Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : बृजभूषण ने रामदेव व पहलवानों पर फिर साधा निशाना

Gonda Capsule : बृजभूषण ने रामदेव व पहलवानों पर फिर साधा निशाना

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी तुलना मुगल बादशाह शाहजहां से कर डाली। स्वाधीनता दिवस के अवसर पर निकाली गई तिरंगा रैली के उपरान्त नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि पहले लोग नंदिनी नाम को लेकर तरह-तरह की बात किया करते थे। कोई कहता था कि यह नेता जी की मां का नाम है। कोई कहता था कि यह पत्नी का नाम है, तो कोई इसे प्रेमिका का नाम बताता था। सांसद ने कहा कि इस पर मैंने कहा, बहुत अच्छा। यह तो ठीक ही है। इस दुनिया में दो ही प्रेमी तो पैदा हुए हैं। एक ताजमहल बनवाने वाला शाहजहां और दूसरा मैं, जो नंदिनी बनवा दिया। बृजभूषण ने योग गुरु बाबा रामदेव का नाम लिए बिना पहलवानों पर तंज कसा। बृजभूषण ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को गाय पालने की सलाह देते हुए कहा कि आप सभी को एक-एक गाय पालना चाहिए। दूध नहीं होगा, तो बल कहां से मिलेगा। यह नकली दूध और घी खाने-पीने से बल नहीं मिलेगा। सांसद ने दूध और घी के बहाने पहलवानों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछले सात महीने से जो चल रहा है, यह असली घी का कमाल है। यह सातो अब कहां गए, पता नहीं। उन्होंने कहा, कम बोलो-ज्यादा समझो।
भाजपा सांसद ने कहा कि आज हम 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। आज जम्मू कश्मीर का हर व्यक्ति बढ़ चढ़कर स्वतंत्रता दिवस समारोहों में प्रतिभाग कर रहा है। जब वहां पर धारा 370 थी, तब लोग स्वतंत्रता दिवस मनाने में भी डरते थे। आज जम्मू कश्मीर पूरी तरह से आजाद है। सांसद ने कहा कि जब देश का बंटवारा हो रहा था और तब पाकिस्तान की सेना ने जम्मू कश्मीर पर आक्रमण कर दिया। तत्कालीन केन्द्र सरकार द्वारा सेना भेजने में देरी की गई। और जब सेना गई भी तो उसने स्थानीय लोगों के सहयोग से आज का बलूचिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर को लगभग खाली करा लेने की स्थिति में थी, तभी एक विदेशी सुरक्षा सलाहकार के दबाव में आकर नेहरू जी ने सेना को वापस बुला लिया अर्थात एक जीता हुआ इलाका खाली कर दिया। बाद में उस अंग्रेज सुरक्षा सलाहकार के कहने पर दो देशों के बीच के मामले को ले जाकर यूएनओ में डाल दिया गया। जो हमारा विवाद था, जिसे हम निपटा सकते थे, उसे एक तरीके से दुनिया के लोगों को ठेकेदार बना दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान बृजभूषण शरण सिंह देशभक्ति गीतों में झूमते नजर आए। उन्होंने भारत माता की जय, वंदे मातरम, हिंदुस्तान जिंदाबाद, आजादी मुबारक के नारे लगाए। सांसद के पैतृक आवास विश्नोहरपुर से निकली तिरंगा यात्रा में स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

मण्डलायुक्त ने किया ध्वजारोहण

देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्रा ने कहा है कि सभी अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता, छात्र, मजदूर, व्यापारी आदि अपने कार्य को पूरी ईमानदारी से करें। कोई भी व्यक्ति किसी दूसरे का अहित बिल्कुल न करे। एक दूसरे के सहयोग से ही यह समाज और देश तरक्की करेगा। वह मंगलवार को ध्वजारोहण के उपरान्त आयुक्त सभागार में अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्बोधित कर रहे थे। आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रेरणा से अमृत काल में भारत दिनों दिन नई ऊंचाईयों को छू रहा है। इसलिए हम सबको भी अपना पूरा योगदान देना है। गोष्ठी में जीजीआईसी की छात्राओं द्वारा गाए गए देशभक्ति पर आधारित गीत की आयुक्त ने तारीफ की। आयुक्त ने सभी कर्मचारियों को एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।

डीएम ने रोपे 75 प्रजाति के पौधे

जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने झंडारोहण करके जनपद वासियों को 77वें स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दी। कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज के दिन हम आजादी की लड़ाई में अगणित वीर शहीदों को याद करते हुए नमन करते हैं। इस मौके पर हमें अपनी समस्याओं से परेशान एक आशा लेकर कार्यालय में आने वाले फरियादियों की पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ मदद करने का संकल्प लेने की जरूरत है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, नगर मजिस्ट्रेट चन्द्रशेखर, एएसडीएम प्रथम अशोक कुमार गुप्त व अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। बाद में जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने सदर तहसील के अंतर्गत ग्राम दुल्लापुर में पहुंचकर वन विभाग द्वारा आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। डीएम ने यहां पर 75 प्रजातियों के 350 पौधे रोपित किये। इसके साथ ही गोंडा लखनऊ मार्ग के डिवाइडर पर देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र, जिलाधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी पंकज शुक्ल, डॉक्टर ओएन पांडेय, अजिताभ दूबे ने पौधरोपण किया। जिलाधिकारी नेहा शर्मा व मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुन्मौलि ने मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना के अंतर्गत जनपद के पांच ग्राम प्रधानों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया।

एसपी ने ध्वजारोहण कर किया पौधरोपण

पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने कैम्प कार्यालय तथा पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड पर ध्वजारोहण करके उपस्थित अधिकारियों व कर्मचरियों को सत्यनिष्ठा से कार्य करने एवं राष्ट्र की स्वतंत्रता व अखण्डता को अक्षुण्ण रखने की शपथ दिलायी। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुख्य आरक्षी मनोज कुमार मालवीय को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया। एसपी ने यूपी 112 मुख्यालय से प्राप्त उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का प्रशस्त्रि पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण हेतु रिजर्व पुलिस लाइन में पौधरोपण भी किया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने पुलिस कार्यालय में तथा सभी थाना प्रभारियों द्वारा सम्बन्धित थानों पर ध्वजारोहण कर कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलायी गई। जिला मुख्यालय पर स्थित वेंकटाचार क्लब में मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश व एडीएम सुरेश कुमार सोनी ने ध्वरारोहण किया। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले शहीदों को नमन किया। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट चन्द्रशेखर, एसडीएम सदर वीके सिंह, कुंवर वीपी सिंह, डा. आलोक अग्रवाल, उमेश शाह, संजू छाबड़ा, राजेन्द्र सिंह, महेन्द्र सिंह छाबड़ा, इंजीनियर प्रवीन पाण्डेय, डा. रंजन शर्मा, डा रेखा शर्मा, लव शर्मा, संदीप तिवारी आदि मौजूद रहे। जिला मुख्यालय पर मॉडर्न पब्लिक स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रधानाचार्य वीर गौरव सिंह ने बताया कि प्रबंधक डॉ. शेर बहादुर सिंह ने ध्वरारोहण के उपरान्त विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।

मारपीट के तीन आरोपी गिरफ्तार

गोंडा जिले के मनकापुर थाने की पुलिस ने मंगलवार को मारपीट करने के 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राम केवल यादव पुत्र जसकरन यादव निवासी बनकटवा मौजा मिश्रौलिया गोसांई ने स्थानीय थाने पर रास्ते के विवाद के चलते कई लोगों के खिलाफ सोमवार को गाली गुप्ता देते हुए मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने प्रकरण में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों बाबूराम यादव, विजय यादव व अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया।

लाल निशान से 61 सेमी ऊपर बह रही घाघरा

बैराजों से छोड़े गए पानी का डिस्चार्ज बढ़ने से बाढ़ का दायरा बढ़ गया है। मंगलवार को एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी खतरे के निशान से 61 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। तरबगंज तहसील के कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचना शुरू हो गया है। अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि आज सुबह घाघरा नदी में तीन लाख 95 हजार क्यूसेक डिस्चार्ज था। तरबगंज तहसील के कई गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। यहां के लोगों के सहूलियत के लिए 92 नावें लगाई गई हैं। भिखारीपुर सकरौर तटबंध के साथ ही घाघरा नदी एल्गिन-चरसड़ी तटबंध से भी सटकर बह रही है। परिणाम स्वरूप चंदापुर किटौली, बांसगांव, ऐली परसौली के पास कटान का खतरा बढ़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को निगरानी के साथ ही राहत व बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है।

सीडीओ ने बांटे विद्युत चालित चाक

गोंडा जिले के विकास भवन सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुन्मौलि ने उप्र माटीकला बोर्ड की टूल्स किट्स योजना के अन्तर्गत 35 कुम्हारों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक प्रदान किया। उन्होंने इसे कुम्हार उद्यमियों के लिए कम श्रम में अधिक आय अर्जित करने का साधन बताते हुए इसका सदुपयोग करने की अपील की। सीडीओ ने कहा कि कुम्हार समुदाय के बेरोजगार युवक एवं युवतियां प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना उद्यम प्रारम्भ करें तथा नवीनतम तकनीक के माध्यम से अपने उद्यम को बढ़ाएं। कार्यक्रम में राज्य स्तर के पुरस्कार प्राप्त कुम्हार उद्यमी हरी राम प्रजापति व उजागर सिंह ने उपस्थित उद्यमियों को अपने कार्य में उन्नत तकनीक अपनाकर अपनी कार्य कुशलता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने अपने संघर्ष और सफलता के बारे में लोगों को अवगत कराया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा एवं परियोजना निदेशक के साथ-साथ अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular