जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिला पुलिस तथा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने गौरव हालदार अपहरण कांड में फरार चल रही 25 हजार की इनामी अभियुक्त डॉ प्रीति मेहरा को उसके पैतृक गांव हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमाण्ड पर उसे गोण्डा लाकर आज मध्यान्ह मीडिया के सामने पेश किया गया। इसके उपरान्त उसे जेल रवाना कर दिया गया।
देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक डॉ राकेश सिंह और पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने सोमवार को पुलिस लाइंस सभागार में एक प्रेस वार्ता में बताया कि बीते 18 जनवरी 2021 को एससीपीएम कालेज में बीएएमएस प्रथम वर्ष के छात्र गौरव हालदार पुत्र निखिल हालदार निवासी सत्संग नगर कालोनी काशीजोत थाना पयागपुर जनपद बहराइच का कालेज के बाहर से अपहरण कर लिया गया था। बाद में उसके पिता निखिल हालदार को फोन करके 70 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। निखिल की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में पंजीकृत कर अपहृत की तलाश हेतु पुलिस टीमें लगायी गयी थी। 22 जनवरी 2021 को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) व जिला पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मुठभेड़ के दौरान ग्रेटर नोएडा में जीरो पॉइंट से तीन अभियुक्तों डा. अभिषेक पुत्र राजेश सिंह निवासी अचलपुर थाना वजीरगंज जनपद गोण्डा हाल पता फ्लैट नम्बर 310, ग्लोरिया अपार्टमेन्ट बक्करवाला डीडीए फ्लैट दिल्ली; नीतेश पुत्र विनोद बिहारी निवासी बालपुर थाना निहारगंज जिला धौलपुर (राजस्थान) तथा मोहित सिंह पुत्र शिव मूरत सिंह निवासी ग्राम परौली थाना कर्नलगंज जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर अपहृत गौरव हालदार को सकुशल बरामद कर लिया गया था। दो अन्य अभियुक्तों रोहित सिंह पुत्र स्व. उदय प्रताप सिंह निवासी कोर्ट बाजार थाना पयागपुर जनपद बहराइच तथा सतीश कुमार चौरसिया पुत्र लाल मनि चौरसिया निवासी सोनाडी हैदर बाजार थाना धनघटा जनपद संतकबीर नगर को 23 जनवरी 2021 को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है। आइजी ने बताया कि उक्त घटना में अपहृत गौरव हालदार से दोस्ती के झूठे जाल में फंसाने वाली वांछित अभियुक्त डा. प्रीति मेहरा को जिला पुलिस व एसओजी की टीम ने उसके पैतृक गांव धौर जनपद झज्जर (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी हेतु एसपी ने 25 हजार रुपए का पुरस्कार घोषित किया था। पूछताछ के दौरान डा. प्रीति ने बताया कि उसने पैसे कमाने के लालच में अपने दोस्त डा. अभिषेक व उसके अन्य साथियों के साथ मिलकर गौरव हालदार को दोस्ती के जाल में फंसाया तथा गोण्डा आकर उसे मिलने के लिए बुलाया और अपने साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया था। गिरफ्तार कर्ता टीम में एसओजी प्रभारी अतुल चतुर्वेदी, उप निरीक्षक सुनील सिंह, राज कुमार, सर्वजीत गुप्ता, मुख्य आरक्षी राजू सिंह, आरक्षी आदित्य पाल, हृदय नारायण दीक्षित, अमितेश सिंह, महिला आरक्षी कोमल बाजपेई व सोमा देवी शामिल रहे।
यह भी पढें : ट्रक की टक्कर में आकर दो लोगों की मौत
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
