जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। वैश्विक महामारी कोरोना के टीकाकरण की तैयारियों को अंतिम स्वरुप देने हेतु सोमवार को जिले में दूसरी बार पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) किया गया। पूर्वाभ्यास में जिले के 21 सरकारी व तीन निजी क्षेत्र के अस्पतालों को शामिल कर 24 केन्द्र बनाये गये। इस दौरान 765 लोगों के साथ कुल 51 टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ देवराज चौधरी ने बताया कि गत दिनांक 05 जनवरी को जनपद के छह टीकाकरण केन्द्रों पर कोविड टीकाकरण का पूर्वाभ्यास (ड्राईरन) सफलतापूर्वक सम्पादित किया गया। कोविड टीकाकरण प्रारंभ होने पर प्रथम चरण के टीकाकरण को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किये जाने हेतु सोमवार को दूसरा एवं अंतिम पूर्वाभ्यास प्रथम चरण के टीकाकरण के लिए चिन्हित किये गये 24 केन्द्रों के सभी 51 सत्रों पर किया गया। डमी वैक्सीन टीकाकरण केन्द्रों तक ले जाने के लिए सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे। सभी केन्द्रों के लिए विभाग द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं पर्यवेक्षकों के साथ-साथ डब्ल्यूएचओ व यूनिसेफ के प्रतिनिधि पूरे दिन भ्रमणशील रहकर सत्रों के सुचारू और सफल संचालन में लगे रहे। सभी 51 सत्रों पर तैनात की गयी टीमों के माध्यम से 15-15 लोगों समेत कुल लगभग 765 लाभार्थियों पर कोरोना वैक्सीन टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया गया।
डॉ चौधरी ने बताया कि प्रत्येक सत्र पर अधिकतम 15 लाभार्थियों को कोविन डमी पोर्टल पर पंजीकृत किया गया। सत्र स्थल पर जहाँ पूर्वाभ्यास किया गया। वहां प्रतीक्षालय, टीकाकरण कक्ष और आबजर्वेशन कक्ष की समुचित व्यवस्था की गयी तथा प्रतीक्षा क्षेत्र और आबजर्वेशन क्षेत्र में बैठने की उचित अलग-अलग व्यवस्था की गयी। टीकाकरण टीम निर्धारित स्थल पर प्रातः 9ः15 बजे तक पहुंच गयी। पूर्वाभ्यास सत्र 10 बजे से प्रारंभ किया गया तथा समस्त लाभार्थियों का टीकाकरण किये जाने तक जारी रहा। कोविन पोर्टल से सम्बंधित प्रशिक्षण सत्र यूएनडीपी के सहयोग से दिनांक 8 जनवरी को आयोजित कर समस्त वैक्सीनेटर, वैरिफायर एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण सुनिश्चित किया गया। पुलिस, होमगार्ड एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों आदि को टीकाकरण सत्र के दौरान उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों के विषय में उपयुक्त जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया जाना सुनिश्चित किया गया। वैक्सीन, सीरिंज, एनाफाइलेक्सिस किट और अन्य लॉजिस्टिक्स की उपलब्धता प्रत्येक सत्र स्थल पर टीकाकरण के समय पर सुनिश्चित की गयी द्य इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कोविड-19 हेतु नामित नोडल अधिकारी कोविड टीकाकरण के पूर्वाभ्यास तथा भविष्य में आयोजित होने वाले टीकाकरण कार्यक्रम का भी पर्यवेक्षण कर सुधारात्मक कार्यवाही हेतु अपना फीडबैक साझा करेंगे।

इन स्थलों पर हुआ पूर्वाभ्यास :
डिप्टी सीएमओ डॉ मनोज कुमार ने बताया कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी और पुलिस प्रशासन के पहरे के बीच शहरी क्षेत्र में बाबू ईश्वर शरण जिला चिकित्सालय परिसर के कोविड हॉस्पिटल, जिला महिला अस्पताल, अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियारपुरवा, एससीपीएम हॉस्पिटल, आरएन पाण्डेय मेमोरियल हॉस्पिटल, एससीपीएम मेडिकल कॉलेज हारीपुर तथा ग्रामीण क्षेत्र में सीएचसी बभनजोत, बेलसर, छपिया, करनैलगंज, मसकनवा, हलधरमऊ, इटियाथोक, कटरा बाजार, मनकापुर, मुजेहना, नवाबगंज, पंड़री कृपाल, परसपुर, काजीदेवर, खरगूपुर, तरबगंज, वजीरगंज व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रुपईडीह में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय सिंह गौतम ने बताया कि जिले में कोविड टीकाकरण के पूर्वाभ्यास की पूरी कवायद इसलिए की गई, ताकि टीकाकरण शुरू करने से पहले उसकी खामियों को पूरी तरह से दूर किया जा सके। इसके अलावा कार्यक्रम में शामिल लोगों को पूरी प्रक्रिया का अनुभव भी मिलेगा। दरअसल, पूर्वाभ्यास के माध्यम से कोविड-19 टीके को जुटाने और टीकाकरण की जांच प्रक्रिया, क्षेत्र में कोविड वैक्सीन के उपयोग, नियोजन, क्रियान्वयन, रिपोर्टिंग के बीच तालमेल, चुनौतियों की पहचान करने, वास्तविक क्रियान्वयन के बारे में उचित मार्गदर्शन के अलावा यदि किसी सुधार की जरुरत हो, तो उसे भी चिह्नित कर सुधार किया जा सकेगा।

इटियाथोक में हुआ फाइनल ड्राई रन
इटियाथोक से हमारे संवाददाता प्रदीप पांडेय के अनुसार, कोविड़ 19 के आगामी दिनों में होने वाले बैक्सीनेशन को लेकर सम्पूर्ण स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहले चरण में हुए 5 जनवरी के ड्राई रन के बाद सोमवार को यहां सीएचसी पर दुबारा फाइनल ड्राई रन किया गया। कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण शुरू होने में कुछ ही समय बाकी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग पूरी तैयारी करने में लगा हुआ है, जिससे वैक्सीन आने पर तत्काल वैक्सीनेशन की प्रक्रिया बगैर किसी समस्या के शुरू किया जा सके। इसको लेकर पहले चरण में बीते पांच जनवरी को स्वास्थ्य केंद्रों पर ड्राई रन हुआ था। सीएचसी अधीक्षक डॉ. श्वेता त्रिपाठी ने बताया कि यहां 2 बूथ बनाये गये और दोनों बूथों पर 15-15 लोगों के वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास किया गया। यह ड्राई रन की प्रक्रिया विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानीटर डॉ0 राम गोपाल पांडेय के देखरेख में सम्पन्न हुआ। इस मौके पर बीसीपीएम अमरेंद्र सिंह, फार्मेसिस्ट अवधेश कुमार तिवारी, प्रदीप चौधरी सहित अन्य स्टाफ के लोग मौजूद रहे।
