जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। तरबगंज विकास खंड के दुफेडिया गांव की बीसी सखी संध्या देवी पत्नी रवि प्रकाश द्विवेदी ने गांव के मनरेगा श्रमिकों और अन्य ग्रामीणों को एक करोड़ 25 लाख रुपए का ऑनलाइन भुगतान किया है। इसमें उन्हें लगभग 23 हजार रुपए का लाभ कमीशन के रूप में प्राप्त हुआ है। प्रभारी बीडीओ अंबरीश प्रताप सिंह ने गुरुवार को प्रतीक चिन्ह के रूप में बीसी सखी संध्या देवी को श्रीगणेश प्रतिमा देते हुए बताया कि विकास खंड का नाम पूरे जिले और प्रदेश में संध्या देवी ने अपने हुनर के बल पर रोशन किया है। इनका विवरण प्रदेश शासन स्तर से मांगा गया है। जल्द ही प्रदेश स्तर पर इन्हें सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर बीएमएम सुधीर सिंह, उमाशंकर, प्रधान राजेश्वर पांडेय, जय प्रकाश पांडेय, अनुराग मिश्रा रहे।
महिला को घर में बंद करके मारपीट व अभद्रता
जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के श्रीमती शैलजा तिवारी निवासी ग्राम पाण्डेय पुरवा पारासराय ने गांव के ही हरिराम, गोबिंद शरन तिवारी, रामावती, सन्तोष तिवारी व पूनम तिवारी के विरुद्ध गाली गलौज करने व जानमाल की धमकी देने का अभियोग दर्ज कराया है। शैलजा ने कहा है कि बीते 28 अगस्त 22 को समय करीब 12 बजे दिन में वह अपनी मित्र से मिलने गयी थी। एक दिन बाद गांव लौटने पर विपक्षी ने फोन करके बुलाया कि आकर अपनी लड़की ले जाओ। जब वह अपनी बच्ची लेने गई, तो उसे भद्दी-भद्दी गाली गुप्ता देते हुए मूका थप्पड़ व डंडे से मारा पीटा गया। उसे घर में बन्द करके अभद्रता करने की कोशिश की गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रकरण में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
शव ले जाने के लिए नहीं मिला वाहन
जिला अस्पताल में भर्ती बच्चे की मौत के बाद शव वाहन न मिलने के कारण एक पिता टैम्पो से शव लेकर अपने गांव पहुंचा। इटियाथोक थाना क्षेत्र के मेहनौन निवासी बिजय कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र विवेक को कई दिन पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। चिल्ड्रेन वार्ड में बच्चे का इलाज चल रहा था। बुधवार सुबह विवेक की मौत हो गई। विजय कुमार का आरोप है कि मौत के बाद उसने शव वाहन की मांग की लेकिन उसे शव वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया। इसलिए टैम्पो करके उसे शव घर लाना पड़ा। वहीं इस संबंध में जिला अस्पताल की प्रमुख चिकित्साधीक्षक डॉ इंदुबाला ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है और न ही उन्हें कोई शिकायत ही मिली है। शव वाहन की मांग करने पर लोगों को वाहन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चार शव वाहन उपलब्ध हैं। कहा कि अगर उन्हें इस बारे में कोई शिकायत मिलती है तो वह जांच कराकर कार्रवाई करेंगी।
युवती से छेड़छाड़, मुकदमा दर्ज
वजीरगंज थाना क्षेत्र के चड़ौवा (दुबेपुरवा) गांव की एक युवती ने अपने गांव के ही नन्दलाल कनौजिया उर्फ टमाटर पुत्र बालक राम कनौजिया के खिलाफ छेड़छाड़ का अभियोग दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी के अनुसार, युवती बुधवार को अपने खेत में काम कर रही थी। आरोपी ने उसे घास उठवाने के लिए बुलाया। जब वह घास उठवाने उनके करीब में पहुंची तो वह छेड़खानी करने लगे। विरोध करते हुए शोर मचाने पर भाग गये। थानाध्यक्ष चन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि भादवि की धारा 354 के तहत अभियोग दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
नाबालिग को भगा ले गए दो आरोपी
छपिया थाने के ग्राम हथियागढ़ निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 14 वर्षीय पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के सम्बंध में रंजीत सोनी व विशाल मोदनवाल के विरुद्ध अभियोग दर्ज कराया है। उन्होंने कहा है कि कल रात वे दोनों मेरी पुत्री को घर से बहला फुसला कर कुछ जेवर व नकदी के साथ भगा ले गये हैं।
दवा लेने अस्पताल आई युवती लापता
जिला अस्पताल में परिजनों संग दवा लेने पहुंची एक युवती गायब हो गई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है। नगर कोतवाली पहुंचे परिजनों ने बताया बुधवार को लड़की परिजनो के साथ अस्पताल में दवा लेने गई थी। पर्ची बनने के लिए लाइन में खड़ी थी। तभी रिश्तेदार पानी पीने चले गए। जब वापस लौटे तो युवती नही मिली। परिजनां ने बताया कि कई जगह तलाश की गई, लेकिन लड़की नहीं मिली तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
एलबीएस शिक्षक संघ के अध्यक्ष बने प्रोफेसर शैलेंद्र
श्री लाल बहादुर शास्त्री कालेज में बुधवार को हुए महाविद्यालय शिक्षक संघ के चुनाव में प्रोफेसर शैलेंद्र नाथ मिश्र अध्यक्ष चुने गए। शिक्षक संघ अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में प्रोफेसर शैलेंद्र नाथ मिश्र को 28 एवं डा पवन कुमार सिंह को 20 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर रामसमुझ सिंह, डॉ पुष्यमित्र मिश्र एवं प्रोफेसर विजय अग्रवाल कोषाध्यक्ष पद पर संयुक्त विजेता रहे। महामंत्री पद पर डा चमन कौर एवं डॉ मनीष शर्मा को भी 24-24 मत प्राप्त हुए। लोहंस कल्याणी और डॉ संतोष श्रीवास्तव सह मंत्री पद के प्रत्याशी को भी 24-24 मत ही प्राप्त हुए परिणाम टाई रहा। चुनाव अधिकारी प्रोफेसर बीपी सिंह ने यह तय किया कि टाई हुए पदों पर वरिष्ठता क्रमानुसार छह छह महीने तक दोनों ही प्रत्याशी पद संभाल कर शिक्षक हितों के लिए कार्य करेंगे।
घर में घुसकर छेड़खानी, अभियोग पंजीकृत
मनकापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पचपुती जगतापुर (देवरहना) निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही गंगेश पुत्र राम भूल पर मंगलवार को घर में घुसकर उसकी पुत्री से अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। घटना के समय वह अपनी पत्नी के साथ करोहा नाथ मन्दिर जल चढ़ाने गया हुआ था। घर लौटने पर घटना की जानकारी मिलने पर जब बालिका का पिता आरोपी से पूछताछ करने गया तो उसे गाली गुप्ता देते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। प्रकरण में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
विवाहिता की संदिग्ध मौत
धानेपुर थाना क्षेत्र के पठान पुरवा गांव की एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उसका शव घर के कमरे में लटकता पाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उजैनीकला निवासी इस्लाम खान की पुत्री नुसरत जहां का निकाह ढाई साल पठानपुरवा निवासी अफसर के साथ हुआ था। बताया जाता है कि नुसरत जहां का शव ससुराल में उसके घर के कमरे में लगी सींक के सहारे लटकता पाया गया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई की जायेगी।
शिक्षिका से दुष्कर्म का अभियोग दर्ज
परसपुर थाने की पुलिस ने जिला मुख्यालय निवासी एक शिक्षिका की तहरीर पर थाना क्षेत्र में संचालित एक विद्यालय के प्रबंधक के विरुद्ध दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। शिक्षिका का आरोप है कि विगत कुछ दिन पूर्व उसकी मुलाकात उक्त विद्यालय के प्रबंधक से हुई, तो उन्हांने कहा कि हमारा विद्यालय सरकारी होने वाला है। आप चाहें तो सरकारी शिक्षक बन सकती हैं। वह उसके झांसे में आकर वर्ष 2007 से विद्यालय में प्रधानाध्यापक के रूप में कार्य करने लगी। कुछ दिन बाद प्रबंधक ने बताया कि विद्यालय पर मुकदमा चल रहा है। विद्यालय की बाउंड्रीवाल सहित अन्य मानक पूरा होते ही सरकारी हो जाएगा, जिसमें सभी के योगदान की जरूरत है। उसने अपने ससुराल, मायके व नाते रिश्तेदारों से लेकर 26 लाख रुपये विद्यालय के प्रबंधक को दिया। परिणाम स्वरूप विद्यालय बनकर तैयार हो गया। बीते 14 अगस्त को उसे 15 अगस्त की तैयारी कराने के लिये बुलाया गया। आरोप है कि विद्यालय पहुंचने पर उसे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया गया, जिससे वह अचेत हो गई। इसका फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। होश में आने पर उसने विरोध किया तो उसे गाली व जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। उनके निर्देश पर विद्यालय के प्रबंधक के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। थानाध्यक्ष परसपुर शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि अभियोग दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
यह भी पढें : कजली तीज पर 12 लाख कांवडियों ने किया जलाभिषेक
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
