Sunday, February 15, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : 17 से शुरू होगी पीएम विश्वकर्मा योजना

Gonda Capsule : 17 से शुरू होगी पीएम विश्वकर्मा योजना

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आगामी 17 सितंबर यानि विश्वकर्मा जयंती से पीएम विश्वकर्मा योजना शुरू करते हुए अब तक का सबसे बड़ा भत्ता देने जा रही है। इसमें पात्र व्यक्तियों को रोजाना 500 रुपए भत्ता मिलेगा। इस योजना में 18 ट्रेड के कारीगरों को जोड़ते हुए प्रशिक्षण देकर उनके हुनर को और निखारा जाएगा। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। शहरों में नगर विकास विभाग को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। कौशल विकास मिशन के तहत मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से इन्हें प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। अधिकारी के अनुसार, योजना के तहत बढ़ई, नाव व शस्त्र बनाने वाला, लोहार, हथौड़ा व टूल किट, ताला बनाने वाला, सुनार, कुंहार, मूर्तिकार, स्टोन ब्रेकर, मोची, राजमिस्त्री, टोकरी, चटाई व झाडू बुनकर, पारंपरिक खिलौना बनाने वाले, नाई, माली, धोबी, दर्जी व मछली जाल बनाने वालों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा

जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात हुए सड़क हादसे में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि मंगलवार की देर रात परसापुर गांव के निकट एक अनियंत्रित ट्रक चालक ने टैम्पो में पीछे से टक्कर मार दी थी। परिणाम स्वरूप हादसे में टैम्पो सवार नेपाल के एक दर्जन महिला और पुरुष श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। प्रकरण में नेपाल के श्रद्धालु लौटन यादव के तहरीर पर अभियोग दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित

मानसिक समस्याओं से बचने के लिए गुरुवार को गोंडा जिले के सीएचसी पण्डरी कृपाल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अधीक्षक डा. पूजा जायसवाल ने फीता काटकर किया। उन्होंने बताया कि लोगों को जन सामान्य में फैली मानसिक विकारों से जुड़ी भ्रांतियों से दूर रहना चाहिए। किसी भी रोग के लिए दुआ के साथ-साथ दवा कराना जरूरी है। शिविर में मनो चिकित्सक डा. नूपुर पाल ने मानसिक रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका उपचार किया। उन्होंने बताया कि नींद न आना, उलझन, घबराहट, मिर्गी, डिप्रेशन, सिर दर्द, चक्कर, भूत प्रेत व अपने से बात करना आदि मानसिक बीमारियों के लक्षण हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को कम से कम 6 से 8 घंटे की नींद लेना जरूरी है। इसके साथ ही रोजाना व्यायाम करें। इस मौके पर साइकेट्रिक सोशल वर्कर उमेश कुमार, कमला मिश्रा, रोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।

सांसद को सौंपा मांग पत्र

गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिह उर्फ राजा भैया को गुरुवार को जय हिन्द परिषद के संस्थापक व अध्यक्ष पवन सिंह ने दर्जनों गन्ना किसानों के साथ एक सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसमें गन्ना क्रय केन्द्र बजाज चीनी मिल से हटा कर अन्य मिल को आंवटन कराने की मांग की है। सांसद सौंपे ज्ञापन में किसानों ने कहा कि वजीरगंज क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्र बानेपुर, बंधवा, नियामतपुर, रामपुर का गन्ना बजाज चीनी मिल को सप्लाई होता है। कृषकों को गन्ना बकाए का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे किसान परेशान हैं। जबकि, जिले की अन्य मिलें किसानों का भुगतान 14 दिन के अंदर कर रही हैं। इस मौके पर पिंटू सिंह चैखट, जितेन्द्र सिंह, सुरेश पान्डेय, अनिल सिंह, इस्लाम, राजनाथ सिंह, अमर बहादुर सिंह, विजय यादव, राजू तिवारी, तारक तिवारी, पप्पू सिंह आदि मौजूद रहे।

कजली तीज के मौके पर रहेगा रूट परिवर्तन

गोंडा जिले के दुखहरन नाथ तथा पृथ्वीनाथ मंदिरों में कजली तीज पर जलाभिषेक के लिए आने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने शनिवार दोपहर 12 बजे से यातायात व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया है। एसपी अंकित मित्तल ने बताया कि कजली तीज के दृष्टिगत दोनों मंदिरों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। वे कर्नलगंज स्थित सरयू नदी से जल भरकर जिले के विभिन्न मार्गों से होते हुए जलाभिषेक करते हैं। ऐसी स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सीमावर्ती जनपदों से बड़े वाहनों का डायवर्जन 16 सितम्बर को दोपहर 12 बजे से 19 सितम्बर सुबह 8 बजे तक किया जायेगा। उन्होंने बताया कि अति आवश्यक सेवाओं वाले भारी वाहन आवश्यकतानुसार परिवर्तित मार्ग से गन्तब्य को जा सकेंगे। एंबुलेंस के आवागमन में किसी तरह का व्यवधान नहीं होगा।

लेखपाल संघ का चुनाव सम्पन्न

उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ जनपद गोंडा के मनकापुर ईकाई का द्विवर्षीय चुनाव गुरुवार को सम्पन्न हुआ। अध्यक्ष पद पर दुर्गेश कुमार वर्मा और मंत्री पद पर राम पूजन सिंह विजयी हुए। तीन चुनाव अधिकारियों जय प्रकाश वर्मा, मनीष शुक्ल और विनय कुमार यादव की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई। अध्यक्ष पद पर अजय कुमार भारती तथा दुर्गेश कुमार वर्मा के बीच मुकाबला हुआ। मंत्री पद पर प्रवीण चंद्र शुक्ल व राम पूजन के बीच मुकाबला हुआ। शेष बाकी पदों पर एकल नामांकन दाखिल हुए। चुनाव अधिकारी जय प्रकाश वर्मा ने बताया कि दुर्गेश कुमार वर्मा अध्यक्ष पद पर विजयी हुए। मंत्री पद पर राम पूजन सिंह विजयी घोषित किए गए। स्वामीनाथ शुक्ल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुल्तान अहमद कनिष्ठ उपाध्यक्ष, निर्मल कुमार उपमंत्री, विष्णु प्रताप यादव कोषाध्यक्ष, राकेश कुमार श्रीवास्तव आडीटर निविरोध चुने गए।

लम्बी के प्रकोप से तीन गायों की मौत

गोंडा जिले में लंपी बीमारी के प्रकोप से तीन गायों की मौत हो गई, दो दर्जन से अधिक मवेशी बीमार हैं। सूत्रों ने बताया कि विकास खंड रूपईडीह के अचल नगर गांव के सियाराम चैहान की तीन गायों की लंपी बीमारी से मौत हो गई। देवरिया खाम के पशु पालक अनोखी विश्वकर्मा, ककरा बलुआ के पीरु खान, भागू पुरवा के हसमुल्लाह, गड़रियन पुरवा के महादेव मिश्रा, परसदा के पिंटू पाण्डेय, इमिलिया के हजारी लाल, भगवानदीन पुरवा के बसंत यादव, छिटनापुर के अशोक सोनकर, खरगूपुर के फूलचंद शास्त्री, खनवापुर के यदुनंदन तिवारी की गायें व भंगहा के बाबूराम वर्मा, इमिलिया के राघव यादव की भैंसें बीमार भी लम्पी से बीमार हैं। पशुपालकों ने बताया कि जानवरों के शरीर पर कई स्थानों पर गांठ पड़ गए हैं, जिससे उन्हें तेज बुखार व सुस्ती आ जाती है। इस बीमारी से बचाव के लिए पशुपालन विभाग द्वारा अभी तक क्षेत्र में टीकाकरण भी नहीं कराया जा सका है। खरगूपुर पशु अस्पताल के सतीश मिश्रा ने बताया कि टीकाकरण अभियान जारी है।

अवैद्यनाथ की पुण्य तिथि पर संगोष्ठी

हिन्दू समाज में सभी जाति वर्ग व पंथ सम्प्रदाय में समरसता एकता व प्रेम सद्भाव पैदा कर उन्हें संगठित करने के लिए गुरु अवैद्यनाथ आजीवन समर्पित रहे। गरीब असहाय वर्ग को समाज की मुख्य धारा में लाने के लिए संगठित प्रयास किया जाना चाहिए। यह बात विश्व हिन्दू महासंघ के तत्वाधान में गोंडा के मुंजहा बाबा आश्रम में गुरुवार को गुरु अवैद्यनाथ की नवीं पुण्य तिथि पर आयोजित सामाजिक समरसता हिन्दुत्व का प्राण विषयक संगोष्ठी में बोलते हुए महासंघ के संभागीय प्रभारी दिग्विजय सिंह राणा ने कही। उन्होंने कहा कि गुरु के महान आदर्शो पर चलते हुए उनके शिष्य योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में जनता की दिन रात सेवा कर रहे हैं। प्रदेश महामंत्री गंगा शर्मा ने कहा कि हिन्दू समाज को सबल बनाने के लिए ऐसे समरसता भोज जैसे कार्यक्रम अनवरत चलाए जाने की जरूरत है। जिलाध्यक्ष विजय कुमार मिश्र ने कहा कि मुंजहा आश्रम में समरसता भोज का आयोजन समय समय पर किया जाता रहा है। संगोष्ठी को सुन्दर सिंह बाबू, चैधरी विजय सिंह ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में अनिरुद्ध सिंह, अर्चना उपाध्याय, संत मिश्र, अमित शुक्ल, जय प्रकाश तिवारी, विजय मिश्र, हर्ष सोनकर, कृष्ण मुरारी उर्फ गल्ले महाराज, सुनीता तिवारी, श्रेया सिंह, संतोष गुप्ता व ममता श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।

एलबीएस में मनाया गया हिन्दी दिवस

गोंडा के लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में हिंदी दिवस पर हिंदी विभाग ने कालेज के तीन दिवंगत हिन्दी आचार्यों डॉ. छोटेलाल दीक्षित, डॉ. बृजभूषण लाल श्रीवास्तव व डॉ. अनंत रघुनाथ सहस्रबुद्धे की स्मृति को समर्पित मानक शब्द लेखन प्रतियोगिता, लघु कथा लेखन प्रतियोगिता और कविता पाठ प्रतियोगिताएं आयोजित कीं। लघु कथा लेखन प्रतियोगिता और मानक शब्द लेखन प्रतियोगिता में 48 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कविता पाठ प्रतियोगिता में 39 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। रोशनी दूबे ने प्रथम, प्रिया शुक्ला ने द्वितीय और नंदिनी शुक्ला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सच्ची सिंह और खुशी गुप्ता को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. बी.पी. सिंह ने हिंदी विभाग एवं समस्त विद्यार्थियों को इस अवसर पर बधाई दी। हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र नाथ मिश्र ने हिंदी की असाधारण प्रगति की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि हिंदी विश्वभाषा बनने की ओर अग्रसर है। अपने देश में किंचित राजनीति होती रहती है, फिर भी हिंदी लोगों के दिलों पर राज कर रही है और अपनी आंतरिक शक्ति से विजयिनी बनी हुई है। प्रतियोगिताओं के निर्णायक का दायित्व प्रो. संजय कुमार पांडेय, प्रो. अमन चंद्रा और प्रो. मंशाराम वर्मा ने निभाया। विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप गोंडा के इतिहास पर अजय सिंह लिखित घाघरा पार पुस्तक प्रदान किया गया। संचालन प्रो. जयशंकर तिवारी ने किया। इस अवसर पर प्रो. पवन कुमार सिंह और डॉक्टर मुक्ता टंडन भी उपस्थित रहे।

स्टाम्प दरों में संशोधन की सूची प्रस्तावित

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने सर्व साधारण को सूचित किया है कि शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश स्टाम्प (सम्पत्ति का मूल्यांकन) नियमावली 1997 के नियम 4 के अन्तर्गत जनपद में स्थित सम्पत्तियों की पुनरीक्षित मूल्यांकन सूची आगामी एक अक्टूबर से जिले में लागू की जानी है। इसके लिए अनन्तिम पुनरीक्षित दर की सूची तैयार कर ली गयी है, जो जनपद के सभी उपनिबन्धक, तहसीलदार, उप जिलाधिकारी, सहायक महानिरीक्षक निबन्धन, अपर जिलाधिकारी के कार्यालय में सर्व साधारण के अवलोकनार्थ रखी गई है। पुनरीक्षित दरों के सम्बंध में यदि किसी को कोई आपत्ति अथवा सुझाव हो तो वह आगामी 21 सितम्बर सायं 5 बजे तक लिखित रूप से सम्बंधित कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। इसके बाद प्राप्त किसी आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जायेगा।

डीआरएम ने किया अस्पताल का निरीक्षण

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल सदैव अपने यात्रियों को संरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। इसी परिप्रेक्ष्य में गुरुवार को मण्डल रेल प्रबन्धक आदित्य कुमार ने मुख्य परियोजना प्रबन्धक राघवेन्द्र कुमार व शाखा अधिकारियों के साथ गोंडा परिक्षेत्र का संरक्षा, सुरक्षा तथा विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारी कल्याण पर भी चर्चा की। निरीक्षण के क्रम में वह गोंडा स्थित उप मण्डलीय चिकित्सालय पहुंचकर औषधि भण्डार, पुरुष एवं महिला वार्ड, रजिस्ट्रेशन एवं ओ.पी.डी कक्ष को देखा। ’लोको शेड’ में किये जा रहे निर्माण कार्यो का निरीक्षण करके उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निरंतर मानिटरिंग करने को कहा। हमारे सहयोगी पंकज भारतीय ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक बादशाह नगर, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक गोण्डा, वरिष्ठ मण्डल यॉत्रिक इंजीनियर समन्वय, वरिष्ठ मण्डल यॉत्रिक इंजीनियर, एरिया मैनेजर, सहायक सुरक्षा आयुक्त तथा अन्य अधिकारीगण व कर्मचारी उपस्थित थे।

पिछड़े वर्ग के बच्चों को मिलेगा कम्प्यूटर प्रशिक्षण

गोंडा के जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार ने बताया कि अन्य पिछड़े वर्ग के युवक व युवतियों को ओ लेवल एवं ट्रिपल सी लेबल का निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण दिया जाना है। इसके लिए इच्छुक प्रशिक्षार्थी आनलाईन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रति डाउनलोड कर समस्त अभिलेखों सहित 20 सितंबर तक विकास भवन स्थित उनके कार्यालय के कक्ष संख्या 2106 में जमा किया जा सकता है।

हिन्दी दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

नेहरू युवा केन्द्र गोंडा के जिला समन्वयक तरंग सारस्वत के निर्देशानुसार हिन्दी दिवस के अवसर पर विकास खण्ड रुपईडीह अन्तर्गत श्रीमती रामकुमारी इण्टर कॉलेज आर्यनगर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रवण कुमार शुक्ल एवं विशिष्ट अतिथि शोधकर्ता डॉक्टर संजय शुक्ला रहे। श्रवण शुक्ल ने कहा कि हिन्दी भाषा पर हमें गर्व होना चाहिए। यह हमारी संस्कृति ही नहीं, हमारी पहचान है। डॉक्टर संजय ने कहा कि यदि हम अपने प्रदेश या देश से बाहर होते हैं, तो अकेलापन महसूस करते हैं। यदि वहां कोई हिन्दी भाषा बोलने वाला मिल जाता है तो अपनापन लगने लगता है। कार्यक्रम को आनन्द पाण्डेय, सुरेश यादव ने भी सम्बोधित किया। जिला प्रशिक्षक रजनी कान्त तिवारी ने हिन्दी पखवाड़ा के अन्तर्गत होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। संचालन हरिश्चन्द्र शुक्ल ने किया। कार्यक्रम में विष्णु कान्त शुक्ल, वर्षा श्रीवास्तव, श्रवण दूबे, युवा रजनीश शुक्ला, अजय पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

हिन्दी दिवस पर हिन्दी शिक्षकों का सम्मान

गोंडा के बेलसर में स्थित महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित कर हिंदी प्रवक्ता सुग्रीव प्रसाद एवं कन्हैया लाल को अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं साहित्य देकर सम्मानित किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारत की संविधान सभा ने 14 सितंबर, 1949 को देवनागरी लिपि में लिखी हिंदी को भारत की आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया था। आधिकारिक तौर पर पहला हिंदी दिवस 14 सितंबर 1953 को मनाया गया था। हिंदी एक ऐसी भाषा है, जो सभी धर्मों के लोगों को आपस में जोड़े रखने का काम करती है। यह एक संस्कृति, वेशभूषा, रहन-सहन और पहचान है। संचालन शिक्षक अशोक कुमार ने किया। इस अवसर पर हिंदी भाषा का महत्व विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें ज्योति भारती ने प्रथम, सुमन यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उन्हें प्रधानाचार्य द्वारा पुरस्कृत किया गया। गोष्ठी में अमित वर्मा, उमेश गुप्ता, सुजीत श्रीवास्तव, मोहम्मद यूनुस, रामेश्वर प्रताप, राजेश पांडेय आदि मौजूद रहे।

पुरानी पेंशन बहाली के लिए 21 को आन्दोलन

गोंडा के जिला संयोजक इंद्रपाल तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में गुरुवार को पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे को गंभीरता से उठाया गया। शिक्षकों ने कहा कि पुरानी पेंशन हमारे बुढ़ापे का एकमात्र सहारा है। यह कोई भीख नहीं है। यह हमारा अधिकार है। जब तक पुरानी पेंशन बहाली का आदेश नहीं जारी होता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आगामी 21 सितम्बर को प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने के लिए गेट मीटिंग करके हड़ताल के लिए सहमति पत्र कर्मचारियों और शिक्षकों द्वारा भरा जाएगा। इस बार केंद्रीय कर्मचारी भी हमारे साथ शामिल हो रहे हैं। बैठक में पेंशनर संगठन के सीतापति राम मिश्र, आईटीआई कर्मचारी संघ के विजय बरवार, नलकूप सिंचाई संघ के पूर्व अध्यक्ष महीप कुमार दुबे, उत्तर प्रदेशीय पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के मण्डल अध्यक्ष वीर विक्रम सिंह, जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय, यशवंत पांडेय, आजाद बेग, वीके पाण्डेय, आशुतोष वर्मा, राम नरेश वर्मा, डॉ विजय कुमार पांडेय, महामंत्री रवीन्द्र कुमार, आलोक मिश्र, सुभाष चंद्र शुक्ल, कृपाराम यादव, विष्णु कुमार यादव, सुभाष चंद्र शुक्ला, अमन कुमार, प्रसून राज, ओम प्रकाश सरोज, कृपा राम यादव, लव कुमार, विनय कुमार त्रिपाठी, संजीव मिश्रा आदि मौजूद रहे।

पीएम के जन्म दिन पर रक्तदान करेंगे भाजपाई

गोंडा में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित भाजपा युवा मोर्चा की बैठक में जिलाध्यक्ष अमर किशोर व युवा मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करेंगे। प्रधानमंत्री के 73वें जन्म दिवस पर 73 यूनिट से अधिक रक्तदान करने का संकल्प लिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दीपक गुप्ता ने पिछले वर्ष की भांति कैंप लगाकर रक्तदान करने का संकल्प लिया। संचालन महामंत्री विनीत सिंह ने किया। बैठक में अभिषेक सिंह, चंद्रकांत तिवारी, वीरेंद्र यादव, अभिषेक शुक्ला, सौरव तिवारी, सुमित श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

समूह सखी का प्रशिक्षण सम्पन्न

गोंडा जिले के वजीरगंज विकास खण्ड सभागार में राज्य आजीविका मिशन के तहत समूह सखी का पांच दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। बिहार प्रान्त से आये प्रशिक्षकों ने सखी एप्लिकेशन के संचालन के साथ उसमें विवरण भरना सिखाया। ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार राज्य आजीविका मिशन कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर नियुक्त सखी को मोबाइल के माध्यम से सखी एप्लिकेशन का संचालन कर समूह की गतिविधियों को ऑनलाइन भरना है। इसका पांच दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार को सम्पन्न हुआ। बिहार प्रान्त से प्रशिक्षक विनोद कुमार पासवान व महेश राय ने क्षेत्र की 35 समूह सखी को प्रशिक्षित किया। इस दौरान समूह सखी को कार्य करने में आ रही समस्याओं का निस्तारण किया गया। हमारे सहयोगी विजय शुक्ल ने बताया कि प्रशिक्षण में 35 समूह सखियों ने भाग लिया, जिसमें रंजना सिंह, फरजाना बानो, सपना, संगीता सिंह, काजल आदि शामिल रहीं।

एसडीएम को सौंपा मांग पत्र

हापुड़ में हुई घटना के विरोध में गोंडा जिले के तरबगंज तहसील के अधिवक्ताओं ने भी धरना प्रदर्शन करते हुए एसडीम भारत भार्गव को ज्ञापन सौंपा। हमारे सहयोगी प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि अधिवक्ताओं ने कचहरी से पंडित दीनदयाल चैराहे तक नारेबाजी करते हुए हापुड़ के जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को हटाए जाने की मांग की। साथ ही लाठीचार्ज में जख्मी अधिवक्ताओं को मुआवजा देने की मांग की।

हिन्दी दिवस पर मेधावी बच्चे सम्मानित

गोंडा के बरियारपुरवा स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल में गुरुवार को हिन्दी दिवस मनाया गया। प्रति कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रबंधक एसपी गुप्ता द्वारा सम्मानित किया जाएगा। प्रधानाचार्य वेद प्रकाश में बताया कि हिन्दी हमारी मातृभाषा है। इसका हमें गर्व है। हम सभी को दैनिक दिनचर्या में हिंदी भाषा का सदैव प्रयोग करना चाहिए। हमारे सहयोगी पंकज भारतीय ने बताया कि इस अवसर पर उप प्रधान अध्यापक मीना सिंह, दीपक मंडल, श्याम जी मिश्रा, चंद्र प्रकाश शुक्ला, पवन श्रीवास्तव, शिल्पी अग्रवाल, अनुराधा सिंह, सीमा शर्मा, पुष्पा जयसवाल और विद्यालय के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular