संवाददाता
गोंडा। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्या डॉ सुमेधा पाण्डेय ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन प्रवेश परीक्षा 2023 के लिए (कक्षा 06 में प्रवेश हेतु) ऑनलाइन आवेदन दो जनवरी से शुरू कर दिया गया है। जिन छात्र छात्राओं को जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2023 में शामिल होना है, वे या उनके माता-पिता आधिकारिक वेबसाइट navodaya.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की प्रक्रिया 31 जनवरी, 2023 तक जारी रहेगी। परीक्षा 29 अप्रैल को होगी।
लाभार्थियों को शादी अनुदान योजना का मिलेगा लाभ
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में पिछड़ी जाति (अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर) शादी अनुदान योजना के अन्तर्गत शासन द्वारा धनराशि का आवंटन कर दिया गया है। अतः ऐसे पिछड़ी जाति के लाभार्थियों जो वित्तीय वर्ष 2022-23 में एक अप्रैल 2022 को अथवा इसके पश्चात पुत्री की शादी सम्पन्न की हो या तय की गयी हो और अपना आवेदन पत्र आनलाईन पोर्टल पर दर्ज कराया है, उनको सूचित किया जाता है कि वे अपने अभिलेखों का सत्यापन सम्बन्धित उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, नामित सत्यापन अधिकारी अथवा कार्यालय पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास भवन गोंडा से करा लें तथा जो भी अभिलेख आवेदन पत्र के साथ नहीं लगें हो उसे पूर्ण करा लें, जिससे पात्र लाभार्थियों को धनराशि से लाभान्वित किया जा सके।
हत्यारोपी की दूसरी जमानत अर्जी खारिज
अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय राजेश कुमार (तृतीय) ने उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र में तीन साल पूर्व महिला की हत्या के मामले में आरोपी की दूसरी जमानत अर्जी खारिज कर दी है। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) मनमोहन मिश्र ने बताया कि सुभाष गुप्ता निवासी बेलईपूरे प्रकाश मौजा अमदही ने थाना उमरी बेगमगंज में चार अप्रैल 2019 को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि गांव का अनिल दो दिन पहले घर से रस्सी मांग कर ले गया था। जब उसकी मां मंजू देवी ने रस्सी वापस मांगी तो वह झगड़ा करने लगा। मां के सीने में भाला मार दिया। जिससे मां लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गईं। अस्पताल ले जाते समय मां मंजू देवी की मौत हो गई। सुभाष गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना की और पुख्ता सबूत के आधार पर आरोपी अनिल कोरी के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। सात जनवरी 2020 को आरोपी अनिल कोरी का प्रथम जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त हो गया था। द्वितीय जमानत प्रार्थनापत्र की सुनवाई के दौरान मुकदमे के तथ्य, परिस्थितियों एवं अपराध की गंभीरता को देखते हुए अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय राजेश कुमार तृतीय ने आरोपी अभियुक्त अनिल की जमानत अर्जी खारिज कर दी है।

चोरी करने वाले दो अभियुक्त गए जेल
उमरी बेगमगंज से हमारे संवाददाता अतुल तिवारी के अनुसार, स्थानीय पुलिस ने चोरी के नल हावड़ा टाइल्स के साथ दो नफर वांछित अभियुक्त को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर भेजा गया जेल। जानकारी के मुताबिक, राजा मिश्रा,रामबाबू मिश्रा निवासी सरैया थाना स्थानीय पर को एक नल एक फावड़ा व 14 पेटी टाइल्स के चोरी का आरोप था, जिसमें उमरी पुलिस द्वारा सफल अनावरण करते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी के माल को बरामद किया गया वहीं दोनों अभियुक्तों पर 457/380/411 आईपीसी की धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए जेल रवाना किया गया।
रजिस्ट्री आफिस का रास्ता ठीक कराने की मांग
वर्षों से बनकर तैयार खड़े सदर तहसील प्रांगण स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता संघ भवन का उद्घाटन सुंदर काण्ड के पाठ के साथ विधि विधान पूर्वक सम्पन्न हो गया। यह जानकारी देते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीराम गुप्त ने बताया कि लम्बे समय से बनकर तैयार यह भवन मानो अब तक इस उद्घाटन कार्यक्रम की प्रतीक्षा कर रहा था। इस कार्यक्रम के संयोजक संयुक्त अधिवक्ता महासंघ के यशस्वी मंडल अध्यक्ष रवि प्रकाश पांडेय तथा बार एसोसिएशन के यशस्वी अध्यक्ष महराज कुमार श्रीवास्तव के प्रति उन्होंने हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उपरोक्त भवन के सामने स्थित गेट का ताला भी कल खुला तो और अच्छा लगा, परंतु उपरोक्त भवन के सामने से होकर सरकार के सबसे कमाऊ विभाग रजिस्ट्री ऑफिस तक जाने के लिए कोई सुगम रास्ता नहीं है। जरा सी बरसात होने पर वह रास्ता ताल तलैया बन जाता है। आने जाने वालों को गिरकर चोटहिल होने की संभावना ज्यादा रहती है। यहां तक कि दोपहिया और चार पहिया वाहन भी नहीं जा पाते हैं। रजिस्ट्री कराने के लिए अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक तथा रजिस्ट्री करने कराने वालों को विकास भवन या दीवानी की तरफ से घूमकर मस्जिद के बगल से होकर आना पड़ता है। गुप्त ने अधिवक्ता द्वय से प्रशासन पर दबाव बनाकर इस मार्ग को ठीक कराने की मांग की है।
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
