19 अग्रणी औद्यानिक कृषकों को किया गया सम्मानित
जिला पंचायत अध्यक्ष व डीएम ने दो दिवसीय उद्यान गोष्ठी का किया शुभारम्भ
संवाददाता
गोण्डा। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती केतकी सिंह तथा जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने संयुक्त रूप से उद्यान विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय गोष्ठी का शुभारम्भ दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि केतकी सिंह ने डीएम व सीडीओ के साथ उद्यान विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया तथा प्रगतिशील किसानों से वार्ता कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। गोष्ठी में मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा वर्ष 2022 तक किसानों की आय दुगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है और उस लक्ष्य को पाने के लिए सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है तथा तमाम तरह की योजनाओं को संचालित कर रही है। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि औद्यानिक फसलों का उत्पादन कर किसान भाई अच्छी आमदनी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें : डीएम ने विभागाध्यक्षों को दी चेतावनी
इस अवसर पर जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने कहा कि औद्यानिक फसलों की मार्केटिंग, भण्डारण व संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ‘हर थाली में सब्जी हो’ अभियान के तहत किसानों को मात्र पचास रूपए की लागत पर उन्नतशील बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिसका लाभ हमारे किसान भाइयों को उठाना चाहिए। जिलाधिकारी ने उद्यान विभाग की विभिन्न क्रान्तिकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से प्रकाश डालते हुए उपस्थित कृषकों का आह्वान किया कि अच्छी आमदनी के लिए किसानों को अमरूद, लीची, पपीता, परवल, तुलसी, अदरक, हल्दी आदि की तकनीकी खेती को अपनाना चाहिए। उन्होंने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पॉली हाउस तथा ग्रीन हाउस आदि अन्य उन्नत तकनीकों को प्रमोट किया जाय तथा ज्यादा से किसानों को इन योजनाओं से जोड़ा जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आगामी दिनों में किसान कल्याण मिशन मेले के दौरान उद्यान विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराने के साथ ही योजनाओं के तहत चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित कराया जाय। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के बीच आज विश्व में भारतीय औषधीय पौधों की डिमाण्ड बढ़ी है। ऐसे में औषधीय गुणों वाले पौधों की खेती को बढ़ावा देकर किसान अच्छी आय कमा सकते हैं। मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। महिलाएं स्वरोजगार के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में भी अच्छे आयाम हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में स्वयं सहायता समूहों को और अधिक प्रोत्साहित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : इसलिए 31 घंटे से ओवरहेड टैंक पर चढ़े हैं दो भाई
गोष्ठी में उप निदेशक उद्यान अनीश श्रीवास्तव, जिला उद्यान अधिकारी मृत्युन्जय सिंह, मनकापुर कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डा. राम लखन यादव तथा उद्यान निरीक्षक अनिल शुक्ला द्वारा उद्यान विभाग की योजनाओं के बारे में कृषकों को विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि व डीएम द्वारा विभिन्न औद्यानिक फसलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 कृषकों को प्रशस्ति पत्र व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। जिला उद्यान अधिकारी मृत्युन्जय कुमार सिंह ने बताया कि दो दिवसीय गोण्ठी के दूसरे दिन शुक्रवार को 200 कृषकों के दल को विभिन्न औद्यानिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य वाले स्थलों का अवलोकन कराया जाएगा जिससे वे किसान भी योजनाओं व कार्यों के बारे में अवगत और प्रेरित हो सकें। इस अवसर पर उपनिदेशक उद्यान देवीपाटन मण्डल अनीस श्रीवास्तव, जिला उद्यान अधिकारी मृत्युनजय सिंह, सहायक निदेशक रेशम सतेन्द्र सिंह, पीओ डूडा विनोद कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि नान बच्चा पाण्डेय सहित अग्रणी किसान दिलीप सिंह, अनिल चन्द्र पाण्डेय, रवि शंकर सिंह सहित अन्य अधिकारी व किसान उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : इसलिए युवक ने एक ही मंडप में रचाई दो युवतियों से शादी!

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
