Sunday, February 15, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : सूचना दीजिए और पाइए एक लाख का इनाम

Gonda Capsule : सूचना दीजिए और पाइए एक लाख का इनाम

मनकापुर के जीआरपी चौकी प्रभारी किए गए लाइन हाजिर, सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले के मनकापुर से प्रयागराज के बीच चलने वाली सरयू एक्सप्रेस ट्रेन में सुल्तानपुर की महिला मुख्य आरक्षी पर जानलेवा हमला करने वालों की सूचना देने वालों को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। यह इनाम स्पेशल डीजी कानून व्यवस्था की तरफ से दिया जाएगा। एसटीएफ ने सूचना देने के लिए नंबर जारी किया है। इस संबंध में कोई भी जानकारी एडिशनल एसपी के मोबाइल नम्बर 9454401210, डिप्टी एसपी के मोबाइल नम्बर 9454401828 या फिर जांच अधिकारी के के मोबाइल नम्बर 9454402257 पर दी जा सकेगी। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। वहीं यूपी एसटीएफ की जांच में एक सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध सामने आए हैं। इस बीच मामले में मनकापुर के जीआरपी चौकी प्रभारी हरिनाथ यादव को लाइन हाजिर करते हुए जीआरपी थाना गोरखपुर से अटैच किया गया है। गोरखपुर जीआरपी में तैनात संजय कुमार को मनकापुर जीआरपी का नाम प्रभारी बनाया है। बता दें कि बीते 30 अगस्त को सरयू एक्सप्रेस में खून से लथपथ महिला सिपाही सीट के नीचे मिली थी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद यूपी सरकार ने मामले की जांच यूपी एसटीएफ को सौंपी थी। घटना के छह दिन बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर महिला कॉंस्टेबल को तो बचा लिया, लेकिन अभी वह ज्यादा कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। लखनऊ केजीएमसी ट्रॉमा सेंटर में अभी भी महिला भर्ती है। हालांकि, अब उसने जांच अधिकारियों को बताया कि मनकापुर स्टेशन से ट्रेन चलने के 10 से 15 मिनट बाद उस पर दो अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला किया था। महिला खून से लथपथ ट्रेन की सीट के नीचे मिली थी। उसके कपड़े अस्त व्यस्त थे। सीट के नीचे खून पड़ा था, चेहरे से खून का रिसाव हो रहा था। इसके बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

व्यापारी के चालक से तीन लाख की लूट

गोंडा जिले में मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में कल देर रात तीन लुटेरों ने एक पिकअप चालक से असलहे के बल पर 3 लाख रुपए लूट लिए। पिकअप चालक जब अपने पैसे की वसूली करके गोंडा की तरफ आ रहा था तो रास्ते में ही बिना नंबर प्लेट स्कॉर्पियो में सवार तीन लुटेरों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के रानी बाजार निवासी अमरदीप अग्रवाल के यहां काम करने वाला पिकअप चालक राजू यादव पिकअप पर सामान लादकर बभनान की तरफ गया था। कल देर रात वह पैसे की वसूली करके आ रहा था कि अशरफाबाद जंगल के पास बिना नंबर प्लेट तीन स्कॉर्पियो सवार लुटेरों ने तीन लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। चालक की सूचना पर मौके पर पहुंची सीओ मनकापुर नवीना शुक्ला और कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने गहनता से जांच की।

पहलवानों के मामले की अगली सुनवाई 23 को

भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह आज दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले में दिल्ली पुलिस ने अदालत को जानकारी देते हुए बताया कि सांसद के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए सरकार द्वारा गठित निगरानी समिति ने उन्हें बरी नहीं किया है। मामले में बृजभूषण सिंह के खिलाफ आरोप तय किए जाएं या नहीं, इस पर बहस के दौरान पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट हरजीत सिंह जसपाल के समक्ष यह दलील दी। सरकारी वकील ने कोर्ट को बताया कि निगरानी समिति ने सिफारिशें दी थीं, कुछ भी फैसला नहीं किया था। इससे पूर्व वह आज कोर्ट में पेश हुए। सांसद पर लगे आरोपों पर दिल्ली पुलिस सुनवाई की अगली तारीख 23 सितंबर को भी बहस जारी रखेगी।

23 को मोदी से संवाद करेंगे मनकापुर के बच्चे

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की पहल पर निःशुल्क सरकारी बोर्डिंग स्कूल सरीखे अटल आवासीय विद्यालय में पढ़ाई शुरू करने वाले बच्चों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने का मौका मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री 23 सितंबर को वाराणसी से प्रदेश के सभी 18 मंडल मुख्यालयों पर स्थापित अटल आवासीय विद्यालयों का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वह वाराणसी में प्रत्यक्ष तो अन्य मंडलों के बच्चों से ऑनलाइन संवाद करेंगे। प्रारंभिक तैयारियों में पीएम मोदी से वर्चुअल संवाद के लिए गोंडा के मनकापुर में स्थित अटल आवासीय विद्यालय को भी शामिल किया गया है। देवीपाटन मंडल के उप श्रमायुक्त अनुभव वर्मा ने बताया कि प्रदेश में श्रमिकों के पाल्यों तथा कोरोना से बेसहारा हुए बच्चों को उत्कृष्ट आवासीय व्यवस्था के तहत पूणर्तः निःशुल्क व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए अटल आवासीय विद्यालय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अभिनव पहल है। योगी सरकार की तरफ से प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों पर बनाए गए अटल आवासीय विद्यालय में पहले शैक्षिक सत्र में पठन पाठन प्रारंभ हो चुका है। पहले सत्र में ऐसे सभी विद्यालयों में मंडल स्तरीय प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर कक्षा छह में 80 विद्यार्थियों 40 बालक और 40 बालिकाओं को प्रवेश मिला है।

मिलेट्स पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित

उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद गोंडा के टाउन हॉल में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय कार्यशाला का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने शनिवार को किया। कार्यशाला में एलबीएस डिग्री कॉलेज की प्रवक्ता डॉ रेखा शर्मा, डॉ राम लखन सिंह, डॉ अंकित तिवारी, मिथिलेश कुमार झा, उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर, जिला कृषि अधिकारी जगदीश प्रसाद, जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह, उपनिदेशक रेशम आरएन मल्ल, भूमि संरक्षण अधिकारी पारस राम, जिला उद्यान अधिकारी पारस नाथ, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी एसएस चौधरी, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विद्या भूषण द्विवेदी सहित कृषि एवं अनुषांगिक विभागों के समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों, कृषि विज्ञान केंद्र गोपाल ग्राम एवं मनकापुर के वैज्ञानिकों एवं बड़ी संख्या में जनपद के किसानों ने प्रतिभाग किया गया। आयोजन स्थल पर कृषि, उद्यान, रेशम एवं अन्य अनुषांगिक विभागों के साथ ही साथ कृषि से जुड़े अन्य प्रतिष्ठानों के द्वारा भी अपने-अपने स्टाल लगाए गए थे।

एलबीएस में मनाया गया विश्व ओजोन दिवस

गोंडा के श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में शनिवार को विश्व ओजोन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम को प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह, प्राचार्य प्रो रवींद्र कुमार पांडेय, मुख्य नियंता प्रोफेसर आरबीएस बघेल, डॉ रेखा शर्मा, डॉ शिशिर त्रिपाठी आदि ने सम्बोधित किया। इस मौके पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें 145 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। भाषण प्रतियोगिता में कुल प्रतिभागी 48 रहे। भाषण प्रतियोगिता में अपर्णा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विपिन यादव ने द्वितीय, एकता तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हर्षिता पांडे और देवेश पांडे को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। निबंध प्रतियोगिता में संध्या सिंह ने प्रथम, हर्षवर्धन सिंह व राघवेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा जागृति तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नूर आलम व दीपशिखा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रो दीनानाथ तिवारी, डॉ संजय वर्मा, डॉ मनोज मिश्रा, डॉ स्मिता सिंह, डॉ स्मृति शिशिर, डॉ प्रियंका श्रीवास्तव, आनंद चतुर्वेदी, ड्रिंकल यादव का सहयोग सराहनीय रहा।

एडीजे ने किया जिला कारागार का निरीक्षण

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गोंडा के सचिव व अपर जिला जज एफटीसी नितिन श्रीवास्तव ने शनिवार को जिला कारागार का निरीक्षण करने के उपरान्त विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया। निरीक्षण के दौरान कारागार में कुल 955 बंदी निरूद्ध पाए गए, जिसमें 171 बंदी सिद्ध दोष, 765 विचाराधीन तथा 18 बंदी अस्पताल में भर्ती हैं। एडीजे ने वरिष्ठ कारागार अधीक्षक प्रमोद कुमार सिंह को निर्देशित किया कि जिन विचाराधीन बन्दियों की जमानत पूर्व में हो चुकी है, किन्तु जमानत बन्ध पत्र दाखिल न होने के कारण उनकी रिहाई अभी तक नही हुई है, उनकी अतिशीघ्र न्यायालय में जमानत बन्ध पत्र दाखिल करावें तथा जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है, उनके बारे में कारागार में नियुक्त पीएलवी अथवा जेल के पैनल अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र उनके नाम प्रेषित करावें, जिससे उनकी रिहाई के सम्बन्ध में नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा सके। इस दौरान डिप्टी जेलर व अन्य उपस्थित रहे।

पब्लिक हेल्थ यूनिट का शिलान्यास

गोंडा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र वजीरगंज में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का वर्चुअल शिलान्यास शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने किया। सत्यदेव मिश्र ने कहा कि पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित होने से मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। जिला कार्यक्रम प्रबंधक अमरनाथ ने कहा कि बीमारियों के सर्विलांस में यह संस्थान काफी उपयोगी साबित होगा। अधीक्षक डा. आशुतोष शुक्ला ने कहा कि लोगों को टेस्ट कराने में काफी सुविधा होगी। इससे यहां इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने में काफी मदद मिलेगी। हमारे सहयोगी विजय शुक्ल ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ शेखर तिवारी, राम सजन, राम अभिलाष शुक्ल, सुभाष मिश्र सहित स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

एसडीओ ने मीटर रीडर्स को फटकारा

गोंडा जिले के नवाबगंज में तैनात विद्युत विभाग के उप खण्ड अधिकारी नवनीत सिंह ने लापरवाह व विभागीय हित में काम न करने वाले मीटर रीडर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी है। शनिवार को कार्यालय पर सभी मीटर रीडर्स की बैठक में उन्होंने कहा कि नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर उपभोक्ताओं को समय से सही बिल उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन 25 उपभोक्ताओं के नाम पते के साथ सही मोबाइल नंबर दर्ज कर कार्यालय में जमा करें। यदि रीडिंग स्टोर किए जाने का कोई मामला पकड़ा जाता है तो एफआईआर कराई जाएगी। उन्होंने फर्जी बिलिंग रोकने को लेकर सुपरवाइजर को भी निर्देशित किया। हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी के अनुसार, इस मौके पर अवर अभियंता, राम अचल, शुभम सिंह, अंकित वर्मा, सौरभ श्रीवास्तव, प्रवीण यादव, रविकांत आदि मौजूद रहे।

बीडीओ किए गए कार्यमुक्त

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने शनिवार को एक आदेश जारी कर वजीरगंज के खण्ड विकास अधिकारी शिवमणि को ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय के लिए कार्यमुक्त कर दिया है। बीडीओ पर अनुशासन हीनता, पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने, जिले भर के अधिकारियों के ग्रुप पर अनर्गल बातें पोस्ट करने, विभिन्न विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति न लाने तथा उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गये निर्देशों की अवहेलना करने का आरोप है। मुख्य विकास अधिकारी एम.अरुंमौली ने शनिवार को ही एक आदेश जारी कर रुपईडीह में तैनात खण्ड विकास अधिकारी रितिक श्रीवास्तव को वजीरगंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। हमारे सहयोगी विजय शुक्ल ने बताया कि नवागत बीडीओ ने शनिवार को अपरान्ह कार्य भार ग्रहण कर लिया।

आपसी विवाद में पति ने लगाई फांसी

गोंडा के तरबगंज थाना क्षेत्र के गोपीपुर डीहा गांव में पति पत्नी के बीच हुए विवाद के उपरान्त पति ने घर में ही फांसी लगाकर आत्म हत्या कर लिया। जानकारी के अनुसार, रगड़गंज चौकी क्षेत्र के गोपीपुर डीहा निवासी अवध कुमार की करीब चार साल पूर्व शादी हुई थी। विवाद के कारण दो साल से पत्नी किरन मायके में रह रही थी। दोनों के बीच कोई मुकदमा भी चल रहा है। बताते हैं कि मुम्बई में नौकरी करने वाला अवध कुमार पिछले दिनों मुंबई से गांव आने पर पत्नी को लाने के लिए ससुराल गया, जहां पर कोई विवाद हुआ। लौटकर घर आने के बाद उसने घर से थोड़ी दूर टिन शेड के बडेर से लटक कर जान दे दिया। हमारे सहयोगी बीएन मिश्र ने बताया कि मृतक के भाई रंजीत की सूचना पर चौकी प्रभारी गोपाल सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

डीएम, एसपी ने सुनी समस्याएं

गोंडा जिले के तरबगंज तहसील में डीएम नेहा शर्मा व एसपी अंकित मित्तल ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुनकर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को प्रेषित किया। शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 82 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें 01 प्रार्थना पत्र का मौके पर ही हुआ। इस अवसर पर डीएफओ पंकज कुमार शुक्ल, सीएमओ डा. रश्मि वर्मा, एसडीएम तरबगंज भारत भार्गव, पीडी डीआरडीए चंद्रशेखर, डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीपीआरओ लालजी दूबे समेत जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

शौर्य यात्रा की तैयारी बैठक

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा आगामी 30 सितंबर को अयोध्या से निकाली जाने वाली शौर्य यात्रा की तैयारी के लिए गोंडा जिले के जयप्रभा ग्राम में शनिवार को विशेष बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विभाग संयोजक शारदा कांत पांडेय ने की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से शौर्य यात्रा में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। संगठन के पदाधिकारी राजेश ओझा ने हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि इस यात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंच बढ़ाकर लोगों को परिवारों से और परिवारों को सामाजिक व राष्ट्रीय जीवन के मूल्यों से जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर भगवान चरण ओझा, पवन कुमार, आरके शुक्ला, मोहित तिवारी, वैभव, संजय मौर्य, राजू सोनकर, श्रीराम मौर्य, कुलदीप, रोहित, यशपाल यादव, निखिल, उमेश महाकाल, मिश्रीलाल, जितेंद्र, प्रयागराज आदि मौजूद रहे।

गोंडा पहुंचा शीर्ष पर

प्रदेश में फसलों के डिजिटल सर्वे का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर गोंडा जिला प्रदेश में टॉप पर पहुंच गया है। सर्वे के माध्यम से फसलों के जो आंकडे प्राप्त होंगे, उससे प्रदेश के किसानों के लिए योजना बनाने में बहुत सुविधा प्राप्त होगी। डिजिटल क्रॉप सर्वे किसानों के जीवन में खुशहाली की नई राह खोलने का एक उपक्रम है। जिलाधिकारी श्रीमती नेहा शर्मा ने जनपद स्तरीय अधिकारियों को इस सफलता के लिए बधाई दी है। बता दें, मोबाइल एप के जरिए कृषि सहित अन्य विभागों के कर्मचारी खेतों में उगी फसलों का रिकॉर्ड तैयार कर रहे हैं। योगी सरकार इसके जरिए प्रदेश में पैदा की जा रही फसलों का पूरा डेटा तैयार करा रही है।

सांप काटने से मां बेटी की मौत

गोंडा जिले के बभनजोत विकास खण्ड के ग्राम पंचायत नौवागांव में सांप काटने से मां व उसकी दुधमुंही बेटी की मौत हो गई। एक ही घर में दो मौतों से कोहराम मच गया। सबसे चौकाने वाली बात तो यह रही कि आज सुबह सांप काटने से एक भैंस की भी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नौव्वागांव निवासी राधेश्याम यादव की पत्नी लक्ष्मी देवी (32) अपनी एक आठ माह की बच्ची रूपाली के साथ घर में सोई हुई थी। रात में सांप ने काट लिया। सुबह वह और उसकी दुधमुंही बेटी अचेतावस्था में अपने बिस्तर पर पड़ी मिली। आनन-फानन में बेहोशी की हालत में ही दोनों को सीएचसी बभनजोत पहुंचाया गया, जहां स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने गोंडा के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, जिला अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उनकी मौत हो गई।

वकीलों ने रखी कलमबंद हड़ताल

ग्राम न्यायालय की स्थापना व हापुड़ प्रकरण को लेकर गोंडा जिले में अधिवक्ताओं के संयुक्त संघों ने शनिवार को भी कलमबंद हड़ताल रखते हुए जूलूस निकालकर प्रदर्शन किया। जुलूस का नेतृत्व बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा व सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार मिश्रा व संचालन महामंत्री जगन्नाथ प्रसाद शुक्ला तथा मनीष कुमार शुक्ला ने किया। वकीलों ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को अधिवक्ताओं की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए इसे शीघ्र लागू करने की मांग की। अधिवक्ताओं ने डीएम व एसपी हापुड़ का अविलंब स्थानांतरण करने, दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी करने, घायल वकीलों को निःशुल्क चिकित्सा उपलब्ध, उचित मुआवजा दिलाये जाने व तत्काल एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर कई दिनों से हड़ताल पर हैं। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते वकीलों ने उन्नीस व बीस सितंबर से क्रमिक अनशन से अनवरत क्रमिक अनशन करने की घोषणा की। इस मौके सुरेंद्र नाथ मिश्रा, श्रीकांत पांडेय, राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी, लाल विहारी शुक्ला, मनोज मिश्र, शिवेंद्र मिश्रा, शशांक तिवारी उर्फ गट्टू, अजेय विक्रम सिंह, सुरेश चंद्र तिवारी, आलोक कुमार पाण्डेय, बृजेश कुमार मिश्रा, अनुभव उपाध्याय, राम बुझारथ द्विवेदी, शशांक तिवारी, विनय कुमार मिश्रा, गौरी शंकर चतुर्वेदी, अभिषेक मिश्रा, अवध किशोर पांडेय, रामू, अनिल सिंह, लाल जी मिश्रा आदि मौजूद रहे।

कृषकों की बैठक आयोजित

देवीपाटन मंडल के उपायुक्त एवं उपनिबंधक सहकारिता अरविंद प्रकाश की अध्यक्षता में बी-पैक्स सदस्यता महा अभियान को लेकर शनिवार को वजीरगंज साधन सहकारी समिति परिसर में कृषकों की एक बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने बताया कि समिति के सदस्य कृषकों, मत्स्य पालकों व पशु पालकों को मात्र तीन प्रतिशत ब्याज दर पर तीन लाख रुपये तक का फसली ऋण व केसीसी उपलब्ध होगा। सदस्य को सहकारी समिति के संचालक व सभापति बनने का अवसर प्राप्त होगा। हमारे सहयोगी विजय शुक्ल ने बताया कि बैठक में पीसीयू के जिला प्रबंधक जितेंद्र वर्मा, एडीओ सहकारिता सुधीर सिंह, सचिव सत्य प्रकाश, ओंकार सिंह, फतेह बहादुर सिंह, राम आशीष भारती, राजू मिश्र, अशोक ओझा, नन्द कुमार तिवारी, सोनू आदि मौजूद रहे।

नवाबगंज कस्बे में बढ़ी चोरियां

गोंडा जिले के नवाबगंज कस्बे में इन दिनों चोरियों के बढ़ने से नागरिक दशहत में हैं। मुट्ठीगंज मोहल्ला निवासी रजत गुप्ता की दुकान में बीती रात शटर और जाली तोड़कर अज्ञात चोर करीब एक लाख रुपये नकद और हजारों का सामान उठा ले गए। कहरान मोहल्ला निवासी दिलीप और देवी प्रसाद का पंम्पिंग सेट भी 13 सितंबर की रात में चोरी हो गए। शुगर मिल कालोनी निवासी अभिषेक सिंह के यहां भी शुक्रवार को चोरी हो गई। सभी लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय के हवाले से बताया कि घटनाओं के खुलासे के लिए टीम गठित की गई है। पंपिंग सेट चोरी में शामिल मनवीर निवासी रेहरा जनपद अमरोहा और मनीष निवासी मोहल्ला पडाव थाना नवाबगंज को गिरफ्तार कर पंपिंग सेट एवं 2000 रुपये नगद बरामद किया गया है।

एकत्रित की गई घरों से मिट्टी

गोंडा जिले के इटियाथोक विकास खण्ड के अंतर्गत हर्रैया झूमन गांव में शनिवार को मेरा माटी मेरा देश अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक घर से मिट्टी संकलित किया। प्रधान प्रतिनिधि शालू खान ने बताया कि टीम ने पूरे गांव में घर-घर घूमकर मिट्टी जमा किया है। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि इस मौके पर राकेश चौबे, मंजूर अहमद, उमापति मिश्रा, मनोज वर्मा, कृष्ण सहाय, हेमंत चौधरी, अजय कश्यप, राहुल कुमार, जमशेद खान, सोनू, अश्वनी जायसवाल, मनोज मिश्रा, विजय तिवारी, विवेक आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular