Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : DM आवास में फिर दिखा तेंदुआ, टीमें परेशान

Gonda Capsule : DM आवास में फिर दिखा तेंदुआ, टीमें परेशान

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। पिछले करीब ढ़ाई महीने से डीएम आवास के आसपास भटक रहा तेंदुआ अब तक पकड़ में नहीं आ सका है। एक बार फिर डीएम आवास परिसर में लगी झाड़ियों में उसकी लोकेशन मिलने से वन विभाग सतर्क हो गया है। तेंदुए की निगरानी के लिए वन विभाग द्वारा लगाए गए नाइट विजन कैमरे में उसकी तस्वीर कैद हो गई है। इसके बाद से वन विभाग की टीम ने डीएम आवास के साथ आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। सूत्र बताते हैं कि वन विभाग द्वारा तेंदुए को पकड़ने के लिए चार पिंजरे लगाए गए हैं। इससे पूर्व सितंबर के पहले हफ्ते में तेंदुआ डीएम आवास में कूदकर दीवार पर जाते दिखा था। वन विभाग की टीम उस समय उसे पकड़ने के लिए दो पिंजरे लगाए थे। कई वनकर्मियों के एक साथ हांका लगाने के बाद तीन टीमें नियमित तौर पर गश्त कर रही हैं। तेंदुए का लोकेशन मिलने के बाद इसे पकड़ने के इंतजाम किए जा रहे हैं। इस बार पिंजरे की संख्या बढ़ाई गई हैं। डीएफओ आरके त्रिपाठी ने बताया कि तेंदुए ने अपना ठिकाना डीएम आवास के बगल कई एकड़ में खाली पड़ी भूमि में फैले झाड़-झंखाड़ और वृक्षों के झुरमुटों में बना रखा है। अपने स्वभाव के मुताबिक, लोगों की हलचल अधिक होने पर वह उसी झुरमुटों में छुप जा रहा है। शांत माहौल में बाहर निकलता है। उन्होंने कहा कि एक बड़ा पिंजरा सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग बलरामपुर से मांगा है। इसके साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए एक्सपर्ट और जरूरी संसाधन भी मांगे गए है। इसके लिए उन्होंने वन संरक्षक को पत्र लिखा है।

Gonda Capsule : DM आवास में फिर दिखा तेंदुआ, टीमें परेशान

पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन

सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कालेज में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह के अन्तर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में 12 छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें प्रथम पुरस्कार श्रद्धा गंगवार, द्वितीय पुरस्कार पल्लवी शर्मा एवं तृतीय पुरस्कार संयुक्त रूप से आरती सोनी एवं कुलशुम नाज को प्रदान किया गया। निर्णायक मण्डल में डा. नीलम छाबड़ा एवं डा. डी. कुमार शामिल रहे। पोस्टर के माध्यम से लोगों को स्वस्थ पोषण एवं आहार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी डा. मौसमी सिंह एवं डा. नीतू सिंह ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्रीमती रंजना बन्धु, डा. सीमा श्रीवास्तव, डा. आशू त्रिपाठी, श्रीमती गीता श्रीवास्तव, कंचन पाण्डेय, अनु उपाध्याय, सुनीता पाण्डेय, सुनीता मिश्रा आदि उपस्थित रहीं।

Gonda Capsule : DM आवास में फिर दिखा तेंदुआ, टीमें परेशान

डीएम ने किया राजस्व वसूली की समीक्षा

शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार की अध्यक्षता में कर-करेत्तर व राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक हुई संपन्न। कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को समय से लक्ष्य पूर्ति के लिए निर्देश देते हुए प्रवर्तन गतिविधियां बढ़ाने की अपेक्षा की गई। वहीं समीक्षा के दौरान अवैध टैक्सी स्टैंड के संचालन पर प्रभावी रोकथाम लगाने व भू-माफियाओं/खनन माफियाओं की चिन्हींकरण कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाय, तथा सार्वजनिक भूमियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश भी दिए गये। जिन संग्रह अमीनों द्वारा मानक के सापेक्ष अधिक वसूली की गई है, उन्हें प्रशस्ति पत्र देने के साथ-साथ खराब वसूली वाले अमीनों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिये गये। पुराने वादों के निस्तारण की स्थिति अत्यंत असंतोषजनक होने पर एसडीएम, तहसीलदारों को चेतावनी के साथ उन्हें अधिक से अधिक वादों का निस्तारण समयबद्ध रूप से करने के निर्देश दिये हैं। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को निर्देश देते हुए कहा कि आपके कार्यालय में आने वाले शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समय से उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव, नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, उप जिला अधिकारी सदर विनोद कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी कर्नलगंज हीरालाल, उप जिलाधिकारी तरबगंज शत्रोहन पाठक, उप जिलाधिकारी मनकापुर आकाश सिंह, अपर उप जिलाधिकारी कुलदीप सिंह सहित सभी तहसीलों के तहसीलदार व संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

शिक्षकों ने बीएसए को सौंपा मांग पत्र

शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष किरन सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को सदस्यों ने बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा। संघ के कार्यकारी अध्यक्ष कृष्ण नंदन मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने बीएसए से मिला। शिक्षक व शैक्षिक समस्याओं यथा शिक्षकों का पदोन्नति करने, रसोइया मानदेय, फल धनराशि का प्रेषण, पर्याप्त कन्वर्जन कास्ट का भेजने, प्रोन्नत वेतनमान समय पर देने आदि पर चर्चा कर माँग पत्र सौपा। इस अवसर पर प्रान्तीय संयुक्त मंत्री डॉ. विजय प्रकाश त्रिपाठी , मण्डल अध्यक्ष श्री पवन कुमार सिंह, जिला महामंत्री सुधाकर मिश्र, जिला उपाध्यक्ष विनीता कुशवाहा, जिला संयुक्त मंत्रीगण उमेश कुमार श्रीवास्तव, कवींद्र मिश्र, जिला कोषाध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष झंझरी परवेज अकरम, ब्लॉक अध्यक्ष मुजेहना हरि प्रसाद वर्मा, ब्लॉक मंत्री मुजेहना नीलम शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष परसपुर नन्द कुमार सिंह, ब्लाक कोषाध्यक्ष परसपुर प्रह्लाद पाण्डेय, सदस्य मोहित प्रकाश सिंह, अंशुल गुप्ता उपस्थित रहे।

Gonda Capsule : DM आवास में फिर दिखा तेंदुआ, टीमें परेशान

जल जीवन मिशन की बैठक में एलएंडटी को लगी फटकार

जिलाधिकारी डॉक्टर उज्ज्वल कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की बैठक में समस्त परियोजनाओं पर विस्तृत रूप से गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के कार्यदायी संस्था एलएंडटी व लोक सेवा मिशन तथा आईएसए को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिये हैं कि कार्यों में और तेजी लायी जाय। उन्होंने कहा है कि सभी परियोजनाओं को पूरी गुणवत्ता के साथ समय से कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं के प्रगति के संबंध में समय-समय पर उन्हें भी अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की कमी पाये जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एक्सईएन जल निगम व एलएनटी के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि सभी कार्यों का विभाजन करके संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाय तथा समय-समय पर कार्यों के प्रगति की उनसे जानकारी ली जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, डीएफओ आरके त्रिपाठी, मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव, जिला विकास अधिकारी, बीएसए, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, एक्सईएन जल निगम, एई जल जीवन मिशन, एलएनटी व लोक सेवा मिशन, आईएसए, विंग्स आदि कार्यदायी संस्था, एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

केन्द्रीय दुर्गा पूजा समिति की तैयारी बैठक सम्पन्न

शारदीय नवरात्रि के अवसर पर पूरे जिले में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा महोत्सव को संपन्न कराने के लिए केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की एक बैठक अध्यक्ष अरुण कुमार शुक्ल के आवास पर हुई, जिसमें दुर्गा पूजा को लेकर समितियों से समन्वय बनाकर भक्तिमय वातावरण में दुर्गा पूजा संपन्न कराने पर चर्चा हुई। अध्यक्ष अरुण कुमार शुक्ल ने कहा कि संपूर्ण जिले की दुर्गा पूजा दो वर्षों के कोरोना काल के बाद आयोजित होने जा रही है। आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा महोत्सव लेकर श्रद्धालुओं में अति उत्साह है। इसमें सभी भक्तजन श्रद्धा पूर्वक भाग लें और दशहरा व दुर्गा पूजा के त्यौहार को शांतिपूर्वक सकुशल संपन्न कराने में अपना सहयोग प्रदान करें। बैठक का संचालन करते महामंत्री राकेश वर्मा गुड्डू ने कहा कि दुर्गा पूजा के समय जो भी मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता रहेगी उसके लिए समिति एक मांग पत्र बनाकर प्रशासन को देगी। उन्होंने यह भी कहा कि ब्लॉक स्तर पर भी केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के समन्वयक मंडल का गठन कर महापर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि समस्त दुर्गा पूजा समितियों की एक बैठक 25 सितंबर को सायंकाल तीन बजे झूलेलाल धर्मशाला मालवीय नगर गोंडा में आयोजित होगी जिसमें समस्त समितियों की समस्याओं व सुझाव को लेकर आगे का कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर ओम प्रकाश सोनी, केके श्रीवास्तव, राजा बाबू गुप्ता, भरत गिरी, दिनेश कश्यप, चंदू मित्तल, अतुल श्रीवास्तव, आशीष मोदनवाल, विकास जायसवाल, दिवाकर सोमानी, रघुराज सोनकर, संजीव वर्मा, कमल बाबा, बबलू वर्मा, संदीप यादव, रतुल सिंह शैलेश तिवारी आदि उपस्थित रहे।

Gonda Capsule : DM आवास में फिर दिखा तेंदुआ, टीमें परेशान

शांतिपूर्ण दुर्गापूजा को लेकर इटियाथोक पुलिस सतर्क

प्रदीप पांडेय
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने आगामी दुर्गापूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने को लेकर जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है। साथ ही पुलिस कर्मियों को नवरात्रि के दौरान पूजा पांडालों और देवी मंदिरों पर खास नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए है। इसी के क्रम में जिले के इटियाथोक थाना के संबंधित बीट पुलिस अफसर गांव गांव पहुंचकर देवी मूर्तियां स्थापित करने वाले व्यक्तियों से वार्ता कर स्थिति की जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा निर्देश दे रहे है। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाड़ेय ने बताया कि इस दौरान मूर्ति स्थापित करने वालो के नाम पता दर्ज कर शासन व उच्चअधिकारियो के निर्देशों से अवगत कराकर त्यौहार सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की जा रही है। पाड़ेय ने बताया कि इस क्रम में क्षेत्र के वालंटियर एवं पूजा समिति के सदस्यों के नाम व मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को क्षेत्र के शिव मंदिर सदाशिव में दुर्गा पूजा प्रतिमा के बारे में आयोजकों से वार्तालाप की गई। साथ ही दुर्गा पूजा में मूर्ति स्थापित स्थल का पुरे तिलक पंचायत भवन परिसर में जायजा लिया गया। इसी प्रकार पीपल टोला कस्बा इटियाथोक में कांस्टेबल अजीत सिंह, कांस्टेबल श्रीनारायण यादव द्वारा दुर्गा पूजा मूर्ति के संबंध में पहुंचकर आयोजक व सदस्यों से बातचीत की गई।

सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें व्यापार मंडल के पदाधिकारी

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल का शुक्रवार को व्यापारियों ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग पर नकेल कसने के लिए उन्होंने कई बार मांग उठाई है। इस वजह से खुदरा व्यापार चौपट हो रहा है। उन्होंने ग्राहकों से भी अपील की कि स्थानीय व्यापारियों से ही खरीदारी करें। बसंल ने कहा कि जिस तरह देश की सीमा सुरक्षा का प्रहरी सैनिक है। उसी तरह अर्थव्यवस्था का प्रहरी व्यवसायी समाज है। व्यापारी नेता संदीप बंसल ने बताया कि तीन सितंबर को व्यापारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसके लिए उन्होंने सीएम योगी सरकार को धन्यवाद दिया। बंसल ने कहा कि भ्रष्टाचार का संगठन मुंहतोड़ जवाब देगा। यदि को भ्रष्ट अधिकारी या कर्मचारी किसी व्यापारी को परेशान करता है तो उसकी सूचना संबंधित मंत्री व मुख्यमंत्री को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे। भाजपा से जुड़े विष्णु प्रताप शुक्ला को संगठन की सदस्यता दिलाई गई। जिला प्रभारी जगदीश रायतानी, जिलाध्यक्ष मंजूर अहमद ने माल्यार्पण कर बंसल का स्वागत किया। नगर अध्यक्ष भूपेंद्र प्रकाश आर्य ने अंग वस्त्र भेंट किया। इस दौरान रिपन कंसल, आकाश गौतम व अनुपम अग्रवाल, अतीक अहमद, देवेंद्र सिंह, सौरभ सिंह, अतीक अहमद, दिलीप अग्रवाल, ऋषभ अग्रवाल, वरदान मल्होत्रा, रिशु अग्रवाल ,राम नेवटिया समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Gonda Capsule : DM आवास में फिर दिखा तेंदुआ, टीमें परेशान

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का प्रशिक्षण

आगामी अक्तूबर माह में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान का तृतीय चरण चलाया जाएगा। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों ने अन्य विभागों के साथ मिलकर कार्य करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी के क्रम में आगामी एक से 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस खास अभियान को लेकर जिले के इटियाथोक ब्लाक मुख्यालय सभागार में क्षेत्र के शिक्षकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार को दिया गया। इस प्रशिक्षण में परिषदीय विद्द्यालयो के प्रधानाद्यापक और इंचार्ज प्रधानाद्यापक एवं एआरपी सामिल रहे। मौके पर मौजूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक में तैनात यूनिसेफ के बीएमसी सूर्यकांत शुक्ला और एआरओ एसपी वर्मा ने संयुक्त रूप से शिक्षकों को अभियान की पूरी जानकारी दी और उनके कार्य बताये और शिक्षकों के सवालों का जबाब दिए। मौके पर रहे इटियाथोक के खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र त्रिपाठी ने शिक्षकों से अभियान में नियमानुसार पूरा सहयोग करने का आग्रह किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीसीपीएम दिनेश कुमार चौरसिया ने कहा कि सभी शिक्षक अपने अपने विद्द्यालयो मे बच्चो को अभियान के दौरान स्वछ पेयजल, साफ सफाई, मच्छरों से बचाव, मच्छरदानी के उपयोग, हाथ धुलाई, पूरी बांह कपड़े पहनने आदि के बाबत जानकारी देंगे और उसके लाभ बताएंगे। इसके साथ ही पूरे माह अभियान के दौरान अपनी व्यवस्थानुसार बच्चो के सहयोग से जागरूकता रैली का आयोजन करेंगे जिसमे क्षेत्र की आशा और आंगनबाड़ी वर्कर सहयोग देंगी। श्री चौरसिया ने कहा कि पूरे माह चलने वाले इस अभियान के बीच ही सात से 21 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलेगा, जिस दौरान आशा और आंगनबाड़ी वर्कर घर घर स्टिकर लगाकर लोगो को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी।

यह भी पढें : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular