मेडल पाकर सम्मानित होंगे संतोष तिवारी, संजय दूबे, अतुल चतुर्वेदी तथा अरुण यादव



जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के 02 निरीक्षक, 02 उप निरीक्षक, 01 मुख्य आरक्षी चालक तथा 01 आरक्षी को वर्ष 2020 में उनके द्वारा किये गये सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस महानिदेशक द्वारा पदक एवं स्क्रोल से पुरस्कृत किये जाने की घोषणा की गयी है। यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले के थाना इटियाथोक क्षेत्रान्तर्गत ग्राम तिर्रे मनोरमा स्थित श्रीराम जानकी मन्दिर में सो रहे पुजारी को 10/11 अक्टूबर 2020 की रात्रि को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। इस संबंध मे नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था, किन्तु विवेचना के दौरान पता चला कि नामजदगी गलत की गई है। इसके बाद पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत करते हुए घटना को अंजाम देने तथा इसकी साजिश रचने वालों का खुलासा करते हुए सही अभियुक्तों को गिरफ्तार करके जेल भेजा। इस घटना का सफल अनावरण कराने में निरीक्षक संतोष तिवारी, संजय दूबे, उप निरीक्षक अतुल चतुर्वेदी तथा आरक्षी अरुण यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनके प्रयासों से घटना का सफल व सही अनावरण करते हुए पंजीकृत अभियोग में धारा 120 बी, 193 व 195 भादवि की बढोत्तरी करते हुए घटना में संलिप्त 07 अभियुक्तो को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। इनके द्वारा किये गये इस सराहनीय कार्य के लिए वर्तमान में वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी को ’शौर्य के आधार पर सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह’ तथा इटियाथोक के प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक अतुल चतुर्वेदी व आरक्षी अरुण यादव को पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रदत्त प्रशंसा चिन्ह ‘सिल्वर’ से सम्मानित किया जायेगा। एसपी ने बताया कि इसके अलावा दो अन्य पुलिस कर्मियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा, जिनका विवरण इस प्रकार है :
एसआई (गोपनीय) राम दुलारें यादव, स्टेनो एसपी
(सेवाभिलेख के आधार पर उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह)
उपनिरीक्षक (गोपनीय) राम दुलारे यादव 26 जनवरी को 38 वर्ष, 03 माह और 05 दिन की सेवा पूर्ण कर रहे हैं। इन्हें अब तक के सेवाकाल में किसी प्रकार के दण्ड से दण्डित नहीं किया गया है। इनके कठोर परिश्रम एवं लगन से कार्य किये जाने के फलस्वरूप अब तक इनको 51 नकद पुरस्कार, 15 उत्तम प्रविष्टि एवं 01 प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया गया है। 26 जनवरी 2015 को भी इन्हें सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से भी पुरस्कृत किया गया है। सेवाभिलेख के आधार पर इन्हे उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया जायेगा।
मुख्य आरक्षी चालक लालधारी यादव
सेवाभिलेख के आधार पर सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह
मुख्य आरक्षी चालक लालधारी यादव 26 जनवरी को 37 वर्ष, 02 माह और 10 दिन की सेवा पूर्ण कर रहे हैं। इन्हें अब तक के सेवाकाल में किसी प्रकार के दण्ड से दण्डित नहीं किया गया है। इनके कठोर परिश्रम एवं लगन से कार्य किये जाने के फलस्वरूप अब तक इनको 15 नकद पुरस्कार, 23 उत्तम प्रविष्टि एवं 03 प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया गया है। इन्हे सेवाभिलेख के आधार पर सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया जायेगा।
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
