मुख्य अभियंता ने अधिशासी अभियंता को सौंपी जांच
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा-संविदा कर्मचारी संघ के मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अवर अभियंता आमोद कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मुख्य अभियंता को मांग पत्र सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है। अवैध कनेक्शन होने के बावजूद कार्रवाई न करने के नाम पर एक व्यक्ति से अवर अभियंता द्वारा दो हजार रुपये मांगे जाने का आडियो वायरल होने के बाद विभाग में हड़कम्प मच गया है। जारी ऑडियो में उपभोक्ता एक हजार रुपये देने की बात कह रहा है। जेई आमोद कुमार उसे धमका रहे हैं कि दो हजार नहीं दोगे तो पूरा बकाया देना होगा और जुर्माना भी। बातचीत के दौरान रुपये के लिए दबाव बनाते हुए एफआईआर दर्ज करने की धमकी दे रहे हैं। मुख्य अभियंता के आदेश पर अधिशासी अभियंता राधेश्याम भाष्कर ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
विभागीय कर्मचारियों ने मुख्य अभियंता को सौंपे गए मांग पत्र में अवर अभियन्ता आमोद कुमार का मुखर विरोध करते हुए कहा गया था कि वह विभाग को क्षति पहुंचाने के साथ ही साथ कर्मचारियों का आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं। जबकि खुद इनके द्वारा अनेक अवैध कार्य किए जा रहे हैं। पत्र में बिंदुवार विवरण देकर बताया गया कि गोंडा नार्थ फीडर के माधवपुर चकत्ता के चाय पुरवा मजरे में बिना प्राक्कलन के पोल पर लगे 10 केवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर 300 से 350 मीटर लंबी दूरी की पोल व केबल लगाकर राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ को क्रास करवाकर उस पार भी तीन पोल लगाकर अवैध लाइन निर्माण कराया गया है। इसमें तीन व्यक्तियों को अनुचित रूप से लाभान्वित कर कारपोरेशन को क्षति पहुंचायी गई है। इसके अतिरिक्त जहाँ अनुचित लाभ नहीं मिलता, वह नए संयोजन के आवेदनों को निरस्त करते हैं या प्राक्कलन प्रस्तुत किया जाता है। वहीं लाभ लेकर लंबी दूरी के संयोजन को निर्गत किया जाता है। शिकायत यह भी है कि जेई द्वारा क्षेत्र में जो विद्युत चोरी पकड़ी जाती है, उस पर वैधानिक कार्रवाई न करते हुए रुपये पैसे का लेन देन कर रफा दफा कर दिया जाता है। कर्मचरियों द्वारा अवैध कार्य करने से मना करने पर नौकरी से हटवाने से लेकर अभद्र व्यवहार करते हुए मानसिक उत्पीड़न किया जाता है। इनके द्वारा पूर्व में एक संविदा कर्मी के ऊपर तरबगंज थाने में एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा भी लिखवाया जा चुका है। उसका उदाहरण देकर अनुसूचित जाति/जनजाति की गंभीर धाराओं के मुक़दमे में फंसा देने की धमकी दी जाती है। प्राइवेट व्यक्तियों द्वारा चुपके से नए संयोजनों में लगने वाले मीटर की स्थापना से लेकर अवैध लाइन निर्माण, संयोजन निर्गत करने तक का काम करके अनैतिक लाभ लेते हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिसम्बर तक कार्रवाई न की गई तो मुख्य अभियंता कार्यालय पर धरना प्रदर्शन को विवश हांेगे। अधिशाषी अभियंता राधेश्याम भाष्कर ने बताया कि मुख्य अभियंता के आदेश पर जेई के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच की जा रही है।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
