Saturday, February 14, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : समाधान दिवस में निपटीं पांच शिकायतें

Gonda Capsule : समाधान दिवस में निपटीं पांच शिकायतें

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा तथा पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने शनिवार को कर्नलगंज तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन शिकायतें सुनकर निपटारा कराया। आज यहां पर कुल 112 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें 05 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्र को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिया गया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण के मामले में पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाकर शिकायत निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी पंकज कुमार शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रश्मि वर्मा, उपजिलाधिकारी कर्नलगंज विशाल कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी चन्द्रपाल शर्मा, उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रशेखर, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दूबे आदि उपस्थित रहे।

हत्याभियुक्त को सश्रम उम्र कैद

जिले की एक अदालत ने शनिवार को ‘ऑपरेशन कनविक्शन’ के तहत एक हत्याभियुक्त को दोषी करार देते हुए सश्रम आजीवन कारावास व 40 हजार रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि 25 जनवरी 2018 को मनकापुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत एक शव प्राप्त हुआ था, जिसमें स्थानीय थाने पर अभियोग पंजीकृत कर विवेचना के उपरान्त आरोपी धर्मेन्द्र चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। सत्र परीक्षण के दौरान अपर सत्र न्यायाधीश ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने तथा उभय पक्ष के अधिवक्ताओं के तर्कों को सुनने के उपरान्त आरोपी धर्मेन्द्र चौहान पुत्र राम सनेही चौहान निवासी ग्राम भिटौरा मजरा चिरैया थाना कोतवाली मनकापुर को सश्रम आजीवन कारावास व 40 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। एसपी ने बताया कि शासकीय अधिवक्ता ओम प्रकाश शुक्ला, मॉनिटरिंग सेल व थाना मनकापुर के पैरोकार मुख्य आरक्षी मधुसूदन सिंह ने इसमें प्रभावी भूमिका अदा की।

तरबगंज पहुंचकर आयुक्त ने सुनी शिकायतें

देवीपाटन मण्डल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने शनिवार को तरबगंज तहसील पहुंचकर संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की शिकायतों को सुना। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए तथा शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसको संतुष्ट करें। किसी भी शिकायत को बिना जांच के निस्तारित न किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में समय सीमा का ध्यान रखा जाए। पुलिस से संबंधित शिकायत में दोनों पक्ष को सुनकर ही कार्रवाई की जाए। सभी अधिकारी वंचित शोषित वर्ग के व्यक्तियों की शिकायतों को प्राथमिकता पर सुनें। आयुक्त के साथ मौजूद देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी जनसुनवाई कर शिकायत कर्ताओं की समस्याओं को सुना और उनका समाधान कराया। उन्होंने आज प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा शेष को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित को निर्देशित किया। इस अवसर पर तहसील के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

जिले के परसपुर स्थित महाकवि तुलसीदास महाविद्यालय में शनिवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में क्षेत्रीय सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिभावान छात्र छात्राओं, ब्लाक स्तरीय हाई स्कूल व इंटर मीडिएट के छात्र छात्राओं सहित करीब चार हजार मेधावियों को मेडल, अंग वस्त्र व एक-एक पौध देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष राजमणि पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा व एमलसी अवधेश कुमार उर्फ ’मंजू’ सिंह रहे। नंदनी सिंह, माया सोनी, अंशिका पाण्डेय, काजल पाण्डेय ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। आकांक्षा सिंह, अंशिका सिंह, विनी सोनी, जयंती पाठक, कोमल सोनी ने स्वागत गीत व अंजली गुप्त ने लोक गीत की प्रस्तुति दी। छात्र-छात्राओं ने एकल नृत्य, युगल नृत्य व पर्यावरण के संरक्षण पर नाटक का मंचन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ एसपी सिंह ने किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, विधायक प्रतिनिधि सूरज सिंह समेत अनेक समाजसेवी, गोपालक, प्रगतिशील किसान, साहित्यकार व सेवानिवृत्त फौजी आदि शामिल रहे।

तुलसीदास जन्म भूमि विवाद को लेकर होगी जनहित याचिका

श्रीराम चरित मानस के रचनाकार गोस्वामी तुलसीदास की जन्म भूमि व जन्म तिथि को लेकर शिक्षा जगत व साहित्य प्रेमियों मे फैली भ्रांति को दूर करके स्कूल कालेज की पाठ्य पुस्तकों और तुलसी साहित्य में प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सर्वोच्च न्यायालय में शीघ्र ही एक जनहित याचिका दाखिल की जाएगी। यह जानकारी देते हुए श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कालेज के शोध केंद्र के निदेशक प्रो. शैलेन्द्र नाथ मिश्र ने बताया कि उप्र. माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल के हिन्दी पाठ्य पुस्तक में गोस्वामी जी का जन्म स्थान गोंडा, चित्रकूट व एटा दर्शाया गया है, जबकि सीबीएसई बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की पुस्तक में गोस्वामी की जन्म स्थली व जन्म तिथियां अलग-अलग दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खण्ड पीठ में एक याचिका दाखिल कर इस विसंगति को दूर करने के लिए शासन को निर्देश देने का अनुरोध किया गया था। न्यायमूर्ति द्वय अता उर रहमान व ओम प्रकाश शुक्ल ने याचिका पर विचार करते हुए सन्दर्भित अनुरोध को अकादमिक प्रकृति का बताते हुए खारिज कर दिया था। प्रो. मिश्र ने कहा कि वह जन्म स्थली विवाद पर व्याप्त भ्रांति को दूर करने के लिए शीघ्र ही सर्वोच्च न्यायालय में जनहित याचिका प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास वैश्विक महाकवि हैं, जिनकी अमर कृति रामचरितमानस का विश्व की सभी भाषाओं में अनुवाद एवं ढ़ाई हजार से अधिक शोध ग्रंथ उपलब्ध हैं। इस मौके पर पर याचिका प्रस्तुत करने वाले उच्च न्यायालय के अधिवक्ता गणेश नाथ मिश्र ने विधिक पहलुओं पर जानकारी दी।

सड़क हादसे में महिला की मौत

जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत एक गांव के पास सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ महिला की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। हमारे कर्नलगंज सहयोगी महादेव मौर्य के अनुसार, ग्राम धौरहरा अन्तर्गत बाबू पुरवा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक अधेड़ महिला की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मिर्जा वाहिद वेग, महिला उपनिरीक्षक विद्या सिंह, आरक्षी संदीप सिंह, अरविन्द राणा व महिला आरक्षी पारुल ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

सीओ ने किया थाने का निरीक्षण

कर्नलगंज सर्किल के नवागत क्षेत्राधिकारी चंद्रपाल शर्मा ने शुक्रवार देर शाम कौड़िया थाने का औचक निरीक्षण किया। गंदी रायफल देखकर उन्होंने मातहतों को फटकार लगाई तथा शस्त्रों के नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। सीओ ने कार्यालय, शस्त्रागार, बैरेक, हवालात आदि का निरीक्षण किया। थाना परिसर व गंदी राइफल देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित साफ-सफाई करने तथा अभिलेखों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपनिरीक्षकों, महिला व पुरुष आरक्षियों के साथ कस्बा कौड़िया बाजार, आर्यनगर, मल्लापुर, रामापुर दुबहा बाजार में पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी ने व्यापारियों, दुकानदारों व आम जनमानस से जनसंवाद करते हुए सभी को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने किसी भी घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने के लिए लोगों को जागरूक किया। इस दौरान थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित

जिले की सामाजिक संस्था इंकलाब फाउंडेशन द्वारा अवध महोत्सव के तत्वाधान में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजक अविनाश सिंह ने बताया कि शिवा कंपटीशन हब, फुलवारी पब्लिक स्कूल व एपीएस ग्लोब स्कूल में जूनियर और सीनियर वर्ग की परीक्षा आयोजित कराई गई है, जिसमें कुल 550 छात्रों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। दोनों श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सभी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी छात्र की भविष्य में आगे बढ़ने के लिए पढ़ाई में मुश्किलें आ रही हैं तो इंकलाब फाउंडेशन उसकी मदद करेगा। इस मौके पर परीक्षा प्रभारी दिलीप जायसवाल, आयुष मिश्रा, माही उपाध्याय, शिवम मझवार, चंद्र प्रकाश, रिशु वर्तिका, अभिषेक शर्मा, हर्षित सिंह, प्रमोद व मोहित आदि मौजूद रहे।

सड़क हादसे में पिता-पुत्र जख्मी

गोंडा-उतरौला मार्ग पर बीती रात एक सड़क हादसे में मोतीगंज थाना क्षेत्र के निवासी कृष्ण चंद्र पांडेय व उनका पुत्र अखिलेश जख्मी हो गया। सालपुर पुलिस चौकी प्रभारी लाल बहादुर सिंह ने बताया कि सोनबरसा के निकट एक रोडवेज बस की टक्कर से पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजवाया गया। चालक, बस छोड़कर फरार हो गया है। बस व मोटर साइकिल को कब्जे में ले लिया गया है।

पंचायत भवन पर बनेगा सेल्फी प्वाइंट

जिले के वजीरगंज विकास खंड के ग्राम पंचायत परसापुर महडौर में पंचायत भवन पर सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। इससे ग्राम पंचायत की रौनक बढ़ जाएगी। सेल्फी का चलन बढ़ने से अकेले घूमने वाले ग्रामीणों की जिंदगी में कुछ बदलाव आएगा। पंचायत भवन पर आने वाले लोगों का जब भी मन करे, वह अपना फोन उठाएं और सेल्फी ले सकेंगे। सेल्फी लेने वाले लोग आत्मनिर्भर हो जाएंगे। प्रधान मोहम्मद शाहिद ने बताया कि सेल्फी प्वाइंट के आसपास अनेकों प्रकार के फूल व बीवीसी बोर्ड बनकर तैयार हो रहा है।

पांच ससुराली जनों पर प्राथमिकी

वजीरगंज थाना क्षेत्र के बभनी तुर्काडीहा निवासी बबिता जायसवाल पुत्री राम सुभाग जायसवाल ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए अपने पति समेत पांच ससुराली जनों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि पति महेश जायसवाल, सास निर्मला देवी, राहुल उर्फ कल्लू जायसवाल, इंदू कुमारी व बुधराम जायसवाल निवासी ग्राम दतौली थाना कोतवाली मनकापुर ने दहेज में सोने की चेन, बाइक व दो लाख की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर अपशब्द कहते हुए पीड़िता को आए दिन मारते पीटते थे। पीड़िता को जान से मार डालने की धमकी भी ससुरालियों द्वारा दी जा रही थी। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

द्वारिका सिंह का बलिदान दिवस मना

जिले के छपिया विकास खण्ड के खजुरी गांव में स्थित अमर शहीद बाबू द्वारिका सिंह का बलिदान दिवस उनके वंशज अरविन्द सिंह के नेतृत्व में मनाया गया। लोगों ने उनकी प्रतिमा पर फूल माला अर्पित कर उन्हें भाव पूर्ण श्रद्धांजलि दिया। दलबीर सिंह ने सेनानियों के त्याग और बलिदान पर प्रकाश डाला। युवा समाजसेवी अरविन्द सिंह ने कहा कि अमर शहीद सेनानी बाबू द्वारिका सिंह के बलिदान से सभी को सीख लेना चाहिए। उन्होंने मांग किया कि उनकी प्रतिमा के पास बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाया जाए। आने जाने के लिए सड़क बने। सेनानियों के जीवन वृतांत के लिए पुस्तकालय बनवाया जाय। रघुनाथ ने सेनानी के जीवन वृतांत पर चर्चा किया। उन्होंने कहा कि बाबू जी निर्भीक और निडर थे। देश की आजादी की अलख पूरे क्षेत्र में जगाया। कार्यक्रम में दिलीप कुमार सिंह, हरि किशोर सिंह, सत बहादुर सिंह, यशपाल इंद्र पाल गुरूशरण, वीर बहादुर सिंह, रघुनाथ, घनश्याम सिंह, निरंकार मिश्रा, जैनेंद्र, संदीप, वैभव सिंह, अशोक मिश्रा, संजय सिंह, बृजभान गुप्ता, पिंटू राम लाल, राहुल, झिनकान, माता प्रसाद उपस्थित रहे।

दो पक्षों में मारपीट

जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन सगे भाइयों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम पंचायत दूल्हापुर बनकट के मजरा बाल पुरवा गांव के रहने वाले धर्मेंद्र कुमार तिवारी के मुताबिक, वह अपने खेत की जुताई कर रहा था। पुरानी भूमि विवाद को लेकर विपक्षीगण ने अपशब्द कहते हुए लात मूका व लाठी से मारने लगे। हल्ला गुहार मचाने पर विपक्षीगण जान माल की धमकी देते हुए चले गए। थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा ने बताया कि धर्मेंद्र कुमार तिवारी की तहरीर पर बाल पुर गांव के रहने वाले विक्रमदत्त, बसंत कुमार व राजितराम पुत्रगण बलिकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। चोटिल का डाक्टरी परीक्षण कराकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मटकी सज्जा का आयोजन

परम पूज्य झूलेलाल महोत्सव के पांचवें दिन गोंडा जिला मुख्यालय पर मालवीय नगर मोहल्ले में स्थित झूलेलाल धर्मशाला में शनिवार को आरती, पूजा, भजन संध्या एवं कार्यक्रमों के क्रम में मटकी सज्जा की प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें सिंधी समाज की बहुओं एवं बेटियों ने हिस्सा लिया। अतिथि के तौर पर समाज के मुखिया गण एवं पंच परमेश्वर ने प्रथम पुरस्कार नंदनी रायतानी, द्वितीय रिद्धि लधानी तथा तृतीय कीर्ति कालानी को प्रदान किया। इसके अलावा 22 अन्य प्रतिभागियों को भी दिनेश ठक्कुर ने पुरस्कार वितरित किया गया। शीतल दास लधानी के साथ नंदलाल शादेजा ने अपने भजनों से समा बांधा। कार्यक्रम के दौरान सिंधी समाज के जगदीश रायतानी, रोविन सिंधी, मीडिया प्रभारी रिशु सिंधी, बंटी वाधवानी, जैकी वाधवानी, अमित बलेचा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

26 अगस्त को लगेगा नसबंदी कैम्प

जनपद के इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आगामी 21 अगस्त को आयोजित होने वाले नसबंदी कैम्प को नागपंचमी के दृष्टिगत स्थगित कर दिया गया है। अब यह कैम्प 26 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। यहां तैनात बीसीपीएम दिनेश कुमार चौरसिया ने हमारे सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि डॉ सुवर्णा द्वारा कैम्प में आपरेशन किया जाएगा।

विद्यालयों में बालसभा का आयोजन

जिले के विकास खण्ड झंझरी के समस्त परिषदीय विद्यालयों में शनिवार को बालसभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना, राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत कर भारत की आजादी के नायकों को याद किया गया। कार्यक्रम में वीर सपूतों, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों पर शिक्षकां द्वारा प्रकाश डाला गया, जिससे उनमें देश प्रेम की भावना जागृत हो सके। बच्चों द्वारा विज्ञान प्रोजेक्ट, न्यूज एंकरिंग, भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। खण्ड शिक्षा अधिकारी डा. समय प्रकाश पाठक ने कंपोजिट विद्यालय छावनी सरकार व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय झंझरी पहुंचकर बच्चों की प्रस्तुति, विज्ञान प्रोजेक्ट कार्य, न्यूज एंकरिंग देखकर सराहना की। बालसभा का समापन राष्ट्रगान के पश्चात हुआ। कंपोजिट विद्यालय नरायनपुर ईंधा, कंपोजिट विद्यालय पाण्डेय पुरवा, फिरोजपुर तरहर, प्राथमिक विद्यालय परेड सरकार, उज्जैनी कला, हाफिजपुर, बालपुर जाट, पूरे उदई, खिराभा, खोरहंसा, जानकी नगर, हारीपुर नवीन, रानी पुरवा, कस्टुआ, लोहराजोत सहित अनेक विद्यालयों के कार्यक्रम सराहनीय रहे। एआरपी संजीव कुमार मिश्र, हेमंत सिंह, अनीस अहमद, राहुल देव वर्मा, अशोक कुमार सहित समस्त न्याय पंचायत के नोडल शिक्षकों ने कार्यक्रम का अवलोकन किया।

कठपुतली के माध्यम से हो रही पढ़ाई

जिले के इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयां में बच्चों को नए-नए तरीकों से पठन पाठन कराया जा रहा है। अब कई जगह कठपुतली कला के जरिए बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। इसे लेकर वहां पढ़ने वाले बच्चे काफी रोमांचित होते हैं। शिक्षक कठपुतली को घुमाते व नचाते हुए बच्चों से संवाद करते हैं। प्राथमिक विद्यालय एकडंगा में कठपुतली कला के जरिए बच्चों को शिक्षा देते हुए शनिवार को विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज दीक्षित ने कहा कि कठपुतलियों का पुराने समय से ही ज्ञान के प्रसार, मनोरंजन और सीखने सिखाने में खासा महत्व रहा है। इसके माध्यम से बच्चे बातों को आसानी से समझ जाते हैं। यह बच्चों को तनाव मुक्त रखने और उनका खेल-खेल में शिक्षा का पाठ पढ़ने के लिए एक रोचक फार्मूले की तरह काम करता है। बच्चे गुड्डे गुड़ियों से आकर्षित होते हैं और कठपुतलियों के माध्यम से वह सब कुछ आसानी से समझ जाते हैं।

दुष्कर्म का आरोपी दोषमुक्त

जिले की एक अदालत ने दुष्कर्म तथा जानमाल की धमकी देने के एक आरोपी को दोषमुक्त करार दिया है। यह जानकारी देते हुए राकेश कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट ने बताया कि उन्होंने अपने सहयोगी उमा शंकर गुप्ता व प्रिंस कुमार के साथ 2021 से चल रहे सरकार बनाम इजहारे उर्फ इजहार मुकदमे में आरोपी को दोषमुक्त करवाया। विशेष न्यायाधीश मोहम्मद नियाज अहमद अंसारी ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करते हुए तथा उभय पक्ष के अधिवक्ताओं के दलीलों को सुनकर शनिवार को आरोपी को दोषमुक्त करार दिया। हमारे कर्नलगंज सहयोगी महादेव मौर्य के अनुसार, न्यायाधीश ने आरोपी को दोषमुक्त करने के साथ ही यह भी आदेश दिया है कि मुकदमे की वादिनी राबिया बानो पत्नी रहमत अली निवासी कस्बा कटरा बाजार जनपद गोंडा के विरुद्ध अभियुक्त के संबंध में झूठी एवं फर्जी घटना बनाकर मुकदमा चलाए जाने एवं उसे अभियोजित किए जाने के संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 182 के तहत मुकदमा पंजीकृत करते हुए आवश्यक कार्यवाही करें तथा कृत कार्यवाही से न्यायालय को अवगत कराना सुनिश्चित करें।

समाजसेवी ने मेधावी को दी साइकिल

समाजसेवी घनश्याम जायसवाल ने महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज तरबगंज के टॉपर तथा ग्राम पंचायत सिंगहा चंदा निवासी विवेक मौर्य को साइकिल भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं अपने अंदर की प्रतिभा जगाएं और आगे बढ़ें। उन्हें अपना मुकाम हासिल करने के लिए अनुशासन में रहकर कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। जायसवाल ने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने और उन्हें योग विद्यार्थी बनाने में अध्यापकों का बहुत बड़ा योगदान है।

डीएम ने किया विकास कार्यों की समीक्षा

बलरामपुर के जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने आकांक्षी जनपद के लिए नीति आयोग की ओर से स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि आदि क्षेत्र में निर्धारित सूचकांक के प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने स्वास्थ्य एवं पोषण में निर्धारित सूचकांकों के समीक्षा के दौरान एएनसी जांच के लिए पंजीकृत शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव कराने का निर्देश दिया। शिक्षा क्षेत्र में सूचकांक विद्यार्थी एवं शिक्षक अनुपात में प्राइवेट विद्यालय को शामिल करने की बात कही। कृषि क्षेत्र के सूचकांक में फसल बीमा योजना एवं माइक्रो एरीगेशन में प्रगति लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीओ संजीव कुमार मौर्य, डीडीओ गिरीश पांडेय, डीसी मनरेगा सतीश पांडेय आदि मौजूद रहे।

बिल न जमा किया तो कटेगा बिजली कनेक्शन

विद्युत वितरण मण्डल बलरामपुर के अधीक्षण अभियंता बाल किशन ने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील किया है कि वे समय से अपना बिजली का बिल जमा कर दें। पांच हजार रुपए से अधिक बकाएदारी होने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा।

धान बेंचने के लिए पंजीकरण जरूरी

आगामी खरीफ की फसल तैयार होने पर धान बिक्री के लिए किसान भाइयों को पोर्टल पर पंजीकरण कराना जरूरी है। इसके लिए 31 अगस्त अंतिम तिथि है। बिना पंजीकरण के धान की खरीददारी नहीं की जा सकेगी। यह जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय विपणन अधिकारी के मोबाइल नंबर 9919172772 पर संपर्क किया जा सकता है।

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular