लम्बित आवेदनों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश
संवाददाता
गोण्डा। मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई जिसमें उन्होंने सभी बैंकों के प्रबन्धकों को सख्त निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों को बैंक स्तर से पूरा सहयोग प्रदान किया जाय, इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड के लम्बित आवेदनों को निस्तारित कर पात्र कृषकों को केसीसी ऋण मुहैया कराएं।
वार्षिक ऋण योजना 2020-21 की समीक्षा के दौरान ज्ञात हुआ कि जनपद में आईडीबीआई बैंक, पंजाब एण्ड सिंध बैंक, यूको बैंक, यूनियन बैंक आफ इण्डिया और सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया की प्रगति सबसे ज्यादा खराब है। इस पर सीडीओ ने सम्बन्धित बैंक प्रबन्धकों को अगले 15 दिनों में प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ ने निर्देश दिए कि नवम्बर माह में जनपद स्तर पर केसीसी लोन कैम्प का आयोजन कराया जाय, जिसमें सभी बैंकों के प्रबन्धक मौजूद रहें और वहीं पर कृषकों से आवेदन पत्र प्राप्त कर उनका केसीसी ऋण स्वीकृत किया जाय। प्राथमिकता क्षेत्र एवं कमजोर वर्गों को ऋण वितरण की समीक्षा में ज्ञात हुआ कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 41.48 प्रतिशत की ही उपलब्धि हासिल हुई है। इस पर सीडीओ ने बैंक प्रबन्धकों को निर्देश दिए कि वे व्यक्तिगत रूचि लेकर प्रगति लाएं। र्प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की समीक्षा में ज्ञात हुआ कि इस योजना में लगभग सभी बैंक पीछे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार मुद्रा योजना के प्रति बेहद गम्भीर है, इसलिए बैंक अपने स्तर पर पात्रों को ज्यादा से ज्यादा लाभ देना सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में कुल 13803 किसानों का फसल बीमा हुआ था जिसकी कुल बीमित राशि 41 करोड़ 86 लाख 54 हजार 745 रूपए है जिसमें कृषक अंश 83 लाख 73 हजार 28 रूपए है। विभिन्न विभागों से प्राप्त सरकारी ऋण योजनाओं की समीक्षा में ज्ञात हुआ कि सरकार की 11 योजनाओं में बैंकों से ऋण के लिए प्राप्त लक्ष्य 1500 के सापेक्ष 348 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मात्र 27 आवेदन स्वीकृत हुए और 15 को ऋण वितरित किया गया। इस पर सीडीओ ने असंतोष व्यक्त करते हुए सभी बैंकों को सख्त चेतावनी दी है कि लम्बित आवेदनों को निस्तारित कर पात्रों को ऋण उपलब्ध कराएं, अन्यथा इसका विशेष संज्ञान लेकर अपेक्षित कार्यवाही की जाएगी। बैठक में एलडीएम दशरथी बेहरा, उपनिदेशक कृषि डा. मुकुल तिवारी, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, नाबार्ड के अधिकारी तथा बैंकों के प्रबन्धक उपस्थित रहे।
