एसपी ने किया एससीपीएम पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण
पुलिस पब्लिक पार्टनरशिप के सभी आयामों पर काम करेगी जिला पुलिस-एसपी
सर्वजीत गुप्ता बनाए गए पहले चौकी प्रभारी, शीघ्र ही होगी अन्य कर्मचारियों की तैनाती
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। सामुदायिक पुलिसिंग के लिए आम जन मानस का सहयोग बहुत आवश्यक है। लोगों का विश्वास जीतने के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्य पद्धति हमारी सेवा का अंग होना चाहिए। क्षेत्र में पुलिस की व्यापक उपस्थिति भी लोगों में विश्वास पैदा करने में सहायक होती है। आइसोलेशन में रहकर हम अपने कर्तब्यों का सम्यक निर्वहन नहीं कर सकते। यह बात पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार को एससीपीएम (सतीश चन्द्र पाण्डेय मेमोरियल) कालेज के अध्यक्ष डा. ओएन पाण्डेय व प्रबंध निदेशक श्रीमती अल्का पाण्डेय की विशिष्ट उपस्थिति में गोण्डा-लखनऊ राजमार्ग पर हारीपुर ग्राम पंचायत में एससीपीएम नामक नवनिर्मित पुलिस चौकी के लोकार्पण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कही।
यह भी पढें : बेलसर को मिला नगर पंचायत का दर्जा

जिला पुलिस के लिए रणनीतिक रूप से इस चौकी को विशेष महत्वपूर्ण बताते हुए एसपी ने कहा कि यदि पुलिस, अपनी कार्य पद्धति से समाज के लोगों का विश्वास अर्जित कर सके, तो यह अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में तो काफी प्रभावी होता ही है। साथ ही पुलिस कर्मचारियों के व्यापक हित में चेक पोस्ट की स्थापना, बैरेक निर्माण व भवन निर्माण जैसे अन्य कल्याणकारी कार्यों में भी इसका भरपूर सहयोग मिलता है। करीब 20 लाख रुपए की लागत से बनकर तैयार हुआ यह शानदार भवन जन सहभागिता का विशिष्ट उदाहरण है। उल्लेखनीय है कि एसपीपीएम कालेज आफ फार्मेसी एण्ड नर्सिग के ठीक सामने स्थापित इस पुलिस चौकी के भवन का निर्माण एससीपीएम ग्रुप ने निजी खर्च पर कराया है। करीब दो बीघा क्षेत्रफल में स्थापित इस पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन की प्रशंसा करते हुए एसपी ने संस्थान के अध्यक्ष, प्रबंध निदेशक, निदेशक व प्रशासक समेत पूरी टीम को धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने अपने पूर्ववर्ती पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति भी कृतज्ञता ज्ञापित किया, जिनके कार्यकाल में इस पुलिस चौकी के स्थापना का बीज रोपित किया गया।
यह भी पढें : गंगा में प्रवाहित हुईं पूर्व सांसद की अस्थियां, राष्ट्रपति ने जताया शोक

एसपी ने कहा कि एससीपीएम ग्रुप ने पुलिस चौकी का शानदार भवन बनवाकर हमारे हवाले करके अपनी शानदार पारी पूरी कर ली है। अब हमारी जिम्मेदारी शुरू होती है। हमें अगली पारी भी उतनी ही शानदार तरीके से खेलनी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उप्र पुलिस की तरफ से मिशन शक्ति का संचालन किया जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से तीन बिन्दुओं नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलम्बन पर फोकस किया जा रहा है। लोगों की सुरक्षा पुलिस की बुनियादी जिम्मेदारी है। हम इस जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से निभाने का प्रयास करें। उन्होंने मातहतों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि चौकी स्थापना के बाद अब उनकी कार्यप्रणाली से कालेज में आने-जाने वाली लड़कियों व महिलाओं में बेहतर सुरक्षा का भाव पैदा होना चाहिए। एसपी ने उपस्थित जनसमूह को आश्वस्त किया कि उनके नेतृत्व में जिला पुलिस पुलिस पब्लिक पार्टनरशिप के सभी आयामों पर काम करेगी। इससे पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन व सरस्वती प्रतिमा पर पुष्पार्पण के उपरान्त चौकी के शिलालेख का अनावरण किया। बाद में फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया। एससीपीएम पुलिस चौकी क्षेत्र में आसपास की नौ ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। सर्वजीत गुप्ता को यहां का पहला चौकी प्रभारी बनाया गया है। जल्द ही यहां पर कुछ आरक्षियों की तैनाती भी की जाएगी।
यह भी पढें : बहन की शादी के लिए लड़का देखकर लौट रहे तीन सगे भाइयों की मौत

एससीपीएम कालेज के अध्यक्ष डा. ओएन पाण्डेय व प्रबंध निदेशक श्रीमती अल्का पाण्डेय ने एसपी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कालेज के निदेशक अजिताभ दूबे, प्रशासक धीरज दूबे व प्राचार्य एससी श्रीवास्तव ने क्रमशः अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर लक्ष्मीकांत गौतम व प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक आशीष शर्मा को स्मृति चिन्ह प्रदान करते हुए स्वागत किया। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने कालेज के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक को उनके विशिष्ट सहयोग के लिए सम्मानित करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के गायन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस मौके पर कोतवाली नगर के वरिष्ठ उप निरीक्षक बीएन सिंह, दिवसाधिकारी राजेश मिश्र, चौकी प्रभारी गण, प्रधान हारीपुर घनश्याम शुक्ला समेत क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान, सम्भ्रांत नागरिक आदि मौजूद रहे।
यह भी पढें : तो अब शैक्षिक प्रमाण पत्रों में भी बदल सकेगा नाम!

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
