संवाददाता
गोण्डा। मुज़ेहना विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत खौदी में नहर किनारे बनी गौशाला में इलाज अथवा ठण्ड से बचाने के लिए समुचित ब्यवस्था न होने के कारण विगत दिनों से लगातार पशुओं की मौत हो रही हैं। सोमवार को भी एक गाय आश्रय केंद्र में मृत पाई गयी। वहां पर मौजूद अदद एक कर्मचारी से जब उसकी मौत की वजह जानी गयी तो उसने बताया कि कई दिनों से गाय बीमार चल रही थी। यहां ठंड से बचाने का भी कोई इंतजाम नहीं है। इन्हीं अभावों के चलते गाय की मौत हुयी है। केंद्र में छोटे बड़े कुल 36 मवेशी और मात्र एक कर्मचारी पाया गया। इस सम्बन्ध में ग्राम प्रधान राम बरन वर्मा ने बताया कि इस आश्रय केंद्र का संचालन दिसम्बर माह की दो तारीख को किया है। यहां पर अभी संसाधनों का आभाव है। अधिकारियों से बात करके कमियां दूर करने की कोशिश की जा रही हैं। बताते चलें कि करीब दो वर्षो तक इस गौआश्रय केंद्र का निर्माण चलता रहा। नहर के किनारे होने की वजह से बरसात का पानी जमा होने के कारण नाद और वाल बाउण्डरी सहित शिलान्यास का फाउंडेशन तक ढह गया था। इसके बाद पुनः निर्माण करवा कर आनन फानन में इसका संचालन शुरू करवा दिया गया, किन्तु अभी तक गेट पर आश्रय केंद्र का नाम स्थान आदि अंकित नही हो पाया है। भारी अब्यवस्थाओं के बीच आश्रय केंद्र का संचालन कराये जाने से यहां अब पशुओं के मरने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
यह भी पढ़ें : कलाकार से रेप के आरोप में बाहुबली विधायक का पोता गिरफ्तार
