जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक सम्पन्न
संवाददाता
गोण्डा। अभियान चलाकर जनपद के ऐसे सभी प्राइमरी स्कूल जहां पर आंगनबाड़ी केन्द्र, बाउन्ड्रीवाल तथा आवश्यकतानुरूप जगह उपलब्ध है। उन सभी स्कूलों में पोषण वाटिका बनवाई जाय तथा इस कार्य में उद्यान विभाग का सहयोग लिया जाय। इसके अलावा पोषण मिशन के तहत गोद लिए गांवों में गोद लेने वाले अधिकारियों के जाने व पोषण की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाय। यह निर्देश जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी व उद्यान विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। पोषण समिति की बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जनपद के 753 अति कुपोषित बच्चों को कुपोषण से मुक्त कराया गया है तथा 9243 बच्चों के स्वास्थ्य में क्रमिक सुधार हुआ है। इसी प्रकार ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 40548 कुपोषित एवं अति कुपोषित/कुपोषित बच्चों के 9815 परिवारों को जॉब कार्ड भी प्रदान करने का काम किया गया है। खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा कुपोषित 33 हजार 891 बच्चों के परिवारों को निःशुल्क राशन मुहैया कराया गया तथा 6657 बच्चों को राशन दिया जाना शेष है।
बैठक में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार की समीक्षा के दौरान ज्ञात हुआ कि जिले में 22686 गर्भवती महिलाओं के सापेक्ष 891 एनीमिक महिलाओं में से 495 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार कराया गया है। इसी प्रकार पंचायती राज विभाग द्वारा 20 हजार 914 कुपोषित परिवारों के लिए शौचालय बनवाने के साथ ही 2381 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। वजन माप के लिए 3095 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर 3095 स्टेडियोमीटर, 3095 इंफेन्टोमीटर, 3095 इंफेन्ट वेईंग स्केल तथा 1935 के सापेक्ष 1160 मदर एण्ड चाईल्ड वेईंग स्केल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई है। बैठक में जिलाधिकारी ने पोषण वाटिका बनाए जाने के लिए बाउन्ड्री वाल वाले स्कूलों की भी समीक्षा की। डीपीओ द्वारा बताया गया कि जिले में 1106 ऐसे स्कूल हैं, जहां पर बाउन्ड्री वाल बनी हुई है, जिनमें से 804 स्कूलों में आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित हैं। उन्होंने बताया कि 63 स्कूलों में पोषण वाटिका संचालित है, जबकि 580 स्कूलों में किचेन गार्डेन के लिए जमीन उपलब्ध है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शीघ्र ही जमीन उपलब्धता वाले स्कूलों में किचने गार्डेन बनवाने का काम किया जाय।
आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण की प्रगति से रोजाना उन्हें अवगत कराने के निर्देश दिए तथा कार्यदायी संस्था आरईएस के अधिशासी अभियन्ता को सख्त निर्देश दिए कि शीघ्रातिशीघ्र जनपद में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण कार्य पूरा कराएं। बैठक में नवागत मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अजय सिंह गौतम, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी वीके महान, डीडीओ रजत यादव, पीडी सेवाराम चौधरी, पीओ डूडा विनोद सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. इन्द्रजीत प्रजापति, जिला विद्यालय निरीक्षक अनूप श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, डीपीआरओ सभाजीत पाण्डेय, श्रम प्रवर्तन अधिकारी योगेश दीक्षित, डीसी मनरेगा हरिश्चन्द्र प्रजापति, सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
