Wednesday, April 1, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : रेशम फार्म की जमीन पर कब्जे का मुकदमा दर्ज

Gonda Capsule : रेशम फार्म की जमीन पर कब्जे का मुकदमा दर्ज

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले के कोतवाली देहात थाने में करनपुर में स्थित सरकारी रेशम फार्म की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने के मामले में रेशम विभाग के उप निदेशक रामानंद मल्ल ने मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की विवेचना कोतवाली देहात के उपनिरीक्षक गोविंद कुमार को मिली है। उनका कहना है कि जमीन कब्जा करने के साथ शहतूत के पेड़ काटे जाने का भी आरोप है। करनपुर में सरकारी रेशम फार्म में शहतूत का बागान है। दुरगोड़वा गांव के नंदूपुरवा निवासी भोलानाथ शुक्ल की ओर से सरकारी जमीन पर कब्जा करने की जानकारी हुई तब उपनिदेशक रेशम विभाग ने जांच की। मौके पर जाकर उन्होंने देखा कि रेशम फार्म के बाड़ को तोड़ डाला गया। साथ ही जमीन में लगे शहतूत के पेड़ काट डाले गए। ट्रैक्टर लगाकर फार्म के आधे एकड़ (ढाई बीघे) जमीन को जोतकर कब्जा कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि कब्जा करने वाले भोलानाथ शुक्ल भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी विष्णु शुक्ल के पिता हैं, और एक इंटर कॉलेज भी चलाते हैं। फिलहाल रेशम विभाग की जमीन पर कब्जा रोकने के लिए मौके पर कर्मचारियों को लगाया गया है। उपनिदेशक रामानंद मल्ल ने भोलानाथ शुक्ल के खिलाफ सरकारी जमीन पर कब्जा करने और नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज कराया है। एफआईआर दर्ज करने के बाद मामले की जांच भी शुरू कर दी है।

महिला ग्राम प्रधान का पूर्व प्रधान पर आरोप

कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के हलधरमऊ ब्लाक अन्तर्गत एक गांव की महिला प्रधान ने पूर्व प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से प्रकरण की शिकायत दर्ज कराई है। मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी हलधरमऊ को जांच सौंपी है। प्रकरण हलधरमऊ ब्लाक के ग्राम पंचायत पिपरी रावत से जुड़ा है। यहां की महिला ग्राम प्रधान शबाना सहित दर्जनों ग्रामीणों द्वारा अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर गांव के पूर्व प्रधान पर दबंगई का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि पूर्व प्रधान ने अपने घर के नजदीक स्थित कम्पोजिट विद्यालय में अस्थाई पंचायत भवन स्थापित कर लिया है और उसकी चाभी भी अपने पास रख ली है। यही नहीं, महिला प्रधान ने पूर्व प्रधान पर शोषण का आरोप लगाते हुए हर कार्य में दखल देने की भी शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि गांव में प्रधान व सदस्य ज्यादातर महिलाएं हैं। ग्रामीणों ने पिपरी रावत में बने कन्या पाठशाला में अस्थाई पंचायत भवन स्थापित कराने की मांग की है। वहीं प्रकरण को संज्ञान में लेकर सीडीओ ने बीडीओ हलधरमऊ को जांच कर कार्यवाही करने का निर्देश दिया है।

टॉवर पर चढ़ गया नशेड़ी युवक

जिले के उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की रट लगाते हुए ऐली परसौली में शुक्रवार शाम तकरीबन चार बजे नशे में धुत एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। एक घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने किसी तरह उसे टॉवर से उतारा। थानाध्यक्ष कुबेर तिवारी ने बताया कि ऐली परसौली गांव का रहने वाला मुन्ना सिंह 22 शुक्रवार शाम तकरीबन 4 बजे शराब के नशे में योगी-मोदी से मिलने की रट लगाते हुए ऐली परसौली गांव में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। गांव के लोग एकत्र हो गए। उसे नीचे उतरने के लिए लोग मान मनौव्वल करते रहे। वह अड़ा रहा कि जब तक योगी का हेलीकॉप्टर नहीं उतरेगा तब तक नीचे नहीं उतरेगा। युवक ने पुलिस हेल्पलाइन पर टॉवर पर चढ़ने की सूचना दे दी। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतारने का प्रयास करने लगी, लेकिन नहीं माना। बताया कि एक घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान मुन्ना के मोबाइल फोन पर अवध केसरी सेना प्रमुख नीरज सिंह का फोन आया। उन्होंने योगी से मिलवाने का आश्वासन देते हुए उससे नीचे उतरने की अपील की, तब जाकर वह नीचे उतरा। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

पति समेत तीन पर दहेज हत्या का मुकदमा

जिले के छपिया थाना क्षेत्र के मेहापोखर गांव की रहने वाली एक विवाहिता को दहेज में नकदी व बाइक की मांग पूरी न होने पर मार डालने का आरोप लगाते हुए छपिया थाने में तहरीर दी गई। मामले में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया गया है। छपिया थाना क्षेत्र के वाशुदेवपुर ग्रांट गांव के रहने वाले मोहनलाल ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि अपनी पौत्री गुंजन (28) की शादी दो साल पहले मेहावर पोखर गांव के रहने वाले हीरालाल गुप्ता के बेटे सूरज गुप्ता से हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक सबकुछ ठीक था। उसके बाद ससुराल वाले दहेज में नकदी व कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर पौत्री को मारकर फंदे से लटका दिया। मामले में मोहनलाल ने थाने में पति सूरज गुप्ता, ससुर हीरालाल व सास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक छपिया प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मोहनलाल की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Gonda Capsule : रेशम फार्म की जमीन पर कब्जे का मुकदमा दर्ज

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular