जनकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले की कमान संम्हलाने के बाद से ही मेरा गोंडा मेरी शान, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस से लेकर ग्राम चौपाल जैसे अभियानों के माध्यम से जनपद की तस्वीर बदलने में जुटी जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने जिले के प्राइमरी, अपर प्राइमरी और कम्पोजिट स्कूलों को हाइटेक बनाने के लिए प्रयास तेज कर दिया है। उन्होंने जिले के 15 स्कूलों को स्मार्ट बनाने का फैसला लिया है। इन विद्यालयों के बच्चों को स्मार्ट क्लास रूम में पढ़ने का मौका मिलेगा। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि सुदूर ग्रामीण इलाकों के बच्चों को भी उच्च गुणवत्ता युक्त शिक्षा मुहैय्या कराने के उद्देश्य से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के सहयोग से इन स्कूलों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र के बैंक एचडीएफसी के सहयोग से इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम तैयार किए जाएंगे। परिणाम स्वरूप उनकी इस कोशिश में विभाग पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार भी नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि सभी चयनित 15 सरकारी स्कूलों में सामान्य ब्लैक बोर्ड का स्थान हाइटेक स्मार्ट बोर्ड लेगा। एक ओर जहां शिक्षक हाईटेक आईसी स्क्रीन पर लिखकर, हाईलाइट करके, सर्किल, फिल्म के माध्यम से किसी भी विषय और पाठ को आसानी से बच्चों को समझा सकेंगे, वहीं छात्रों को सीखने में आसानी होगी। ब्लैकबोर्ड के स्मार्ट बनाने के साथ ही स्मार्ट क्लास रूम में बच्चों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की जाएगी। क्लासरूम को खूबसूरत बनाने के लिए दीवारों के रंग-रोगन के साथ कारपेट जैसी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। इस पूरे प्रोजेक्ट में प्रति स्कूल करीब चार लाख रुपये का खर्च आना संभावित है।

मिशन इंद्रधनुष का डीएम ने किया शुभारम्भ
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत छूटे हुए 0 से 5 वर्ष की आयु के बच्चों एवं लक्षित गर्भवती महिलाओं को आवश्यक रूप से जरूरी टीकों से आच्छादित करने के लिए भारत सरकार द्वारा सोमवार से शुरू किए गए मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राथमिक विद्यालय परेड सरकार में बच्चों को पोलियो और रोटा वैक्सीन की खुराक पिला कर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह टीके बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों जैसे खसरा, गलघोंटू कालीखांसी, टेटनेस, निमोनिया, टीबी, दिमागी बुखार, पोलियो डायरिया, हेपटाइटिस बी. इत्यादि से सुरक्षा प्रदान करते हैं। सम्पूर्ण टीकाकरण प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। टीकाकरण पूर्ण रूप से सुरक्षित है और सभी आवश्यक टीके सभी सरकारी अस्पतालों और और स्वास्थ केंद्रों में निःशुल्क उपलब्ध हैं। डीएम ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आम जन मानस से अपील भी की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रश्मि वर्मा ने इस मौके पर कहा कि यह कार्यक्रम तीन माह में तीन चरणों मे होना है। प्रथम चरण आज से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा। द्वितीय चरण 11 से 16 सितम्बर तथा तृतीय चरण 9 से 14 अक्टूबर संचालित होगा। उन्होंने कहा कि सघन मिशन इन्द्र धनुष के इन विशेष सत्रों के आयोजन का उद्देश्य यह है कि टीकाकरण से वंचित बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

26 ट्रेनों का समय परिवर्तन
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने यात्री सुविधाओं के विकास और परिचालनिक सुगमता के खातिर गोरखपुर कैण्ट यार्ड रिमाडलिंग के साथ गोरखपुर कैण्ट-कुसमही तृतीय लाइन के कमीशनिंग के लिए ब्लॉक देने का फैसला किया है। इसकी वजह से इस मार्ग की करीब चालीस ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें से गोंडा से होकर गुजरने वाली 26 ट्रेनें भी शामिल हैं, जबकि, कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पकंज कुमार सिंह के मुताबिक, ब्लाक दिये जाने के कारण गाड़ियों का निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन, रि-शेड्यूल, शार्ट टर्मिनेशन और शार्ट ओरिजिनेशन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोरखपुर कैण्ट यार्ड रिमाडलिंग होने के पश्चात सेटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित हो जायेगा। इससे गोरखपुर कैंट में लाइनें और प्लेटफार्म संख्या बढ़ जायेगी और यहां से गाड़ियां चलाई जा सकेंगी। वहीं, तीसरी लाइन के निर्माण से अधिक गाड़ियों के संचालन होगा। साथ ही ट्रेनों के समय पालन में भी सुधार होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि 13 व 20 अगस्त को 15655 कामाख्या-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस कामाख्या से 120 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी। 08 से 30 अगस्त तक 15273 रक्सौल-आनन्द विहार टर्मिनस एक्सप्रेस रक्सौल से 120 मिनट और 12565 दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस दरभंगा से 60 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी। इसी प्रकार 07 से 29 तक 13020 काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस काठगोदाम से 120 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी। 20 अगस्त को 19038 बरौनी-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस बरौनी से 240 मिनट तथा 12557 मुजफ्फरपुर-आनन्द बिहार टर्मिनस एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर से 120 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी।

एसपी ने किया पैरोकारों के कार्यों की समीक्षा
गोंडा के पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त थानों पर नियुक्त पैरोकार व कोर्ट मोहर्रिर, मॉनिटरिंग सेल, सम्मन सेल, न्यायालय सम्मन सेल के साथ गोष्ठी करते हुए थानावार पैरोकारों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आपरेशन कनविक्शन के तहत गैगेस्टर, माफिया, महिला संबंधी, पॉक्सो एक्ट के अपराधों एवं विशेषकर जनपद स्तर पर उच्चाधिकरियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग करके चिन्हित किए गए जघन्य अपराधों से संबंधित अभियोगां का न्यायालय में प्रभावी पैरवी करें तथा उनसे संबंधित गवाहों की समय से गवाही कराकर आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाना सुनिश्चित करें। एसपी ने सभी सम्बंधित को मुकदमों से संबंधित केस डायरी, आरोप पत्र अथवा अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में समय से दाखिल कराने तथा समय से सम्मन वारण्ट का तामीला कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, प्रभारी मॉनिटरिंग सेल, प्रभारी सम्मन सेल समेत समस्त थानों के पैरोकार व कोर्ट मोहर्रिर उपस्थित रहे।
लाल निशान से ऊपर पहुंची घाघरा
गोंडा जिले के कर्नलगंज एवं तरबगंज तहसील में घाघरा नदी का जल स्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। सोमवार की शाम 8 बजे एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी खतरे के निशान से 21 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। गिरजा, शारदा तथा सरयू बैराज से वर्तमान में तीन लाख 12 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज है। यह जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि बाढ़ से अभी कोई गांव जलमग्न नहीं हुआ है। हालांकि तरबगंज तहसील के कुछ इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ है। इसके लिए तीन नावें लगा दी गई हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ आज उन्होंने नकहरा गांव का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। एडीएम ने कहा कि क्षेत्र में चिकित्सा विभाग की 24 टीमें लगाई गई हैं। 28 बाढ़ चौकियां व 31 बाढ़ शरणालय को तैयार रखा गया है। जिला मुख्यालय पर 203125 नम्बर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटा क्रियाशील है। उन्होंने बताया कि बाढ़ से प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों में राहत चौपाल लगाकर लोगों को बचाव की जानकारी दी जा रही है।
तीन आरोपी गए जेल
जिले के विभिन्न थानों की पुलिस ने सोमवार को महिला अपराधों में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने सोमवार को बताया कि जिले के वजीरगंज थाने की पुलिस ने एक लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने व उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी बब्बन तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। इसी प्रकार छपिया थाने की पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक लड़की के साथ दुष्कर्म करने के वांछित अभियुक्त शत्रुघ्न मिश्रा उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। एसपी ने बताया कि परसपुर थाने की पुलिस ने भी आज एक लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के वांछित अभियुक्त सुनील निषाद को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया।

राशन की दुकानों की समीक्षा
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राशन की रिक्त दुकानों, माडल शाप तथा उज्जवला योजना की समीक्षा की। उन्होंने राशन की रिक्त दुकानों की समीक्षा के दौरान एसडीएम को यथाशीघ्र समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर नियमानुसार दुकानों के चयन की प्रकिया पूर्ण करने के निर्देश दिये। मॉडल उचित दर की दुकान निर्माण की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि जनपद के प्रत्येक विकास खण्ड में 5-5 मॉडल उचित दर की दुकान स्थापित करने के लिए यथाशीघ्र भूमि का चिन्हांकन करते हुए निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाय। उज्जवला योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने डीएसओ कृष्ण गोपाल पाण्डेय को निर्देश दिया कि गैस एजेन्सियों से लाभार्थियों की सूची प्राप्त कर आधार फीडिंग का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराएं ताकि लाभार्थियों को सब्सिडी योजना का लाभ प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि सब्सिडी न लेने वाले लाभार्थियों को एसएमएस के माध्यम से सूचित किया जाए। साथ ही बैंक व गैस एजेंसी पर फ्लेक्सी लगवा कर प्रचार-प्रसार कराकर लोगों को जागरूक किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एम अरुन्मौली सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जान से मारने की धमकी
गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत पूरे तेंदुवा निवासी एक व्यक्ति ने फोन कर अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित जय प्रकाश के मुताबिक, उसके गांव का ही रहने वाला इमरान आये दिन फोन पर अपशब्द कहता है और मारने पीटने की धमकी देता है। थानाध्यक्ष ब्रह्मानंद सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

डीएम ने किया विकास कार्यों की समीक्षा
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने अधिकारियों से कहा है कि मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले वन टांगिया ग्रामों में सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ सभी लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जाय। वह सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा कर रही थीं। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी कार्यों का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ समय से कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने श्रम योगी मानधन योजना, श्रमिक पंजीयन, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की योजनाओं, पीएम किसान सम्मान निधि सहित समस्त पेंशन योजनाओं, बाल विकास पुष्टाहार, शादी अनुदान, कन्या सुमंगला योजना, कौशल विकास मिशन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, सेवायोजन विभाग, राष्ट्रीय पोषण मिशन के अंतर्गत सैम-मैम बच्चों के संबंध में समीक्षा तथा स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न निर्माण कार्यों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुन्मोली, सीएमओ डॉक्टर रश्मि वर्मा, प्रभारी प्रभागीय वनाधिकारी पंकज शुक्ल, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेम चन्द्र यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी आदि उपस्थित रहे।
विद्युत करेंट लगने से युवक की मौत
गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम चरसड़ी निवासी मनोज सिंह (37) आज सुबह अपनी मोबाइल चार्जिंग पर लगा रहे थे। अचानक वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए। आनन फानन में उन्हें परसपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, मनोज की अभी दो साल पहले शादी हुई थी।

कन्या जन्मोत्सव का आयोजन
गोंडा जिले के कटरा बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर सोमवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। अधीक्षक डा. एमपी यादव ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिला कल्याण अधिकारी ज्योत्सना सिंह ने बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इसका उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं का उत्थान है। उन्हें शिक्षित बनाकर समाज से जोड़ना है। उन्होनें उपस्थित महिलाओं व अन्य लोगों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में जानकारी देते हुए विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं के बारे में भी बताया। जिला समन्वयक राजकुमार आर्य ने बताया कि जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी के निर्देशन में चलाये जा रहे इस कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर जन्म लेने वाली 20 बच्चियों को 1-1 हिमालया बेबी व 2-2 कपड़ा वितरित किया गया। संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा ने कहा कि शासन व निदेशालय के निर्देश पर प्रत्येक प्रथम व तृतीय सोमवार को कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अथवा अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों पर किया जाना है, जिसके क्रम में यह आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं के पम्पलेट भी वितरित किये गये। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता पंकज कुमार राव, बीपीएम पंकज उपाध्याय, बीएएम मुख्तार आलम, सीएचओ दिशा शर्मा आदि मौजूद रहे।

हथियारों के साथ वीडियो वायरल
गोंडा जिले के हलधरमऊ क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य नेहा सिंह का हथियारों के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शाही अंदाज में कुर्सी पर बैठीं नेहा अपने दाहिने तरफ एक असलहा रखे हैं और दूसरा असलहा उनके हाथ में है, जिससे वह निशाना लगाती दिख रही हैं। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य नेहा सिंह का असलहे के साथ वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आया है। स्थानीय पुलिस को मामले की जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
दिव्यांगों को मिलेगी मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल
शासन के निर्देश पर गोंडा जिले में दिव्यांगों को बैट्री चालित ट्राई साइकिल देने की कवायद तेज हो गई है। विभाग ने इसके लिए 80 फीसद से अधिक दिव्यांगता प्रमाणपत्र धारी लोगों से आवेदन आमंत्रित किया है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी गौरव स्वर्णकार ने बताया कि बैट्री चालित ट्राई साइकिल पाने के इच्छुक दिव्यांग जन जरूरी अभिलेखों के साथ 09 अगस्त को विकास भवन के कक्ष संख्या 35 में स्थित उनके कार्यालय में उपस्थित होकर अपना शारीरिक परीक्षण करा लें। उन्होंने बताया कि इसे प्राप्त करने के लिए शासन ने कुछ शर्तें रखी हैं। इसके तहत व्यक्ति की दिव्यांगता 80 फीसद या उससे अधिक होनी चाहिए। उनकी आयु 16 साल या उससे अधिक होनी चाहिए। दिव्यांग जन हाथों से मोटराइज्ड ट्राई साइकिल चलाने में सक्षम हों। आवेदक के पास यूनिक डिसएबिलिटी आइडेंटिटी कार्ड होना चाहिए। दिव्यांग जन या उसके परिवार की सालाना आय एक लाख 80 हजार से अधिक न हो।
जिला बदर घोषित
गोंडा पुलिस द्वारा समाज में अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर इनके विरुद्ध शुरू किया गया अभियान जारी है। इसी क्रम में धानेपुर थाने की पुलिस ने सोमवार को एक व्यक्ति को जिला बदर घोषित कराकर मुनादी कराते हुए जनपद की सीमा से बाहर रहने का ऐलान किया। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि धानेपुर थाने की पुलिस ने आज नन्द किशोर वर्मा उर्फ चौधरी पुत्र जगदम्बा प्रसाद वर्मा निवासी सोनपुर मौजा पूरे पण्डित वृन्दावन को गुंडा अधिनियम के अंतर्गत जिला बदर घोषित कराकर मुनादी कराते हुए जनपद की सीमा से बाहर कर दिया है।
छपिया में लगेगी सीडीओ की चौपाल
जिलाधिकारी नेहा शर्मा द्वारा प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को लगाई जाने वाली ग्राम चौपाल आठ अगस्त को विकास खण्ड छपिया के ग्राम पंचायत उल्लहा, संगवा, सिसईरानीपुर, बभनीखास, खालेगांव तथा शीतलगंज ग्रन्ट में मुख्य विकास अधिकारी एम अरुन्मौली की अध्यक्षता में लगाई जाएगी। यह जानकारी परियोजना निदेशक चन्द्रशेखर ने दी।
सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता बने एके सिंह
शारदा सहायक परियोजना के मुख्य अभियंता अशोक कुमार सिंह को सरयू नहर परियोजना गोंडा का मुख्य अभियंता बनाया गया है। प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष अनिल कुमार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अशोक कुमार सिंह के पास अयोध्या और लखनऊ का भी कार्यभार रहेगा।
मोटर साइकिल चोरी
धानेपुर कस्बा निवासी मो. आरिफ ने मोटर साइकिल चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष ब्रह्मानंद सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
नवागत बीएसए ने पदभार संभाला
नवागत भूमि संरक्षण अधिकारी के पद पर पारस राम ने कार्यभार संभाल लिया है। यह पद कई महीनों से रिक्त चल रहा था। उन्होंने बताया कि शासन की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने के लिए कार्य किया जाएगा।
अनुरोध
*अपने शहर गोंडा की आवाज “रेडियो अवध” को सुनने के लिए इस लिंक
पर क्लिक करके अपने एंड्रॉयड फोन पर डाउनलोड करें Radio Awadh 90.8 FM ऐप* https://play.google.com/store/apps/details?id=com.radioawadh.radioawadh ’और रोजाना प्रातः 06 बजे से आरजे राशि के साथ सुनें भक्ति संगीत का कार्यक्रम “उपासना“ और 07 बजे से आरजे सगुन के साथ “गोनार्द वाणी“ में सुनें निर्गुण भजन, पूर्वान्ह 11 बजे से यादों का झरोखा, दोपहर 12 बजे से सुनें फरमाइशी फिल्मी नगमों का प्रोग्राम ‘हैलो अवध’, दोपहर 1 बजे से आरजे खुशी के साथ सुनें महिलाओं पर आधारित कार्यक्रम “आधी दुनिया“, दोपहर बाद 3 बजे से आरजे सैंपी के साथ कार्यक्रम “ताका झांकी”, शाम 5 बजे से आरजे दक्ष के साथ किशोरों और युवाओं पर आधारित ज्ञानवर्धक कार्यक्रम “टीन टाइम”, रात 9 बजे से आरजे कनिका के साथ करिए प्यार मोहब्बत की बातें शो “सुधर्मा“ में। इसके अलावा दिन भर सुनिए आरजे प्रताप, आरजे शजर, आरजे अभिषेक, आरजे राहुल द्वारा प्रस्तुत रंगारंग और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम। तो App डाउनलोड करना न भूलें और दिन भर आनंद लें विविध कार्यक्रमों का।’’ ऐप के SCHEDULE पर जाकर दिन भर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों का विवरण देख सकते हैं। साथ ही अपने मन पसंद गाने सुनने के लिए रेडियो अवध के ऐप पर CHAT में जाकर अथवा हमारे वाट्सएप नम्बर 9565000908 पर हमें मैसेज कर सकते हैं।’
Informer की आवश्यकता
गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं : संपर्क करें : 9554000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com
