Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : SPO अनुपम शुक्ल व SO उमरी हुए सम्मानित

Gonda Capsule : SPO अनुपम शुक्ल व SO उमरी हुए सम्मानित

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने ‘ऑपरेशन कनविक्शन’ के तहत एनडीपीएस एक्ट के अभियोग में प्रभावी पैरवी करने वाले विशेष लोक अभियोजक अनुपम शुक्ल व जन सुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायती संदर्भों को विगत माह में शत प्रतिशत निस्तारण कर प्रथम रैंक अर्जित करने वाले उमरी बेगमगंज के थानाध्यक्ष संजीव वर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वह बुधवार की देर शाम रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में अपराध गोष्ठी आयोजित कर जिले में कानून व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को जल्द से जल्द बैंक ऑफ बड़ौदा में अपना खाता खुलवाने के लिए निर्देशित किया। एसपी ने चोरी, लूट व नकबजनी की घटनाओं पर रोकथाम लगाने के लिए कस्बों व ग्रामीण इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाने, बैंक निरीक्षण के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने तथा प्रतिदिन बैंक ड्यूटी में जाने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी के सम्बन्ध में ब्रीफ करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, वांछित अभियुक्तों, इनामिया, जिला बदर, एनबीडब्ल्यू के विरुद्ध अभियान चलाकर गिरफ्तारी करने, महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी कार्यवाही करने, मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिये थानां पर गठित एण्टी रोमियो टीमों की क्रियाशीलता निरंतर जारी रखने को कहा। इस अवसर पर जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।

15 के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा

नगर से सटे ग्राम पंचायत बभनी कानूनगो के मजरा जोगीवीर में गुरुवार को विद्युत समाधान शिविर एवं राजस्व वसूली अभियान का आयोजन किया गया। यह जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम राधेश्याम भास्कर ने बताया कि विद्युत उपभोक्ताओं के समस्याओं के समाधान हेतु आयोजित इस शिविर में उनकी समस्याओं का निस्तारण किया गया। साथ ही बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। अवर अभियंता सुरेश मौर्य ने बताया कि आज 11 उपभोक्ता विद्युत चोरी करते पाए गए, जिनके विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के अंतर्गत विद्युज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बिल के रूप में बकाया करीब 50,000 रुपए जमा कराए गए तथा विद्युत बिल जमा न करने पर लगभग 15 उपभोक्ताओं की केबल उतार ली गयी। टीम में बृजेंद्र सिंह, सतीश गुप्ता, अभिनव मौर्या, जितेंद्र विश्वकर्मा, अभिषेक रंजन, रामचंद्र यादव, विजय सिंह, आद्या तिवारी, आनंद यादव, रामकेवल मौर्य आदि शामिल रहे।

जानलेवा हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार

मामूली विवाद के उपरान्त सुतली बम फेंककर जानलेवा हमला करने के तीन आरोपियों को गोंडा जिले के नगर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि बीते 12 अगस्त को आशुतोष शुक्ला पुत्र सुधाकर शुक्ला निवासी ग्राम पैड़ीबरा थाना कौड़िया जनपद गोंडा ने स्थानीय थाने पर शिकायत की थी कि अपने साथी विष्णुदेव तिवारी के साथ एससीपीएम हॉस्पिटल से वापस शहर की तरफ आने के दौरान गाड़ी टकराने को लेकर कुछ लड़कां से उनकी कहासुनी हो गई थी। स्थानीय लोगां ने बीच बचाव करवाया। इसके बाद जब वे उसी दिन आरएन पाण्डेय हॉस्पिटल की तरफ जा रहे थे तो रास्ते में सक्सेरिया स्कूल के पास घात लगाकर बैठे उन लड़कां द्वारा पिस्टल लहराते हुए मारपीट किया गया तथा सुतली बम फेंक कर जानलेवा हमला किया गया। इस सूचना पर स्थानीय थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू किया गया। नगर पुलिस द्वारा सुरागरसी पतारसी कर प्रकाश में आए एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर 03 अभियुक्तों आकिब अली, रजत पाण्डेय व ताहिर को आईटीआई चौराहे के पास से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 02 अदद मोटर साईकिल बरामद कर जेल रवाना किया गया। एसपी ने बताया कि रजत पाण्डेय और आकिब के विरुद्ध पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं।

मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को दी गई जानकारी

जिले के कर्नलगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक चितवन कुमार के नेतृत्व में स्थानीय थाने की पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को एमए मेमोरियल पब्लिक जूनियर हाईस्कूल में छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति लड़ने के लिए जागरूक किया। टीम ने सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नम्बरों यथा आपातकालीन सेवा 112, विमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड लाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108 तथा साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 आदि के बारे में अवगत कराया। इसी के साथ पीड़ित महिलाओं के लिए बनाए गए वन स्टॉप सेंटर व सड़क सुरक्षा नियमों से अवगत कराया गया। लड़कियों को एंटी रोमियो टीम के सीयूजी नंबर से भी अवगत कराया गया। टीम के अनुरोध पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने शिकायत पेटिका लगवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर आरक्षी अभय प्रताप यादव, महिला आरक्षी सोनी वर्मा व मोहिनी सिंह समेत विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे। बताते चलें कि एसपी अंकित मित्तल के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति हो रहे छेड़छाड़ एवं शोषण, दहेज उत्पीड़न, लैंगिक अपराध, एसिड अटैक आदि के बारे में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर शोकसभा का आयोजन

जिले के इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर गुरुवार को नौशहरा गांव की आशा वर्कर अकबरी बेगम तथा नरौरा भर्रापुर उपकेन्द्र की एएनएम माया मिश्रा के पति के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। प्रभारी अधीक्षक डॉ एसके प्रजापति समेत स्टाफ के सभी उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों के आत्मा की शांति तथा दुख की इस घड़ी में परिजनों को शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। हमारे सहयोगी प्रदीप पाण्डेय के अनुसार, शोक सभा में पुष्पेंद्र मिश्रा, आरपी पांडेय, प्रदीप चौधरी, अवधेश कुमार तिवारी, बीपीएम एसपी द्विवेदी, पंकज कुमार, सूर्यकांत शुक्ला, आरके गुप्ता, नाथूराम, सरिता पांडेय, आशा सिंह, पुष्पा देवी, महेश पांडेय, सुशील गुप्ता, रामकेवल पासवान आदि मौजूद रहे।

विवाहिता लापता

जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर स्थित अपनी ससुराल से विवाहिता नीतू सिंह रहस्यमय हालात में लापता हो गई है। पिता के तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की है। बाराबंकी जिल के थाना टिकैतनगर ग्राम असवा मांझा निवासी समरजीत सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसने अपनी पुत्री की शादी छह वर्ष पूर्व परसपुर के ग्राम राजापुर के उमराव पुरवा निवासी पिंटू सिंह के साथ की थी। बीते दिनों दिमागी रूप से बीमार उसकी पुत्री मयाके से ससुराल पहुंची। इसके बाद वह वहां रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। थानाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय ने बताया विवाहिता का पता लगाया जा रहा है।

लड़की भगाने का आरोपी गिरफ्तार

जिले के थाना कोतवाली नगर की पुलिस ने बहला फुसलाकर एक लड़की को भगा ले जाने के वांछित अभियुक्त गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध स्थानीय थाने पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था। विवेचना के दौरान नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अरमान उर्फ जैनुद्दीन निवासी कामता राजपुर थाना सहोदरा जिला पश्चिमी चम्पारण बिहार को गिरफ्तार किया।

महिला रसोइयों से अभद्रता की शिकायत

जिले के कटरा बाजार शिक्षा क्षेत्र के अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय गौरवा कला के प्रभारी प्रधानाध्यापक शभू सिंह ने एक बाहरी व्यक्ति के खिलाफ विद्यालय में घुसकर शिक्षकों व महिला रसोइयों से अभद्रता करने की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि गांव निवासी राम गोपाल शुक्ला ने विद्यालय परिसर में घुसकर शिक्षण कार्य को बाधित करते हुए महिला रसोइयों से दुर्व्यवहार किया तथा विद्यालय अभिलेखों को दिखाने के लिए दबाव डाला। ऐसा न करने पर उन्होंने मारपीट करते हुए देख लेने की धमकी दी। हमारे सहयोगी अनिल कुमार दूबे के अनुसार, प्रधानाध्यापक ने प्रकरण की लिखित शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी व प्रभारी निरीक्षक से करते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।

दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज

तरबगंज थाने की पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता सरिता रानी पत्नी रविन्द्र कुमार उर्फ झब्लू निवासी वर्तमान निवासी शान्तीनगर तोपखाना कोतवाली नगर ने तरबगंज थाना में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी शादी हिन्दू रीति रिवाज से आरोपी रविन्द्र कुमार उर्फ झब्लू निवासी सिंगहाचन्दा तरबगंज के साथ हुई थी। शादी के बाद से सास कुंवरकली देवी, जेठ यशवेन्द्र कुमार उर्फ बब्लू तथा ननद मंजू देवी पुत्री मंगल प्रसाद बराबर दहेज की मांग को लेकर तंग करने लगे। कई बार मार-पीट कर उसे घर से निकाल दिया, किन्तु बच्चों के भविष्य को देखते हुए गुजर बसर करती रही। वर्ष 2015 में पीड़िता के पिता ने जमीन खरीदने में आठ लाख की मदद की तथा मकान बनवाने में भी आर्थिक मदद किया, किन्तु पति सास, चेठ व ननद की प्रताड़ना बढती गयी। इसको लेकर 29 जून को पीड़िता ने व्हाट्सएप के जरिए डीएम से प्रताड़ना की शिकायत की। इसके बाद उसके साथ मारपीट बढ़ गई।

पांच के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा

जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के पूरे उदयी निवासी हरिश्चंद्र तिवारी पुत्र मुरलीधर ने पांच लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली में यह मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उनकी सास धिरजा ने वसीयतनामा के जरिए अपनी चल अचल संपत्ति उनके नाम कर दी थीं। इसके बावजूद भी कुछ लोगों ने उन्हें नुकसान पहुंचाने की नियति से उनकी भूमि का बैनामा कर दिया। कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने पूरे उदयी निवासी सुरेश पांडेय, मोनिका, राज, सूर्यमणि दूबे व रामरुप के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। नगर कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया कि अदालत के आदेश पर पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

कम्पोजिट विद्यालय में शिक्षा चौपाल आयोजित

रुपईडीह शिक्षा क्षेत्र के अन्तर्गत कम्पोजिट विद्यालय सरहरा में गुरुवार को शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। न्याय पंचायत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री अजीत तिवारी व विशिष्ट अतिथि बीईओ सुशील कुमार सिंह व ग्राम प्रधान शिवराम रहे। बीईओ ने विद्यालय के शैक्षिक वातावरण एवं बच्चों का मूल्यांकन करते हुए प्रत्येक विद्यालय में 19 पैरामीटर के तहत कराए गए कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बाल वाटिका के तहत सभी बच्चों को आधारभूत भाषा और गणित की जानकारी देने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रधानाध्यापक देव प्रकाश पांडेय, एआरपी घनश्याम शुक्ला, अनिल चौरसिया, विनोद कुमार, नीलम तिवारी, तिलकराम, सुदीप मिश्र, संजय सिंह, प्रमोद कुमार, दिवाकर त्रिपाठी, अंकित तिवारी, लल्लन मौर्य आदि उपस्थित रहे।

सड़क हादसे में दो जख्मी

गोंडा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सालपुर चौकी अन्तर्गत गोंडा-उतरौला मार्ग पर दो चौपहिया गाडियों की टक्कर में दो लोग गम्भीर से रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया है। बताया जा रहा है कि सालपुर बाजार के रहने वाले सत्यम मिश्रा और शुभम तिवारी बुधवार की रात लगभग नौ बजे चोपहिया वाहन से अलावल देवरिया की ओर जा रहे थे। उतरौला मार्ग पर सोनबरसा पोखरा के पास किसी दूसरी कार ने टक्कर मार दी। इससे उनकी गाड़ी पलट गई। घटना में सत्यम और शुभम दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया।

महाविद्यालय भवन में लगी आग

गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनघुसरा में स्थित महाराजा देवी बख्श स्मारक महाविद्यालय में बुधवार की रात करीब एक बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। रात्रि गश्त कर रहे कांस्टेबल अम्बरीश यादव व गिरिजेश यादव ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि महाविद्यालय के दूसरे मंजिल पर दो कमरे में आग लगी थी। महाविद्यालय निर्माण के लिए रखा बल्ली, पटरा, प्लाई व सेटरिंग का रखा सारा सामान धू-धू कर जल गया। डुमरियाडीह चौकी इंचार्ज गोपाल सिंह ने बताया कि जिस कमरे में आग लगी थी, वहां बिजली सप्लाई नहीं थी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

अनियमितता में फंसे 66 रोडवेज कर्मी

विभिन्न मार्गो पर चलने वाली रोडवेज बसों में निरीक्षण के दौरान 66 कर्मियों के खिलाफ टीम को अनियमितता मिली है। टीम ने रिपोर्ट बनाकर विभाग के उच्च अधिकारियों को सौंप दी है। इसके बाद बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है। इसको लेकर चालक और परिचालकों में खलबली मच गई है। देवीपाटन परिक्षेत्र के प्रबंधक अंकुर विकास के निर्देश पर गोंडा के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव ने विभिन्न मार्गो पर चलने वाली बसों में चेकिंग के लिए एक टीम गठित कर रिपोर्ट तलब की थी। टीम की जांच में 66 कर्मी अनियमिता करते पाए गए। चेकिंग के बाद भेजी गई रिपोर्ट के बाद कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। इसके साथ ही चेतावनी दी है कि अगर तय समय सीमा में जवाब नहीं मिला तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बारादरी को पर्यटक स्थल बनाने की मांग

गोंडा जिले के वजीरगंज विकास खंड के ग्राम पंचायत वजीरगंज में सन 1775 के आसपास निर्मित पुरातत्व विभाग का ऐतिहासिक धरोहर बारादरी देखरेख के अभाव में बदहाल हो रही है। प्रधान सुशील जायसवाल ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर बारादरी को पर्यटक स्थल बनाने की मांग की है। बारादरी वास्तुकला का बेजोड़ नमूना माना जाता है। इसका मुख्य आकर्षण इससे सटा हुआ कोंडर झील व झील में उतरती भवन की सीढ़ियां हैं। बारादरी कि सुरक्षा में बनाए गए बीस फीट ऊंची व लगभग चार फीट मोटी चारदीवारी के अवशेष भी है। पर्यटन के दृष्टिकोण से देखा जाए तो ब्लॉक का अद्भुत पर्यटनीय स्थल माना जाता है।

क्षेत्राधिकारियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव

गोंडा के पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बुधवार देर रात क्षेत्राधिकारियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया हैं। नवीना शुक्ला को कर्नलगंज सर्किल से हटाकर क्षेत्राधिकारी मनकापुर के पद पर तैनाती दी गई है। अभी तक सीओ लाइन रहे चंद्रपाल शर्मा कर्नलगंज के नए क्षेत्राधिकारी होंगे। सीओ मनकापुर सौरभ कुमार वर्मा को हटाकर क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन बनाया गया है। जबकि, विनय कुमार सिंह को क्षेत्राधिकारी नगर व शिल्पा वर्मा को क्षेत्राधिकारी सदर के तौर पर कार्यक्षेत्र बरकरार रखा गया है। क्षेत्राधिकारी तरबगंज संजय तलवार भी अपने पद पर बने रहेंगे।

सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत

गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के चुंगी नाका के पास गुरुवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल में रखवा दिया गया है। नगर कोतवाल संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि बुजुर्ग व्यक्ति की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई है। मृतक का शिनाख्त कराई जा रही है। घटनास्थल पर लोगों से बुजुर्ग व्यक्ति के बारे में पूछताछ करने पर उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

तालाब में मिला अज्ञात अधेड़ का शव

नवाबगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत सरयू के पुराने पुल के निकट दुर्गागंज गांव में स्थित एक तालाब में एक अज्ञात अधेड़ का शव गुरुवार सुबह उतरता दिखा। इसकी जानकारी होते ही मौके पर भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुचे प्रभारी निरीक्षक मनोज राय ने शव को पानी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार, शव लगभग 15 दिन पुराना है और पानी में फूल कर क्षत विक्षत हो चुका है। अधेड़ के शरीर पर एक अंडरवियर और हाफ टी शर्ट मिला है। पुलिस मृतक के पहचान की कोशिश में जुटी है।

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular