Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : समाधान दिवस में 10 शिकायतों का निपटारा

Gonda Capsule : समाधान दिवस में 10 शिकायतों का निपटारा

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। शासन की मंशानुरूप जन सामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी चार तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नेहा शर्मा तथा पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने मनकापुर तहसील में जनशिकायतों की सुनवाई की। यहां पर आज कुल 139 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें 10 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। डीएम ने राजस्व अधिकारियों से कहा कि तालाब व जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को पुलिस बल के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण न होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम सिसवा के ग्रामीणों द्वारा अवगत कराया गया कि गांव में पोषाहार का वितरण नहीं किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने तत्काल जिला कार्यक्रम अधिकारी को मौके पर भेजकर जांच कराया तो पता चला कि समूह द्वारा पोषाहार खाद्यान्न का उठान ही नहीं किया गया है। समाधान दिवस में प्रभागीय वनाधिकारी पंकज कुमार शुक्ल, उपजिलाधिकारी राजीव मोहन सक्सेना, उपजिलाधिकारी न्यायिक यशवंत कुमार, सीओ सौरभ वर्मा, तहसीलदार परशुराम, उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर, परियोजना निदेशक चंद्रशेखर, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दूबे, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मेंद्र गौतम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचन्द यादव, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पाण्डेय समेत सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी

जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम व स्थानीय पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर छापेमारी किया। अभियान के दौरान वजीरगंज थाने के गणेशपुर ग्रंट तथा नवाबगंज थाने के नारायणपुर में दबिश देकर 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया। मौके पर दो भट्ठी तथा लगभग 1500 किलो लहन महुआ नष्ट किया गया।

एसपी ने किया थाने का औचक निरीक्षण

गोंडा के पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने शनिवार को थाना मनकापुर के औचक निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, विवेचना कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, विवेचना कक्ष, मेस, थाना परिसर व आरक्षी बैरक आदि को देखा। पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों को अद्यतन रखने एवं महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त महिला पुलिस कर्मियों को आने वाली महिला फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनके प्रति सहानुभूतिपूर्वक व्यवहार अपनाते हुए यथासंभव सहयोग करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने थाने के अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, ऑर्डर बुक न्यायालय, ड्यूटी रजिस्टर व नक्शा नजरी का निरीक्षण करते हुए कहा कि आईजीआरएस व अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का शीर्ष प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। उन्होंने लम्बित विवेचनाओं का भी गुणदोष के आधार पर निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी सौरभ वर्मा भी उपस्थित रहे।

विश्व स्तनपान सप्ताह पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित

विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर लोगों के मध्य माताओं द्वारा अपने नवजात शिशुओं को स्तनपान कराये जाने के बारे में जागरूक करने के लिए जिला अस्पताल के सभागार में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बोलते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज (एफटीसी) नितिन श्रीवास्तव ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, स्तनपान बाल स्वास्थ्य और जीवन बचाने के लिए सबसे प्रभावी तरीकों में से एक है, लेकिन वर्तमान में 6 महीने से छोटे शिशुओं में से केवल आधे से भी कम शिशुओं को पूर्ण रूप से स्तनपान कराया जाता है। वर्तमान समय में भारत की अधिकतर महिलायें नौकरी कर रही हैं। इस कारण अब वे अपने नवजात शिशुओं का उतना ध्यान नही दे पा रही हैं। इसका परिणाम यह है कि 05 वर्ष से कम आयु के शिशुओं के रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो रही है तथा वह शीघ्र ही विषाणु एवं जीवाणु जनित रोगों से ग्रस्त हो रहे हैं। शिविर में यूएनडीपी के कोआर्डिनेटर राजेश सिंहा ने कहा कि कामकाजी महिलाओं को राष्ट्रीय कानूनों में आवश्यक मातृत्व सुरक्षा नहीं दी जाती है। सिर्फ 20 देशों में नियोक्ताओं द्वारा महिला कर्मचारियों को अपने नवजात शिशुओं को स्तनपान कराने हेतु एकान्त स्थान, कार्य के दौरान कुछ समय के अवकाश की सुविधा प्रदान की जा रही है। वर्तमान में ऐसी सुविधायें समस्त कामकाजी महिलाओं को उपलब्ध करायी जानी चाहिये ताकि महिलायें कार्य के साथ-साथ अपने नवजात शिशुओं का पोषण भी अच्छे ढंग से कर सकें। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय गोण्डा के बीपीएम कटरा बाजार पंकज उपाध्याय, बीपीएम वजीरगंज मंजू शुक्ला, प्रीति मिश्रा सहित जिला गोण्डा के एमसीटी, बीपीओ तथा आशुलिपिक अमरनाथ पाण्डेय व एडीआर के कनिष्ठ लिपिक कन्हैया लाल तिवारी व रामकुमार उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने रोपे पीपल, बरगद के पौधे

गोंडा जिले के पण्डरी कृपाल विकास खण्ड के ग्राम पंचायत भीटी पटखौली में ग्रामीणों ने पीपल व बरगद के पौधों को रोपित किया। साथ ही ग्रामीणों ने वृक्षों की कटान रोकने का भी संकल्प लिया। हमारे सहयोगी हरिओम मिश्रा ने बताया कि गांव निवासी भोलानाथ मिश्र ने लोगां को वृक्षों से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी गई। राहुल शुक्ल ने कहा कि पीपल एक ऐसा वृक्ष है, जो हमें 24 घंटे आक्सीजन देता है। इसलिए हमें इस पौध को अवश्य लगाना चाहिए।

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

गोंडा जिले के कर्नलगंज थाने की पुलिस ने शनिवार को शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि कर्नलगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विधवा महिला ने शादी का झांसा देकर पुत्तीलाल उर्फ गुफरान नामक एक व्यक्ति पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आठ अगस्त को बंद रहेंगे सीबीएसई कालेज

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में चिल्ड्रेन गर्ल्स कॉलेज में एक बच्चे की दिल दहला देने वाली मौत के मामले में स्थानीय पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में गोंडा जिले के सीबीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी स्कूल कालेज आठ अगस्त को बंद रहेंगे। यह जानकारी देते हुए सीबीएसई स्कूल मैनेजर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शिव मूर्ति मिश्रा ने बताया कि घटना के लिए हमारी संवेदनाएं बच्चे के परिवार के साथ हैं, किन्तु हम स्थानीय पुलिस द्वारा की गई अन्याय पूर्ण कार्रवाई की निंदा करते हैं क्योंकि प्रिंसिपल और क्लास टीचर को बिना उचित जांच के गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि हम अपने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा आठ अगस्त को स्कूल बंद रखने की अपील का समर्थन करते हैं। मंगलवार को जिले भर के सभी प्रिंसपल, शिक्षक और कर्मचारी काली पट्टी बांधकर काम करेंगे। उन्होंने सभी बोर्डों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों से अपील किया है कि वे विरोध के समर्थन में नियत तिथि को अपना स्कूल बंद रखकर विरोध में शामिल हों।

ट्रेन से कछुआ बरामद

गोंडा के रेलवे पुलिस फोर्स ने ट्रेन की बोगी से लावारिस हालत में एक बोरी में भरकर रखा गया करीब 20 किलो का कछुआ बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि गोमती नगर से छपरा कचहरी जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन के कोच संख्या 08 के गैलरी में आरपीएफ के उपनिरीक्षक लाल साहब सिंह को एक लावारिस बोरी मिली। बोरी में करीब 20 किलो का जीवित कछुआ था। कछुए को वन विभाग के सिपुर्द कर दिया गया है।

बिजली कटौती से लोग त्रस्त

देवीपाटन मण्डल मुख्यालय पर बिजली की बेतहाश कटौती से लोग परेशान हैं। इससे लोगों का न केवल कारोबार प्रभावित हो रहा है, अपितु खेतों की सिंचाई के अलावा छात्रों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। कई दिनों से बारिश नहीं होने से अवर्षण की स्थिति बनी हुई है। खेतों में धान की रोपाई करा चुके किसानों का कहना है कि समुचित बिजली नहीं मिल पाने की वजह से उनकी फसल सूख रही है। व्यापारी ओम प्रकाश शर्मा कहते हैं कि बिजली की भारी कटौती से फैक्ट्री आदि में काम करने वाले श्रमिकों को आपूर्ति सही होने के इंतजार में घंटों बैठना होता है। उन्हें मेहनताना पूरे दिन का चुकाने से काफी नुकसान हो रहा है। अरुण कुमार जायसवाल एवं संध्या मिश्रा बताते हैं कि बिजली कटौती से पढ़ाई में काफी दिक्कतें हो रही हैं। सुबह कटौती शुरू होने से उनकी दिनचर्या प्रभावित होती हैं। शाम को भी बिजली कटौती होती है, जिससे वे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं।

लायंस क्लब ने किया रक्तदान

गोंडा जिला मुख्यालय पर शनिवार को लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने एक निजी चिकित्सालय के ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में 32 यूनिट ब्लड डोनेट किया। शिविर का शुभारंभ एससीपीएम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. ओएन पांडेय ने किया। यह जानकारी देते हुए अध्यक्ष डॉ. चंद्रकेश मिश्रा ने बताया कि वरिष्ठ लायन सदस्य केके मिश्रा के जन्म दिवस पर शिवम मिश्रा, डॉ. मृणाल पांडे, अजय मित्तल, सुशील जालान, डा. पीबी सिंह, पवन जायसवाल, देवेंद्र जायसवाल, शिव अग्रवाल, दीपक गुप्ता, आनंद नेवटिया, किशोर सोमानी सहित 32 सदस्यों ने रक्तदान किया। इस दौरान राजकुमार जायसवाल, आलोक कुमार सिन्हा, अरविंद श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे।

नगर पंचायत भवन का शिलान्यास

गोंडा जिले के नवसृजित नगर पंचायत धानेपुर को जल्द ही अपना भवन मिल जायेगा। शनिवार को मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह व चेयरमैन प्रतिनिधि मंशाराम वर्मा ने संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर भवन की आधार शिला रखी। इस मौके पर विधायक ने कहा कि नवसृजित नगर पंचायत का चहुंमुखी विकास होगा। सूबे में धानेपुर आदर्श नगर पंचायत बनेगा। इसके लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन की रफ्तार से इसका विकास कराया जायेगा। एक प्रस्ताव में हीलाहवाली करने पर ईओ पर नाराजगी जताई। उन्होंने ईओ को इशारों-इशारों में भी समझाते हुए कहा कि उनके साथ बुलेट ट्रेन की रफ्तार से चलना होगा। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषराम बारी, अध्यक्ष प्रधान संघ विनोद कुमार सिंह, पूर्व जिला मंत्री चंद्र प्रकाश शुक्ल, रक्षाराम वर्मा, सालिक प्रधान, अजय सिंह, अनूप सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

अनुरोध

*अपने शहर गोंडा की आवाज “रेडियो अवध” को सुनने के लिए इस लिंक👇 पर क्लिक करके अपने एंड्रॉयड फोन पर डाउनलोड करें Radio Awadh 90.8 FM ऐप* https://play.google.com/store/apps/details?id=com.radioawadh.radioawadh ’और रोजाना प्रातः 06 बजे से आरजे राशि के साथ सुनें भक्ति संगीत का कार्यक्रम “उपासना“ और 07 बजे से आरजे सगुन के साथ “गोनार्द वाणी“ में सुनें निर्गुण भजन, पूर्वान्ह 11 बजे से यादों का झरोखा, दोपहर 12 बजे से सुनें फरमाइशी फिल्मी नगमों का प्रोग्राम ‘हैलो अवध’, दोपहर 1 बजे से आरजे खुशी के साथ सुनें महिलाओं पर आधारित कार्यक्रम “आधी दुनिया“, दोपहर बाद 3 बजे से आरजे सैंपी के साथ कार्यक्रम “ताका झांकी”, शाम 5 बजे से आरजे दक्ष के साथ किशोरों और युवाओं पर आधारित ज्ञानवर्धक कार्यक्रम “टीन टाइम”,  रात 9 बजे से आरजे कनिका के साथ करिए प्यार मोहब्बत की बातें शो “सुधर्मा“ में। इसके अलावा दिन भर सुनिए आरजे प्रताप, आरजे शजर, आरजे अभिषेक, आरजे राहुल द्वारा प्रस्तुत रंगारंग और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम। तो App डाउनलोड करना न भूलें और दिन भर आनंद लें विविध कार्यक्रमों का।’’ ऐप के SCHEDULE पर जाकर दिन भर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों का विवरण देख सकते हैं। साथ ही अपने मन पसंद गाने सुनने के लिए रेडियो अवध के ऐप पर CHAT में जाकर अथवा हमारे वाट्सएप नम्बर 9565000908 पर हमें मैसेज कर सकते हैं।’

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9554000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular