संवाददाता
गोण्डा। लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्टीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर देवीपाटन मंडल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव ने आयुक्त सभागार में तथा कलक्ट्रेट सभागार में डीएम डा. नितिन बंसल ने अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ दिलायी। कमिश्नर देवीपाटन मंडल व डीएम ने अधिकारियों कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाते हुए कहा कि वे सब देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करे तथा देशवासियों में भी यही संदेश पहुचाने का कार्य करें। लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल जी की दूरदर्शिता एवं देश के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों व सहयोग को याद दिलाते हुए कहा कि पटेल जी का पूरा जीवन दर्शन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत के रूप है, जो सदैव अनुकरणीय है। उन्होंने इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे सब राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की मजबूती के लिए अपना योगदान दें। इस दौरान अपर आयुक्त कमलेश कुमार सिंह, एडीएम राकेश सिंह, सीआरओ आरआर प्रजापति, सिटी मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी, अपर उपजिलाधिकारी महेन्द्र सिंह व गुलाम सरवर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मो. नईम, नाजिर सुनील कुमार, जेए सीपी मिश्र, ईडीएम अमित गुप्ता, विशाल श्रीवास्तव, आयुध लिपिक संदीप तिवारी, आपदा विशेषज्ञ राजेश कुमार श्रीवास्तव, रवि व कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

