अधिकारियों ने कहा-निर्भीक होकर सभी लगवाएं टीका
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। कोविड-19 टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण किये जाने हेतु गुरुवार को जिले के शहरी क्षेत्र के सात अस्पतालों में 13 सत्रों एवं ग्रामीण क्षेत्र के दो अस्पतालों में 11 सत्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 3010 लाभार्थियों का टीकाकरण किये जाने का लक्ष्य रखा गया, जिसके सापेक्ष 1360 लोगों का टीकाकरण किया गया। बाबू ईश्वर शरण जिला चिकित्सालय परिसर के कोविड हॉस्पिटल में लगाये गये टीकाकरण सत्र स्थल पर जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही एवं पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने प्रोटोकॉल का पालन करते हुए टीकाकरण कराया। इस दौरान जिलाधिकारी ने आब्जर्वेशन रूम में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ टीकाकरण के प्रगति के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल की ओर से अपना टीकाकरण प्रमाण-पत्र व कार्ड भी प्राप्त किया। सीएमओ डॉ अजय सिंह गौतम ने बताया कि जनपद में हेल्थकेयर वर्कर्स के बाद फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण पांच फरवरी से शुरू हो चुका है। दूसरे राउंड के टीकाकरण कार्यक्रम को 22 फरवरी तक पूरा किये जाने की योजना है। इसी क्रम में 11,12 व 18 फरवरी को पुनः टीकाकरण सत्र आयोजित किये जा रहे हैं। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना को मात देने के लिए कोविशील्ड के बाद कोवैक्सीन टीका भी जिले में आ चुका है। गुरुवार को कोवैक्सीन को भी टीकाकरण में शामिल किया गया। लाभार्थियों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी है। इस चरण में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम व राजस्व कर्मी और नगर पालिका व नगर पंचायत के कर्मचारियों को टीका लगाया जायेगा।
शुक्रवार को 2859 फ्रंट लाइन वर्कर्स का लगेगा टीका

उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को शहरी क्षेत्र में जिला पुरुष चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, एससीपीएम हॉस्पिटल, पुलिस लाइन हॉस्पिटल, अर्बन पीएचसी बरियारपुरवा, आरएन पाण्डेय हॉस्पिटल व रेलवे हॉस्पिटल समेत कुल सात जगहों पर 12 टीकाकरण सत्र एवं ग्रामीण क्षेत्र में दो जगहों एससीपीएम मेडिकल कॉलेज व पीएसी हॉस्पिटल में 11 सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इस टीकाकरण कार्यक्रम में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम व राजस्व कर्मी और नगर पालिका, नगर पंचायत के कुल 2859 लोगों का टीकाकरण किये जाने की कार्ययोजना बनायी गयी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व एसीएमओ डॉ देवराज चौधरी ने बताया कि प्रथम राउंड के टीकाकरण में छूट गए सभी स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण 15 फरवरी को मॉप अप राउंड में किया जायेगा। इसके साथ ही उसी दिन 16 जनवरी को टीके की पहली डोज़ लेने वाले सभी लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज़ लगाई जाएगी। इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ घनश्याम सिंह, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ विनय डांगे, यूनिसेफ के डीएमसी शेषनाथ सिंह, यूएनडीपी के राजेश सिंह व जिला वैक्सीन स्टोर इंचार्ज पंकज तिवारी समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढें : प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री पढ़ाई के लिए ऐसे करें पंजीकरण

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
