Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : हड़ताली रोडवेज कर्मियों के खिलाफ FIR

Gonda Capsule : हड़ताली रोडवेज कर्मियों के खिलाफ FIR

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले रोडवेज के चालकों, परिचालकों और कर्मचारियों द्वारा सड़क जाम करके आन्दोलन करने के मामले में 19 लोगों को नामजद करते हुए 30-35 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल को बीते शुक्रवार को मण्डलीय समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए बहराइच जाना था। बस स्टेशन पर उनकी गाड़ी जाम में फंस गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे नगर कोतवाल संजय गुप्ता एक रोडवेज बस को नगर कोतवाली लेकर चले गए थे। इससे नाराज रोडवेज कर्मियों ने नगर कोतवाल संजय गुप्ता पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए बसों को बीच सड़क पर खड़ा करके चक्का जाम करके प्रदर्शन किया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर और सीओ सदर विनय कुमार सिंह ने रोडवेज कर्मियों को समझा बुझाकर हड़ताल खत्म करवाया था। रोडवेज चौकी इंचार्ज पिंटू यादव की तहरीर पर रवि मिश्रा, अरुंभन तिवारी, जय प्रताप सिंह, बृजेश सिंह, राम नायक शुक्ला, अमन सिंह, प्रतीक श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र प्रकाश, राजेश यादव, संतोष कुमार, अभिषेक पटेल, मनोज मिश्रा, फारुकी, पवन कुमार, एमपी सिंह भदौरिया, राम कुशल, सुनहरी सिंह, आदित्य कुमार, शिवम दुबे आदि 19 लोगों को नामजद करते हुए 30-35 अज्ञात के खिलाफ भादवि की धारा 147, 341 व 353 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उप निरीक्षक राजेंद्र कनौजिया को सौंपी गई है।

परसपुर की बीईओ भी हटाई गईं

गोंडा जिले के परसपुर विकास खण्ड में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निरीक्षण के दौरान 89 छात्राओं के विद्यालय से अनुपस्थित रहने के मामले में लचर पर्यवेक्षण के लिए खंड शिक्षा अधिकारी फिजा मिर्जा को भी हटा दिया गया है। इस बीच मामले की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय टीम ने जांच तेज कर दी है। डीएम के निर्देश पर स्थानीय थाने पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा चुकी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचंद यादव ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालयों का निरीक्षण करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

25 हजार का इनामी धरा गया

जिले के छपिया थाने की पुलिस ने लगभग 08 माह से फरार शातिर चोर मो. इरशाद को रविवार को चिकमंडी मसकनवा से गिरफ्तार कर लिया। इरशाद गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपए का पुरस्कार घोषित किया था।

अवैध शस्त्र बनाने का कारखाना बरामद

जिले के मनकापुर थाने की पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से एक अभियान के दौरान ग्राम बड़कामऊ में निर्मल कोरी के यहां दबिश देकर अवैध शस्त्र बनाने का कारखाना बरामद किया है। पुलिस टीम ने इस सम्बंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक नवीना शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने मो. शब्बीर, सूबेदार शेख, शिवम यादव व विश्राम यादव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 02 अदद अवैध तमंचा 12 बोर, 01 अदद अर्द्धनिर्मित तमंचा 315 बोर व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किये गये। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि हम लोग निर्मल कोरी के साथ मिलकर अपने भौतिक एवं आर्थिक लाभ के लिए अवैध तमंचा बनाने व बिक्री करने का काम किया करते हैं। अभियुक्तों के विरुद्ध स्थानीय थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की गयी।

सड़क हादसे में युवक की मौत

परसपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत कर्नलगंज-बेलसर-नवाबगंज मार्ग पर सड़क दुघर्टना में रविवार को एक युवक की मौत हो गई। मृतक के पिता का आरोप है कि उनका बेटा सूरत से घर आ रहा था। तभी रास्ते में वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही के पश्चात पोस्टमार्टम के लिये जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। साथ ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।

लड़की भगाने में दो धरे गए

जिले के नवाबगंज और तरबगंज थानों की पुलिस द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अंकित पाण्डेय पुत्र कृष्ण कुमार पाण्डेय निवासी ग्राम सरांवा के खिलाफ नवाबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का अभियोग पंजीकृत कराया गया था। विवेचक ने रविवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया। इसी प्रकार तरबगंज थाने की पुलिस ने भी बहला-फुसलाकर एक नाबालिग लड़की को भगा ले जाने के वांछित अभियुक्त शिवबचन यादव निवासी खाले शीशौ को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। उसके खिलाफ स्थानीय थाने पर भादवि की धारा 363, 366 तथा 17/18 पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया था।

नगर में निकाली गई साइक्लोथन रैली

अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के आहवान पर गोंडा जिले में मारवाड़ी युवा मंच एवं देवीपाटन मारवाड़ी महिला मंडल द्वारा शहर के रानी बाजार स्थित श्री राम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला से रविवार को साइक्लोथन रैली निकाली गई, जिसमें श्री राम पब्लिक स्कूल, गीता इंटरनेशनल स्कूल, फातिमा स्कूल और मारवाड़ी समाज के बच्चों के साथ-साथ महिला मंडल की महिलाओं ने भी प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि एसडीएम सदर विनोद कुमार सिंह और अमित सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली रानी बाजार से अग्रसेन चौराहा, पूज्य झूलेलाल चौराहा, श्री गुरु नानक चौराहा, गुड्डू मल चौराहा, पटेल नगर होते हुए रानी बाजार में समाप्त हुई। लकी ड्रा के माध्यम से मारवाड़ी समाज से अथर्व गर्ग, श्री राम पब्लिक स्कूल से वंश चौरसिया, फातिमा स्कूल से राशि गुप्ता और गीता इंटरनेशनल स्कूल से श्री कृष्णा विजेता चुने गए। सभी विजेता बच्चों को पुरस्कार के रूप में साइकिल दिया गया। साइकिल पुरस्कार में नारायण मित्तल, मुकेश अग्रवाल चिंटू, अंकित गर्ग, समीर बंसल और आदि शक्ति दुर्गा पूजा समिति का विशेष सहयोग रहा। श्रीराम पब्लिक स्कूल के प्रबंधक रवि रस्तोगी, गीता इंटरनेशनल स्कूल के मैनेजर रितेश अग्रवाल, फातिमा स्कूल के शिक्षक आरपी तोमर को पौध देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विकास जैन, मुकेश नहरिया, अमित गर्ग, राजेश अग्रवाल, अनिल मित्तल, गोपाल मित्तल, अमित अग्रवाल मोंटू, सचिन पचारिया, अनुराग पचारिया, प्रांशु नेवतिया, अमित मित्तल, अमर अग्रवाल, प्रदीप जालान, सौरभ जैन, सचिन खेमका, अनिकेत गोयल, गोपाल भावसिंहका, प्रिंस गर्ग, रिशु अग्रवाल, बिट्टू बंसल, नीलम जैन, नीतू गर्ग, प्रेमलता सिंघल, सरिता महेश्वरी, कोमल पचारिया, सविता गोयल आदि उपस्थित रहे।

प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ गोंडा के जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार को कम्पोजिट विद्यालय जानकी नगर पर आयोजित की गई, जिसमें शिक्षक समस्याओं को दूर करने को लेकर आंदोलन की रणनीति बनी। शिक्षक संघ ने प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर चार सितम्बर को बीएसए कार्यालय पर धरना देने का एलान किया है। जिलाध्यक्ष आनन्द कुमार त्रिपाठी ने शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण में हो रहे विलम्ब को लेकर नाराजगी व्यक्त की। संगठन को गति प्रदान करने के लिए सदर तहसील से शिव प्रकाश पाण्डेय, तरबगंज से चक्रधारी पाण्डेय, मनकापुर से अनिल द्विवेदी व कर्नलगंज से घनश्याम सिंह को तहसील प्रभारी नियुक्त किया गया। उपाध्यक्ष इन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि ई सेवा पुस्तिका पर ही सभी कार्य किये जाएं। सभी विकास खण्डों के अध्यक्ष व मंत्री सहित पूरी कार्यसमिति से शिक्षकों को धरने में आने की जानकारी दी जाए। मीडिया प्रभारी वीरेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने 18 सूत्री मांग पत्र को शिक्षकों के बीच प्रचारित एवं प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया। प्रांतीय नेतृत्व के आहवान पर चार सितंबर को बीएसए कार्यालय पर धरना देकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। सितंबर के अंतिम सप्ताह में बेसिक शिक्षा निदेशालय निशातगंज लखनऊ में प्रदेश स्तरीय धरना होगा।

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित

जनपद के इटियाथोक विकास क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सदाशिव पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में सामान्य चिकित्सा, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श समेत अनेक प्रकार की जांच की सुविधा मुहैया कराई गई। संचारी रोगों से बचाव की जानकारी दी गई। डॉ. पूनम गुप्ता ने मरीजां की जांच कर जरूरी दवाइयां प्रदान किया। मरीजो में बीमारियों का पता लगाने के उद्देश्य से 20 लोगों का रक्त नमूना भी लिया गया। हमारे सहयोगी प्रदीप पांडेय के अनुसार, मेले में कुल 70 मरीजां को देखा गया तथा पांच का किट द्वारा कोविड टेस्ट भी हुआ। सभी लोग नेगेटिव पाए गए। इसी प्रकार पीएचसी जानकी नगर, बाबागंज और तकिया मनोहरजोत में भी स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया।

अधिकारियों के आवास पर सम्बद्ध हैं सफाई कर्मी

उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ गोंडा के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी ने कहा कि सफाई कर्मियों को ऑनलाइन हाजिरी से मुक्त किए जाने की मांग की है। रविवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों को अधिकारियों के आवास व कार्यालय पर संबद्ध किया गया है। इससे गांवों में साफ-सफाई की व्यवस्था बिगड़ रही है। तिवारी ने कहा कि प्रांतीय संघ के पदाधिकारियों ने शासन को पत्र देकर अपनी मांग से अवगत करा दिया है। मांगे न माने जाने पर आगामी 5 सितंबर को जिला पंचायत राज अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

रोटरी क्लब का पद स्थापना समारोह

रोटरी क्लब गोंडा का 63वां पद स्थापना समारोह शनिवार को नगर के एक मैरिज लान में संपन्न हुआ। वर्ष २०२३-२४ के लिए रो. अंतरिक्ष पांडेय को अध्यक्ष तथा रो. दिनेश मिश्रा को सचिव चुना गया। रोटरी क्लब के पीडीजी केके श्रीवास्तव ने इन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी। ज़रूरत मंद 11 लड़कियों को रोटरी क्लब द्वारा साइकिल भेंट की गई। कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष चित्तार्थ तिवारी, रमेश श्रीवास्तव, ऋतु श्रीवास्तव, एसबी सिंह, डाक्टर रंजना मोर, डाक्टर दीपक मोर समेत लायंस क्लब गोंडा अवध, रोटरी क्लब बहराइच, बलरामपुर व बलरामपुर ग्रेटर के सदस्यों ने शिरकत किया। डा. बीपी सिंह व दीप्ति तिवारी ने संयुक्त रूप से मंच संचालन किया।

शिक्षा मित्र संघ की बैठक

गोंडा जिले के बेलसर में स्थित ब्लाक संसाधन केंद्र पर रविवार को प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष रावेन्द्र कुमार उर्फ रिंकू सिंह व संचालन रमेश कुमार मिश्रा ने किया। संगठन के जिलाध्यक्ष अवधेश मणि मिश्र ने कहा कि शिक्षा मित्रों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। विगत छह वर्ष से उनके भविष्य के लिए कोई सार्थक पहल नहीं किया गया है। अपने मान सम्मान व स्वाभिमान की रक्षा हेतु जिले भर के शिक्षा मित्र आगामी तीन सितंबर को क्षेत्रीय सांसदों के आवास का घेराव करते हुए मांग पत्र सौंपेंगे। नौ अक्टूबर को शिक्षा मित्र सम्मान बचाओ रैली का आयोजन लखनऊ में किया जायेगा, जिसमें पूरे प्रदेश के शिक्षा मित्रों के साथ जनपद के हजारों शिक्षा मित्र प्रतिभा करेंगे। बैठक में विनायक उपाध्याय, राकेश रंजन, शैलेंद्र सिंह, सुनील पाठक, अजय सिंह, मनोज कनौजिया, सुशील शुक्ला, सूर्य मोहन मिश्रा, दूधनाथ, सुशील विश्वकर्मा, सत्येंद्र पाठक, कुलदीप सिंह, मनोज सिंह, भोले शंकर, अरुण उपाध्याय, सुरेश चंद, द्वारिका प्रसाद, शिव सहाय, ममता सिंह, सरिता शुक्ला, राजकुमार मौर्य, रामसेवक आदि उपस्थित रहे।

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular