जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यों में गतिशीलता लाने हेतु समस्त उप जिलाधिकारियों व तहसीलदारों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में राजस्व कार्यों यथा रियल टाईम खतौनी, घरौनी, निर्विवाद उत्तराधिकार, सीमा स्तम्भों की आनलाइन फीडिंग तथा आन लाइन खसरा फीडिंग के साथ अन्य राजस्व सम्बन्धी कार्यों की समीक्षा की गयी। उन्होंने सभी एसडीएम व तहसीलदार को निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम के जीपीएस सर्वे में तेजी लाकर समय से घरौनी बनाने का कार्य पूर्ण किया जाय। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, गोंडा सदर के एसडीएम विनोद कुमार सिंह, तरबगंज के भारत भार्गव, कर्नलगंज के विशाल कुमार तथा मनकापुर के राजीव मोहन सक्सेना समेत सभी तहसीलदार उपस्थित रहे।
सीडीओ ने चौपाल में सुनी जन शिकायतें
मुख्य विकास अधिकारी अधिकारी एम. अरुन्मौली ने बुधवार को मुजेहना विकास खंड के देवरिया अलावल, लखनीपुर, त्रिलोकपुर, डेबरीकला, बनकटी सूर्यबली सिंह तथा दत्तनगर माफी में जन चौपाल लगाकर समस्याओं को सुना। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत कई लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरित किये। सीडीओ ने कहा कि सभी गोल्डन कार्ड लाभार्थी आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख तक का स्वास्थ्य बीमा ले सकते हैं। सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना से वह अपने परिवार का स्वास्थ्य की देखभाल कर सकते हैं। जन चौपाल के दौरान समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पंचायती राज आदि विभागों द्वारा सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से बताया गया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लाभ हेतु लाभार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं अथवा किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय आकर संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर वीके सिंह, परियोजना निदेशक चन्द्रशेखर, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पाण्डेय, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी लाल जी दुबे, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी समेत अनेक अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
तीन मासूमों को रौंदने वाला चालक गिरफ्तार
जिले के कर्नलगंज थाने की पुलिस ने लापरवाही पूर्वक कार चलाकर तीन मासूमों को मौत के मुंह में ढ़केलने वाले अभियुक्त को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नवीना शुक्ला ने बताया कि बीते 18 अक्टूबर 2022 को गोंडा-लखनऊ मार्ग पर लापरवाही पूर्वक कार चलाने के कारण एक भीषण दुर्घटना हुई थी, जिसमें स्कूल जा रहे 03 मासूमों की मृत्यु हो गयी थी। इस सम्बन्ध में वादी राम सागर शुक्ला पुत्र राम अभिलाख शुक्ला ग्राम चौरी सूबेदार पुरवा द्वारा स्थानीय थाने पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया गया था। विवेचना के दौरान प्रकाश में आये अभियुक्त अकबाल पुत्र हामिद निवासी ग्राम सुभागपुर थाना कोतवाली देहात जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया।
विधायक को सौंपा मांग पत्र
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक कटरा बाजार और हलधरमऊ के पदाधिकारियों ने कटरा बाजार के विधायक बावन सिंह को 18 सूत्री मांग पत्र सौंपकर इसे मुख्यमंत्री व राज्यपाल के पास भेजने का अनुरोध किया। हमारे सहयोगी अनिल कुमार दूबे के अनुसार, शिक्षकों को हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि इसे मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के पास भेज दिया जाएगा। उन्होंने शिक्षक समस्याओं के हर मुद्दे पर साथ खड़े होने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ कटरा बाजार के अध्यक्ष रामचंद्र तिवारी एवं मंत्री हृदय नारायण पाण्डेय, हलधरमऊ के अध्यक्ष कौशल किशोर ओझा व मंत्री वीरेन्द्र कुमार तिवारी, हरिकृष्ण यादव, शंभूनाथ सिंह, बालेन्द्र कुमार तिवारी, अरूण कुमार तिवारी, अरूण यादव, बृजेश शुक्ल, साबिर अली, रणधीर ओझा आदि उपस्थित रहे ।
तीन के खिलाफ मुकदमा
जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम देवापसिया राजापुर निवासिनी गीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपने खेत में लगी फसल को बचाने के लिए खेत के चारों तरफ जाली लगा रखा है। गांव के ही निवासी पोली, वीरू व रियाज ने छुट्टा पशुओं को उसके खेत की तरफ दौड़ा दिया। परिणाम स्वरूप पशु जाली फाड़ कर उसके खेत में घुस गए और फसल नष्ट करने लगे। मना करने पर आरोपी गाली देते हुए उसे मारने लगे। उसे बचाने पहुंचे उसके पुत्र सुनील कुमार की भी आरोपियों ने जमकर पिटाई की। प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही की जा रही है।
दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ओरीपुरवा भटपी के आपरेटर सोनकर पुत्र मालिक राम का आरोप है कि मंगलवार को मामूली कहासुनी के बाद गांव के बाबू जायसवाल, दद्दन गोस्वामी, कप्तान व जज राम किशुन ने अपने साथियों के साथ उसे मारा पीटा और जातिसूचक गाली दी। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद व छह अज्ञात के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पुण्य तिथि पर याद किए गए बाजपेयी
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई की पुण्यतिथि पर गोंडा जिले के बेलसर स्थित महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज में एक गोष्ठी का आयोजन कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने इस मौके पर कहा कि वे भारत के ही नहीं, बल्कि विश्व के एक महान नेता थे। उनका पूरा जीवन निर्धनों व वंचितों की सेवा के लिए समर्पित रहा। वाजपेई जी ने पोखरण में सफलतापूर्वक परमाणु परीक्षण करके पूरी दुनिया में भारत की अटल मजबूती का संदेश दिया। पाकिस्तान के साथ कारगिल युद्ध में अटल जी के दृढ़ नेतृत्व में भारतीय सेना ने अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए पाकिस्तानी घुसपैठियों का पूरी तरह से सफाया कर दिया। उनके कार्यकाल में अनेक महत्वपूर्ण आर्थिक सुधार किए गए। स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत गांवों शहरों को सड़कों से जोड़ा गया, जिसके कारण भारत में आर्थिक विकास को एक गति मिली। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया।
विद्युत पोल गिरने से गाय की मौत
इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरिया ग्राम सभा के अहिरन पुरवा अमारे भरिया मजरे में जर्जर विद्युत पोल व तार के अचानक टूटकर जमीन पर गिर जाने से एक दुधारू गाय की मौत हो गई। पीड़ित गोपालक ने नुकसान के भरपाई की मांग उठाई है। हमारे सहयोगी प्रदीप पाण्डेय के अनुसार, प्रधान प्रतिनिधि सोमेश्वर नाथ पांडेय ने बुधवार को बताया कि आज सुबह ताहिर अली के घर के सामने मौजूद बिजली का तार और लकड़ी का पुराना पोल अचानक टूटकर गिर पड़ा। परिणाम स्वरूप करंट की चपेट में आने से ताहिर की दुधारू गाय की मौके पर ही मौत हो गई। गाय की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जाती है। पीड़ित ने विभाग से नुकसान के भरपाई की मांग उठाई है।
साक्षात्कार 18 से
देवीपाटन मण्डल के उपायुक्त उद्योग बाबू राम ने बताया कि जनपद के परंपरागत कारीगर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत ट्रेड बढ़ई, कुम्हार, लोहार, हलवाई व सिलाई हेतु 10 दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु कई अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया गया है। बढ़ई, लोहार, कुम्हार के लिए 18 अगस्त, हलवाई के लिए 19 अगस्त व सिलाई के लिए 22 अगस्त को प्रातः 11 बजे से कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र गोंडा में साक्षात्कार किया जाएगा। उपर्युक्त उद्योग में रत सभी अभ्यर्थियों को नियत तिथि व समय पर आधार कार्ड व संबंधित प्रश्न पत्र के साथ उपस्थित के लिये कहा है।
लड़की के साथ मारपीट
जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र में शौच के लिए घर से बाहर गई लड़की के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। पिता की शिकायत की पर स्थानीय पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हमारे सहयोगी प्रेम नारायण मिश्र के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम पूरे तेंदुवा मजरा सुंदरघाट निवासी खलील की लड़की घर के पीछे स्थित एक स्कूल के पास शौच के लिए गयी थी। वहां पर गांव निवासी युवक ने बेवजह डंडे से मारा पीटा, जिससे उसे गंभीर चोट आई। थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा ने बताया कि आरोपी सोनू के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर अदालत रवाना किया गया।
अजगर निकलने से हड़कम्प
वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नियामतपुर के मजरा लालकपुरवा में बुधवार की सुबह एक अजगर देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हमारे सहयोगी प्रदीप गुप्त के अनुसार, आज सुबह ननकन चौहान के घर के पास अजगर घूम रहा था। उसे देखने के लिए ग्रामीण इकट्ठा हो गए। उसे झाड़ियों में घुसते देख विकास पांडेय, पप्पू मिश्रा, माता प्रसाद चौहान व देवकांत आदि ने उसे बोरे में भर दिया। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे वन दारोगा इंद्रमणि सिंह ने उसे ले जाकर जंगल में छोड़ दिया।
शिव मंदिर पर भण्डारे का आयोजन
जिले के इटियाथोक विकास क्षेत्र के अंतर्गत पुरुषोत्तम मास के समापन पर पर्सिया गूदर गांव में स्थित चिंताहरण शिव मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी अनिल गिरी ने बताया कि यहां अयोध्या धाम से पूज्य राजकुमार दास जी महाराज एवं सोनबरसा के संत छोटे बाबा का आगमन हुआ। संत द्वय द्वारा मंदिर में समाज सेवियों द्वारा करवाए गए निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हमारे सहयोगी प्रदीप पाण्डेय के अनुसार, पूरे मलमास में हर सोमवार को क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का पूजन अर्चन किया और जल, बेल पत्र, शमी, धतूरा, भांग, चंदन, दूध, दही आदि से जलाभिषेक किया। इस दौरान शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज रही और कई जगह धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
ध्वजारोहण न होने की शिकायत
रुपईडीह विकास खण्ड के नौशहरा में पंचायत भवन पर स्वतंत्रता दिवस के दिन ध्वजारोहण न करने की शिकायत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से करते हुए जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि ग्राम प्रधान, सचिव, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक व सफाई कर्मचारी की उदासीनता के चलते पंचायत भवन पर स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण नहीं किया गया। वहीं इसी विकास खण्ड के पिपरा बाजार के ग्रामीणों ने गौशाला पर उल्टा राष्ट्र ध्वज फहराने की शिकायत की है। खंड विकास अधिकारी रितिक श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पिटाई का आरोप
जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सकरौर डीहा निवासी विपिन मिश्रा ने गांव के ही निवासी रज्जन, राहुल, वंदना व सुमन पर अकारण धमकी देते हुए पिटाई करने का आरोप लगाया है। हमारे सहयोगी के अनुसार, थानाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय ने बताया कि चोटिल व्यक्ति का डाक्टरी परीक्षण कराने के साथ ही आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है।
सड़क हादसे में चाचा भतीजी जख्मी
जिले के तरबगंज बस स्टॉप पर एक मोटर साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में ई-रिक्शा पलटने से चाचा और भतीजी घायल हो गई। हमारे सहयोगी सुरेश पाठक के अनुसार, बुधवार को हुए हादसे में गया प्रसाद निवासी बाबा पुरवा धौरहरा घाट व आंचल जख्मी हो गए। वे दोनों मोटर साइकिल से बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर पर जलाभिषेक करने के बाद घर लौट रहे थे। उन्हें इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
घर में घुसकर मारपीट का मुकदमा
जिले के धानेपुर थाने की पुलिस ने अदालत के आदेश पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट व लूटपाट करने का मुकदमा दर्ज किया है। हमारे सहयोगी प्रेम नरायन मिश्र के अनुसार, थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रानीजोत के मजरा भस्मपुरवा की रहने वाली केवलपता पत्नी नंदलाल वर्मा के शिकायत पत्र पर अदालत के आदेशानुसार संतोष कुमार, राजकरन, नानमून, सत्यराम, गुड़िया व राजकरन की पत्नी के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर लूटपाट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
एलबीएस कालेज के शिक्षकों ने किया प्रदर्शन
जिला मुख्यालय पर स्थित श्रीलाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के शिक्षकों ने बुधवार को पुरानी पेंशन की बहाली और बायोमेट्रिक उपस्थिति की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर शास्त्री प्रतिमा के सामने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र नाथ मिश्र ने बताया कि 16 से 21 अगस्त तक शिक्षकों से काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य बाधित न होते हुए प्रतीकात्मक प्रदर्शन करने की अपील की गई है। आवटा महामंत्री प्रो. जितेंद्र सिंह ने कहा कि 23 अगस्त को उच्च शिक्षा मंत्री ने संघ को वार्ता करने के लिए आमंत्रित किया है। इसमें शिक्षकों को शिक्षण कार्य में आ रही बाधाओं को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। इस दौरान शिक्षक संघ उपाध्यक्ष प्रो. राम समुझ सिंह, मंत्री मनीष शर्मा, डॉ. पुष्यमित्र मिश्र, संतोष कुमार श्रीवास्तव, प्रो. मंशाराम वर्मा, प्रो. अमन चंद्रा, प्रो. संजय पांडेय, प्रो. राजीव अग्रवाल, प्रो. जयशंकर तिवारी, डॉ. पवन सिंह, डॉ ओमप्रकाश यादव, डॉ. शैलेष कुमार, डॉ. रवि प्रकाश ओझा, डॉ. पुनीत कुमार, डॉ. रेखा शर्मा, अच्युत शुक्ला, पूजा यादव, विवेक प्रताप सिंह, डॉ. वंदना भारतीय सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
अपहरण व छेड़खानी का मुकदमा
जिले के तरबगंज थाने की पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के अपहरण तथा दलित महिला के साथ छेड़खानी के मामले में नामजद मुकदमा दर्ज किया है। हमारे सहयोगी महेश तिवारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पहले मामले में अपहृता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही आरोपी युवक दुर्गेश उर्फ कमलेश, उसके पिता बृज बिहारी तथा एक अन्य के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप के अनुसार, उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को आरोपी 14 अगस्त को अगवा कर ले गया है। दूसरे मामले में दलित महिला ने शिवशंकर उर्फ बड़के, अमन शुक्ला व मम्मू पर दिन दहाड़े घर में घुसकर छेड़खानी का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि दोनों मामलों में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
तुलसीपुर में दो मिनट रुकेगी बांद्रा
गोरखपुर के बांद्रा के बीच चलने वाली 22921 अप व 22922 डाउन गोरखपुर बांद्रा टर्मिनल गोरखपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस अब बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्टेशन पर भी रुकेगी। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए दो मिनट का ठहराव तुलसीपुर में किया जाएगा।
Informer की आवश्यकता
गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं : संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com
