Sunday, February 15, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : हरियाणा से चुनाव लड़ने को तैयार हैं बृजभूषण

Gonda Capsule : हरियाणा से चुनाव लड़ने को तैयार हैं बृजभूषण

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। कैसरगंज से भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा है कि यदि पार्टी उन्हें हरियाणा से लोकसभा का चुनाव लड़ाने का फैसला करती है, तो वह इसके लिए तैयार हैं। शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर पार्टी द्वारा आयोजित सामाजिक समरसता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए सांसद ने कहा कि मुझे हरियाणा से बहुत ज्यादा समर्थन मिल रहा है। वहां से विशेषकर जाट समाज से यह आमंत्रण हमारे पास आता है। लोग मिलते हैं कि आप आइये और हरियाणा से चुनाव लड़िये, हम आपको अपने यहां से चुनाव जिताएंगे। अगर पार्टी मुझे मौका देगी तो हम वहां से चुनाव जरूर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अभी कांग्रेस के लोग यह समझ ही नहीं पा रहे हैं कि राजनीति है क्या और किस बात के लिए अलीगढ़ विश्वविद्यालय में फिलिस्तीन के समर्थन में जुलूस निकलता है? दिल्ली विश्वविद्यालय में बैठे हुए अराजकतत्व जुलूस निकाल रहे हैं और हमारी कांग्रेस उनका समर्थन कर रही है। यह देश का दुर्भाग्य है।“ भाजपा सांसद ने कहा, कि कांग्रेस के लोग अभी तक यह राफेल-राफेल कर रहे थे। अब किसी ने बताया होगा तो इसके पीछे पड़ गए। उन्होंने कहा कि दुनिया में इस समय उथल-पुथल मचा हुआ है। इजराइल और फिलिस्तीन का मामला चल रहा है। रूस और यूक्रेन का मामला अभी बंद नहीं हुआ। हम लोगों को गर्व होना चाहिए कि जब पूरी दुनिया परेशान है, तब उसे परेशानी के वक्त केवल मोदी नजर आते हैं और भारत दिखाई पड़ता है। सांसद ने कहा कि जाति, धर्म, गरीबी और फटे कपड़े के नाम पर लोगों का अपमान करने वाले देशद्रोही हैं। बताते चलें कि हरियाणा के पहलवानों द्वारा पिछले दिनों भाजपा सांसद पर गंभीर आरोप लगाने के बाद देश में राजनीति गर्म हो गई थी।

भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता का सेवक-असीम अरुण

उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा है कि आगामी लोकसभा के चुनाव में भाजपा को हवा में उड़ जाने वाली पार्टी बताने वाले दिवा स्वप्न देख रहे हैं। सच्चाई यह है कि भारतीय जनता पार्टी का हर चुनाव के बाद मतदाताओं का समर्थन बढ़ता जा रहा है। वह शुक्रवार को पार्टी द्वारा आयोजित अमृत काल में सहभागिता कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर गोंडा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो सबको साथ में लेकर चलती है और सभी के विकास की चिंता करती है। इसी कारण भाजपा का वोट बैंक और सीटें लगातार बढ़ रही हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को सर्वेंट डिप्टी सीएम कहे जाने पर समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता अपने आपको सेवक मानकर चलता है। हम सब लोग सेवक हैं। हमारा काम ही प्रदेश की जनता का सेवा करना है। हमको राजा बनने के लिए जनता ने नहीं चुना है। हमको सेवा करने के लिए चुना है। जिले में पहुंचते ही मंत्री ने अंबेडकर चौराहे पर स्थापित डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने वेंकटरचार क्लब में लगाए गए कौशल विकास, कृषि, उद्योग, मत्स्य, बैंक सहित विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने अरगा ब्रांड चला रही महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बात की। इस दौरान विधायक रमापति शास्त्री, बावन सिंह समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

ज्यादा तर्कसंगत बनाया जाएगा भरण पोषण कानून

उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा है कि उप्र भरण पोषण और कल्याण नियमावली संशोधन का अभी परीक्षण किया जा रहा है। इसीलिए कैबिनेट से पास नहीं हुआ है। दो सप्ताह के अंदर विधिवत अध्ययन और परीक्षण के उपरांत कैबिनेट में रखा जाएगा और पास कराया जाएगा। एक दिवसीय दौरे पर गोंडा आए असीम अरुण ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि नियमावली के मूल में ही परिवर्तन की आवश्यकता महसूस हो रही है, क्योंकि वर्तमान कानून में हर तहसील में एसडीएम की अध्यक्षता में एक ट्रिब्युनल बनाया गया है। इसका काम वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा करना और उनको अधिकार दिलाना है। हम लोग इसमें पहला प्रस्ताव कर रहे हैं कि अगर उनके घर में रहने वाले बच्चे एसडीएम का आदेश नहीं मानते है, तो उनको उस घर से बाहर कौन निकालेगा। ऐसा प्रावधान उसमें नहीं था। अब यह अधिकार पुलिस को दिया जा रहा है। दूसरा संशोधन, इस आदेश के खिलाफ अपील का प्रावधान किया जा रहा है, जो उनके बच्चे कर सकते हैं। तीसरा, यदि कोई ऐसा वरिष्ठ नागरिक है, जिसकी संपत्ति उसे अपने पूर्वजों से मिली है, तो क्या वह उससे अपने बच्चों को बेदखल कर सकते हैं या नहीं। इसका भी थोड़ा विधि परीक्षण किया जा रहा है। उसके बाद जो कानून संगत राय होगी, उसी के अनुरूप इसे मूर्त रूप दिया जाएगा।

संक्रामक बीमारियों के रोकथाम के लिए प्रबंध करने के निर्देश

जिले में वायरल बुखार से पीड़ित काफी लोगों के चिकित्सालयों में पहुंचने तथा डेंगू व मलेरिया से प्रभावित कई लोगों के भर्ती होने की सूचनाएं प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी रोकथाम हेतु स्थानीय निकायों व ग्राम पंचायतों को सख्त निर्देश दिये है। उन्होंने सभी नगर निकायों व ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान संचालित करने व सघन रूप से फागिंग व जलभराव वाले क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर व चूने का छिड़काव करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्थानीय निकाय प्रभारी व डीपीआरओ को निर्देश दिए कि वह समस्त नगर निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई अभियान को गति प्रदान करते हुए सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें ताकि संक्रामक रोगों बीमारियों के प्रसार पर प्रभावी रोकथाम हो सके। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद एवं विकासखण्ड मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष क्रियाशील कराते हुए अभियान की सघन समीक्षा की जाय। प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय द्वारा अधिशासी अधिकारियों से एवं जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा खण्ड विकास अधिकारियों से सफाई अभियान के सम्बन्ध में दैनिक रिपोर्ट प्राप्त कर प्रतिदिन प्रस्तुत की जायेगी।

सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि मनकापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत झिलाही निवासी अशोक कुमार उर्फ छेदी (42), डीहबल निवासी राघवेंद्र कुमार (25) व सुबोध प्रताप (32) एक ही मोटर साइकिल पर सवार होकर गोंडा मुख्यालय आ रहे थे। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अन्तर्गत गोंडा-अयोध्या मार्ग पर कमल पेट्रोल पम्प के पास शुक्रवार को एक बाइक पर सवार तीन युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। परिणाम स्वरूप घटना स्थल पर ही अशोक कुमार और राघवेंद्र कुमार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सुबोध को गंभीर अवस्था में गोंडा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रकरण में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस वाहन की तलाश में जुट गई है।

जिले भर में रही मेरी माटी मेरा देश आयोजनों की धूम

गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने कहा है कि देश को आजादी दिलाने में अमर शहीदों की अहम भूमिका रही है। इन्हीं अमर शहीदों की बदौलत हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। वह शुक्रवार को मनकापुर ब्लाक परिसर में आयोजित अमृत महोत्सव के तहत मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। सांसद ने ब्लॉक परिसर में अमर शहीद स्मारक वाटिका पर पुष्प अर्पित किए। प्रभारी बीडीओ विष्णु कुमार प्रजापति ने पंच प्रण की सामूहिक रूप से शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख जगदेव चौधरी व संचालन बब्बू मिश्रा ने किया। इसी प्रकार छंपिया ब्लॉक मुख्यालय से खालेगांव तक रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया गया। इसका शुभारंभ विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि सभी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की यादों और उनके त्याग और बलिदान को याद करना चाहिए। इस मौके पर बीडीओ ओम प्रकाश यादव, एडीओ पंचायत हरिओम पाल, भूपेश मिश्र, जितेंद्र पांडेय, संजय जायसवाल, रवि जायसवाल, दिनेश प्रजापति, राम तीरथ वर्मा, जसवंत सिंह आदि रहे। इसी प्रकार तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय की अध्यक्षता में कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें विकास खंड बेलसर के 48 ग्राम पंचायतों से मिट्टी ब्लॉक मुख्यालय पर एकत्र की गई। इस दौरान ब्लाक प्रमुख बेलसर राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, बीडीओ विजय कांत मिश्र, एडीओ गिरजेश पटेल, पूर्णिमा त्रिपाठी, प्रिंशी श्रीवास्तव, रंजीत प्रजापति, मो. अरमान, चंद्रभूषण शरण सिंह, राघवेन्द्र तिवारी, रज्जन बाबा. अनिल पांडे अन्य अन्य लोग मौजूद रहे रहे। तरबगंज विकास खण्ड के सभागार में मेरा-माटी, मेरा देश की कलश यात्रा ब्लॉक प्रमुख मनोज कुमार पांडेय, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में निकाली गई। कलश यात्रा की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के शिलापट पर माल्यार्पण से हुई। ब्लॉक प्रमुख ने 54 ग्राम प्रधानों और प्रतिनिधियों से गांव की मिट्टी कलश में इकट्ठा किया। बच्चों ने कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। कार्यक्रम का संचालन कर्मचारी नेता नरसिंह नारायण पांडेय ने किया। इस अवसर पर घनश्याम जायसवाल, श्रीनारायण पांडेय, बीडीओ रवि गुप्ता, एडीओ पंचायत दुर्गा प्रसाद मिश्र, लालजी सिंह रहे।

दुर्गा पूजा महासमिति ने सौंपा मांग पत्र

शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा व विजय दशमी को सकुशल संपन्न कराने के लिए केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष अरुण शुक्ल व महामंत्री राकेश वर्मा गुड्डू ने डीएम व एसपी को एक ज्ञापन सौंपा है। गुरुवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित केन्द्रीय शांति समिति की बैठक के उपरांत सौंपे गए ज्ञापन में विभिन्न समितियों के सुझावों एवं समस्याओं का उल्लेख किया गया है। दोनों अफसरों ने समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। यह जानकारी देते हुए महासमिति के अध्यक्ष ने बताया कि मांग पत्र में नवरात्रि में पूरे जिले को विद्युत कटौती से मुक्त रखने, निर्बाध जलापूर्ति करने, क्षतिग्रस्त विसर्जन मार्ग को शीघ्र मरम्मत कराकर ठीक कराए जाने, विसर्जन मार्ग में पड़ने वाले पेड़ों की डालियों व विद्युत तारों को भी विसर्जन से पूर्व ठीक कराने, पूरे जिले में नवरात्रि तक मांस-मछली आदि की दुकानों को बंद रखने, दुर्गा पूजा महापर्व के दृष्टिगत एंटी रोमियो स्क्वायड को सक्रिय किए जाने, विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की गई है। महासमिति के अध्यक्ष ने बताया कि कर्नलगंज तहसील को छोड़कर सारी प्रतिमाएं 24 अक्टूबर को विसर्जित हांगी, जबकि कर्नलगंज तहसील की प्रतिमाएं 25 अक्टूबर को विसर्जित होंगी।

मारपीट का आरोपी गिरफ्तार

गोंडा जिले के खरगूपुर थाने में अनुसूचित जाति के एक युवक पर हमला कर घायल करने के आरोप में पुलिस ने एससी एसटी के तहत दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। ग्राम पंचायत नौशहरा के मजरा बिरतिहा निवासी राम बच्चन ने गांव के ही पवन कुमार चौबे तथा अरुण कुमार चौबे पर अपने बेटे अभिमन्यु की लाठी डंडे से पिटाई करने तथा जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली देने का आरोप लगाया था। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर घायल युवक के चिकित्सीय परीक्षण हेतु स्थानीय चिकित्सालय भेजवाया गया है।

मोतीगंज में महिला थाना प्रभारी तैनात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महिला थाने के अतिरिक्त जिले में एक थाने की कमान महिला दारोगा को सौंपी गई है। एसपी अंकित मित्तल ने पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक प्रतिभा सिंह को मोतीगंज का थानाध्यक्ष बनाया है। इस पद पर तैनात कृष्ण गोपाल राय को डीसीआरबी का प्रभारी बनाया गया है। जिले में महिला थाना को छोड़कर अभी तक किसी भी थाने में महिला इंस्पेक्टर को जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई थी। कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश दिए थे कि हर जिले में महिला थाने के अलावा एक अन्य थाने की कमान भी महिला को दी जाए। इसके अनुपालन में उपनिरीक्षक प्रतिभा सिंह को मोतीगंज में तैनाती दी गई। है। एसपी ने डीसीआरबी के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह को अपराध शाखा का प्रभारी बनाया है।

कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित

दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा संचालित जन शिक्षण संस्थान गोंडा में कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। नेहरू युवा केन्द्र के जिला समन्वयक तरंग सारस्वत, संस्थान के निदेशक जयदीप ढोढियाल एवं जिला प्रशिक्षक रजनी कान्त तिवारी ने नाना जी देशमुख व दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। सारस्वत ने अपने सम्बोधन में कहा कि कौशल का सही विकास तभी होगा, जब हम समय-समय पर नई-नई चीजों सीखते रहेंगे। संस्थान के निदेशक ने प्रधानमंत्री द्वारा कौशल, अपकौशल तथा रीकौशल थीम पर कार्य करने की बात कहते हुए संस्थान के प्रशिक्षक श्रवण कुमार को दिल्ली में सम्मानित किए जाने पर संस्थान के मास्टर ट्रेनरों के कार्य कुशलता की सराहना की। संचालन कृष्ण प्रसाद दूबे व अध्यक्षता प्राचार्य हनुमंत लाल पाण्डेय ने की। विनय सारस्वत ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विनय श्रीवास्तव, नीलम शुक्ला, भवानी सहाय, संतोष सिंह, कमलेश पाण्डेय, विनय कुमार मौर्य, मंजू वर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षित उद्यमी प्रिंसी शुक्ला, रिंकी तिवारी, रईस, शिवेश, मीरा पाण्डेय, सुमन, श्रेया पाण्डेय, खुशी द्विवेदी, आनंद ओझा, शुभम, कंचन वर्मा आदि को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पगडंडी में बदल गई सड़क

गोंडा जिले के प्रसिद्ध जनकवि व शायर रामनाथ सिंह “अदम गोंडवी“ के गांव आंटा गजराज पुरवा को जाने वाली सड़क पगडंडी में तब्दील हो गई है। उन्होंने अपने गांव की दुर्दशा पर कभी अपनी कविता में कहा था-“फटे कपड़ों में तन ढांके गुजरता हो जहां कोई, समझ लेना वो पगडंडी अदम के गांव जाती है।“ बता दें कि वर्ष 2007 में अदम जी ने जब गांव के पगडंडी पर सड़क बनाने के लिए आवाज उठाई, तो तत्कालीन जिलाधिकारी मुक्तेश मोहन मिश्र ने सड़क निर्माण की पहल की। बाद में वर्ष 2011 में भी तत्कालीन जिलाधिकारी राम बहादुर ने गांव में कई विकास कार्य कराने के साथ सड़क बनवाई थी। काफी दिनों से सड़क की गिट्टियां उजड़ रही हैं। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि सड़क अब दोबारा पगडंडी बन गई है और इस सड़क की मरम्मत कराने के लिए कोई आगे नहीं आ रहा है। ग्राम वासियों ने इस सड़क को शीघ्र बनवाने की मांग जिला प्रशासन से की है।

आगजनी का आरोपी गया जेल

गोंडा जिले के खरगूपुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मारपीट व आगजनी करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। थाना क्षेत्र के महादेव कला गांव निवासी गोविंद पांडेय पुत्र विजय पांडेय के खिलाफ गांव निवासी राम कुबेर पांडेय के द्वारा स्थानीय थाने में मारपीट समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। तभी से पुलिस उक्त आरोपी की तलाश में लगी हुई थी। शुक्रवार को उप निरीक्षक चंद्रशेन वर्मा टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण पर निकले हुए थे, तभी मुखबिर खास की सूचना पर उपरोक्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उक्त आरोपी के द्वारा पुरानी रंजिश के चलते गांव निवासी राम कुबेर पांडेय व उनके परिजनों को गाली गलौज करते हुए मारा पीटा था तथा रिहायशी झोपड़ी में आग लगा दी थी।

नेत्र शिविर का आयोजन 17 को

गोंडा जनपद के इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आगामी 17 अक्टूबर को मुफ्त नेत्र शिविर का आयोजन किया जाएगा। यहां मोतियाबिंद का मुफ्त ऑपरेशन होगा। क्षेत्र के समस्त मोतियाबिंद मरीज अपने आधार कार्ड, मोबाइल फोन और एक सहयोगी के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में समय से पहुंचकर शिविर का लाभ ले सकते हैं। यह जानकारी हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय को सीएचसी के अधीक्षक डा. सुनील कुमार ने दी है।

नवरात्र में होगी संगीतमयी रामकथा

गोंडा जनपद के इटियाथोक कस्बे में स्थित मां काली स्थान पर मंदिर सेवा समिति द्वारा नवरात्र के पावन अवसर पर आगामी 16 से 22 अक्टूबर तक संगीतमयी श्रीमद भागवत कथा का भव्य आयोजन किया गया है। आयोजक मंडल के सदस्यों ने हमारे सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि कथा प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलेगी। यहां कथाव्यास के रूप में वृंदावनधाम से श्रीराधे प्रियाजी महाराज को आमंत्रित किया गया है। कथा के दौरान अयोध्या धाम से पधार रहे पांडेय म्यूजिकल ग्रुप की टीम द्वारा मनमोहन संगीत प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन की तैयारी में समाजसेवी राजेश दुबे, शिक्षक सुरेश नारायण पांडेय, शिक्षक कमलकांत शुक्ला, सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यवसाई कृपा शंकर शुक्ला, मनोज मिश्रा, आकाश श्रीवास्तव, जितेंद्र मौर्य, रामपाल आदि तमाम लोग लगे हुए हैं।

धर्म प्रचार के लिए किया जनसम्पर्क

गोंडा क्षेत्र के नवाबगंज गिर्द गांव स्थित शिव-शक्ति हनुमान मंदिर में यशोदा नंदन धाम वृंदावन से पधारे मंदिर के आचार्य राम कृष्ण तिवारी ने सनातन धर्म के लिए लोगों से संपर्क कर जुडने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से अयोध्या धरती तक श्रीकृष्ण की महिमा का बखान और धर्म का प्रचार मे सभी सहयोग करें। तिवारी ने कहा कि श्रीकृष्ण द्वापर युग के योगेश्वर थे। उनके अनुयायियों की संख्या असंख्य है। हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी के अनुसार, इस दौरान हिंदू जनजागरण परिषद राष्ट्रीय महामंत्री अविनाश चंद्र श्रीवास्तव विनोद तिवारी वैभव गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

विश्व आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर कार्यशाला

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विश्व आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर राजस्व, चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस, बाल विकास विभाग द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि रैली, ट्रेनिंग, कार्यशाला मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। वज्रपात से बचने के लिए दामनी ऐप का प्रयोग करें। कार्यक्रम को अपर जिलाधिकारी सुरेश सोनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार सदर, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भी सम्बोधित किया। बैठक में नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, आपदा लिपिक सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

सिटी डाकघर का उद्घाटन

गोंडा की डाक अधीक्षक किरन सिंह ने शुक्रवार को नवीनीकरण कर कार्यानुकूल बनाये गये सिटी डाकघर का उद्घाटन किया। इस मौके पर विभाग द्वारा राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत अन्त्योदय दिवस मनाया गया। इस मौके पर बच्चों व वयस्कों के इक्यावन नए आधार कार्ड बनाये गये, जबकि 15 में अपडेशन किया गया। हमारे सहयोगी पंकज कुमार भारतीय ने बताया कि डाक अधीक्षक डीपी मेमोरियल पब्लिक स्कूल व राजेंद्र नगर पब्लिक स्कूल के बच्चों को सिटी डाकघर का इतिहास व पिन कोड बताया। साथ ही बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए एक-एक पोस्टकार्ड लिखवाकर प्रेषित कराया गया। इस दौरान डाक सहायक प्रकाश मान सिंह, स्टेनो विनोद शर्मा, विशाल श्रीवास्तव, राम प्रकाश गिरी आदि मौजूद रहे।

समाज कल्याण मंत्री को सौंपा गया मांग पत्र

गोंडा में विश्वविद्यालय स्थापना को लेकर छात्र पंचायत द्वारा चलाए जा रहे आन्दोलन के 44वें दिन एक दिवसीय दौरे पर गोंडा पहुंचे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण को ज्ञापन दिया गया। छात्र पंचायत के संयोजक शिवम पांडेय ने बताया कि देवीपाटन मुख्यालय गोंडा में जो जमीन चिन्हित हुई थी, वह जमीन पूर्ण रूप से सरकार की है। इसमें सरकार को कोई धनराशि खर्च करने की आवश्यकता नहीं है। धर्मेंद्र शुक्ला ने कहा कि गोंडा के हर ग्रामवासी की मांग है कि विश्वविद्यालय की स्थापना गोंडा में हो। इस मौके पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कॉलेज अध्यक्ष संदीप शुक्ला, आर्यन पांडेय, अवधेश तिवारी, सुमित श्रीवास्तव, नीरज मिश्रा, शुभम तिवारी, गुलशन, मुकेश, वीरेंद्र पांडे, अवधेश, सत्यम, संदीप, नीरज, नितिन सिंह, आलोक पासवान, अमन आदि उपस्थित रहे।

जीआरपी कोतवाल ने की बैठक

गोंडा जीआरपी के नवागत कोतवाल अरविंद शर्मा ने नवरात्र त्यौहार के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना परिसर में कुलियों व वेंडरों के साथ बैठक की। हमारे सहयोगी पंकज कुमार भारतीय ने बताया कि उन्होंने आटो चालकों, कुलियों व वेंडरों से साफ शब्दों में कहा कि त्यौहारी सीजन होने के कारण स्टेशन परिसर में किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

फुलवारी पब्लिक स्कूल में प्रतियोगिता आयोजित

आयुष विभाग गोंडा के तत्वाधान में योग वेलनेस सेंटर पंडरी कृपाल एवं हेल्थ वेलनेस सेंटर बनगाई द्वारा श्रव्य दृश्य साधनों, पोस्टरों, पुस्तकों, स्लोगन लेखन, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आम जनता में जागरूकता पैदा करने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन फुलवारी पब्लिक स्कूल में किया गया। योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ अरुण कुमार कुरील व डॉ शिव प्रताप वर्मा द्वारा किया गया। इस मौके पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की औषधियों को पोस्टर पर प्रकाशित कर उससे होने वाले लाभ के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नीता सिंह, डा. शिव प्रताप वर्मा, ओम प्रकाश सिंह, अनिल भट्ट, आशीष गुप्ता, अयांश, कृष्णा, कुंज, सौम्या, आयुष आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular