जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कालेज से संचालित रेडियो अवध 90.8 एफएम द्वारा स्थानीय प्रतिभाओं की तलाश के लिए कराए जा रहे टैलेंट हंट के क्रम में आनलाइन आवेदन करने वाले प्रतिभागियों के मध्य आगामी पांच अक्टूबर को तीन स्थानों पर आडिशन कराया जाएगा। यह जानकारी देते हुए रेडियो अवध के कार्यक्रम निदेशक ने बताया कि संस्थान द्वारा स्थानीय प्रतिभाओं की खोज तथा उन्हें प्रशिक्षित करके रेडियो में काम करने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए चार विधाओं आरजे, लोक गायन, भजन कीर्तन और कविता कहानी में प्रतियोगिता हेतु आनलाइन आवेदन करवाया गया था। अब तक जिले के 400 से अधिक युवक युवतियों ने आनलाइन आवेदन किया है। द्विवेदी ने बताया कि सभी विधाओं का आडीशन आगामी 05 अक्टूबर को पूर्वान्ह 10 बजे से तीन स्थानों पर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि आनलाइन आवेदन करने वाले एलबीएस कालेज में अध्ययनरत सभी छात्र छात्राओं का आडिशन कालेज के ही ललिता शास्त्री सभागार में 10 बजे से, एससीपीएम कालेज हारीपुर के छात्र छात्राओं का आडिशन उसी कालेज के सभागार में दो बजे से तथा अन्य सभी युवक युवतियों का आडिशन पांच अक्टूबर को टाउन हाल में 10 बजे से कराया जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील किया है कि वे आडिशन के लिए नियत तिथि व स्थान पर पहुंचकर प्रतिभाग करने का कष्ट करें।
बिजली विभाग ने चलाया जांच अभियान
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता राधेश्याम भास्कर की अगुवाई में बुधवार को नगर के रानी बाजार, आइटीआइ रोड, विष्णुपुरी कॉलोनी आदि मोहल्लों में जांच अभियान चलाया गया। अभियान से पहले नगर क्षेत्र के मीटर रीडर्स के कार्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव किया गया है। अधिशासी अभियंता ने मीटर रीडिंग के कार्य में लापरवाही करने वाले चार मीटर रीडर को चेतावनी जारी करते हुए शहर से हटाकर ग्रामीण क्षेत्र में तैनात किया गया। उन्हें स्पष्ट चेतावनी भी दी गई कि आगे से लापरवाही मिलने पर निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अभियंता ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता की केबल मीटर से पहले कटी पाई जाती है, तो उनकी पूरी केबल आर्म्ड केबल के माध्यम से बदली जाएगी और उसकी भरपाई उपभोक्ता को स्वयं करनी पड़ेगी। जिन उपभोक्ताओं ने मीटर घर के अंदर लगवा रखा है, उसे भी घर के बाहर किया जाएगा। बिल का भुगतान न करने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं के विरुद्ध आरसी जारी की जा रही है। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी पंकज भारतीय ने बताया कि अभियान में सतीश कुमार गुप्ता, मीटर रीडर सुपरवाइजर लवकुश पांडेय, अभिनव मौर्य, रूपेश सोनी, इंद्र कुमार यादव, उत्तम यादव, मोहित त्रिवेदी, बृजेंद्र सिंह, सतीश गुप्ता, आशीष श्रीवास्तव, उत्तम यादव, विनीत वर्मा, मो. हनीफ आदि मौजूद रहे।
अस्पताल का छज्जा गिरा
गोंडा जिले के तरबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में बुधवार की सुबह मुख्य द्वार पर चैनल के सामने दूसरी मंजिल का छज्जा अचानक गिर गया। अधीक्षक डॉ. नवनीत गौरव सिंह व स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। अधीक्षक ने बताया कि छज्जा गिरने से किसी को चोट नहीं लगी। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना सीएमओ को भेजकर मरम्मत की मांग की गई है।
अतिक्रमण हटाओ अभियान का आयुक्त ने किया निरीक्षण
देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने बुधवार को गोंडा शहर में चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नजूल की जमीन पर किये गये अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। आयुक्त ने कहा जिन लोगों ने नजूल की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया है, उन्हें सूचीबद्ध किया जा रहा है। आगे भी न केवल ऐसे अतिक्रमण को हटाया जाएगा, बल्कि अतिक्रमण कारियों से अर्थ दंड भी वसूला जाएगा। आयुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध अतिक्रमण हटाने में जिला प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई में सहयोग करें। अवैध अतिक्रमण हटाने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मण्डलायुक्त ने कहा कि गोंडा जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द से जल्द अवैध अतिक्रमण हटाए। इस बीच नगर पालिका और जिला प्रशासन की टीम ने बुधवार को भी अंबेडकर चौराहे के पास सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों को तोड़ने का अभियान जारी रखा। डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि चौराहे के पास कचहरी रोड, मंडे नाला पुल के पास बने अवैध निर्माणों को पुलिस फोर्स की मौजूदगी में तोड़ा जा रहा है। डीएम ने कहा कि अम्बेडकर चौराहे के आसपास 47 अतिक्रमण कारियों को चिन्हित करके नोटिस जारी किया गया था। इसमें 25 पूरी तरह से अतिक्रमण के दायरे में थीं। प्रथम चरण में उन्हें हटाया जा रहा है। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर, ईओ संजय मिश्रा, सीओ विनय कुमार, नगर कोतवाल संजय कुमार गुप्ता सहित पालिका और जिला प्रशासन की टीमें मौजूद रही।
भगाई गई बालिका बरामद
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से बीते 25 सितंबर को बहला फुसलाकर भगाई गई बालिका को स्थानीय पुलिस ने बुधवार को बरामद करते हुए आरोपी युवक को जेल रवाना किया। पीड़िता के पिता द्वारा मामले में थाना क्षेत्र के रेहली गांव निवासी सुखलाल पुत्र चन्दर यादव के विरुद्ध नाबालिग बेटी को भगा ले जाने का मुकदमा 28 सितंबर को दर्ज कराया था। प्रभारी निरीक्षक मनोज राय ने बताया कि पीड़िता को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान और चिकित्सीय परीक्षण के लिए वन स्टाप सेंटर भेज दिया गया है।
विश्वविद्यालय के लिए जागरूकता अभियान जारी
गोंडा जिले में विश्वविद्यालय स्थापना को लेकर छात्र पंचायत के माध्यम से चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम के क्रम में बुधवार को विकास खंड मुजेहना में अक्षय इंटर कॉलेज, भैया हनुमान दत्त इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, धानेपुर बाजार, इंदिरा नगर आदि स्थानों पर छात्र चौपाल लगाकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखवाया गया। छात्र पंचायत के संयोजक शिवम पाण्डेय ने कहा कि विश्वविद्यालय हमारा हक है। इसके लिए हम सभी छात्र छात्राओं को ही लड़ाई लड़नी पड़ेगी। उन्होंने आहवान किया कि आगामी 16 अक्टूबर को जनपद मुख्यालय पर गांधी पार्क में आयोजित छात्र महारैली में पहुंचकर उसे सफल बनाएं। मुजेहना संयोजक गनी अंसारी ने बताया कि 15 तारीख तक चौपाल लगाकर व घर-घर जाकर लोगों को आगामी 16 अक्टूबर के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस अवसर पर शुभम पाण्डेय, अंकित सिंह, विशाल तिवारी, प्रताप वर्मा, अनु तिवारी, अजय कुमार आदि उपस्थित रहे।
गबन व मारपीट का मुकदमा
गोंडा जिले के धानेपुर थाने की पुलिस ने रुद्रगढ़ नौसी गांव के तीन लोगों के खिलाफ गबन व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी मो. रफीक के मुताबिक, उसने गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति से उसकी कार का सौदा साढ़े चार लाख रुपए में किया था। इसके लिए उसने कई किश्तों में आनलाइन डेढ़ लाख रुपए अदा किए। थाना धानेपुर में सुलहनामा हुआ कि विपक्षी 19 जून 23 को कार सौंप देगा। बाद में वह टालमटोल करने लगा। बीते चार जुलाई को जब वह पुनः विपक्षी के घर जाकर आरटीओ कार्यालय में ट्रांसफर करके बकाया रुपए लेने की बात कही, तब भी वह तैयार नहीं किया। इसके बाद वही कार दूसरे को बेंच दी। पीड़ित ने जब विपक्षी से अपने पैसे वापस मांगे तो उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मारपीट किया। प्रभारी थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी ने बताया कि एसपी के आदेश पर शाहिद, सिराज व सुभान अली के खिलाफ गबन व मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
घर में घुसकर चोरी
जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोंचा कासिमपुर निवासी राहुल पाण्डेय पुत्र जय प्रकाश पाण्डेय ने चोरी की घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया है कि बीती रात अज्ञात चोरों द्वारा मेरे घर में घुसकर बक्शे में रखा जेवरात चुरा लिया गया। गांव के बाहर सड़क के पास खाली बक्शा पड़ा मिला। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करके कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
तकनीकी सहायकों को ग्राम पंचायतें आबंटित
जिले के तरबगंज विकास खंड में वर्षों से तैनात तकनीकी सहायकों के स्थानांतरण के बाद तीन नए तकनीकी सहायकों ने कार्यभार संभाल लिया है। यह जानकारी देते हुए आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ज्ञानेंद्र सिंह को सिगहा चंदा व चंदीपुर न्याय पंचायत, ओम प्रकाश श्रीवास्तव को गोहानी, जमथा, परास पट्टी पुरवार व रामापुर न्याय पंचायत, राधेश्याम चौहान को रेता दलसिंह, घांचा बीकापुर व बनगांव न्याय पंचायत की जिम्मेदारी सौंप गई है। तकनीकी सहायक ज्ञानेन्द्र सिंह सिंगहा चन्दा, पिपरी रोहुआ, विशुनपुर, गिरधरपुर, सिगहा भोज, होल्लापुर, सोनबरसा, नरायनपुर, चन्दीपुर, बौरिहा, काशीपुर, रानीपुर, दुफ़डिया, चौबेपुर जगदीशपुर ग्राम पंचायत का काम देखेंगे। वहीं, ओम प्रकाश श्रीवास्तव गौहानी अकबरपुर, धौरहराघाट, रामपुर टेंगरहा, जुझारीपुर, जमथा, मनहना, भैरमपुर, परियांवा, असरथा, गड़ौली, परासपट्टी पुरवार, परासपट्टी मझवार, धनौली, बहादुरपुर, कटौरा, गभौरा, चिवरहा, अमोठी, करनीपुर का जिम्मा संभालेंगे। इसी प्रकार राधेश्याम चौहान किन्यौरा, पचार, खजुरी, खानपुर, सुसेला, सेझिया, लक्षमनपुर, घांचा बीकापुर, पुरैनी, रांगी, शीशौ, टकटोना, गोपसराय, बनगांव, चमसुहा, भानपुर, ब्यौंदा उपरहर, व्योंदा माझा, सरावां ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों में सहयोग करेंगे।
समूह सखी का प्रशिक्षण संपन्न
गोंडा जिले के रुपईडीह विकास खण्ड सभागार में बुधवार को चार दिवसीय समूह सखी का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में 60 समूह सखियों के सापेक्ष महज 43 समूह सखी उपस्थिति रहीं। विकास खंड के 106 ग्राम पंचायतों में गठित स्वयं सहायता समूह के निगरानी के लिए चयनित समूह सखी का प्रशिक्षण चल रहा है। प्रशिक्षक विनोद कुमार व महेश राय ने समूह सखियों को उनके कार्यों के बारे में जानकारी दी। समूह के सभी कार्यों को लोकोस एप में फीड करने, सारे कार्य ऑनलाइन किए जाने, ग्राम पंचायत की बैठक, सीएलएफ फीडिंग सहित अन्य कार्यों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में कौड़िया व भुलईडीह कलस्टर की सभी समूह सखियों को शामिल किया गया। एडीओ आईएसबी मोहम्मद आजम खा ने बताया कि ब्लॉक के समस्त समूह सखी को दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जाना था। प्रथम चरण का प्रशिक्षण सम्पन्न हो गया। द्वितीय चरण का प्रशिक्षण 5 से 8 अक्तूबर तक चलेगा। इसमें बिंदु देवी स्वाती, रीना सिंह, पुष्पा देवी मोहिनी पांडे, रीना रेणु देवी, लज्जावती, सरला देवी, चांदनी तिवारी, ज्योति, अनीता, रेखा, ममता पांडेय, प्रीति पांडेय, वंदना मिश्र, ज्योति आदि उपस्थित रहीं।
युवक को अपशब्द कहने पर मुकदमा
गोंडा के वजीरगंज थाना क्षेत्र के निवासी एक युवक को फोन पर अपशब्द कहना भारी पड़ गया। पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित हरिश्चंद्र उर्फ भूसी लाल यादव निवासी ग्राम चंदापुर चौराहा ने बताया कि विशाल गुप्ता पुत्र नत्थुन गुप्ता निवासी ग्राम मझारा ने फोन कर पीडित को अपशब्द कहते हुए मारने-पीटने की धमकी दी है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

