जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले के खोंड़ारे थाना क्षेत्र के रसूल खानपुर मिश्रौली गांव में गुरुवार को पूर्वान्ह तालाब में नहाने गए एक ही परिवार के आधा दर्जन बच्चे गहरे पानी में डूब गए। परिजनों के मौके पर पहुंचने तक पांच बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक को जीवित बचा लिया गया है। क्षेत्रीय विधायक समेत स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांव निवासी दृग नरायन पांडेय के परिवार के आधा दर्जन बच्चे चंचल, शिवाकांत, रागिनी, प्रकाशिनी व मुस्कान आदि गुरुवार को पूर्वान्ह करीब 10.30 बजे गांव के निकट स्थित तालाब में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान एक बच्चा फिसल कर तालाब में चला गया। उसे बचाने के लिए बारी-बारी से सभी तालाब में कूदते गए, किन्तु तालाब में पानी अधिक होने के कारण डूबते गए। तालाब से थोड़ी दूर खड़े गांव के दो अन्य बच्चों ने उन्हें डूबता देख गांव की तरफ भागकर परिजनों को इसकी सूचना दी। जब तक परिजन व ग्रामीण तालाब तक पहुंचते, तब तक पांच बच्चों की मौत हो चुकी थी। मृतकों में अरविंद कुमार का बेटे आदित्य उर्फ चंचल (08) व शिवाकांत (06), सुरेंद्र कुमार की बेटियां रागिनी (08) व प्रकाशिनी (10) तथा वीरेंद्र कुमार की बेटी मुस्कान (14) शामिल हैं। बच्चों को बचाने के प्रयास में तालाब में डूबे अजय पांडेय को जीवित निकाल लिया गया। स्थानीय अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। सूचना पाकर क्षेत्रीय विधायक प्रभात वर्मा, मनकापुर के एसडीएम हीरालाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय तलवार, खोड़ारे के थनाध्यक्ष महेंद्र सिंह, छपिया के थानाध्यक्ष राकेश सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और मृत बच्चों के अंतिम संस्कार की कार्रवाई सम्पन्न करवाई। एक ही परिवार के पांच बच्चों के डूबकर मरने से पूरे गांव में मातम फैला है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक ही परिवार के पांच बच्चों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का तत्काल समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
