा की कि वे शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों को शत-प्रतिशत गांव-गांव तक पहुंचाने में जाकर अपना योगदान देकर दायित्व निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने सभापति सहित सभी सदस्यों का जनपद की ओर से हार्दिक स्वागत किया और उन्हें शाल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों की ओर से आश्वस्त किया कि शासन की अपेक्षाओं एवं समिति के निर्देशों का पूरे मनोयोग के साथ अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। एसपी शैलेश कुमार पाण्डेय द्वारा यातायात नियमों के अनुपालन हेतु चलाए जा रहे कार्यक्रमों व अभियानों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर एडीएम राकेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट वन्दना त्रिवेदी, सीएमओ डा. अजय सिंह गौतम, सभी उपजिलाधिकारी, डीएफओ, अनुसचिव वेद प्रकाश सिंह, निजी सचिव कपिल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
अन्य खबरों को विस्तार से पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।
