विभागीय कार्यवाहियां लम्बित मिलने पर अपर उपजिलाधिकारी प्रथम से स्पष्टीकरण तलब
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल ने शुक्रवार को अचानक कलेक्ट्रेट स्थित भूलेख कार्यालय पहुंच गए। जिलाधिकारी ने यहां मौजूद कर्मचारियों से उनका परिचय पूछा। साथ ही इस कार्यालय में उनकी तैनाती के बारे में जानकारी ली। पता चला कि चैनमैन सुरेन्द्र कुमार अपनी नियुक्ति वर्ष 2004 से एक ही कार्यालय में एक ही पटल पर कार्यरत है। जिलाधिकारी ने मुख्य राजस्व अधिकारी को आदेश दिए कि इनका स्थानान्तरण अन्यत्र किया जाय। इसी प्रकार गजराज यादव लेखपाल विगत 10 वर्षों से कार्यालय में सम्बद्ध हैं। जिलाधिकारी ने उन्हें भी हटाने के निर्देश दिए। इसके उपरान्त जिलाधिकरी ने अभिलेखों की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गार्ड फाइल, जीपीएफ पास बुक, सर्विस बुक, ऑडिट आपत्तियों की स्थिति, दुर्घटना बीमा के प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति, खतौनियों की स्थिति, पटलवार अभिलेखों का दुरुस्तीकरण आदि के बारे में गहन पूछताछ की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कर्मियों के पटल पर उनके नाम व पदनाम की पट््टिका लगाई जाय। सभी आलमारियों पर उसमें संरक्षित अभिलेख के अनुसार आलमारी के ऊपर नाम लिखा जाय। सेवा निवृत्त कर्मी अयोध्या प्रसाद व नफीसुल हसन की फाइलें अभिलेखागार में अब तक दाखिल न करने पर फटकार लगाई। विभागीय कार्यवाहियों की फाइल के निरीक्षण में ज्ञात हुआ कि वर्ष 2018 से लेकर अभी तक लेखपालों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाहियों की फाइलें अनिस्तारित हैं। इसी प्रकार 03 राजस्व निरीक्षकों के खिलाफ भी विभागीय कार्यवाही लम्बित हैं। जिलाधिकारी द्वारा फरवरी 2020 में लेखपाल शारदा पाण्डेय के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही हेतु अपर उपजिलाधिकारी प्रथम को जांच कर कार्यवाही के आदेश दिए गए थे, परन्तु अभी तक विभागीय कार्यवाही नहीं की गई। इस पर जिलाधिकारी ने अपर उपजिलाधिकारी-प्रथम से स्पष्टीकरण तलब किया है। जिलाधिकारी ने डाटा उपभोग के सम्बन्ध में ब्यौरा न देने और डाटा हेतु उपलब्ध बजट सरेन्डर न करने पर सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए विभागीय कार्यवाही की चेतावनी दी है। इसके अलावा दुर्घटना बीमा योजना के तहत लम्बित सभी प्रकरणों को एक माह के अन्दर निस्तारित करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कर्मचारी ननकू प्रसाद की जीपीएफ पास बुक व सेवा पुस्तिका का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंनें ऑन लाइन वरासत, लेखपालों के पासवर्ड सेट होने की स्थिति आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीआरओ आरआर प्रजापति, कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नईम अहमद, नाजिर सुनील कुमार, ओएसडी शिवराज शुक्ला सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

