लाभार्थियों के खातों में पैसा न भेजने पर जताई नाराजगी, जिम्मेदारों से जवाब तलब
संवाददाता
गोण्डा। देवीपाटन मण्डल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव ने पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की मण्डलीय समीक्षा बैठक में शौचालय निर्माण की अवशेष द्वितीय किश्त का जनपद व ग्राम पंचायत स्तर पर धनराशि हस्तान्तरण की स्थिति की समीक्षा के दौरान मण्डल के सभी जिला पंचायत राज अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे सम्बन्धित ग्राम प्रधानों से स्पष्टीकरण प्राप्त करें कि ग्राम पंचायत स्तर से लाभार्थियों के खाते में धनराशि हस्तान्तरण क्यों अवशेष है। मण्डल में ग्राम पंचायत स्तर पर 2689.34 लाख की धनराशि तथा जिला स्तर पर 2178.67 लाख की धनराशि कुल 4868.01 लाख की धनराशि का हस्तान्तरण शेष है।
आयुक्त ने मण्डल के जनपदों की ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण एवं रखरखाव की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि मण्डल में अनारम्भ 148 सामुदायिक शौचालयों जो जमीन की अनुपलब्धता एवं अन्य विवाद के कारण अनारम्भ हैं। इस सम्बन्ध में सम्बन्धित उपजिलाधिकारियों से यह विवरण प्राप्त कर लिया जाय कि सम्बन्धित राजस्व ग्राम के क्या किसी मजरे में जमीन की उपलब्धता नहीं है। उन्होंने सामुदायिक शौचालयों तथा पंचायत भवनों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कराए जाने का निर्देश देते हुए कहा कि उनके द्वारा स्वयं निरीक्षण कर भी निर्माण में मानक के अनुरूप गुणवत्ता परखी जाएगी। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 के अन्तर्गत मण्डल के जनपदों में प्रारम्भ बेस लाइन सर्वे के कार्य हेतु सर्वेक्षण टीमों के लिए जारी कैलेन्डर के अनुसार आवंटित गांवों का सर्वे 15 दिसम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने जनपद के ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों के निर्माण की स्थिति की समीक्षा के दौरान कहा कि उन्हें शीघ्र निर्माण स्थिति के अनुसार स्तर वार विवरण उपलब्ध कराया जाय तथा शिलान्यास सम्बन्धित शिलापट भी दो सप्ताह के भीतर लगवा दिए जाएं। उन्होंने आपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत कराए जाने वाले कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान एएनएम सेन्टर के भी अनुसरण कराए जाने के निर्देश दिए तथा आपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत यदि कोई गांव छूटा हो तो छूटने पर उसकी जांच कराकर चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में आयुक्त ने कहा कि हैण्डपम्पों का रिबोर कार्य व मरम्मत कार्य इस प्रकार सुनिश्चित किया जाय। कोई भी हैण्डपम्प चबूतरा व सोकपिट बनने से वंचित न रहे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हैण्डपम्प चालू दशा में रहे तथा कोई भी हैण्डपम्प शो पीस के रूप में न रहे। बैठक में सफाईकर्मियों का ड्रेस कोड निर्धारित करने पर भी विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर उप निदेशक पंचायत एसएन सिंह सहित जनपदों के जिला पंचायत राज अधिकारी व अन्य सम्बन्धित अधिकारी गण उपस्थित रहे।
