जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत जिले भर में जन जागरुकता तेजी से चलाया जा रहा है। इसके तहत मच्छर जनित रोगों एवं संक्रामक रोगों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार, चिकनगुनिया व संचारी रोगों पर से बचाव और नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार सतर्कता बनाए हुए है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमें गांवों में घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों और कोरोना के प्रति जागरूक कर रहीं है। टीमें गांवों में घरों के आसपास जलभराव न होने देने, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और अपने घरों के आस-पास साफ-सफाई रखने के संदेश दे रहीं हैं। इसके साथ ही लक्षण के आधार पर कोविड, बुखार और टीबी के मरीजों को खोजने का भी काम कर रहीं हैं, ताकि समय रहते उनका उपचार शुरू कराया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आरएस केसरी ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कोविड, बुखार और टीबी से संबंधित रोगियों की जानकारी प्राप्त कर रही हैं। इस दौरान बुखार और खांसी वाले लोगों के साथ-साथ कुपोषित बच्चों को भी चिन्हित किया जा रहा है। एसीएमओ डॉ एपी सिंह ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण माह व दस्तक अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ नागरिक और ग्रामीणों की भी भागीदारी जरूरी है। स्वयं सुरक्षा भी इसका अहम पहलू है। जागरूक लोग इस अभियान में सहयोग करें। वैसे तो कोरोना काल में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, लेकिन बरसात होने के चलते लोगों को स्वंय भी सावधानी बरतनी होगी। मच्छरों के काटने से डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारी फैलती हैं। ऐसे में जरूरी है कि उन्हें पनपने ही न दिया जाए। अपने घर और आसपास सफाई रखी जाए। कोरोना के साथ लोग मलेरिया, डेंगू से भी बचाव करें।
डीसीपीएम डॉ आरपी सिंह ने अपनी टीम के साथ सीएचसी परसपुर एवं बेलसर में चल रहे कोविड टीकाकरण कार्य एवं दस्तक अभियान का सहयोगात्मक पर्यवेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोरोना से ठीक हुए मरीजों, एक सप्ताह से ज्यादा बुखार या खांसी के मरीजों तथा कुपोषित बच्चों पर अधिक ध्यान देने के लिए कहा। ऐसा एक भी मरीज इलाज के अभाव में न रहने पाए। इसके लिए खास निर्देश दिए द्य मरीजों का न केवल चिह्नीकरण किया जाए, बल्कि संबंधित चिकित्सा केंद्रों पर उपचार भी कराया जाए। इसके आलावा उन्होंने क्षेत्र की एएनएम कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने अभियान में काम रही जिले की 3073 आशा कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग मास्क जरूर लगाएं, हाथों को बार-बार साबुन-पानी से धोएं, कम से कम दो गज की दूरी से बात करें, घर की कुंडी या दरवाजा न छुएं और न खटखटाएं, आवाज देकर परिवार के सदस्यों को बुलाएं व बात करें। अभियान तभी सफल हो सकता है,जब सभी लोग अपने स्तर से सहयोग करें, क्योंकि संचारी रोगों से मुक्ति पाने के लिए हर वर्ग में जागरूकता की बड़ी जरूरत है। जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस मनोज कुमार ने बताया कि जिले की 2810 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस अभियान में लगी हुयी हैं। उनके द्वारा कुपोषण दूर कर समुदाय को सुपोषित बनाने के लिए बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और किशोरियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, व्यक्तिगत और पास-पड़ोस में साफ़-सफाई रखने की जानकारी दी जा रही है। बचाव के तरीके बताते हुए उन्होंने कहा कि डेंगू फैलाने वाला एडीज इजिप्टी मादा मच्छर साफ पानी में अंडे देती है, इसलिए कूलर, पानी की टंकी, गमले आदि में साफ पानी एकत्रित न होने दें। दिन में पूरी बाजू के कपड़े व मोजे पहनें और छोटे बच्चों को मच्छरदानी में सुलाएं। तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, बदन में चकत्ते होने की दशा में तत्काल जिला अस्पताल अथवा पास के किसी चिकित्सा केंद्र में जांच करवाएं।
यह भी पढ़ें : योगी सरकार ने रद्द की कांवड़ यात्रा
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
