जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मंगलवार की रात हुए एक सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गोंडा-उतरौला मार्ग पर सालपुर पुलिस चौकी के पास आज रात एक मोटर साइकिल पर सवार होकर गोंडा की तरफ आ रहे बलरामपुर जिले के चमरूपुर निवासी आकाश (19), विवेक (20) और अमरेश (20) की सामने से एक ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर हो गई। परिणाम स्वरूप तीनों युवकों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवां को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया है। ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों के जेब से मिले मोबाइल फोन से उनके परिजनों को सूचना दी गई है। वे गोंडा पहुंच रहे हैं। घटना के बारे में जानकारी मिलने पर बलरामपुर सदर से भाजपा विधायक पलटू राम भी जिला अस्पताल पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली।
आउट सोर्सिंग कर्मचारियों को विभाग नहीं देगा वेतन
देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने आउट सोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान विभाग द्वारा सीधे उनके खाते में किए जाने को लेकर मंडल के सभी जिलाधिकारियों एवं मंडलीय अधिकारियों को आगाह किया है। एक निर्देश में उन्होंने कहा है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के खाते में विभाग द्वारा सीधे अथवा चेक के माध्यम से मानदेय का भुगतान बिल्कुल न किया जाए। यदि किसी विभाग द्वारा इस तरह से भुगतान किया जा रहा है, तो उसे तत्काल बंद कराकर नियमानुसार भुगतान की कार्रवाई की जाए।
संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान शुरू
जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए मंगलवार को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ पूरे उत्तर प्रदेश शुरू हो गया है। गोंडा में लोगों को जागरूक करने के लिए शहर के गांधी पार्क से एससीपीएम कालेज की छात्र-छात्राओं द्वारा रैली निकाली गयी। जिलाधिकारी नेहा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुन्मोली व सीएमओ डा. रश्मि वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यह अभियान पूरे अक्टूबर महीने तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य टीम घर घर जाकर लोगों को जागरुक करेगी। इस मौके पर डीएम नेहा शर्मा ने कहा कि जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए लोगों को खुद सजग रहने की आवश्यकता है। इसके लिए अपने घरों के आसपास जलभराव न होने दें। पानी भरे हुए स्थान पर मिट्टी डाल दें। डीएम ने आम जन मानस से अपील की कि वे सभी एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाएं। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा पंचायती राज, पशुपालन, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग, उद्यान, स्थानीय निकायों और सूचना विभाग को शामिल किया गया है। सीएमओ ने बताया कि जनपद में संचारी रोग नियंत्रण माह एक से 31 अक्टूबर तक एवं दस्तक अभियान 16 से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान में स्वास्थ्य कार्यकर्ता सावधानी रखते हुए लोगों को मलेरिया, डेंगू, चिकिनगुनिया, फाइलेरिया, टीबी से बचाव के बारे में बेहतर तरीके से जागरूक करेंगे। संचारी रोगों के रोकथाम को लेकर मंगलवार को आयोजित जागरुकता रैली को रवाना करने से पहले डीएम ने सभी उपस्थित छात्र -छात्राओं व अन्य लोगों को स्वच्छता अपनाने की शपथ भी दिलायी। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार मिश्र, डिप्टी सीवीओ, एससीपीएम के डारेक्टर अजिताभ दूबे आदि मौजूद रहे।

गैर इरादतन हत्या में छह को सजा
गोंडा के अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. दीनानाथ ने तीन सगे भाइयों व एक महिला सहित छह लोगों को गैर इरादतन हत्या करने के जुर्म में दस दस वर्ष की कैद व अर्थदंड की सजा सुनाई। यह जानकारी देते हुए सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अभिनव चतुर्वेदी ने बताया कि तरबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धनौली मजरा लोनियन पुरवा की गीता देवी पत्नी दद्दन इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 31 अगस्त 2020 को शाम पांच बजे गांव के ही रामसुख पुत्र राम अचल, विजय कुमार चौहान, तेज बहादुर व मोनू चौहान पुत्रगण राम सुख चौहान, सुमन देवी पत्नी विजय चौहान, रामबदल पुत्र राम अचल ने लाठी-डंडे से लैस होकर वादिनी व उसके घर वालों को मारा-पीटा। इसमें हनुमान प्रसाद को गंभीर चोटें आई। इलाज के दौरान हनुमान प्रसाद की मौत हो गई। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की विवेचना करने के बाद आरोप पत्र अदालत पर भेज दिया। अदालत ने अभियोजन व बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलों व बहरा को सुनने के बाद सभी अभियुक्तों को गैर इरादतन हत्या करने का दोषी करार दिया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को दस-दस वर्ष की कैद व अर्थदंड की सजा सुनाई। हमारे सहयोगी सीपी तिवारी ने बताया कि अर्थदंड की अदायगी न करने पर दो-दो महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
धोखाधड़ी के आरोपी की जमानत अर्जी खारिज
गोंडा की अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. अनामिका चौहान ने धोखाधड़ी करने के आरोपी की जमानत याचिका पर्याप्त आधार के अभाव में निरस्त कर दिया। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता घनश्याम पांडेय के अनुसार जिला लखीमपुर खीरी थाना उचौलिया अंतर्गत ग्राम नया रामपुर ग्रंट निवासी रियासत अली गाजी पुत्र साजिद अली के विरुद्ध पुलिस ने कूटरचना व धोखाधड़ी करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। आरोपी के ओर से अधिवक्ता ने जमानत याचिका प्रस्तुत किया। हमारे सहयोगी सीपी तिवारी ने बताया कि अदालत ने अभियोजन व बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलों को सुनने व पत्रावली में उपलब्ध साक्ष्यों का गहन अवलोकन करने के पश्चात जमानत के लिए पर्याप्त आधार न होने के कारण जमानत याचिका निरस्त कर दिया।
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
गोंडा जिले के कोतवाली देहात पुलिस ने दुष्कर्म करने के आरोपी अमित उर्फ शिवम सिंह पुत्र रामहरख सिंह निवासी जफरपुर थाना रामनगर जनपद बाराबंकी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया अभियुक्त ने क्षेत्र की रहने वाली लड़की के साथ शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। बाद में शादी करने से मनाकर दिया था। जिसके सम्बन्ध में पीड़िता द्वारा मुकदमा दर्ज करवाया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की है।
हरे पेड़ में लगी आग
गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र के उमरिया पावर हाउस के पास लगे हरे पेड़ में आज देर शाम अचानक लगी आग से हरा पेड़ जल गया। सरयू घाट चौकी इंचार्ज शिवलखन सिंह ने बताया कि घटना के बारे में पावर हाउस को सूचित किया गया है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने बताया कि सूचना पाकर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं। बिजली आपूर्ति बंद कर दिया गया है।
कबड्डी प्रतियोगिता बुधवार से
क्षेत्रीय खेल कार्यालय के तत्वाधान में पंडित दीनदयाल जन्म शताब्दी वर्ष पर राज्य स्तरीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार से किया जाएगा। गोंडा के उप क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर ने बताया कि प्रतियोगिता कल सुबह 11 बजे से प्रारम्भ होगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के कई मण्डल की खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगी।
महिला चिकित्सक की तैनाती से हर्ष
गोंडा जिले के कटरा बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर एक दशक बाद स्थाई महिला चिकित्सक डॉ. शर्मिला की तैनाती हुई है। क्षेत्रवासी अरसे से महिला चिकित्सक की तैनाती की मांग कर रहे थे। बीच में कुछ के लिए डॉ. रिमझिम की नियुक्ति हुई थी, लेकिन वह पीजी करने यहां से चली गई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ एमपी यादव ने बताया कि महिला चिकित्सक की तैनाती होने से गर्भवती महिलाओं की चिकित्सीय देखभाल में काफी सहूलियत होगी।
हत्या के मामले में तांत्रिक गिरफ्तार
गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र में जंगल के पास महिला की अधजली लाश मिलने के मामले को पुलिस ने एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी और पहचान न हो पाए, इसके लिए शव को जला दिया गया था।
अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद
गोंडा नगर के रोडवेज चौकी के निकट मंगलवार को करीब 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पाया गया। पुलिस शव का शिनाख्त कराने में जुटी है। सूचना पाकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे रोडवेज चौकी प्रभारी राजेंद्र कनौजिया ने आसपास के लोगां से पूछताछ किया, लेकिन शव का शिनाख्त नहीं हो सका। हमारे सहयोगी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि शव का शिनाख्त कराने के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
दुष्कर्म के आरोपी की जमानत याचिका खारिज
गोंडा अपर सत्र न्यायाधीश नम्रता अग्रवाल ने दुष्कर्म के आरोपी की जमानत याचिका पर्याप्त आधार के अभाव में निरस्त कर दिया। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अनीता साहू के अनुसार थाना तरबगंज अंतर्गत ग्राम डफाली पुरवा निवासी मोहम्मद इबरार पुत्र मोहम्मद आबिद के विरुद्ध पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। आरोपी की ओर से अधिवक्ता ने जमानत याचिका प्रस्तुत किया। हमारे सहयोगी सीपी तिवारी ने बताया कि अदालत ने अभियोजन व बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलों को सुनने व पत्रावली में उपलब्ध साक्ष्यों का गहन अवलोकन करने के पश्चात जमानत के लिए पर्याप्त आधार न होने के कारण जमानत याचिका निरस्त कर दिया।
करंट के झटके से बिजली कर्मी चोटिल
गोंडा जिले के विद्युत उपकेंद्र कटरा बाजार में रोस्टिंग के तहत बीती रात शट डाउन करते समय अचानक हाई वोल्टेज करंट का झटका लगने से एक विद्युत कर्मी झुलस गया। वहां पर मौजूद विद्युत कर्मियों ने उसे तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हमारे सहयोगी डॉ चंद्रशेखर पांडेय ने अवर अभियंता आदर्श कुमार ओझा के हवाले से बताया कि विद्युत कर्मी राम गोपाल दुबे के साथ फीडर के मशीन की शटडाउन वाली ट्राली खींचते वक्त यह हादसा हुआ है। कर्मचारी खतरे से बाहर है।
15 लेखपालों की पदोन्नति, गैर जिले के लिए कार्यमुक्त
गोंडा जिले के पन्द्रह लेखपालों को राजस्व निरीक्षक के पद पर पदोन्नति के बाद संतकबीर नगर जिले में स्थानांतरित कर दिया गया है। डीएम नेहा शर्मा के निर्देश पर सीआरओ महेश प्रकाश ने सभी लेखपालों को तहसीलों से कार्यमुक्त करके संतकबीर नगर जिले में कार्यभार ग्रहण करने को कहा है। पदोन्नति पाने वाले लेखपालों में ज्ञानचंद भारती, तिलक राम, राकेश कुमार, गौरी शंकर, बालक राम, निरंकार प्रसाद, वीरेंद्र कुमार, कपिलदेव, महेश कुमार दूबे, महेश चंद्र, धर्मेंद्र कुमार, लल्लन प्रसाद, श्रीप्रकाश, राम लल्लन, नवरत्न शामिल हैं।
चौपाल में लिखा गया मुख्यमंत्री को पत्र
गोंडा में विश्वविद्यालय स्थापना को लेकर छात्र पंचायत के माध्यम से लगातार कार्यक्रम कराया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कार्यक्रम के 34वें दिन कुंज बिहारी स्मारक इंटर कॉलेज सुभागपुर बाजार, लुआंई आदि स्थानों पर छात्र पंचायत के माध्यम से चौपाल लगाकर लोगों से पत्र लिखवाया गया। इस अवसर पर छात्र पंचायत के संयोजक शिवम पांडेय ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए आपके सहयोग से यह लड़ाई जारी रहेगी। यह पूरे गोंडा वासियों की लड़ाई है। आप सभी से निवेदन है कि आगामी 16 अक्टूबर को गोंडा जरूर आएं। इस अवसर पर राहुल मिश्रा, सतीश मिश्रा, शुभम तिवारी, धर्मेंद्र शुक्ला, आदि लोग उपस्थित रहे।
बिना जांच के झूठी रिपोर्ट लगाने का आरोप
गोंडा के कटरा बाजार विकास खंड के एक ग्राम पंचायत में दिव्यांग आवास आवंटन में बिना मौके पर गए ही जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा अपात्र करने की रिपोर्ट लगा देने का मामला प्रकाश में आया है। इसकी शिकायत पीड़ित ने मंडलायुक्त से की है। ग्राम पंचायत पूरे बदल के राम प्रकाश मिश्र ने कमिश्नर को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि दिव्यांग आवास योजना के तहत सूची में मेरा नाम दर्ज हुआ था। इसमें त्रिस्तरीय जांच में दो अधिकारियों ने आवास पाने के लिए पात्र की रिपोर्ट लगाई थी, लेकिन तीसरे जांच अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक मौके पर आए ही नहीं और अपात्र की रिपोर्ट लगा दी। हमारे सहयोगी डॉ चंद्रशेखर पांडेय ने बताया कि कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्रा ने इस संबंध में खंड विकास अधिकारी कटरा से रिपोर्ट तलब की है।
नौ अक्टूबर को लगेगा आपरेशन शिविर
गोंडा जिले के इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आगामी नौ अक्टूबर को मुफ्त आपरेशन शिविर लगाकर मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए सीएचसी अधीक्षक डा. सुनील कुमार ने हमारे सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि क्षेत्र के समस्त मोतियाबिंद मरीज अपने आधार कार्ड और एक सहयोगी के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उक्त दिवस में पहुंचकर लाभ ले सकते हैं।
एडीओ पंचायत ने किया निरीक्षण
गोंडा के परसपुर विकास खण्ड के न्याय पंचायत खरगूपुर में मिशन संचारी रोग अभियान के अंतर्गत हो रहे साफ सफाई का निरीक्षण मंगलवार को प्रभारी एडीओ पंचायत सत्येंद्र सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि संचारी माह तीन अक्टूबर से शुरू होकर 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसके अंतर्गत विकास खण्ड के सभी 11 न्याय पंचायतो में सफाई कर्मचारियों द्वारा अभियान चलाकर गावों में सड़कों की साफ सफाई की जाएगी। हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु लगाए गए शिविर तथा ग्राम पंचायत में हो रहे विकास कार्यो का भी निरीक्षण किया। इस बीच ग्राम पंचायत भौरीगंज में मंगलवार को पंचायत भवन में शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाया गया। कोटेदार हवलदार सोनी ने बताया कि शिविर में छः या उससे अधिक के पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकां का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। इस अवसर पर पंचायत सहायक साइना, दिल बहारुन, उषा, आलिया, आशा, वीना, नीलम तिवारी आदि उपस्थित रहीं।
किसान संगठनों ने दिया ज्ञापन
संयुक्त किसान मोर्चा, संयुक्त ट्रेड यूनियंस तथा खेत मजदूरों के संगठनों की ओर से मंगलवार को गोंडा जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को मांग पत्र भेजा गया। यह जानकारी देते हुए मजदूर नेता का. सत्य नारायण तिवारी ने बताया कि लखीमपुर खीरी के तिकोनिया कांड में मारे गये किसानों के आरोपियों को सख्त सजा देने, किसानों को एमएसपी की गारंटी देने तथा फसल की लागत का डेढ़ गुना दाम तय करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। अन्य मांगों में बिजली (संशोधन) विधेयक बिल 2022 की वापसी, किसानों पर हुए मुकदमे की वापसी, मृतकों के परिजनों को न्याय तथा पर्याप्त मुआवजा दिलाने, चार लेबर कोड को रद्द करने तथा पुराने श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन कराए जाने की मांग की गई। प्रर्दशन में कौशलेंद्र पांडेय, ईश्वर शरण शुक्ला, राम कृपाल यादव, विनीत तिवारी, रवीन्द्र सिंह, स्वामीनाथ, राजेन्द्र श्रीवास्तव, सुरेश कुमार कनौजिया, अंबरीश तिवारी, पवन पांडेय, आदर्श पांडेय, महेश त्रिपाठी, रमेश चौहान, मोईन अंसारी, खुशबू कनौजिया आदि शामिल रहे।

