धान खरीद के तीन दिन के अन्दर किसानों का भुगतान सुनिश्चित कराएं : आयुक्त
समर्थन मूल्य योजनान्तर्गत मण्डल में दो लाख 33 हजार मीट्रिक टन धान खरीद की होगी खरीद
संवाददाता
गोण्डा। देवीपाटन मण्डल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय में धान खरीद की मण्डलीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई, जिसमें उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित क्रय केंद्रों पर किसानों का धान क्रय करके तीन दिन के अंदर भुगतान कराना सुनिश्चित किया जाए। किसानों को किसी भी स्तर पर कोई समस्या न होने पाए। उन्होंने कहा है कि धान क्रय का सप्ताहवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए तदनुरूप खरीद सुनिश्चित की जाए, ताकि मंडल में निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक धान क्रय किया जा सके। उन्होंने कहा की संबंधित अधिकारी सप्ताह वार धान खरीद की रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराते रहें। उन्होंने पंजीयन व धान क्रय के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा है कि जिन धान क्रय केंद्रों पर निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष धान क्रय न किया जाए, ऐसे केंद्रों को चिन्हित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और हर हाल में निर्धारित सप्ताहिक लक्ष्य को पूरा किया जाए।
बैठक में प्रभागीय संभागीय खाद्य नियंत्रक दिनेश शर्मा ने बताया कि खरीद विपणन वर्ष 2020-21 मे मूल्य समर्थन योजना अंतर्गत धान कॉमन श्रेणी के धान का समर्थन मूल्य 1868 प्रति कुन्तल तथाए ग्रेड के धान का मूल्य 1888 रूपए प्रति कुंटल निर्धारित किया गया है। धान क्रय की अवधि 15 अक्टूबर से 28 फरवरी 2021 तक निर्धारित की गई है। धान क्रय के लिए खाद्य विभाग, भारतीय खाद्य निगम, यूपीपीसीएफ, यूपीसीयू, यूपीएसएस, यूपी एग्रो, मंडी परिषद तथा एनसीसीएफ सहित करीब 8 क्रय संस्थाएं धान क्रय कर रही हैं। मंडल के जनपद गोण्डा में 56, बलरामपुर में 29, बहराइच में 106, तथा श्रावस्ती में 37 क्रय केंद्रों सहित 228 क्रय केन्द्र बनाएं गए हैं। मण्डल के सभी जनपदों में लक्ष्य के अनुसार खरीद सुनिश्चित कराने के लिए अपर जिलाधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जिनकी देखरेख में धान खरीद होगी। जिलाधिकारी गोण्डा के स्तर पर अभी 43 अतिरिक्त धान क्रय केन्द्रों की संख्या और बढ़ाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी किसानों का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में किया जाएगा। सम्भाग में धान क्रय के लिए लगभग 5800 गांठ बोरे उपलब्ध हैं जो खरीद लक्ष्य के सापेक्ष पर्याप्त हैं। वर्तमान वर्ष में प्रथम बार ऑन लाइन बिलिंग की व्यवस्था की गई है। सम्भागीय खाद्य नियंत्रक द्वारा बताया गया कि सौ कुन्तल तक मात्रा का धान बिना सत्यापन के खरीदा जा सकता है, और सरकारी सरकारी क्रय केन्द्र पर सिर्फ पंजीकृत किसान का ही धान खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि मण्डल में कुल 02 लाख 33 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें गोण्डा का लक्ष्य 61 हजार मीट्रिक टन, बलरामपुर 12 हजार मीट्रिक टन, बहराइच 01 लाख 25 हजार मीट्रिक टन तथा श्रावस्ती का लक्ष्य 35 हजार मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है।
बैठक में बताया गया कि मण्डल के जनपद गोण्डा में 15, बहराइच में 26, बलरामपुर में 05 तथा श्रावस्ती में 08 राइस मिलों सहित 54 राइस मिलें हैं। आयुक्त ने निर्देश दिए कि धान खरीद के साथ-साथ समय से राइस मिलों को खरीदे गए धान को पहुंचाने का कार्य कराया जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी राइस मिलों की शत-प्रतिशत जिओ टैगिंग कराएं। धान बिक्री के लिए कृषक पंजीकरण की समीक्षा में ज्ञात हुआ कि मण्डल के जनपद गोण्डा में 1705, बलरामपुर में 1063, बहराइच में 8932 तथा श्रावस्ती में 4527 सहित 16627 किसानों ने पंजीकरण कराया है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार समय से सत्यापन सुनिश्चित कराएं जिससे किसानों को धान बेंचने में कठिनाई का सामना न करना पड़े। बैठक में सम्भागीय खाद्य नियंत्रक दिनेश शर्मा सहित सभी जिलों के उपसम्भागीय विपणन अधिकारी व क्रय संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
