गुरुवार को एक दिवसीय कार्य वहिष्कार का प्रस्ताव पारित
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले के अधिवक्ता एसडीएम सदर तथा वजीरगंज के थानाध्यक्ष के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। बुधवार को बार एसोसिएशन एवं सिविल बार एसोसिएशन की एक संयुक्त बैठक में प्रस्ताव पारित कर इन दोनों अधिकारियों द्वारा दो अधिवक्ताओं का अपमान करने के खिलाफ गुरुवार को एक दिवसीय कार्य वहिष्कार का ऐलान किया है।
बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार पाण्डेय ने बताया कि संयुक्त बार एसोसिएशन की एक बैठक वरिष्ठतम उपाध्यक्ष संन्तोषी लाल तिवारी, वीरेंद्र त्रिपाठी एवं महामंत्री मनोज कुमार सिंह व प्रदीप कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में हुई। बैठक में पिछले दिनों थाना कोतवाली देहात में सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर माधव राज शुक्ल एडवोकेट के साथ उपजिलाधिकारी सदर द्वारा किए गए कथित अभद्रता एवं दुर्व्यवहार पर चर्चा की गई। साथ ही थानाध्यक्ष वजीरगंज द्वारा अधिवक्ता व पत्रकार अशोक कुमार गुप्ता के साथ थाने पर की गई अभद्रता के मामले पर भी चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद के अधिवक्ता गण गुरुवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक से मिलकर दोनों अधिकारियों के कार्य प्रणाली के बारे में अवगत कराएंगे तथा उनसे उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग करेंगे। अधिवक्ताओं का शिष्ट मण्डल थानाध्यक्ष वजीरगंज के विरुद्ध सीओ तरबगंज द्वारा की जा रही जांच में अब तक हुई प्रगति की जानकारी भी एसपी से हासिल करेगा। पाण्डेय ने बताया कि अधिवक्ताओं ने जिला मुख्यालय पर शान्तिपूर्ण ढ़ंग से न्यायिक कार्य से विरत रहकर विरोध करने का निर्णय लिया है। इस मौके पर रमेश दूबे, अनुपम शुक्ल, रजनीश पाण्डेय, सन्तोष कुमार ओझा, रामू प्रसाद, अशोक तिवारी, गोकरन नाथ पाण्डेय, भगवती पाण्डेय, सच्चिदानंद मिश्र आदि शामिल रहे।
अधिवक्ताओं का हमेशा सम्मान करता रहा हूं
इस सम्बंध में पूछे जाने पर एसडीएम सदर वीर बहादुर यादव ने कहा कि वह हमेशा अधिवक्ताओं का सम्मान करते रहे हैं। किसी को कुछ गलत फहमी हो सकती है। मैने किसी भी अधिवक्ता को जान बूझकर अपमानित नहीं किया है।
