Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : SP ने किया थाने का औचक निरीक्षण

Gonda Capsule : SP ने किया थाने का औचक निरीक्षण


जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बुधवार को कौड़िया थाना का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, कंप्यूटर ऑपरेटर से लंबित बिवेचनाओ की जानकारी ली। साथ घुचुवापुर में सेवानिवृत्त गन्ना पर्यवेक्षक के अपहरण के बारे में पूछताछ की। एसपी ने इस दौरान परिसर के साफ-सफाई, अभिलेखों का रखरखाव ठीक ढंग से करने का निर्देश दिया। इस दौरान सीओ कर्नलगंज मुन्ना उपाध्याय, थानाध्यक्ष मदनलाल गौतम, चौकी प्रभारी आर्यनगर मानवेंद्र सिंह, उप निरीक्षक विद्यासागर पांडेय, दीपक सहित सभी महिला व पुरुष आरक्षी उपस्थित रहे।

जिले में कोरोना के 30 मरीज सक्रिय

जिले में बुधवार को हुई जांच में नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ऐसे में जिले में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 30 हो गए हैं। सक्रिय संक्रमितों को चिकित्सीय निगरानी में होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम हर रोज संक्रमितों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही है। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने लोगों से कोविड नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण का प्रभाव कम होने का सबसे बड़ा कारण कोरोनारोधी टीकाकरण का होना है। टीकाकरण से वंचित लोग जल्द ही वैक्सीन की बूस्टर डोज अवश्य लगवाएं।

पति व ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट

जिले के थाना कोतवाली नगर में एक युवती ने अपने पति व ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि शहनाज खातून पुत्री मो. शब्बीर खान निवासी तिवारी पुरवा बहराइच रोड़ की तहरीर पर उसके पति नजर फारूख उर्फ मोनू गोमती पुत्र फारूख खान तथा हिना पत्नी कलीम निवासी गण महरानीगंज घोसियाना के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का अभियोग दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

दलित की पिटाई पर मुकदमा दर्ज

जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी (खटिकन पुरवा) निवासी प्रदीप सोनकर पुत्र दद्दू सोनकर ने क्षेत्र के चार लोगों के खिलाफ अनायास मारपीट करने व जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली गलौज देने का अभियोग दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष सीपी सिंह ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि बुधवार को समय करीब साढ़े पांच बजे शाम प्रदीप बाइक से दुर्जनपुर बाजार जा रहा था तो रास्ते में मिले सचिन यादव पुत्र संजय यादव निवासी ग्राम गढ़ी (भवानी गंज), प्रकाश यादव व कैलाश यादव पुत्रगण जद्दू यादव निवासी ग्राम पहली (रामापुर भगाही) थाना नवाबगंज तथा राहुल यादव पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम लोहराडांड (चाँदपुर) थाना वजीरगंज भी अपने साथ बाजार ले चलने को कहा। प्रदीप द्वारा मना करने पर उसे मूका थप्पड़ व डंडे से मारा पीटा गया तथा जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली गुप्ता दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रकरण में स्थानीय थाने पर भादवि की धारा 323, 504, 506 व अनु. जाति जन जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रवेश लेने घर से निकली युवती लापता

नगर कोतवाली थाना क्षेत्र में सिविल लाइंस निवासी एक युवती मुख्यालय पर ही एक महाविद्यालय में प्रवेश करवाने के नाम पर घर से निकली थी। इसके बाद वह लौटकर घर नहीं पहुंची। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवती को जल्द बरामद कर लिया जाएगा।

21 से वाराणसी से चलेगी बनारस-बहराइच इंटरसिटी

गोंडा से वाराणसी के बीच चलने वाली इंटरसिटी ट्रेन का विस्तार अब बहराइच तक हो रहा है। आगामी 22 अगस्त से यह ट्रेन रोजाना बहराइच से गोंडा होकर वाराणसी तक संचालित होगी। बता दें कि कोरोना काल में बंद इस ट्रेन का नौ अगस्त से पुनः संचालन शुरू किया गया था। रेल मंत्री के निर्देश पर गोंडा से वाया मनकापुर होते वाराणसी के बीच चलने वाली इंटरसिटी ट्रेन (14213 व 14214) आगामी 22 अगस्त से रोजाना बहराइच से चलाई जाएगी। यह जानकारी देते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 14213 वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस 21 अगस्त से प्रतिदिन वाराणसी से 14.10 बजे प्रस्थान कर गोंडा से 20.20 बजे तथा पयागपुर से 21.00 बजे छूटकर बहराइच रात्रि 21.45 बजे पहुॅचेगी। वापसी यात्रा में 14214 बहराइच-वाराणसी एक्सप्रेस 22 अगस्त से प्रतिदिन बहराइच से 05.15 बजे प्रस्थान कर पयागपुर से 05.46 बजे तथा गोंडा से 06.50 बजे छूटकर वाराणसी 13.40 बजे पहुॅचेगी। शेष स्टेशनों पर इस गाड़ी का समय एवं ठहराव यथावत रहेगा।

कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन के खिलाफ आरसी जारी

वजीरगंज कोल्ड स्टोरेज में आलू सड़ने के मामले में कोल्ड स्टोर प्रबंधन के खिलाफ सवा करोड़ रुपये की आरसी जारी की गई। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. डीके वर्मा ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में आलू जब सड़ने लगा था तो किसानों को स्टोरेज प्रबंधन ने जानकारी नहीं दी। इसकी वजह से किसानों की गाढ़ी मेहनत से उपजा आलू सड़कर खराब हो गया। इसका सत्यापन तहसील और विभागीय अधिकारियों ने किया था। जांच के दौरान पीड़ित किसानों के दावे सही पाए गए। इस पर किसानों की ओर से जाम आलू का बाजार भाव से मुआवजा देने की नोटिस जारी की गई थी। अभी तक प्रबंधन ने किसानों का पैसा देना नहीं शुरू किया है। इसलिए मुआवजे की धनराशि को भू-राजस्व की तरह वसूल किया जाएगा। इसको लेकर किसानों ने डीएम से शिकायत की थी।

Gonda Capsule : SP ने किया थाने का औचक निरीक्षण

गुरुनानक चौक से निकली यूपी 112 की तिरंगा मार्च पास्ट

आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर बुधवार को गुरुनानक चौक से अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज द्वारा यूपी 112 की पीआरवी द्वारा तिरंगा मार्चपास्ट हेतु हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। तिरंगा मार्च पास्ट गुरुनानक चौक से प्रारम्भ होकर जय नारायण चौराहा, बड़गांव मनकापुर बस अड्डा, महाराजगंज चौकी होते हुए पुनः गुरुनानक चौक पर पहुचा जहां मिष्ठान वितरण कर तिरंगा मार्च पास्ट का समापन किया गया। मार्च पास्ट के दौरान दो पहिया पीआरवी वाहन की 06 गाडियां व चार पहिया पीआरवी की 14 गाडियां सम्मिलित रहीं, जिसमें यूपी 112 के कुल 60 पुलिस कर्मियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी तरबगंज संसार सिंह राठी, प्रभारी निरीक्षक यूपी 112 प्रदीप कुमार सिंह, उप निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार व अन्य पुलिस के अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।

अधिवक्ताओं ने प्रमुख सचिव को भेजा पत्र

मनकापुर तहसील मे व्याप्त भ्रष्टाचार और शोषण के खिलाफ अधिवक्ताओं ने प्रमुख सचिव को पत्र भेज कर अनाधिकृत व्यक्तियों को तमाम पटलों से हटाने की मांग की है। यूपी के प्रमुख सचिव को भेजे पत्र में अधिवक्ताओं ने कहा है कि उप्र राजस्व संहिता की धारा 24 के तहत दायरा में पत्रावली एक वर्ष बाद भी वापस नहीं मिलती है। वहीं, धारा 34 के तहत दायर पत्रावली में लंबे समय तक आदेश निर्गत नहीं किए जाते हैं। कायदा 24 आर- 6 पर वर्ष 2006 से अब तक अंकना नहीं की गई। अधिवक्ताओं ने पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। पत्र में कहा गया है कि एसडीएम और तहसीलदार से कई बार इन समस्याओं को लेकर बात की गई लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसकी वजह से अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। पत्र भेजने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता गोमती प्रसाद पाठक, सुनील कुमार सिह, केजी मिश्र आदि शामिल हैं।

मासूम से किशोर ने किया दुष्कर्म

जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के अन्तर्गत एक गांव में किशोर द्वारा छह वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद पीड़ित को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराना पड़ा। क्षेत्राधिकारी सदर विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सड़क हादसे में जख्मी की मौत

तरबगंज कस्बे में सीबीएन मार्ग पर अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बीते सोमवार को मोटर गैराज में पेंटर का काम करने वाले जख्मी बदलू निवासी हिलालपुर की लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। घायल के रिश्तेदार लल्लू यादव पुत्र पारसनाथ निवासी पांडेय दुर्जनपुर ने घटना के सम्बंध में थाने पर तहरीर दी थी। प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है!

युवती को भगाने वाला गिरफ्तार

जिले के मनकापुर थाने की पुलिस ने एक लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के वांछित अभियुक्त सूरज उर्फ जवाहर लाल पुत्र राम भजन चौहान उर्फ राम भवन निवासी ग्राम सिरवार बुजुर्ग थाना छपिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध पिछले दिनों धारा 363, 366, 504, 506 भादवि व 3(1)द, 3(1)ध एससी एसटी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कराया गया था।

पशु क्रूरता में चार अभियुक्त धरे गए

जिले के मनकापुर थाने की पुलिस ने एक गाय के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उप निरीक्षक बलिराम सिंह ने बुधवार को ग्राम बंजरिया के कमला शरन उपाध्याय के बाग में एक गाय को घेरकर पकड़ने की कोशिश कर रहे चार अभियुक्तों राजेन्द्र भारती (20) पुत्र रामकेवल भारती, रामकेवल भारती (60) पुत्र स्व. हरभजन भारती, मजीद (32) पुत्र सफी निवासी गण ग्राम सोहांस करमोहनी थाना मोतीगंज तथा अर्जुन कुमार वर्मा (23) पुत्र रामरंग वर्मा निवासी ग्राम तुर्काडीहा थाना मोतीगंज को एक गाय व चौपहिया वाहन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे गाय को पालने के लिए पकड़कर उसे नाथकर अपने घर ले जाएंगे। मौके पर आरोपी वाहन के कोई कागजात भी नहीं दिखा पाए। पुलिस ने उनके खिलाफ स्थानीय थाने पर पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 तथा मोटर यान अधिनियम की धारा 207 के तहत अभियोग पंजीकृत कर जेल रवाना किया।

सड़क हादसे में भाजपा नेता की मौत

बलरामपुर जिले में नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के भगवती गंज तिराहे पर बुधवार शाम वरिष्ठ अधवक्ता व भाजपा नेता जगदंबा प्रसाद सोनकर की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना करने वाले वाहन को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन की जा रही है। उतरौला नगर के गांधीनगर निवासी वरिष्ठ वकील एवं भाजपा नेता जगदंबा प्रसाद सोनकर (70) बुधवार को न्यायालय से जिला मुख्यालय आए थे। शाम को लौटते समय भगवतीगंज तिराहे पर अचानक वह सड़क पर गिर गए और गुजर रहे ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

नव विवाहिता की संदिग्ध मौत

गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के आबर गांव में नव विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति, ननद व देवर के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार यादव ने बताया कि आबर निवासी सतीश पासवान की पत्नी अगिता (30) का शव संदिग्ध हालात में घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मृतका के पिता बाल किशुन निवासी ग्राम मैनहवा नंदनगर का आरोप है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई बेटी की शादी के बाद से ही पति, ननद तथा देवर दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। आखिरकार अगिता को मारकर फंदे से लटका दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बाल किशुन की तहरीर पर पति सतीश, ननद माता रानी तथा देवर सत्यवान के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

यह भी पढें : अब स्कूलों में खेल जाएंगे गिल्ली डंडा, इक्कल-दुक्कल समेत ये 75 देशी खेल

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular