विकास पूल के अधिकारियों को विभागीय योजनाओं व प्रगति का ‘डेमो’ देने का निर्देश
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। नवागत मुख्य विकास विकास अधिकारी गौरव कुमार ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही सरकारी मशीनरी को सक्रिय करने की कोशिश शुरू कर दी है। ज्येष्ठ माह के पहले मंगलवार को विधिवत कार्यभार शुरू करने के साथ ही उन्होंने विकास खण्ड हलधरमऊ के ग्राम पंचायत भुलभुलिया का निरीक्षण किया। गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके साथ ही शासन द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों को ढंग से समझने के लिए उन्होंने विकास पूल से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने विभागों से सम्बंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों तथा लक्ष्य एवं प्रगति के सम्बंध में एक प्रदर्शन (डेमो) उनके समक्ष प्रस्तुत करें।
यह भी पढें : विशेषज्ञों ने विस्तार से बताया लैंगिक अपराधों में क्या करें, क्या न करें

स्कूलों का तो हो जाएगा, बच्चों का भी काया कल्प कराएं शिक्षक
बताते चलें कि कार्यभार सम्हालने के तुरंत बाद वह मंगलवार को हलधरमऊ विकास खण्ड पहुंच गए। वहां दो प्राथमिक विद्यालय, एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय, तीन आंगनबाड़ी केन्द्र, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, गौशाला आदि का निरीक्षण किया। विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता जांचने के लिए बच्चों से किताब भी पढ़वाया, पर सभी बच्चे पढ़ नहीं पाए। इस पर उन्होंने कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए शिक्षकों से कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बिलकुल खराब है। इसको सुधारें। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि विद्यालयों के कायाकल्प होने के साथ ही बच्चों का भी कायाकल्प होना चाहिए। शिक्षक पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। साथ ही भुलभुलिया व छत्तर पुरवा प्राइमरी स्कूल में बच्चों को घर से थाली लाने व ड्रेस में न होने पर नाराज हुए। पंचायत भवन के सचिव कार्यालय में कुर्सी मेज, फूल पत्ती, लेखपाल व सचिव का रोस्टर बोर्ड, पानी टंकी न होने व दीवाल पर अतिक्रमण होने पर पंचायत सचिव को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने इंडिया मार्का हैंडपंप के समय से मरम्मत व रिबोर न होने पर भी सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों की कम उपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त किया। कस्तूरबा विद्यालय के निरीक्षण में सीडीओ ने पाया कि लाइब्रेरी में वार्डन का बेड लगा था। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि स्टाफ को बच्चों के बीच में रहना चाहिए। किचन में गंदगी के कारण मक्खियां भिनभिना रही थीं। इस पर उन्होंने मौजूद स्टाफ को तत्काल सुधार लाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई में कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
यह भी पढें : लापता मेडिकल स्टोर स्वामी को खोजने में लगीं पुलिस की पांच टीमें

बिना कार्य भुगतान लेती रही एसएचजी, अब संविदा होगी खत्म
गांव में प्रधान एवं सचिव की देखरेख में संचालित सामुदायिक शौचालय की स्थिति काफी खराब पाई गई। निरीक्षण के दौरान पता चला कि ‘जय माता दी’ स्वयं सहायता समूह को इस शौचालय के संचालन की जिम्मेदारी मिली हुई है। इस कार्य हेतु उसे मानदेय तथा सामग्री के मद में नियमित रूप से भुगतान किया जा रहा है जबकि शौचालय का प्रयोग नहीं हो रहा है तथा साफ सफाई भी नहीं पाई गयी। निरीक्षण के समय सूचना के बावजूद समूह का कोई भी सदस्य उपस्थित नहीं मिला। सीडीओ ने कहा कि शौचालय का प्रयोग हुए बिना लगातार मानदेय सामग्री का भुगतान किया जाना विधि सम्मत नहीं है। उन्होंने डीपीआरओ को निर्देश दिया कि मई 2022 से समूह को कोई भुगतान नहीं किया जाएगा। साथ ही उसके साथ किया गया अनुबंध भी तत्काल समाप्त करने का निर्देश दिया है। सीडीओ के निरीक्षण में ब्लाक मिशन प्रबंधक अनुभव गुप्ता भी गैरहाजिर रहे। जिला मिशन प्रबन्धक अंशुमान तिवारी ने उनसे दूरभाष पर सम्पर्क करने की कोशिश भी की गई, किन्तु उनका मोबाइल बन्द पाया गया। इस सम्बंध में उन्हें उपायुक्त स्वतः रोजगार एनवी सविता द्वारा नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया गया है। पत्र में कहा गया है कि ऐसा प्रतीत होता है कि आप बिना बताए कार्य क्षेत्र से अनुपस्थित रहने तथा उत्तरदायित्व के निर्वहन न करने के आदी हैं। उनका एक दिन का वेतन रोकते हुए उक्त कृत्य के सम्बंध में तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है कि क्यों न मिशन निदेशक उप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन लखनऊ को आपकी संविदा समाप्ति हेतु पत्र प्रेषित कर दिया जाय।
सीडीओ ने गोशाला का किया भी निरीक्षण
यह भी पढें : अब लेखपालों के ऑफिस होंगे बंद, यहां होगा नया ठिकाना
गांव में आयोजित चौपाल में कुछ लोगों की शिकायती प्रार्थना पत्र भी दिए, जिनमें ज्यादातर शिकायतें सफाई कर्मी, पंचायत सचिव, लेखपाल और आंगनबाड़ी केन्द्र को लेकर थीं। सार्वजनिक चकमार्ग, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित, दिव्यांग पेंशन आदि के बारे में भी कुछ शिकायतें मिलीं। सीडीओ ने एक गोशाला का भी निरीक्षण करके वहां संचालित व्यवस्था का जायजा लिया तथा इसमें सुधार के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण में अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करके उनका वेतन रोकने का निर्देश भी दिया। निरीक्षण के दौरान सीडीपीओ व बीईओ के अनुपस्थिति पर नाराजगी जाहिर की। इस मौके पर डीडीओ दिनकर विद्यार्थी, डीएसटीओ डॉ नरेंद्र कुमार, बीडीओ रामाज्ञा मौर्य, प्रधान पति राकेश सिंह, डिप्टी सिंह, रवि प्रताप सिंह, शिवराम शुक्ल सहित तमाम अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढें : आपको वज्रपात की पूर्व सूचना चाहिए तो मोबाइल में डाउनलोड करें यह ऐप
कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
