Sunday, February 15, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : भ्रष्टाचारी पर चला आयुक्त का हंटर

Gonda Capsule : भ्रष्टाचारी पर चला आयुक्त का हंटर

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। उन्होंने भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के आरोप में संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के एक लिपिक के निलंबन व विभागीय कार्रवाई करने हेतु शासन को पत्र लिखा है। आयुक्त ने मण्डल के समस्त जिलाधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि वह अपने अधीनस्थ कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएं। भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाए।

जल्द पूर्ण कराएं पौधरोपण की जियो टैगिंग-डीएम

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा है कि जिन विभागों द्वारा वृक्षारोपण के जियो टैगिंग का कार्य अधूरा है, वह इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराकर वन विभाग को अवगत करायें। वह मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति व जिला गंगा समिति की बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो पेड़ लगाये गये थे, उनका देखरेख करना अति आवश्यक है। डीएम ने कहा कि सूखे व गीले कूड़े को अलग अलग स्टोर किया जाये व डोर टू डोर कूडे को एकत्रित किया जाये। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों से कहा कि नदियों में गिरने वाले कूड़े पर रोक लगाई जाए। अभियान चलाकर प्लास्टिक प्रदूषण के रोकथाम के संबंध में प्रचार प्रसार कराया जाए। शहरी क्षेत्र में प्रदूषित नालों के प्रदूषण की रोकथाम हेतु कार्य योजना बनाएं। उन्होंने सीएमओ से कहा कि अस्पतालों से निकलने वाले मेडिकल वेस्ट का निस्तारण पूरी सावधानी से कराएं। सिंगल यूज प्लास्टिक की समीक्षा के दौरान नगरपालिका परिषद गोंडा को फटकार लगाते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अयोध्या को निर्देश दिये कि इसके लिए नगरपालिका को तत्काल नोटिस जारी कर कार्यवाही की जाय। साथ ही जनपद में संचालित सभी ईकाइयों का निरीक्षण करके नियम विरुद्ध संचालित ईकाइयों पर कार्यवाही करके अवगत करायें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एम अरुन्मौलि, प्रभागीय वनाधिकारी पंकज शुक्ला, अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, नगर मजिस्ट्रेट, पीडी डीआरडीए, बीएसए आदि उपस्थित रहे।

दुष्कर्म के दोषियों को 20-20 साल की सजा

गोंडा जिले की एक अदालत ने मंगलवार को एक नाबालिग बालिका का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने के दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए 20-20 वर्ष की कैद तथा अर्थदंड की सजा सुनाई। विशेष अभियोजक (पास्को एक्ट) अशोक कुमार सिंह व सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना कोतवाली नगर अंतर्गत बेनी नगर खैरा निवासी एक व्यक्ति ने स्थानीय थाने पर 12 नवंबर 2015 को इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी तेरह वर्षीय पुत्री रात में करीब दस बजे खाना बनाकर बाहर निकली। उसी समय उसके मोहल्ले के ही सुनील कुमार कोरी उर्फ गोलू पुत्र गिरधारी आये और उसे बहला फुसलाकर भगा ले गए। वह अपनी पुत्री की खोजबीन के लिए आरोपी के घर गया, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इस सूचना पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की विवेचना करके सुनील कुमार उर्फ गोलू तथा नितिन शुक्ला पुत्र त्रिवेणी शुक्ला निवासी बेनी नगर खैरा थाना कोतवाली नगर के विरुद्ध आरोप पत्र अदालत पर प्रेषित किया। सत्र परीक्षण के दौरान विशेष न्यायाधीश (पास्को एक्ट) मोहम्मद नियाज अहमद अंसारी ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करते हुए अभियोजन व बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलों को सुनकर दोंनो को दुष्कर्म करने का दोषी करार देते हुए बीस-बीस वर्ष का कठोर कारावास व बासठ-बासठ हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड की अदायगी न करने पर तीन वर्ष की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

10 अक्टूबर को होगा सीबीए का चुनाव

गोंडा के सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का वार्षिक चुनाव दस अक्टूबर को कराया जाएगा। यह जानकारी देते हुए अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार मिश्रा व महामंत्री संतोष कुमार पाण्डेय ने संयुक्त रूप से बताया कि 29 सितंबर को सुबह दस से शाम चार बजे तक नामांकन प्रपत्रों की बिक्री व नामांकन होगा। तीन अक्टूबर को नामांकन प्रपत्रों की जांच, आपत्ति व निस्तारण की कार्रवाई सम्पादित की जाएगी। चार अक्टूबर को सुबह दस बजे से तीन बजे तक नाम वापसी के बाद फाइनल प्रत्याशियों के नामों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी जाएगी। 10 अक्टूबर को सुबह दस बजे से शाम चार बजे मतदान तक होगा। इसके बाद मतगणना कराई जाएगी। बैठक में एल्डर कमेटी को अंतिम मतदाता सूची सौंप दी गई। हमारे सहयोगी सीपी तिवारी ने बताया कि कमेटी के वरिष्ठ सदस्य राम करन मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एल्डर कमेटी के सदस्य महताब सिंह, श्री चन्द श्रीवास्तव, ओंकार नाथ दूबे, गंगा प्रसाद मिश्रा आदि मौजूद रहे।

स्मैक के साथ एक गिरफ्तार

गोंडा में खरगपुर थाने की पुलिस ने मंगलवार को स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायालय रवाना किया। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान खरगपुर-महाराजगंज मार्ग पर फतेहगढ़ गांव के निकट ग्राम पटखौली निवासी ओमप्रकाश तिवारी उर्फ भोला को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास करीब सात ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसे वह बेंचने के लिए जा रहा था। उसके खिलाफ स्थानीय थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की गई।

मोटर साइकिल चोरी

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के रघुनाथ पुर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह सोमवार की शाम अपनी हीरो होंडा मोटर साईकिल नगर के कस्तूरी रेस्टोरेंट के बाहर खडी करके एक बैठक में शामिल होने रेस्टोरेंट में गया था। वापस लौटने पर उसकी बाइक गायब मिली। पीड़ित ने इसकी सूचना मंगलवार को थाने पर दी है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है।

श्रुतलेख प्रतियोगिता का आयोजन

गोंडा जिले के ब्लाक संसाधन केन्द्रांे पर इन दिनों श्रुतलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इटियाथोक ब्लॉक संसाधन केंद्र पर मंगलवार को हिंदी भाषा के अंतर्गत श्रुतलेख और अंग्रेजी भाषा मंे फिल इन द ब्लैंकस प्रतियोगिता आयोजित की गयी। बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन विद्यालयों में पढने वाले छात्रों में भाषा संबंधी कौशलों के विकास के लिए हुई इस परीक्षा में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय को यह जानकारी देते हुए खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिक स्तर के कक्षा 3 से 5 के व जूनियर स्तर के कक्षा 6 से 8 के बच्चों ने इसमें प्रतिभाग किया। ब्लॉक स्तर पर चयनित छात्रों को जिले स्तर की प्रतियोगिता में जल्द प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। यह परीक्षा एआरपी कृष्ण कुमार सोनकर की देखरेख मे संपन्न हुआ। इस अवसर पर राधेरमन यादव, विनोद मिश्र, ऋतुराज यादव, मनोज यादव, ज्योति कटियार, गायत्री पांडेय, मो. वसी, अरुण कुमार पांडेय, रामायण मिश्र प्रिया वर्मा, दुर्गा प्रसाद गुप्त आदि शिक्षक उपस्थित रहे। इसी प्रकार परसपुर ब्लॉक संसाधन केंद्र पर भी आज श्रुतिलेख प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 100 से अधिक बच्चों ने प्रतिभाग किया। परसपुर से हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने एआरपी आलोक सिंह के हवाले से बताया कि प्राथमिक स्तर पर प्राथमिक विद्यालय परसपुर प्रथम के ध्रुव श्रीवास्तव ने प्रथम, कंपोजिट विद्यालय के प्राथमिक स्तर पर कंपोजिट विद्यालय लोहंगपुर डीह के अमन मिश्रा ने प्रथम तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय बनुआ के प्रियांशु सिंह ने प्रथम व कंपोजिट विद्यालय के उच्च प्राथमिक स्तर पर अर्पिता सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रुतिलेख प्रतियोगिता खंड शिक्षाधिकारी कोमल यादव की अध्यक्षता व एआरपी आलोक सिंह, बृजेश सिंह व मनोज यादव के पर्यवेक्षण में सम्प्पन करायी गयी। इस अवसर पर संतोष पाण्डेय, अरुण शुक्ला, रामदीन विश्कर्मा, हरिकिशोर सिंह, अनूप पाण्डेय, अजय यादव, अनुज सिंह, मनीष, नीरज आदि शिक्षक उपस्थित रहे।

आओ, अपनी प्रतिभा दिखाओ और नौकरी पाओ…

https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLScQq0qO3dAB93bn-Jq6HAWxmhwBtHBiwiCeL7ResBr93E2ZgA/viewform

भैंस को सुनाया विश्वविद्यालय का मांग पत्र

गोंडा जिले में विश्वविद्यालय स्थापना को लेकर छात्र पंचायत का मंगलवार को 26वां दिन रहा। इसको लेकर आन्दोलन कारियों ने आज अजीबो-गरीब ढंग से विरोध करते हुए एक भैंस को अपना ज्ञापन पढ़कर सुनाया। छात्र पंचायत के संयोजक शिवम पांडेय ने कहा कि हम लोगों द्वारा पिछले कई दिनों से लगातार जिम्मेदारों को ज्ञापन सांैपा जा रहा है, लेकिन उसका कोई भी असर अब तक प्रशासन पर नहीं हुआ। इस कारण आज हमने भैंस के समक्ष अपनी फरियाद रखी। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय ने छात्र पंचायत के मीडिया संयोजक धर्मेंद्र शुक्ला के हवाले से बताया कि जब तक गोंडा में विश्वविद्यालय की स्थापना नहीं हो जाती, हमारा आन्दोलन चलता रहेगा। इस मौके पर सतीश मिश्रा, सूरज शुक्ला, रंजीत पांडे, अवधेश तिवारी, दीनानाथ वर्मा, राहुल शुक्ला, संजय प्रजापति आदि लोग उपस्थित रहे।

फांसी के फंदे पर मिली नव विवाहिता

गोंडा जिले के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के लिदेहना ग्रंट निवासी अमर सिंह की पत्नी श्रीमती ने घर में फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस क्षेत्राधिकारी नवीना शुक्ला की उपस्थिति में नायब तहसीलदार रंजन वर्मा ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। जानकारी के अनुसार, करीब तीन वर्ष पूर्व अमर सिंह की शादी बहराइच जनपद के मोतीपुर थाना क्षेत्र के सियापुर निवासी चंद्रिका की पुत्री से हुई थी। उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। थाने पर परिजनों के खिलाफ तहरीर दी गई है। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है। मृतका के चचेरे भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने बताया कि घटना संदिग्ध होने के कारण से जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई।

मगरमच्छ निकलने से हड़कम्प

गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र के कटरा भोगचंद में आबादी के मगरमच्छ निकलने से हड़कम्प मच गया। मौके पर पहुंचे प्रधान प्रतिनिधि सुभाष यादव ने वन विभाग के टिकरी रेंज अधिकारी विनोद कुमार नायक को इसकी सूचना दिया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गांव वालों के सहयोग से मगरमच्छ को पकडकर ले गए। रेंज अधिकारी ने बताया कि मगरमच्छ बाढ़ के चलते पानी में बहकर आबादी के किनारे आ गया था। उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है। इस मौके पर वन दरोगा अरुण कुमार तिवारी, आरएस सोनकर, लल्लू यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

गणेश प्रतिमा का विसर्जन

गोंडा जिले के परसपुर नगर पंचायत के शंकर मंदिर धर्मशाला पर स्थापित गणेश प्रतिमा सोमवार की देर शाम धूमधाम के साथ विसर्जित कर दी गई। हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने बताया कि नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण कराते हुए गणेश प्रतिमा देर रात्रि भौरीगंज स्थित सरयू नदी में विसर्जित कर दी गई। इस मौके पर इतेंद्र सिंह गुड्डू, बब्बू सिंह, कुंवर राजेन्द्र सिंह बच्चा साहब, उदयभान सिंह लल्लन, गोपाल सिंह, सिद्धान्त शुक्ला अंशू, दयाशंकर कौशल, श्रवण कुमार सोनी समेत क्षेत्रीय जन मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय की अगुवाई में कई उपनिरीक्षक व महिला पुरुष आरक्षी मौजूद रहे।

कटरा कुटी धाम पर चला सफाई अभियान

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा कुटी धाम पर स्वच्छता अभियान के तहत सफाई कर्मचारियो ने समाज सेवियों के साथ मिलकर सामूहिक साफ सफाई किया। सफाई कर्मचारी संघ के ब्लाक अध्यक्ष मस्तराम यादव ने कहा कि एडीओ पंचायत रवि प्रकाश मिश्रा के निर्देश पर अनेक गांवांे में साफ सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कटरा कुटी धाम पर साफ-सफाई की गई। इस मौके पर रामचंद्र मौर्या, प्रमोद कुमार, संत कुमार यादव, राम कुमार, देव प्रकाश, राम जनक यादव आदि मौजूद रहे। मंदिर के महंथ स्वामी चिन्मयानंद ने सभी का माला पहनाकर स्वागत किया।

स्वयं सहायता समूहों का गठन

गोंडा जिले के परसपुर विकास खण्ड में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अभियान चलाकर समूह का गठन किया गया। विकास खण्ड के ग्राम पंचायत प्यौली में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की इंटरनल कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन (आईसीआरपी) की मधुलता, सुषमा व मधु की टीम ने ग्राम पंचायतों के विभिन्न मजरों से नए समूहों का गठन किया। हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय को नोडल अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि प्यौली में वैष्णवी, कमल, बालाजी, रोशनी, महालक्ष्मी, नई किरण, बाराही, संतोषी, दुर्गा, अजय, बाबा बल्लोध व मंगलमय स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। नोडल अधिकारी ने बताया कि सरकार की मंशानुसार इन समूहों की महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर उनके जीवन स्तर में सुधार करने का प्रयास है।

हेल्थ एटीएम मशीन का नहीं मिल पा रहा लाभ

गोंडा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बेलसर पर पांच माह पूर्व हेल्थ एटीएम मशीन आने के बाद भी उसका लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रही है। सीएचसी बेलसर के अन्तर्गत नगर पंचायत व आसपास के गांवों गोपीपुर, भिखारीपुर कला, नगदही, पकड़ी, अमदही, उमरी, डिडिसिया कला, खड़ौरा आदि में करीब ढ़ाई लाख लोगों की आबादी रहती है। इनकी सुविधा के लिए अप्रैल में यहां पर हेल्थ एटीएम भेजी गई थी, जिसके माध्यम से लोगांे को बयालीस प्रकार की निःशुल्क जांच किए जाने की व्यवस्था है। इसके बावजूद अब तक इसके शुरू न हो पाने से मरीजों को ब्लड प्रेशर, शुगर, शारीरिक तापमान, ऑक्सीजन की मात्रा, बॉडी मास इंडेक्स, पल्स रेट, बॉडी फैट, पीआरएल, बीबीसी, थायराइड आदि के जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। हमारे बेलसर सहयोगी बीएन मिश्र ने सीएचसी अधीक्षक सतपाल सोनकर के हवाले से बताया कि लैब टेक्नीशियन एवं कमरे की व्यवस्था न होने के कारण जांच सेवा शुरू नहीं हो पाई है। जल्द ही इसे शुरू कराया जायेगा।

…तो 12 से हड़ताल करेंगे रोडवेज कर्मी

गोंडा में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले मंगलवार को चालक, परिचालक और कर्मचारियों ने बस स्टेशन पर गेट मीटिंग करके अपने प्रताड़ना के खिलाफ आवाज बुलंद की। रोडवेज कर्मियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमा वापस न होने पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि 11 अक्तूबर तक प्रशासन व रोडवेज प्रबंधन द्वारा मुकदमे को खत्म करके अवैध चालान को निरस्त नहीं किया गया तो 12 अक्टूबर से गोंडा डिपो के कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर देवीपाटन क्षेत्र और पूरे प्रदेश के कर्मचारियों को हड़ताल में शामिल होने के लिए कहा जाएगा। बैठक में संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी आरके दूबे, अरुण भानु तिवारी, रवि प्रताप मिश्रा, उमेश कुमार, बृजेश सिंह, विजय प्रताप सिंह, अमन सिंह, सुबोधचंद्र बाजपेयी आदि मौजूद रहे।

देश का गौरव हैं बेटियां: सूरज सिंह

कैसरगंज लोकसभा के विधानसभा तरबगंज के खजुरी ग्रामसभा में लोकसभा की तैयारी बैठक में समाजवादी पार्टी की महिला सभा की अध्यक्ष श्रीमती रीबू श्रीवास्तव ने कहा की आज पत्नी छोड़ने वाले महिला आरक्षण की बात करते हैं, आज प्रधानमंत्री जी खुद अपनी पत्नी को छोड़कर बाकी महिलाओं को इन्साफ और आरक्षण देने की बात कर रहे हैँ। आज समाज में महिला वर्ग सबसे ज्यादा परेशान है, महिलाओं को उज्जवला के नाम पर ठगा गया है, महिलाओं को महंगाई की सबसे बड़ी मार झेलनी पड़ रही है, महिला आज विवश है कि वो कैसे अपने घर की रोजी-रोटी चलाएं। समाजवादी पार्टी के नेता सूरज सिंह ने खजुरी में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया, सूरज सिंह ने कहा कि जिस प्रकार से देश की महिलाओं ने हर क्षेत्र में झंडा गाड़ा है वो दिन दूर नहीं जब महिला इस देश का प्रतिनिधितव करेंगी। जिलाध्यक्ष महिला सभा किसलय तिवारी ने कहा कि गोण्डा के हर बूथ पर महिलाओं की कमेटी बनाकर लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की जाएगी। प्रदेश सचिव महिला सभा सविता श्रीवास्तव ने कहा कि अब महिला भाजपा के झाँसे में आने वाली नहीं है इस बार महिला सपा के पक्ष में मतदान करेंगी। पूर्व मन्त्री स्मृतिशेष पंडित सिंह जी के आवास पर जिले की कमेटी का प्रमाण पत्र भी वितरित किया गया। श्रीमती संध्या यादव शुभि कक्कड़ साधना सिंह उषा सिंह सरोज यादव सरिता शर्मीला आदि उपस्थित रहीं।

एनजीएम में कार्यशाला का आयोजन

सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कालेज में महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग द्वारा ‘‘इम्पोर्टेंस ऑफ स्पोकन इंग्लिश’’ विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता मो. सलमान ने स्पोकन इंग्लिश के महत्व को बताते हुये छात्राओं को स्पोकेन इंग्लिश को आसानी से सीखने के तरीकों को बताया। अंग्रेजी विभाग की अध्यक्षा डा. हरप्रीत कौर ने छात्राओं को स्पोकन इंग्लिश को प्रस्तुत करने के तरीकों के बारे में बताया। कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने स्पोकन इंग्लिश के इक्सपर्ट मो. सलमान से विभिन्न प्रकार के प्रश्न कियंे। जिन्हें उन्होंने सटीक जवाब देकर सभी छात्राओं को संतुष्ट किया। कार्यशाला में महाविद्यालय की लगभग 150 छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन डा. रश्मि द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डा. नीलम छाबड़ा, सुनीता मिश्रा, मानवेन्द्र श्रीवास्तव, अतुल कुमार तिवारी आदि उपस्थित रहे।

सीएमओ ने किया अस्पताल का निरीक्षण

श्रावस्ती के मुख्य चिकित्साधिकारी डा एपी सिंह ने मंगलवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा का आकस्मिक निरीक्षण कर अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने इलाज के लिए आए हुए मरीजों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम भी जाना। डा. सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. राम गोपाल को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं मरीजों को समय से मुहैया होती रहें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान इलाज कराने आए मरीजों की संख्या, पैथालोजी में जांच कराने वाले मरीजांे की संख्या, एक्सरे, अल्ट्रासाउण्ड, सिटी स्कैन, ब्लड बैंक, एसएनसीयू वार्ड, लेबर रूम, जच्चा-बच्चा वार्ड, महिला वार्ड, महिला पुरुष वार्ड, पीएनसी वार्ड, किचन, जनरल वार्ड, डायलिसिस रूम सहित अनुभागों से सम्बन्धित ब्यौरा तलब कर जानकारी ली। इस अवसर सभी चिकित्सक, मेडिकल पैरा मेडिकल कर्मी तथा सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

जरूरी सूचना

रेडियो अवध पर अपनी खबरों, फरमाइशी फिल्मी गानों तथा अन्य कार्यक्रमों को सुनने के लिए आप google के play store पर जाकर Radio Awadh 90.8 FM का ऐप अपने मोबाइल पर डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद आप सभी शो सुन सकेंगे। सुगमता के लिए URL का लिंक दिया जा रहा है : https://play.google.com/store/apps/details?id=com.radioawadh.radioawadh

जानकी शरण द्विवेदी

कार्यक्रम निदेशक, रेडियो अवध 90.8 एफएम

Gonda Capsule : भ्रष्टाचारी पर चला आयुक्त का हंटर
RELATED ARTICLES

Most Popular