जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले की पुलिस ने फर्जी लूट की सूचना देने वाले मास्टर माइंड पिकअप चालक और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर तीन लाख 36 हजार रुपए नकद बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने पुलिस कार्यालय में रविवार को पत्रकारों को बताया कि जिले के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के गरीबी पुरवा निवासी राजू यादव पुत्र सहदेव यादव ने बीती रात डायल 112 पर सूचना दिया था कि वह शहर के गल्ला व्यवसायी अमर दीप अग्रवाल के अशोक लीलैंड पिकअप वाहन संख्या यूपी 43 बीटी 0654 से माल लेकर बभनान कस्बे के गल्ला व्यवसायी शेषराम साहू उर्फ़ साधू साहू के यहां गया था। वहां से तीन लाख 36 हजार रुपए नकद लेकर गोंडा वापस आ रहा था। रास्ते में मनकापुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत अमवा जंगल के पास स्कार्पियो सवार बदमाशों ने उसकी गाड़ी रोककर असलहा दिखाते हुए उससे पैसे छीन लिए तथा फरार हो गए। प्रकरण में व्यापारी अमर दीप अग्रवाल निवासी मोहल्ला रानी बाजार थाना कोतवाली नगर की तहरीर पर मनकापुर थाने में लूट का मुकदमा दर्ज कर घटना के अनावरण के लिए सीओ मनकापुर नवीना शुक्ला की अगुवाई में तीन टीमें गठित की गईं। एसपी ने बताया कि वाहन चालक राजू यादव से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि अपने एक दोस्त सोनू वर्मा निवासी ऐलनपुर ग्रंट थाना कोतवाली मनकापुर से विचार विमर्श करके लूट की घटना दिखाकर अपने मालिक अमर दीप अग्रवाल का पैसा हड़पने की नीयत से पुलिस को फर्जी सूचना दी थी। साथ ही घटना को सत्य साबित करने के उद्देश्य से मैंने अपना मोबाइल भी तोड़कर फेंक दिया था। पुलिस ने दोनां अभियुक्तां को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की सम्पूर्ण धनराशि, एक अदद टूटा हुआ फोन बरामद कर लिया। एसपी ने बताया कि लूट की फर्जी घटना को भादवि की धारा 409, 120बी, 196 व 411 में तरमीम करते हुए दोनों को न्यायालय रवाना किया गया। घटना के सफल अनावरण में मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह, एएसएचओ अरुण कुमार राय, एसएसआई प्रबोध कुमार, उपनिरीक्षक गण अंकित सिंह, अरविन्द कुमार, शदाब आलम, एसओजी प्रभारी सर्वजीत गुप्ता, मुख्य आरक्षी गण रणधीर सिंह, महेन्द्र कुमार, आनन्द प्रकाश सिंह, अनिल कुमार पटेल, अजीत सिंह समेत प्रभारी निरीक्षक छपिया तथा चौकी प्रभारी बभनान का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला पुलिस की त्वरित कार्यवाही से 24 घंटे के अन्दर घटना का सफल अनावरण करते हुए गल्ला व्यापारी का पैसा बरामद करने पर व्यापारियों ने आज पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल को बुके भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
आकाशीय बिजली से दो की मौत
गोंडा जिले में रविवार को बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि खरगूपुर थाना क्षेत्र के केवलपुर निवासी निबरे अपने इकलौते बेटे आकाश मौर्य (15) के साथ रविवार को दोपहर खेत में काम कर रहे थे। वह दोनों आकाशीय बिजली के चपेट में आ गए। परिणाम स्वरूप आकाश की मौत हो गई, जबकि निबरे का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इसी प्रकार मनकापुर तहसील के मसकनवा कस्बे के निकट खपरीपारा स्थित राज ईंट भट्ठे पर झारखंड निवासी कृष्णा (28) करीब एक माह पूर्व काम करने के लिए आया था। रविवार को बरसात के दौरान वह भट्टे पर अस्थायी रूप से बने अपने कमरे पर था। अचानक बिजली कड़कने पर वह कमरे में ही गिरा और बेहोश हो गया। एम्बुलेंस की मदद से आनन फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छपिया ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार, आकाशीय बिजली के तेज तड़तड़ाहट से युवक को हृदयाघात होने की संभावना है। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हमारे छपिया सहयोगी शैलेन्द्र पाण्डेय ने भट्ठा स्वामी मनमीत सिंह के हवाले से बताया कि मृत मजदूर के शव को उनके घर भेजवाने की व्यवस्था की जा रही है। आपदा विशेषज्ञ के अनुसार, आकाशीय बिजली से मौत होने के मामले में पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से चार लाख रुपए की अहेतुक सहायता प्रदान की जाएगी।
सर्राफ ने की जेवर व नकदी लूटने की शिकायत
इटियाथोक थाना क्षेत्र के विशुनपुर संगम गांव के रहने वाले सर्राफ ने बाइक सवार चार लोगों पर 14,900 रुपये नकदी व सोने-चांदी के गहने लूटने का आरोप लगाते हुए धानेपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने इसे आपसी विवाद बताया है। ंगांव के दिलीप कुमार ने थाना धानेपुर में रविवार देर शाम तहरीर देकर कहा कि शनिवार रात वह शहर के महराजगंज स्थित एक सराफा की दुकान से 49,000 रुपये के चांदी के गहने लेकर कार से धानेपुर होते हुए घर जा रहा था। राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय धानेपुर के पास दो बाइकों से आए बाबूराम पुरवा धानेपुर व सुभाषनगर कोतवाली नगर के रहने वाले दो सराफा व्यापारियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ उसे रोक लिया। पिटाई करके सोने की चेन, अंगूठी जेब में रखी 14,900 रुपये नकदी और 49,000 रुपये के चांदी के गहने, साइन किये हुए दो चेक छीनकर भाग गए। थानाध्यक्ष सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि सराफा व्यापारियों में लेनदेन का विवाद है, लूट का आरोप गलत है। फिर भी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
धूमधाम से मनाया गया मोदी का जन्म दिन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 73वां जन्म दिन रविवार को गोंडा जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम पार्टी के जिला कार्यालय पर हुआ, जहां पार्टी प्रदेश के उपाध्यक्ष बृज बहादुर उपाध्याय एवं अवध क्षेत्र के मंत्री विकास सिंह की मौजूदगी में जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने जनपद के कोने-कोने से बुलाए गए हस्तशिल्प कर्मकारों को सम्मानित किया। इस मौके पर एक भंडारे का भी आयोजन किया गया। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए विश्वकर्मा सम्मान योजना पर उनके उद्बोधन को सुना गया। इस मौके पर महामंत्री आशीष त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दीपक गुप्ता, नगर अध्यक्ष विशाल अग्रवाल, विनय शर्मा, राम तीरथ वर्मा, रामनाथ मौर्य, रंजीत बाबा, राघवेंद्र ओझा पट्टू, वीरेंद्र, यदुवंश, संदीप पांडेय आदि उपस्थित रहे। इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम सभा बेंदुली में श्री बिंदेश्वर महादेव मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताआें ने पूजन, अर्चन व हवन कर उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय ने बताया कि इस मौके पर सत्यब्रत ओझा, अजय राठौर, दीना नाथ तिवारी, दिलीप वर्मा, अजय शुक्ला, जितेंद्र तिवारी, करुणा शंकर, रजनीश पांडेय आदि उपस्थित रहे। बेलसर से हमारे सहयोगी बीएन मिश्रा के अनुसार, स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रधानमंत्री के जन्म दिन पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ पूर्व ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह ने किया। शिविर में उपस्थित लोगों को फल वितरित किया गया। इस मौके पर डॉक्टर आशुतोष गुप्ता, डॉक्टर सतपाल सोनकर, बृजेश सिंह, सूर्यभान शुक्ला, धीरेंद्र कुमार एएनएम कांति आदि उपस्थित रहे। इसके साथ ही एमडीबी इंटर कालेज में किसान सम्मान निधि कैंप का शुभारंभ भी किया गया, जिसमें 50 से अधिक किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी संजू यादव, रवि सिंह, रवि कुमार तिवारी एवं सुनील यादव आदि उपस्थित रहे।
जिले भर में मनाया गई विश्वकर्मा जयंती
इंजीनियरिंग और कला के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर रविवार को जिले भर में विविध आयोजन किए गए। राजकीय पालीटेक्निक, आईटीआई, रोडवेज, बिजली विभाग के कार्यशाला, दीन दयाल शोध संस्थान समेत रेलवे के लोको शेड आदि में उनकी पूजा अर्चना की गई। हमारे सहयोगी पंकज भारतीय ने बताया कि रेलवे के लोकोशेड में परम्परागत तरीके से विश्वकर्मा जयंती मनाई गई। वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर आशीष मद्धेशिया ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना की। बाद में हवन कर प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान विनोद श्रीवास्तव, राम नगीना, श्री राम सिंह, आररावत, अशोक, प्रहलाद, अशोक मांझी, आरती मीणा, एसपी यादव, अतुल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय ने बताया कि स्थानीय विद्युत उपकेन्द्र पर तैनात जेई अजय गुप्ता की मौजूदगी में विधि विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा आराधना की गई। इस मौके पर पंडित रामजी मिश्रा शास्त्री, टीजीटू सुरेंद्र चंद्र पाल, सत्य नारायण, खेमराज समेत एसएसओ देवेंद्र कुमार, दिनेश शुक्ला, यदुनंदन चौधरी, लाइन मैन महेश शुक्ला, रमेश शुक्ला, अब्दुल वहाब, हरिओम पांडेय, ओम प्रकाश, अरुण मिश्रा, रवि तिवारी, आनंद पासवान, हेमंत वर्मा आदि समेत सभी मीटर रीडर उपस्थित रहे।
आरोग्य मेला आयोजित
गोंडा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सदाशिव पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में आए लोगां को मच्छर काटने से होने वाली बीमारी के बारे में जानकारी दी गई। 12 मरीजों की जांच के लिए रक्त के नमूने लिए गए। फार्मासिस्ट अनिल मिश्रा ने हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि आज कुल 35 मरीजां को सेवा व सुविधा दी गई। चार लोगां का कोविड टेस्ट भी हुआ, जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव रही। क्षेत्र के पीएचसी जानकी नगर, बाबागंज और तकिया मनोहर जोत में भी स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया।
रेल कर्मियों ने पढ़ाया संरक्षा का पाठ
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी के निर्देशन में गोंडा में रेलवे लाइन के किनारे स्थित श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज तथा कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों को संरक्षा का ज्ञान दिया गया। बच्चों को अनधिकृत स्थानों से रेलवे ट्रैक पार करने के बजाय केवल रेलवे फाटकां तथा उपरिगामी सेतु का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्हें बताया गया कि गेटमैन पर कभी अनधिकृत दबाव न डालें। क्षतिग्रस्त रेलवे फाटकां पर सावधानी बरतें एवं रेलवे ट्रैक एवं विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हमारे सहयोगी पंकज भारतीय के अनुसार, करीब 400 बच्चों को संरक्षा पोस्टर एवं पंपलेट का वितरण भी किया गया।
यादव महासभा की बैठक
उत्तर प्रदेश यादव महासभा के जिला इकाई की एक बैठक रविवार को पोर्टरगंज स्थित मंगली यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में यादव समाज की शैक्षिक, आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्तर को ऊंचा उठाने के लिए ब्लॉक स्तर पर संगठन मजबूत करने का निर्णय लिया गया। बैठक में नानबाबू यादव, हृदय राम, दीपू यादव, राजकुमार, दीनानाथ यादव, पवन यादव, हुकम यादव, रमेश यादव, राजकुमारी, दीनानाथ, साहब राम, हरिराम यादव, कस्तूरी यादव, राम नारायण, कल्याणी, रवि, मनोज, श्रीचंद्र, दिलीप, तरुण, रमेश आदि मौजूद रहे। हमारे सहयोगी पंकज भारतीय ने बताया कि बैठक का संचालन रामधन एडवोकेट ने किया।
ई-रिक्शा पलटा, कांवरिए जख्मी
गोंडा जिले के कर्नलगंज में मौर्य नगर चौराहे पर रविवार को कजली तीज के पर्व पर जलाभिषेक के लिए सरयू नदी से जल लेने जा रहे कांवरियों से भरा एक ई-रिक्शा पलट जाने से आधा दर्जन किशोर कांवरिए चोटिल हो गए। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों के सहयोग से उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। चोटिल कांवरियों में सुभाष, रुचि, पिंकी, अतुल, सरोजनी निवासीगण ग्राम कोंचा कासिमपुर शामिल हैं। दुर्घटना में चोटिल सुभाष का हाथ फ्रेक्चर होने के कारण उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।
वजीरगंज में प्रधान ने लगवाए 32 सीसीटीवी कैमरे
गोंडा जनपद के वजीरगंज ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान सुशील जायसवाल ने प्रशासन की पहल पर आपरेशन त्रिनेत्र के तहत कस्बे में 32 सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। प्रधान ने बताया कि मंदिर व मस्जिद पर तीन-तीन कैमरे तथा शेष कैमरे विद्यालय, पंचायत भवन, बैंक, कस्बे के हर तिराहे-चौराहे तथा कस्बे के प्रवेश तथा निकास द्वार पर लगवाए गये हैं। प्रधान के इस पहल की पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने सराहना की है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने प्रधान का माल्यार्पण कर व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। हमारे सहयोगी विजय शुक्ल ने बताया कि थानाध्यक्ष अभय सिंह के साथ कस्बे के व्यापारी वर्ग भी प्रधान के पहल की सराहना कर रहे हैं। थानाध्यक्ष ने कहा कि इन कैमरों से अपराधों के अनावरण में पुलिस को बहुत मदद मिलेगी।
चोरी के मोबाइल के साथ एक गिरफ्तार
जीआरपी गोंडा के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक फूलचंद यादव, जोखन यादव व आरक्षी संदीप यादव की टीम ने रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान प्लेटफार्म नंबर चार व पांच पर घूम रहे एक संदिग्ध युवक की तलाशी के दौरान एक अदद चोरी की मोबाइल बरामद किया। पकडे गये युवक का नाम सलमान उर्फ मजनू ग्राम गलवरिया थाना तुलसीपुर जनपद बलरामपुर है। हमारे सहयोगी पंकज भारतीय ने बताया कि पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर जेल रवाना किया।
