जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम के भव्य एवं गौरवपूर्ण ढंग से आयोजित किए जाने को लेकर जिले भर के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रूप रेखा तैयार किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने विभाग की ओर से इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हर संभव उपाय करें। इसमें युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, एनसीसी, पीआरडी आदि का भी सहयोग लिया जाए। डीएम ने प्रत्येक गांव एवं शहरी इलाकों में 13 से 15 अगस्त तक ’हर घर तिरंगा’ अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत सभी गांवों में शिलापट्टिका लगाई जाएगी। यदि उस गांव से संबंधित कोई शहीद होगा तो उसका नाम भी शिलापट पर लिखा जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एम अरून्मौलि ने मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम की रूपरेखा पेश की। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने इस साल मातृभूमि को नमन करते हुए देश की माटी पर ध्यान केन्द्रित किया है। इसी क्रम में नौ अगस्त से 15 अगस्त 2023 तक ग्राम पंचायतों और नगर पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। 16 से 20 अगस्त तक ब्लाकों और नगर पालिकाओं में यह कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान अमृत कलश यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें हर गांव-हर शहर की मिट्टी होगी। सभी कलश ग्राम पंचायतों से ब्लॉक मुख्यालय होते हुए जिला मुख्यालय पर एकत्रित होंगे। इसके बाद प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। सीडीओ ने कहा कि कार्यक्रम के अंतिम चरण में पूरे देश से आए अमृत कलश राजधानी दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर एकत्रित किए जाएंगे।
दो दारोगा निलम्बित
गोंडा जिले के कर्नलगंज कोतवाली में तैनात दो उप निरीक्षकों को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बुधवार को बताया कि ग्राम गौरवा खुर्द के ताजियादारों को मोहर्रम के दिन बिना उच्चाधिकारियों को सूचना दिए परिवर्तित मार्ग से ताजिया ले जाने का दोनों उप निरीक्षकों ने आश्वासन दिया था। परिणाम स्वरूप ताजिया उठाने के समय भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई थी। प्रकरण संज्ञान में आने पर एसपी ने सीओ कर्नलगंज नवीना शुक्ला से पूरे मामले की जांच कराई। एसपी ने कहा कि सीओ की प्रारंभिक जांच में उपनिरीक्षक शादाब आलम और परशुराम सिंह को दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
खरीफ गोष्ठी का आयोजन
मोटे अनाज के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जनपद स्तरीय खरीफ गोष्ठी एवं मिलेट्स प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इससे पूर्व गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कलेक्ट्रेट परिसर से मिलेट्स जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उप निदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर एवं जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव ने संयुक्त रूप से बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र व मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुन्मौली ने टाउन हॉल में आयोजित जनपद स्तरीय खरीफ गोष्ठी एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस मौके पर अपने उद्बोधन में मुख्य विकास अधिकारी ने कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा उत्पादित किए जाने वाले विभिन्न पदार्थों का अरगा ब्रांड से पंजीकरण करवाने का सुझाव दिया, जिससे उसके विपणन में सहयोग मिल सके। उन्होंने मोटे अनाज के उत्पादन पर विशेष बल देते हुए कहा कि इसके पोषण संबंधी लाभ को देखते हुए यह बहुत आवश्यक है कि इससे निर्मित भोज्य पदार्थ को अपने आहार में शामिल किया जाए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में किसानों को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित करें।
प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों, प्रतिष्ठानों एवं कृषि निवेश से जुड़ी कंपनियों द्वारा अपने-अपने स्टाल लगाए गए। कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वैज्ञानिक डॉ. राम लखन सिंह ने कृषकों को मिलेट्स उत्पादन तकनीक के विषय में जानकारी प्रदान की। कृषि विज्ञान केंद्र गोपाल ग्राम के वैज्ञानिक डॉ. हरिपाल सिंह ने खरीफ में कृषि के क्षेत्र में की जाने वाली समसामयिक गतिविधियों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी ने कृषकों को फसल बीमा के विषय में जानकारी प्रदान करते हुए आहवान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में गैर ऋणी कृषक अधिसूचित फसलों का बीमा करवाएं। डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा मिश्रा ने धान खरीद के लिए पोर्टल पर पंजीकरण कराने के विषय में कृषकों को जानकारी प्रदान की। जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने गोष्ठी में उपस्थित कृषक बंधुओं को गन्ना उत्पादन की नवीनतम तकनीकों के विषय में अवगत कराया। उपनिदेशक रेशम आरएन मल्ल ने रेशम विभाग द्वारा संचालित कृषकों के लिए उपयोगी कार्यक्रमों के विषय में जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी पारस नाथ ने गोष्ठी में उपस्थित किसानों को शउद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के विषय में विस्तार से बताया। इस अवसर पर गोष्ठी एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों को मिलेट्स के प्रचार प्रसार संबंधी टी-शर्ट एवं कैप का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्राविधिक सहायक आरपीएन सिंह ने किया।
पत्र भेजकर मांगी 20 लाख की रंगदारी
गोंडा जिले के मनकापुर थाने में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चिट्ठी भेजकर एक व्यक्ति से 20 लाख रुपए रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। पांच अगस्त तक रंगदारी न देने पर पीड़ित और उसके पुत्र को जान से मरवाने की धमकी दी गई है। पीड़ित की तहरीर पर स्थानीय पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या करने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के मौजा बनकसिया शिव रतन सिंह निवासी कृष्ण गोपाल शुक्ला ने थाने पर सूचना दिया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर पर एक लिफाफा भेजकर पांच अगस्त को 1ः30 बजे तक 20 लाख रुपए भिजवा देने की मांग की है। पुलिस को सूचना देने पर जान से मरवा देने की धमकी दी गई है। उन्होने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
ट्रेन का ठहराव
पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 22921/22922 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्टेशन पर 02 मिनट का प्रायोगिक ठहराव छह माह तक के लिए करने का फैसला किया है। यह जानकारी देते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 22921 बांद्रा-गोरखपुर टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस तुलसीपुर स्टेशन पर 12.49 बजे पहुंचकर 12.51 बजे छूटेगी। वहीं, 22922 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस तुलसीपुर स्टेशन पर 05.38 बजे पहुंचकर 05.40 बजे छूटेगी।
खसरे का प्रकोप
रुपईडीह विकास क्षेत्र के मुरावन पुरवा व मोफिया गांवों में खसरा व तेज बुखार से करीब एक दर्जन से अधिक बच्चे बीमार हैं। इसकी सूचना परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. शिवकुमार ने टीम के साथ गांव में पहुंचकर पीड़ितों का उपचार करते हुए उन्हें दवाइयां बांटी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत तेलियाकोट में बीते एक सप्ताह से मधु, रितेश, सोमिल, चंदन, आंचल, काजल, श्रद्धा, आराध्या, अभिषेक सहित एक दर्जन से अधिक बच्चे खसरा व तेज बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों की सूचना पर गांव में पहुंचकर बीमार बच्चों का उपचार किया गया।
प्रधानमंत्री फसल बीमा की तिथि बढ़ी
प्रधानमंत्री फसल बीमा की तिथि बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी गई है। यह जानकारी देते हुए गोंडा के उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि इच्छुक किसान भाई समय से धान और मक्के की फसल का बीमा करा लें। उन्होंने बताया कि खरीफ की फसल पर प्रीमियम मात्र दो प्रतिशत है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दवाओं का वितरण
गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर तहसील तरबगंज एवं कर्नलगंज के अन्तर्गत विकास खंड बेलसर, तरबगंज, नवाबगंज, परसपुर तथा कर्नलगंज सहित सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ विभाग की टीमों द्वारा बुधवार को गांवों में जाकर ग्रामीणों को दवाओं का वितरण किया गया। यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रश्मि वर्मा ने बताया कि चिकित्सकों तथा विभागीय कर्मचारियों की टीम ने बाढ़ के समय होने वाली बीमारियों के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक करते हुए उन्हें बचाव हेतु ओआरएस, क्लोरीन टेबलेट आदि दवाओं का वितरण किया।
उन्नत टूल किट के लिए करें आवेदन
देवीपाटन मण्डल के सभी चार जिलों में परंपरागत कारीगर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत 10 ट्रेडों बढ़ई, नाई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, सुनार, टोकरी बुनकर, राजमिस्त्री, हलवाई तथा मोची के कार्य हेतु 10 दिवसीय प्रशिक्षण लेकर उन्नत टूलकिट प्राप्त करने के इच्छुक उम्मीदवार विभागीय पोर्टल पर 15 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी देते हुए देवीपाटन मण्डल के उपायुक्त उद्योग बाबू राम ने बताया कि इसी प्रकार से एक जनपद एक योजना के अन्तर्गत भी 10 दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त करके उन्नत टूलकिट प्राप्त करने के अभ्यर्थियों द्वारा भी 15 अगस्त तक ही ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी हेतु किसी भी कार्य दिवस में गोंडा स्थित उद्योग कार्यालय अथवा सम्बंधित जिलों के जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र से सम्पर्क किया जा सकता है।
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी बैठक
गोंडा के जनपद न्यायाधीश ब्रजेन्द्र मणि त्रिपाठी के आदेश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज एफटीसी नितिन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला दूरसंचार प्रबन्धक के साथ समस्त मुख्य बैंक शाखा प्रबन्धकों की बैठक प्राधिकरण कार्यालय पर आहूत की गयी। सचिव ने टीडीएम प्रदीप कुमार, यूको बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबन्धक अविनाश कुमार मिश्रा, प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के प्रबन्धक कमल किशोर, आईडीबीआई बैंक प्रबन्धक प्रवीन दूबे तथा सेंट्रल बैंक आफ इण्डिया के पैनल अधिवक्ता देवेश कुमार पाण्डेय को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्रस्तावित तिथि नौ सितम्बर को अधिक से अधिक बैंक ऋण प्रकरणों को चिन्हित कर निस्तारण करने हेतु सूचीबद्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया। सचिव ने यह भी निर्देशित किया कि सभी बैंक अपने स्तर से ग्रामीण क्षेत्रों के बकायेदारों के मध्य आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तिथि का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करावें, ताकि वे राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन दीवानी न्यायालय में आकर अपने प्रकरणों का निस्तारण करा सकें। शाखा प्रबन्धकों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अब तक 1789 प्रकरण निस्तारण हेतु चिन्हित किए गए हैं।
योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ
गोंडा जिला मुख्यालय पर स्थित फातिमा स्कूल में बुधवार को प्रथम जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। आयुष विभाग के योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने बताया कि देवीपाटन मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ एचडी अग्रवाल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के 12 स्कूलों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने प्रथम ट्रेडिशनल योग, आर्टिस्टिक योग, रिदमिक योग आदि का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अनिल भट्ट, आशीष गुप्ता, गौरव गुप्ता, ज्योति सिंह, शिल्पी, नेहा, मनीषा, वर्षा, अंजलि सिंह व अंश मौर्य ने निर्णायक की भूमिका का निर्वहन किया। इस मौके पर फातिमा स्कूल के प्रधानाचार्य फादर पॉल कोरिया, इंद्रा इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य एच मोलॉय, सनबीम स्कूल की प्रबंधक अर्श छाबड़ा और फुलवारी स्कूल की प्रबंधक नीता सिंह आदि मौजूद रहे।
प्रेरणा दिवस के रूप में मनाई गई पुण्य तिथि
गोंडा में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की नगर इकाई द्वारा व्यापारी नेता रहे स्व. त्रिलोकी नाथ अग्रवाल की दसवीं पुण्य तिथि को प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया। व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री जगदीश रायतानी ने बताया कि व्यवसायी परिवार में चार जनवरी 1968 को जन्मे त्रिलोकी नाथ अग्रवाल युवावस्था से ही व्यापारियों के हितों के लिए काम कर रहे थे। व्यापारी नेता हामिद अली ने कहा कि व्यापार मंडल के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर रखा था। नगर अध्यक्ष भूपेंद्र प्रकाश आर्य ने कहा कि उनके समय में व्यापार मंडल ने एक नया मुकाम हासिल किया था। जनपद के छोटे-बड़े कस्बों तक मजबूत संगठन उन्होंने तैयार किया था। जिला उपाध्यक्ष शिव कुमार सोनी ने कहा कि वह हम सबके मार्गदर्शक व गुरु की भूमिका में थे। व्यापारी नेता आदित्य पाल ने कहा कि स्व. त्रिलोकी नाथ अग्रवाल के दिखाए हुए मार्ग पर चलने का प्रयास कर रहा हूं। महामंत्री हामिद अली राईनी ने कहा कि नवीन सब्जी मंडी परिसर उन्हीं की देन है। व्यापारी नेता कैलाश लधवानी ने व्यापारी नेता को नमन करते हुए कहा कि उनका अतुलनीय योगदान हम सबके लिए प्रेरणादाई है। इस अवसर पर अधिवक्ता कन्हैया लाल भारद्वाज, रेडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष जसपाल सिंह सलूजा, युवा नेता विवेक सिंह उर्फ गुड्डू, विशाल अग्रवाल, विनोद खेमका, पवन अग्रवाल, राजेंद्र सिंह, अतीक मीनाई, मुकेश अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, अतीक अहमद हरमन, सौरभ सिंह, कप्तान सिंह जितेश सिंघल, हनुमान गुप्ता, राजेश रायचंदानी, देवेंद्र सिंह, वरिष्ठ पत्रकार ओंकार पाठक, विजय शंकर शुक्ला आदि ने भी अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। स्व. अग्रवाल के पुत्र व युवा व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष ऋषभ अग्रवाल व राहुल अग्रवाल ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मारपीट की शिकायत
कौड़िया थाना क्षेत्र के शुक्ल कौड़िया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर मारने-पीटने व घर की खिड़की व दरवाजा तोड़ देने की शिकायत ननकी पत्नी श्रीप्रकाश ने पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि मामले की जाच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
तीन के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई
गोंडा जिले के वजीरगंज थाने की पुलिस ने दो ग्राम पंचायतों में शान्ति भंग करने पर दो महिलाओं सहित तीन लोगों के खिलाफ शांन्ति भंग करने पर कार्रवाई की है। एसएसआई राम भवन पासवान ने बताया कि प्रकरण में मुन्नू मौर्या पुत्र मंगल मौर्या निवासी ग्राम चड़ौवा खैरहनी, नीलम पत्नी हंसराज, पूजा पत्नी गुड्डू निवासी ग्राम अचलपुर को गिरफ्तार किया गया है।
पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा
जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के बेलहरा कोठी निवासी एक महिला ने अपने पति सहित चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने तहरीर में कहा है कि उसकी शादी जिगरगंज निवासी युवक के साथ हुई है। महिला का आरोप है कि उसका पति आए दिन मारता पीटता रहता है। उसके न रहने पर उसके जेठ, जेवर उसके साथ छेड़छाड़ भी करते हैं।
इग्नू के सेंटर पर प्रवेश प्रारम्भ
गोंडा जिले के मुख्यालय पर स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कालेज में इग्नू के माध्यम से परास्नातक के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी देते हुए कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर रवीन्द्र कुमार पाण्डेय व इग्नू प्रभारी प्रोफेसर संदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नये सत्र में प्रवेश प्रारम्भ हो गया है। नई शिक्षा नीति में अधिकृत विश्वविद्यालयों ने व्यक्तिगत छात्रों के प्रवेश पर रोक लगा दिया है।
आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान
गोंडा नगर पालिका परिषद की ओर से बुधवार को आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया गया। इसमें एलबीएस चौराहे के पास से कई जानवरों को पकड़ कर कैटल कैचर वाहन में लादा गया। अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पालिका की विशेष टीम आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए बनाई गई है। टीम लगातार आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए कैटल कैचर लेकर सड़कां पर मौजूद आवारा पशुओं को पकड़ रही है।
चार वारंटी गिरफ्तार
गोंडा के पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल के निर्देशन में चलाए जा रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के अभियान में बुधवार को इटियाथोक व छपिया थाने की पुलिस ने एक-एक तथा कौड़िया थाने की पुलिस ने दो वारंटियों को पकड़ा है। सभी आरोपियों को अदालत रवाना किया गया।
सात वाहन चोर गिरफ्तार
गोंडा जिले के सात वाहन चोरों को बुधवार को बलरामपुर जिले की कोतवाली नगर पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने चोरी की पांच मोटर साइकिलों के साथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि जिले के मोटर साइकिल चोरी की घटनाएं बढ़ने पर जिला पुलिस इस पर सतर्क दृष्टि रखे हुई थी। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक ने नहर बालागंज से होकर बौद्ध परिपथ तुलसीपुर की ओर जा रहे पांच बाइक सवार सात लोगों मोहित, आशीष सोनी, आकाश, सनी गुप्ता निवासी कस्बा खरगूपुर, आजाद निवासी लोनावा दरगाह व कैलाश निवासी नरायनपुर माफी थाना खरगूपुर जनपद गोंडा को रोक कर पूछताछ की, तो उनके पर वाहनों का कोई कागज नहीं मिला। अपाची मोटर साइकिल के पिछले हिस्से को पेंट से गाढ़ा किया गया था। मोबाइल ऐप से चेक करने पर पाया गया कि बाइक पर अल्टो कार का नम्बर पड़ा हुआ है। इसी तरह चार अन्य मोटर साइकिलों पर भी फर्जी नम्बर पाए गए। एसपी ने कहा कि सभी के विरुद्ध स्थानीय थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर जेल रवाना किया गया। गिरफ्तारी टीम में काइम ब्रांच श्याम लाल यादव, सैयद खादिम सज्जाद, देवेन्द्र कुमार, पवन कुमार, अखिलेश कुमार, सुशील कुमार तथा कोतवाली नगर के श्रवण चन्द्र सिंह, अनिल कुमार, रमाकांत यादव, विंध्याचल मिश्र, आनंद यादव, श्याम बहादुर शर्मा व शुभम सिंह शामिल रहे।
अनुरोध
*अपने शहर गोंडा की आवाज “रेडियो अवध” को सुनने के लिए इस लिंक
पर क्लिक करके अपने एंड्रॉयड फोन पर डाउनलोड करें Radio Awadh 90.8 FM ऐप* https://play.google.com/store/apps/details?id=com.radioawadh.radioawadh ’और रोजाना प्रातः 06 बजे से आरजे राशि के साथ सुनें भक्ति संगीत का कार्यक्रम “उपासना“ और 07 बजे से आरजे सगुन के साथ “गोनार्द वाणी“ में सुनें निर्गुण भजन, पूर्वान्ह 11 बजे से यादों का झरोखा, दोपहर 12 बजे से सुनें फरमाइशी फिल्मी नगमों का प्रोग्राम ‘हैलो अवध’, दोपहर 1 बजे से आरजे खुशी के साथ सुनें महिलाओं पर आधारित कार्यक्रम “आधी दुनिया“, दोपहर बाद 3 बजे से आरजे सैंपी के साथ कार्यक्रम “ताका झांकी”, शाम 5 बजे से आरजे दक्ष के साथ किशोरों और युवाओं पर आधारित ज्ञानवर्धक कार्यक्रम “टीन टाइम”, रात 9 बजे से आरजे कनिका के साथ करिए प्यार मोहब्बत की बातें शो “सुधर्मा“ में। इसके अलावा दिन भर सुनिए आरजे प्रताप, आरजे शजर, आरजे अभिषेक, आरजे राहुल द्वारा प्रस्तुत रंगारंग और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम। तो App डाउनलोड करना न भूलें और दिन भर आनंद लें विविध कार्यक्रमों का।’’ ऐप के SCHEDULE पर जाकर दिन भर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों का विवरण देख सकते हैं। साथ ही अपने मन पसंद गाने सुनने के लिए रेडियो अवध के ऐप पर CHAT में जाकर अथवा हमारे वाट्सएप नम्बर 9565000908 पर हमें मैसेज कर सकते हैं।’
Informer की आवश्यकता
एलबीएस पीजी कालेज गोंडा से संचालित होने वाले रेडियो अवध 90.8 एमएफ को जिले भर के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों से सूचनाएं संकलित कर प्रेषित करने के लिए सूचना प्रदाता अथवा इंफार्मर की आवश्यकता है। हिन्दी में समाचार लिखने में दक्ष, इच्छुक युवक युवतियां कार्यक्रम निदेशक जानकी शरण द्विवेदी से फोन नम्बर 956500908 पर सम्पर्क कर सकते हैं। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक लोग भी विलम्बतम 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। स्थानीय युवक युवतियों को वरीयता। (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com
