Monday, February 16, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : हत्या के दोषी को उम्र कैद व जुर्माना

Gonda Capsule : हत्या के दोषी को उम्र कैद व जुर्माना

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले में एक अदालत ने करीब 24़ वर्ष पूर्व हुई एक सिपाही की दिन दहाड़े हत्या और लूट के मामले में एक व्यक्ति को दोषी करार देते हुए सश्रम आजीवन कारावास तथा एक लाख 20 हजार रुपये अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) अभिनव चतुर्वेदी ने मंगलवार को बताया कि जिले के कोतवाली देहात थाने में कटरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम निंदूरा निवासी गुलशाद अहमद खां ने 23 अगस्त 1999 को एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया कि वह बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थाने में आरक्षी पद पर तैनात अपने मामू फखरुर्रहमान के साथ नई मोटर साइकिल खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। गोंडा-लखनऊ मार्ग पर ग्राम माधवपुर राय के पास पहुंचने पर पीछे से मोटर साइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने आवाज देकर उन्हें रोका। दो बदमाश उनके साथ हाथा-पाई करने लगे तथा तीसरा अपनी मोटर साइकिल स्टार्ट किए खड़ा रहा। इस बीच एक बदमाश ने फखरुर्रहमान के सिर पर गोली मार दिया और सब फरार हो गए। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर उनकी मौत हो गई। विवेचक ने छानबीन के उपरान्त बस्ती जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र के ग्राम छपिया निवासी राकेश उर्फ बब्बू तिवारी तथा दो अन्य शैलेंद्र सिंह उर्फ बबलू व रविकांत उर्फ राधे के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया। सत्र परीक्षण के दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय डॉ. दीनानाथ ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का परिशीलन करते हुए बचाव व अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयानों तथा उभय पक्ष के अधिवक्ताओं के तर्कों को सुनने के उपरान्त राकेश उर्फ बब्बू तिवारी को दोष सिद्ध करार देते हुए सश्रम आजीवन कारावास और एक लाख 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अदालत ने आदेश दिया कि जुर्माने की 25 फीसद रकम मृतक आरक्षी की पत्नी व 50 फीसद उनके बच्चों को बतौर प्रतिकर प्रदान किया जाय। अनुपस्थिति के कारण दो अन्य अभियुक्तों की पत्रावली अलग कर दी गई।

एलबीएस में मनाया गया शिक्षक दिवस

जिला मुख्यालय पर स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधा कृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस मनाया गया। कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर रवींद्र कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में शिक्षक की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए अपने माता पिता को जीवन दाता के साथ-साथ प्रथम गुरू बताया। प्राचार्य ने कालेज के शिक्षकों अतुल कुमार सिंह, दीना नाथ तिवारी, अजीत मिश्र, ममता शुक्ला एवं राघवेन्द्र मिश्र को सम्मानित किया। शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र मिश्र, विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री प्रो जितेंद्र सिंह, इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. अमन चंद्रा, शिव शरण शुक्ल, श्याम बहादुर सिंह, अभय कुमार श्रीवास्तव, संदीप श्रीवास्तव, बीपी सिंह, जेबी पाल, प्रो रंजन शर्मा, जय शंकर तिवारी, ओम प्रकाश यादव, संजय वर्मा, सतीश तिवारी, शैलेश, वंदना भारती, विवेक प्रताप सिंह, शशि बाला, लोहांश कल्याणी आदि ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का संचालन चमन कौर ने किया।

अयोध्या में 26 बड़े होटलों को बनाने की मंजूरी

राममंदिर निर्माण के साथ ही अयोध्या विश्वस्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में भी विकसित हो रही है। होटल कारोबारियों को भी रामनगरी पसंद आ रही है। कई बड़े समूह अयोध्या में होटल बनाने के लिए लालायित हैं। इसी क्रम में ताज ग्रुप अयोध्या में फाइव स्टार होटल बनाने जा रहा है। ताज सहित अब तक 26 होटलों को स्वीकृति मिल चुकी है। होटलों के निर्माण से रामनगरी में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही आर्थिक समृद्धि भी बढ़ेगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अयोध्या में 100 कमरे वाले विवांता और 120 कमरों वाले जिंजर होटल भी बनाए जाएंगे। अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का काम अगले साल तक पूरा हो जाएगा और जनवरी 2024 से मंदिर के दरवाजे आम जनता के लिए खोल दिए जाएंगे। अयोध्या में बन रहे इंटरनेशनल एयरपोर्ट का काम भी अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। पिछले साल अयोध्या में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालु आए, जिसमें विदेशी पर्यटकों की संख्या दो लाख से अधिक रही। पर्यटन अधिकारी आरपी यादव ने बताया कि राममंदिर के उद्घाटन के बाद हर साल करीब 10 करोड़ श्रद्धालु आएंगे।

सरस्वती विद्या मंदिर में हुआ शिक्षकों का सम्मान

जिला मुख्यालय पर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मोत्सव पर शिक्षक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक श्रीराम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में साकेत संभाग के निरीक्षक अम्बरीश कुमार, प्रधानाचार्य डॉ. बृजेंद्र कुमार मिश्र, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य उमाशंकर तिवारी, बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती पुष्पा मिश्रा के साथ सभी आचार्य व बच्चे उपस्थित रहे। अपने सम्बोधन में प्रदेश निरीक्षक ने कहा कि गुरु के भीतर एक अद्भुत शक्ति होती है, जो अपने शिष्य को आकर्षित करती है। इन्हीं शक्तियों के बदौलत शिष्य सभी चुनौतियों पर विजय प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक के हाथ में निर्माण एवं प्रलय दोनों है। यदि शिक्षक सकारात्मक दृष्टि से किसी बच्चे के भविष्य निर्माण के लिए संकल्पित होता है, तो वह निश्चित ही एक श्रेष्ठ नागरिक बनकर समाज को नई दिशा देता है।

शिक्षकों का हुआ सम्मान

जिले के बेलसर में स्थित महाराजा देवी बख्श इंटर कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वाधान में शिक्षक सम्मान समारोह मनाया गया। परिषद के अवध प्रांत के जनजातीय कार्य प्रमुख रूप नारायण सिंह ने कहा कि एक शिक्षक हमें बिना किसी स्वार्थ के सफलता का रास्ता दिखाता है। प्रांत मंत्री आकाश पटेल ने कहा कि राष्ट्र व समाज निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री राधा मोहन पांडेय ने कहा कि अनादिकाल से ही शिक्षक की महत्ता का गुणगान होता रहा है। जिला संरक्षक बृजेश त्रिवेदी ने अपने से बड़ों की प्रेरणा लेते हुए कठिन परिश्रम के माध्यम से लक्ष्य को प्राप्त करने का सुझाव दिया। प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर शिक्षक नेता रहे स्वर्गीय पंचानन राय के चित्र पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य लियाकत अली, एसपी सिंह, बीपी सिंह, राजेश सिंह, केके सिंह, बृजेंद्र सिंह, छात्र सत्येंद्र पांडे, अभय तिवारी, श्रुति शुक्ला, कशिश सिंह आदि ने भी अपने विचार रखें। शिक्षकों को इस मौके पर स्मृति चिन्ह व साहित्य देकर सम्मानित किया गया। संचालन अशोक कुमार ने किया।

विश्वविद्यालय के लिए हस्ताक्षर अभियान

जिले में विश्वविद्यालय स्थापना की मांग को लेकर कटरा बाजार विकास क्षेत्र के हजारों छात्र छात्राओं ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को सम्बोधित पत्र लिखा। छात्र पंचायत के संयोजक शिवम पांडेय ने छात्र छात्राओं, युवाओं व अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर हमें उच्च शिक्षा चाहिए, अच्छा रोजगार चाहिए, अच्छा वकील चाहिए, अच्छा डॉक्टर चाहिए, स्वच्छ अधिकारी चाहिए, अच्छा पत्रकार, नेता या अच्छा नागरिक चाहिए, तो यह चीज स्थानीय स्तर पर विश्वविद्यालय की स्थापना से ही संभव है। उन्होंने बताया कि कटरा बाजार विकास खंड में विश्व विद्यालय स्थापना को लेकर भारतीय इंटर कॉलेज, रामलाल इंटर कॉलेज, पूरे बहोरी, तिलका आदि में चौपाल लगाकर जन जागरूकता अभियान चलाया गया। आज करीब 2200 छात्रों व अभिभावकों द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया। उन्होंने बताया कि जिले के अन्य ब्लाकों में भी यह कार्यक्रम लगातार चलता रहेगा। हमारे सहयोगी प्रदीप पाण्डेय के अनुसार, इस अवसर पर छात्र पंचायत कर्नलगंज के संयोजक अमित तिवारी, सत्यम तिवारी, अजय मिश्रा, धर्मेंद्र शुक्ला, सूरज, सतीश, शुभम् आदि लोग उपस्थित रहे।

शिक्षकों ने बांधी काली पट्टी

शिक्षक दिवस के मौके पर एक तरफ जहां शिक्षकों को सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर गोंडा जनपद के परिषदीय शिक्षकों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज किया। विरोध कार्यक्रम के संयोजक गिरीश कुमार पाण्डेय ने बताया कि पिछले आठ महीनों से विभाग में स्थानांतरण प्रक्रिया को लेकर तारीखों का खेल खेला जा रहा है। विरोध के प्रथम चरण में आज शिक्षक दिवस के दिन हम लोगों ने काली पट्टी बाँधकर केवल सांकेतिक विरोध किया है। यदि आने वाले दिनों में हमें कोई सकारात्मक परिणाम प्राप्त न हुआ, तो हम मुखर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस विरोध को अपना समर्थन देने वालों में जनार्दन प्रसाद पाण्डेय, शिखा, बासिफ, विकास मौर्य, राज नरायन पाण्डेय, मनसब अली, पतिराम वर्मा, प्रमोद कुमार, सर्वेश भास्कर, अमित पाण्डेय, विपिन मिश्रा, उदयराज यादव, राकेश यादव, विजय कुमार, दुर्गेश कुमार, हेमंत निषाद, अरविंद उपाध्याय, धनराज शुक्ल, वेद प्रकाश, चंद्र प्रकाश मौर्य, प्रवीण मिश्रा, दिनेश वर्मा,बाबूराम,शैलेन्द्र गुप्ता, सुरेश वर्मा,विवेक तिवारी,संजय मौर्य,राजीव राजपूत, वीरेंद्र तिवारी, राजकुमार, सत्यवीर सिंह,सुनील चौधरी,अवधेश पाण्डेय, शिव कुमार,मयंक मिश्रा,आशीष साहू,हृदय शंकर यादव,सुभाष चन्द्र, विंदेश्वरी प्रसाद,ओम प्रकाश मोर्य,विनय मिश्रा,वीरेंद्र बहादुर कुशवाहा, शूरवीर सिंह,आशुतोष मिश्रा,प्रभात तिवारी,अरविंद शुक्ल, प्रकाश चंद्र तिवारी,राजेश कुमार,इंद्र बहादुर सिंह,पतिराम वर्मा,अजय पटेल,सुखपाल, पुनीत पाण्डेय, राम सजीवन शुक्ला, सोहनलाल, धर्मेंद्र सिंह, राजेश सिंह,गौरव सिंह,अनूप पाठक,सतीश पाण्डेय, दिनेश श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश पाण्डेय, प्रमोद मौर्य,फुलेश चंद्र, आशुतोष कुमार,विश्वनाथ यादव,रजत कुमार,ओम प्रकाश त्रिपाठी, राजेश यादव,सौरभ शर्मा,राकेश जायसवाल, मनोज बाबू,संजीव त्रिपाठी प्रमुख रहे।

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular