Tuesday, March 3, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News:अन्तर्जनपदीय चोर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 15 लाख की सरिया...

Gonda News:अन्तर्जनपदीय चोर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 15 लाख की सरिया बरामद

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। जिला पुलिस ने अन्तर जनपदीय सरिया चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उन्नाव निवासी चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर करीब 15 लाख रुपए लागत की 25 टन चोरी की सरिया तथा एक ट्रक बरामद किया है। पुलिस कार्यालय में मंगलवार को पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि बीते 02/03 दिसम्बर की रात जिले के छपिया थाना क्षेत्र के हथियागढ़ इलाके तथा 15/16 दिसम्बर की रात में बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में स्थित सरिया की दुकान से भारी मात्रा में सरिया की चोरी की गई थी। दोनों प्रकरण में स्थानीय थानों पर अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई। एसपी ने बताया कि बीती राज जिले के नवाबगंज थाने तथा स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने गश्त के दौरान कटी तिराहे पर चोरी की योजना बनाते समय संदिग्ध हालात में खड़े ट्रक संख्या यूपी 78/डीटी 8782 को चारों तरफ से घेर कर उसमें बैठे चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। कडाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना परिचय वीरेंद्र पुत्र प्रकाश व सुनील पुत्र राम नरेश निवासी गण कोड़ारी कला थाना अचलगंज, मोहम्मद यासीन पुत्र इजहार निवासी ग्राम बिरछी थाना माफी तथा अमर उर्फ नीरज पुत्र पृथ्वीपाल लोधी निवासी ग्राम बिछिया थाना अचलगंज जनपद उन्नाव के रूप में दिया। उन्होंने बताया कि वे आसपास के क्षेत्र में कहीं सरिया की दुकान पर चोरी करने की योजना बना रहे थे। अभियुक्तों ने हथियागढ़ व पुरानी बस्ती में हुई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की बात स्वीकार की।

यह भी पढ़ें : सेक्स रैकेट से छुड़ाई गई लड़कियों ने किया चौंकाने वाला खुलासा

एसपी के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि सुनील व वीरेन्द्र द्वारा दुकान की रेकी की गयी थी। इसके अलावा कुशीनगर आदि जिलों में भी उन्होंने सरिया चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। सम्बंधित जिलों की पुलिस से सम्पर्क किया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर चुरायी गयी लगभग 25 टन लोहे की सरिया बरामद की गयी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख है। उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र का निवासी अरविन्द लोध इस गैंग का मुख्य सरगना बताया जाता है। एसपी ने कहा कि यह संगठित गिरोह प्रदेश के कई जनपदो उन्नाव, कन्नौज, बाराबंकी, बस्ती, कुशीनगर, अयोध्या आदि में घूम-घूमकर सरिया चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पूछताछ में प्रकाश में आए गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। अभियुक्तों के विरुद्ध स्थानीय थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जेल रवाना किया गया।

यह भी पढ़ें : पांच लाख में दे रहा था डेढ़ किलो सोना, गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि इस गिरोह के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई करते हुए अवैध तरीके से अर्जित की गई सम्पत्ति की कुर्की नीलामी के लिए वैधानिक कार्रवाई शुरू की जाएगी। देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक तथा एसपी ने टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है। गिरफ्तार कर्ता टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, एसओजी प्रभारी अतुल चतुर्वेदी, उप निरीक्षक गौरव सिंह व राजकुमार सिंह, मुख्य आरक्षी श्रीनाथ शुक्ल व अखिलेश सिंह, आरक्षी गण मुलायम सिंह यादव, अजीत चन्द्र, राजेश यादव, अरविन्द, आदित्य पाल, राजू सिंह, अमितेश सिंह, हृदय नारायण दीक्षित व नवल किशोर मौर्या शामिल रहे।

यह भी पढ़ें : धोखाधड़ी व जालसाजी में फंसे तहसील व रजिस्ट्री आफिस के कर्मी

Gonda News:अन्तर्जनपदीय चोर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 15 लाख की सरिया बरामद
RELATED ARTICLES

Most Popular