Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : CM ने किया बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा

Gonda : CM ने किया बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा

संभावित बाढ़ से निपटने के लिए तैयार है शासन प्रशासन-योगी आदित्यनाथ

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जिले में संभावित बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ बेहतर परिणाम देने की स्थिति में हैं। वह शनिवार को जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर घाघरा नदी पर बने ऐली परसौली तटबंध व एल्गिन ब्रिज पर कराए गए निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने तथा अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के साथ जनपद में बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा करने के उपरांत पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के साथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के उपरान्त मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष जिले में सामान्य बरसात हुई है किन्तु उत्तराखण्ड व पहाड़ों पर हुई भारी बरसात के कारण घाघरा व राप्ती नदियों का जल स्तर बढ़ा है। सामान्यतः घाघरा नदी में 40 हजार क्यूसेक का डिस्चार्ज होता है, जो वर्तमान में ढ़ाई लाख क्यूसेक से अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में इसमें और वृद्धि होने की संभावना है। इसके मद्देनजर संभावित बाढ़ से बचाव के लिए सभी ऐहतियाती प्रबंध शासन और प्रशासन द्वारा पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग द्वारा जिले में पड़ने वाले सभी चार तटबंधों एल्गिन-चरसड़ी, भिखारीपुर-सकरौर, परसपुर-धौरहरा और भौरीगंज रिंग बांध के मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है। जिले में 28 बाढ़ चौकियां की स्थापना करके सम्बंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। स्वास्थ्य, पशुपालन, राजस्व आदि विभाग अपने विभाग से सम्बंधित उत्तरदायित्वों के सम्यक निर्वहन के लिए तत्पर हैं। बाढ़ कि प्रभाव में आने वाले इलाकों में नौकाएं तैयार हैं। इससे पूर्व मुख्यमंत्री के हेलीपैड पर उतरने पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं पार्टी नेताओं ने स्वागत किया। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने जन प्रतिनिधियों से विकास तथा बाढ़ की तैयारियों को लेकर सुझाव प्राप्त किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधायक गण रमापति शास्त्री, बावन सिंह, प्रेम नारायण पाण्डेय, प्रभात वर्मा, विनय कुमार द्विवेदी, प्रतीक भूषण सिंह, अजय कुमार सिंह, देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र, परिक्षेत्रीय पुलिस उप महानिरीक्षक एपी सिंह, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष शारदा कांत पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

Gonda : CM ने किया बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा
RELATED ARTICLES

Most Popular